सिरमौर- साढ़े 10 करोड़ सब्सिडी....... 08 मार्च 2022- पांवटा साहिब से आज का खबरनामा ddnewsportal.com

सिरमौर- साढ़े 10 करोड़ सब्सिडी.......  08 मार्च 2022- पांवटा साहिब से आज का खबरनामा ddnewsportal.com

सिरमौर- साढ़े 10 करोड़ सब्सिडी.......

08 मार्च 2022- पांवटा साहिब से आज का खबरनामा 

सहयोग करें पंचायत प्रतिनिधि
महिला सशक्तिकरण को प्रतिबद्ध सरकार 
इन महिलाओं को राज्य स्तरीय सम्मान 
मल्टी टास्क वर्कर्स की भर्ती मेरिट आधार पर 
पुलिस आरक्षी पदों की भर्ती 
जहरीली शराब में मिथाइल अल्कोहल 
अब ठेकेदार शब्द पर भड़का विपक्ष
अनुराग का महिला सुरक्षा कवच 
अंतर्राष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव समपन्न 
राजगढ़ में बैसाखी मेला 

सिरमौर में आज 01 मामले और....... कोविड/सूचना एवं जन संपर्क विभाग बुलेटिन।


(आज की तस्वीर)


स्थानीय (सिरमौर)

1- सिरमौर को साढ़े 10 करोड़ रूपये सब्सिडी वितरण का लक्ष्य: जीएम 

जिला उद्योग केन्द्र सिरमौर के महाप्रबंधक ज्ञान सिंह चौहान ने कहा कि इस वर्ष मुख्यमंत्री स्वावलंबन योजना के अंतर्गत विभाग ने सिरमौर जिले में सब्सिडी वितरण का लक्ष्य साढ़े 10 करोड़ रूपये रखा है जिसके करीब पंहुचने वाले हैं। उन्होंने कहा कि इस योजना के तहत अभी तक जहां 30 करोड़ रूपये से अधिक के लोन प्रदान किए जा चुके हैं वहीं 8 करोड़ रूपये सब्सिडी भी वितरित की जा चुकी है। उम्मीद है कि बाकी की सब्सिडी भी इस माह के अंत तक वितरित कर दी जाएगी। वह जिला प्रशासन और उद्योग विभाग के सोजन्य से पांवटा साहिब के औद्योगिक क्षेत्र गोंदपूर चेंबर हाऊस में मुख्यमंत्री स्वावलंबन लोन वितरण मेले के आयोजन के दौरान बोल रहे थे।

उन्होंने कहा कि कि सिरमौर जैसे छोटे जिले को इतनी राशि सब्सिडी में मिलना बड़ी बात है। उन्होंने कहा कि इसका भौतिक लक्ष्य 300 कैस का रखा गया है जो बड़े जिलों मंडी और शिमला के समकक्ष है। यह विभाग के लिए जहां एक चुनौती हैं वही सिरमौर के बेरोजगार लोगों को रोजगार के लिए बड़ा अवसर है। उन्होंने कहा कि इस मेले में पिछले चार महिनों से लंबित मामलों मे से 31 मामलों का निपटारा कर बेरोजगार युवाओं को नये काम के लिए लोन प्रदान किए गये। इस दौरान 18 बैंकों के ब्रांच मैनेजर कैंप मे पंहुचे थे। तहसीलदार वेद प्रकाश अग्निहोत्री, चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के अध्यक्ष सतीश गोयल और स्टांप वैंडर आदि सहित विभाग के अधिकारी भी मौजूद रहे। 

2- पांवटा साहिब में जिला स्तरीय अन्तर्राष्ट्रीय महिला दिवस का आयोजन, उपायुक्त रहे मौजूद।

पांवटा साहिब के बद्रीपुर पंचायत घर में अन्तर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें बतौर मुख्य अतिथि उपायुक्त राम कुमार गौतम ने शिरकत की। इस दौरान उनके साथ उनकी धर्मपत्नी ज्योत्स्ना तथा अतिरिक्त उपायुक्त सोनाक्षी सिंह तोमर, परियोजना अधिकारी कल्याणी गुप्ता व एसडीएम पांवटा साहिब विवेक महाजन उपस्थित रहे। उपायुक्त ने अपने सम्बोधन में कहा कि सशक्त समाज के लिए नारी का सशक्त होना नितांत आवश्यक है इसीलिए महिला दिवस मनाया जाता है। उन्होंने कहा कि आज यहां इतनी भारी संख्या में स्वयं सहायता समूह तथा अन्य महिला संगठनो को देख कर लगता है कि नारी सशक्तिकरण हो रहा है।
उन्होंने कहा कि जब से नारी ने अपनी शक्ति को पहचाना है तब से उसे आगे बढ़ने का मौका मिला है। महिलाओं ने घर सम्भालने के साथ-साथ विभिन्न क्षेत्रों में नाम कमाया है। आज की नारी हर क्षेत्र में आगे है तथा उच्च पदों पर भी आसीन है। उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी से उभरने में भी महिला कर्मियों का बहुत बड़ा योगदान रहा है। उपायुक्त ने कहा कि कन्या भ्रूण हत्या पर अंकुश लगाने के लिए हम सब को मिलजुल कर कार्य करना चाहिए। इस

दौरान उन्होंने रानी लक्ष्मी बाई तथा अन्य वीरांगनाओं का भी उदहारण दिया। इसके अतिरिक्त उन्होंने सभी से लड़कियों को बेहतर शिक्षा दिलवाने का आह्वान किया तथा प्रदेश सरकर द्वारा चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं के माध्यम से उन्हें आत्मनिर्भर बनाने को कहा। उपायुक्त ने बेहतर कार्य करने वाले स्वयं सहायता समूह तथा अन्य महिला संगठनो को पुरस्कृत भी किया। इसके उपरांत उन्होंने महिलाओं द्वारा बनाए गए उत्पादों की प्रदर्शनी का अवलोकन किया। कार्यक्रम के दौरान स्वयं सहायता समूह तथा अन्य महिला संगठनो द्वारा विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। कार्यक्रम के दौरान उपप्रधान बद्रीपुर पंचायत शिव कुमार, जिला परियोजना अधिकारी राजेंद्र नेगी, खंड विकास अधिकारी रवि प्रकाश जोशी सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।

3- एकल अभियान कर रहा समाज में सराहनीय कार्य: प्रदीप

एकल अभियान संस्था ने अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर लोनिवि विश्राम गृह पांवटा साहिब में संवाद कार्यक्रम आयोजित किया। इस कार्यक्रम में बतौर मुख्यातिथि कांग्रेस मजदूर नेता प्रदीप चौहान ने शिरकत की। इस कार्यक्रम में एकल अभियान के तहत समाज में चलाए जा रहे विभिन्न जनहित कार्यो के लिए प्रदीप चौहान ने संस्था का धन्यवाद किया एवं उपस्थित युवतियों को बताया कि एकल मिशन के तहत छोटी उम्र के गरीब बच्चों की मुफ्त शिक्षा, महिलाओं का सशक्तिकरण, सामाजिक कार्यक्रम, भारतीय संस्कृति को जन-

जन तक पहुचाने के कार्य इस संस्था के मुख्य व अहम कार्य है। जिनकी जितनी सराहना की जाए कम है। कोरोना महामारी के समय मे घर घर जाकर जनता को महामारी से सचेत कर तमाम सरकारी दिशा निर्देशों के पालन हेतु जनता को इस संस्था ने प्रोत्साहित किया। प्रदीप चौहान ने संस्था को यह सभी जनहित कार्य जारी रखने का आह्वान किया एवं भविष्य में किसी भी तरह की मदद हेतु भरोसा दिलाया। साथ ही कहा कि इस संस्था के जनहित कार्यो के लिए वे हमेशा कंधे से कंधा मिला कर खड़े रहेंगे। इस अवसर पर युवा नेता दिनेश शर्मा, प्रमुख प्रवक्ता आरती पराशर, प्रोमिला शर्मा, सोनिया शर्मा, सेवा समिति, सहित कई युवतियां व महिलाएं मौजूद रही।

4- राजगढ़- 14 से 16 अप्रैल तक मनाया जाएगा बैशाखी मेलाः यादविंदर पाॅल

सिरमौर जिला का पारंपरिक एवं प्रसिद्व जिला स्तरीय बैशाखी मेला आगामी 14 अप्रैल से 16 अप्रैल, 2022 तक राजगढ़ के नेहरू मैदान में बडे़ हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा। यह जानकारी अध्यक्ष श्री शिरगुल देवता मेला कमेटी एवं एसडीएम राजगढ़ यादविंदर पाॅल ने आज यहां अम्बेदकर भवन में मेले की तैयारियों के लिए आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते हुए दी। उन्होंने बताया कि मेले का शुभारंभ 14 अप्रैल को शिरगुल देवता की पारंपरिक पूजा से होगा। इसके उपरांत शिरगुल देवता की पालकी की शोभायात्रा राजगढ़ शहर में पारंपरिक वाद्य यन्त्रों के साथ लोगों के दर्शन के लिए निकाली जाएगी, जिसमें सैंकड़ों की संख्या में स्थानीय लोग एवं विभिन्न शिक्षण संस्थानों के छात्र-छात्राएं भाग लेंगे। उन्होंने बताया कि मेले की तीनों संध्याओं में सांस्कृतिक कार्यक्रम मुख्य आकर्षण होंगे जिसके लिए प्रदेश के बाहर से भी कलाकारों को भी आमंत्रित किया जाएगा। मेले में विशाल दंगल

का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि सांस्कृतिक संध्याओं में स्थानीय एवं प्रदेश के प्रसिद्व लोक कलाकारों को प्राथमिकता दी जाएगी।
एसडीएम ने बताया कि मेले को सुचारू रूप से आयोजित करने के लिए बैठक में विभिन्न उप समितियों का गठन कर दिया गया है, जिसमें धार्मिक आयोजन उप समिति, वित्त एवं लेखा, सांस्कृतिक कार्यक्रम, स्मारिका, स्वागत व प्लाॅट आवंटन इत्यादि समितियां शामिल हैं। उन्होंने सभी सदस्यों से मेले के आयोजन में अपना रचनात्मक सहयोग देने का आग्रह किया। बैठक में तहसीलदार राजगढ़ कपिल तोमर, जिला परिषद सदस्य सतीश ठाकुर, नगर पंचायत अध्यक्ष रूबी कक्कड, उपाध्यक्ष दिनेश ठाकुर व पार्षदगण, प्रधान शिरगुल मंदिर समिति के सदस्यगण, प्रधान व्यापार मण्डल़ अरविंद ठाकुर, विभिन्न पंचायतों के प्रधान, पूर्व बीडीसी अध्यक्ष प्रताप ठाकुर, विभिन्न शिक्षण संस्थानों के प्रतिनिधि, विभिन्न विभागों के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।  

5- सिरमौर में 12 मार्च को लोक अदालत का होगा आयोजन।

जिला सिरमौर में 12 मार्च 2022 को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा जिला न्यायालय व अधीनस्थ न्यायालय में लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। यह जानकारी अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, सिरमौर आर के चौधरी ने दी। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली व हिमाचल प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, शिमला के निर्देश पर हिमाचल प्रदेश के सभी  जिला न्यायालय व अधीनस्थ न्यायालय में 12 मार्च 2022 को राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इस लोक अदालत में वैवाहिक मामले, मोटर दुर्घटना दावा, बैंक चौक बाउंस के मामले , श्रम कानून, बैंक लोन, बिजली व पानी बिल भुगतान के मामले, राजस्व मामले, भूमि अधिग्रहण, एवम्  समाधेय अपराध समेत कई अन्य प्रकार के मामलों का निपटारा किया जाएगा। इस दिन जिला न्यायालय सिरमौर स्तिथ नाहन, न्यायालय परिसर पांवटा साहिब, राजगढ़ एवम् शिलाई में भी राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन होगा। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, सिरमौर के अध्यक्ष आर. के चौधरी ने आम जनता से अनुरोध किया कि इस राष्ट्रीय लोक अदालत में ज्यादा से ज्यादा भागीदारी सुनिश्चित करें एवम् किसी भी प्रकार की जानकारी के लिए  जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, सिरमौर के हेल्पलाइन नंबर 01702-224749 पर संपर्क करें।

6- अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस- पत्रकार प्रीति चौहान सहित 24 महिलाएं सम्मानित।

दून प्रेस क्लब पांवटा साहिब द्वारा अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली क्षेत्र की 24 महिलाओं को सम्मानित किया। यह कार्यक्रम पांवटा साहिब के बातापुल स्थित लांबा रिजोर्ट में मंगलवार को नारी शक्ति सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस समारोह में उद्यमी कविता गोयल ने बतौर मुख्यअतिथि शिरकत की। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता एडीसी सिरमौर सोनाक्षी सिंह तोमर ने की और सिल्वी लांबा, पांवटा साहिब नप अध्यक्षा निर्मल कौर व समाजसेवी लीला तोमर विशिष्ट अतिथि के तौर पर और अवनीत सिंह लांबा विशेष अतिथि के तौर पर मौजूद रहे। मुख्य अतिथि प्रसिद्ध समाजसेवी कविता गोयल ने अपने संबोधन में कहा कि की नारी का शिक्षित होने के साथ साथ अपने अधिकारों के प्रति जागरूक होना भी अति आवश्यक है। उन्होंने कहा कि एक नारी के शिक्षित होने से तीन पीढ़ियों शिक्षित होते हैं। और आज नारी किसी भी क्षेत्र में पीछे नहीं है। एडीसी सिरमौर सोनाक्षी सिंह तोमर ने अपने संबोधन में कहा कि महिलाएं आज किसी भी क्षेत्र में पीछे नहीं है। साथ ही उन्होंने सभी को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की शुभकामनाएं दी और दून प्रेस क्लब द्वारा आयोजित नारी शक्ति सम्मान समारोह के सफल आयोजन के लिए क्लब को बधाई दी। दून प्रेस क्लब के अध्यक्ष अनुराग गुप्ता व कार्यक्रम संयोजक सरिता गर्ग ने बताया कि अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य के लिए

सम्मानित होने वाली महिलाओं में स्वास्थ्य के क्षेत्र में डॉक्टर नम्रता अत्री, आशा वर्कर संतोष और नर्स डॉ जसपाल कौर तथा भूमिका, शिक्षा के क्षेत्र में बीकेडी कॉलेज फॉर वूमेन पांवटा साहिब की प्राचार्या डॉ हरपुनीत कौर तथा शिक्षा के क्षेत्र में राधा गुप्ता को सम्मानित किया गया। इसके इलावा मीडिया के क्षेत्र में प्रीति चौहान, इसके अलावा उद्योग के क्षेत्र में सर्वश्रेष्ठ योगदान के लिए प्रथा गोयल तथा समाज में बेहतरीन कार्यों के लिए अलका गोयल को, सामाजिक कार्यक्षेत्र में आभा शर्मा, तहसील वेलफेयर अधिकारी धर्मी तोमर व महिला समूह चलाने वाली सीमा जोशी, ज्योतिष में हरलीन चौधरी, पंचायती राज में सुरेखा चौधरी, सविता गुप्ता आंगनबाड़ी, साहित्य के क्षेत्र में शबनम शर्मा, संगीत व एंकर रंजना शर्मा, संगीत डांस और फिटनेस के क्षेत्र में रणजीत कौर बबली, कथक व कराटे चैंपियनशिप आर्ची गर्ग तथा मेरा गांव मेरा देश एक सहारा संस्था से पुष्पा देवी, एसडीएम कार्यालय में कार्यरत नूतन, वन विभाग में कार्यरत अनिता ठाकुर, पुलिस विभाग में कार्यरत वीना ठाकुर, समाजसेवी गुंजन कथुरिया को सम्मानित किया गया।

7- राजपुरा स्वास्थ्य खण्ड में कल इन 06 स्थानों पर लगाया जाएगा बूस्टर डोज, कोविड टीकाकरण यहाँ...

खण्ड चिकित्सा अधिकारी राजपुरा स्वास्थ्य खण्ड ड़ॉ. अजय देओल ने जानकारी देते हुए बताया कि राजपुरा स्वास्थ्य खण्ड में फ्रंटलाइन कार्यकर्ताओं, वरिष्ठ नागरिकों व गंभीर बीमारी ग्रस्त व्यक्तियों के लिए 09 मार्च 2022 को 06 स्थानों पर इस महामारी से बचाव हेतु बूस्टर डोज लगाई जाएगी। उन्होंने यह भी बताया कि 15 से 18 आयु वर्ग के लिए भी 09 मार्च 2022 को 01 स्थान पर कॉविड -19  टीकाकरण आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि फ्रंटलाइन कार्यकर्ताओं, वरिष्ठ नागरिकों व गंभीर बीमारी ग्रस्त व्यक्तियों जिनकी दूसरी डोज को नौ माह हो चुके हो, वह व्यक्ति बूस्टर डोज लगवाने के पात्र होंगे। उन्होंने बताया कि 09 मार्च 2022 को  राजपुरा स्वास्थ्य खण्ड में सिविल अस्पताल पांवटा साहिब, चैम्बर ऑफ कॉमर्स, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कोलर, उप स्वास्थ्य केंद्र बरथल मढ़, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कमरउ, उप स्वास्थ्य केंद्र टारू भैला में कॉविड -19 से बचाव हेतु बूस्टर डोज लगाई जाएगी। उन्होंने कहा कि बूस्टर डोज लगवाने के लिए

लाभार्थियों को कॉविड -19 टीकाकरण की दूसरी डोज के समय उपयोग किए गए मोबाइल नंबर व फोटो युक्त पहचान पत्र  टीकाकरण स्थल पर लाना अनिवार्य होगा। उन्होंने बताया 09 मार्च 2022  को 15 से 18 आयु वर्ग के लिए मोबाइल टीम पांवटा साहिब द्वारा कॉविड -19 से बचाव हेतु वैक्सीन लगाई जाएगी। उन्होंने बताया कि 15 से 18 वर्ष की आयु के सभी क्षेत्रवासी तथा बाहर से आए प्रवासी यहाँ टीका लगवा सकते हैं। ड़ॉ. अजय देओल ने कहा कि टीका लगवाने के लिए आधार कार्ड या अन्य कोई भी फोटोयुक्त पहचान पत्र जिसमें आयु दर्शाई गई हो अपने साथ ज़रुर लाएं।

(हिमाचल)

1- सरकार की योजनाओं को आम आदमी तक पहुंचाने में सहयोग करें पंचायत प्रतिनिधि: मुख्यमंत्री

हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने पंचायती राज संस्थाओं के प्रतिनिधियों से आम आदमी को प्रदेश सरकार की कल्याणकारी योजनाओं और कार्यक्रमों का लाभ सुनिश्चित करने के लिए निरंतर प्रयास करने का आग्रह किया है। वह आज यहां अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर एक संस्था द्वारा आयोजित प्राइड ऑफ हिमाचल वेबिनार को संबोधित कर रहे थे। इस कार्यक्रम में शिमला, सोलन और सिरमौर जिला की 429 पंचायतों की महिला प्रधानों और विभिन्न क्षेत्रों में श्रेष्ठ प्रदर्शन कर प्रदेश का नाम रौशन करने वाली महिलाओं ने भाग लिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि पंचायती राज

संस्थाओं के प्रतिनिधियों को लोगों को सरकार की योजनाओं के बारे में जागरूक करने के साथ-साथ समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के प्रयास करने चाहिए। जय राम ठाकुर ने कहा कि प्रदेश के हर क्षेत्र में महिलाओं की सहभागिता और अपने दायित्वों के निर्वहन में सक्रियता सराहनीय है। सरकार द्वारा महिला सशक्तिकरण के लिए अनेक महत्वकांक्षी योजनाएं और कार्यक्रम कार्यान्वित किये जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि वित्त वर्ष 2022-23 के बजट में महिलाओं के समग्र विकास और उन्हें आगे बढ़ने के अवसर प्रदान करने के लिए अनेक नवोन्मेषी प्रयास किए गए हैं। उन्होंने महिला सशक्तिकरण पर केंद्रित प्रदेश सरकार की विभिन्न योजनाओं की विस्तृत जानकारी भी प्रदान की।

2- प्रदेश सरकार महिला सशक्तिकरण के लिए प्रतिबद्ध: मुख्यमंत्री

हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने आज जिला मंडी के धर्मपुर स्थित चोलथरा में आदर्शनी वेलफेयर सोसाइटी द्वारा अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर आयोजित महिला स्वाभिमान दिवस कार्यक्रम की शिमला से वर्चुअल माध्यम से अध्यक्षता की। इस अवसर पर महिला दिवस की बधाई देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यह दिवस महिलाओं के सम्मान और समृद्धि के प्रति अपने संकल्प को दोहराने का भी एक मौका है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार महिला सशक्तिकरण के लिए प्रतिबद्ध है और विभिन्न योजनाओं में महिलाओं को प्राथमिकता दी गई है। महिलाओं में उद्यमिता की भावना का पोषण करने से उनके आर्थिक सशक्तिकरण का मार्ग प्रशस्त हो, इस ध्येय की ओर निरंतर आगे बढ़ने में प्रदेश सरकार की महत्वकांक्षी मुख्यमंत्री स्वावलंबन योजना महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत 32000 स्वयं सहायता समूहों का गठन किया गया है, जिनमें लगभग 2 लाख 50 हजार से अधिक महिलाएं जुड़ी हैं। वित्त वर्ष 2022-23 के बजट में महिलाओं की सहायता के लिए मुख्यमंत्री महिला सशक्तिकरण योजना की घोषणा की गई है। इसके तहत ग्राम संगठन से जुड़े स्वयं सहायता समूह को रिवाल्विंग फंड में 25 हजार रुपये की वन टाइम अतिरिक्त राशि टॉप-अप के रूप में दी जाएगी। जय राम ठाकुर ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को 1700 रुपये की बढ़ोतरी के साथ अब 9000 रुपये मासिक मानदेय प्रदान किया जाएगा। इस बढ़ोतरी को सम्मिलित करके प्रदेश सरकार द्वारा अपने वर्तमान कार्यकाल में 4550 रुपये प्रतिमाह की वृद्धि की गई है। मिनी आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को मासिक 900 रुपये बढ़ोतरी के साथ अब 6100 रुपये प्रदान किए जाएंगे। इसको सम्मिलित

करके प्रदेश सरकार ने अपने वर्तमान कार्यकाल में 3100 रुपये प्रतिमाह की बढ़ोतरी की है। आंगनबाड़ी सहायिका को प्रति माह 900 रुपये की बढ़ोतरी के साथ अब 4700 रुपये प्रतिमाह मानदेय प्रदान किया जाएगा। इसे सम्मिलित करके प्रदेश सरकार द्वारा अपने वर्तमान कार्यकाल में 2600 रुपये प्रतिमाह की बढ़ोतरी की गई है। आशा वर्कर को 1825 रुपये की बढ़ोतरी के साथ 4700 रुपये प्रतिमाह मानदेय प्रदान किया जाएगा। इसको सम्मिलित करके प्रदेश सरकार द्वारा अपने वर्तमान कार्यकाल में 3700 रुपये की प्रतिमाह बढ़ोतरी की गई है। मुख्यमंत्री ने आदर्शनी वेलफेयर सोसाइटी द्वारा समाज कल्याण की दिशा में किए जा रहे विभिन्न प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इस संस्था ने कोरोना संकट काल के दौरान उल्लेखनीय कार्य किए हैं। जल शक्ति मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर ने धर्मपुर के विकास में महिलाओं की भूमिका की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र की बेटियां देश भर में विभिन्न क्षेत्रों में कार्य कर प्रदेश और धर्मपुर का नाम रोशन कर रही हैं। 

3- राज्य सरकार महिला सशक्तिकरण एवं लैंगिक समानता के लिए प्रतिबद्ध: जय राम ठाकुर

हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने आज मण्डी जिला के जोगिन्द्रनगर में अन्तरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर आयोजित राज्य स्तरीय समारोह की अध्यक्षता करते हुए कहा कि महिला सशक्तिकरण के बिना हम दीर्घकालिक आर्थिक विकास की कल्पना नहीं कर सकते हैं और किसी भी राष्ट्र की सामाजिक उन्नति और आर्थिक विकास को आंकने के लिए लैंगिक समावेशन मुख्य कारक होता है। जय राम ठाकुर ने कहा कि राज्य सरकार महिला सशक्तिकरण एवं लैंगिक समानता के लिए प्रतिबद्ध है और इस दिशा में कई ठोस कदम उठाए गए हैं। उन्होंने कहा कि वर्ष 2022-23 के बजट में महिलाओं के कल्याण और सशक्तिकरण के लिए चलाई जा रही मुख्य योजनाओं का विस्तृत ब्यौरा देती जैंडर बजट स्टेटमेंट अलग से प्रस्तुत की गई है। उन्होंने कहा कि इस वक्तव्य से हमें महिला सशक्तिकरण के लिए चलाई जा रही योजनाओं की निगरानी में सहायता मिलेगी और इन योजनाओं की लाभार्थी महिलाओं के परामर्श से इनकी समीक्षा भी की जा सकेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ने 60 वर्ष से अधिक आयु के सभी बुजुर्गों को बिना किसी आय सीमा के सामाजिक सुरक्षा पेंशन प्रदान करने का निर्णय लिया है। वर्तमान प्रदेश सरकार द्वारा अपने पहले बजट में गरीब परिवारों को निःशुल्क गैस कुनेक्शन उपलब्ध करवाने के लिए गृहिणी सुविधा

योजना प्रारम्भ की  गई थी। इस योजना के अर्न्तगत अभी तक 3.25 लाख से अधिक निःशुल्क गैस कुनेक्शन प्रदान किए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि बीपीएल परिवार से संबंधित कन्या को शगुुन योजना के अन्तर्गत उनके विवाह पर 31 हजार रुपये प्रदान किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री स्वाबलम्बन योजना के अन्तर्गत महिला उद्यमियों को 35 प्रतिशत उपदान दिया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि महिलाओं की समाज में 50 फीसदी भागीदारी है और वे एक सशक्त एवं जीवंत समाज के निर्माण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने कहा कि हमारी संस्कृति और समाज में महिलाओं को सदैव सर्वोच्च स्थान दिया गया है। उन्होंने कहा कि कोविड-19 महामारी के दौरान महिलाओं ने महिला मण्डलों एवं स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से इस वायरस के प्रसार पर नियंत्रण में मुख्य भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा कि राज्य में पंचायती राज संस्थाओं में महिलाओं को 50 प्रतिशत आरक्षण प्रदान किया गया है। उन्होंने कहा कि ऐसा कोई भी क्षेत्र नहीं है, जहां महिलाओं ने अपना परचम न लहराया हो।

4- अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस राज्य स्तरीय कार्यक्रम में इन्हे मिला सम्मान।

हिमाचल प्रदेश के मंडी जिला के जोगेन्द्रनगर में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में प्रदेश के मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने अपने-अपने क्षेत्रों में उपलब्धि प्राप्त करने वाली महिलाओं को पुरस्कृत किया। उन्होंने हमीरपुर जिला की शीतल वर्मा को शिक्षा, कुल्लू जिला की खुशबू भारद्वाज को महिला सशक्तिकरण व श्वेता शर्मा को कला एवं संस्कृति के उत्थान, हमीरपुर जिला की रेखा शर्मा को सामाजिक एवं बाल कल्याण, शिमला जिला की संगीता खुराना को नशा निवारण, चम्बा जिला की कंचन

कुमारी को आधार पंजीकरण में उल्लेखनीय योगदान और कांगड़ा जिला की नीना अवस्थी को कोविड महामारी में उत्कृष्ट कार्य करने के लिए सम्मानित किया। इस दौरान सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री सरवीण चौधरी ने कहा कि राज्य में भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने महिलाओं को पंचायती राज संस्थाओं एवं स्थानीय निकायों में 50 प्रतिशत आरक्षण प्रदान किया है ताकि विकास प्रक्रिया में उनकी भूमिका सुनिश्चित की जा सके। उन्होंने कहा कि महिलाएं आज जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करते हुए अपने परिवार, राज्य और राष्ट्र को गौरवान्वित कर रही हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने अपना कार्यभार संभालते ही महिलाओं को संकट के समय त्वरित सहायता उपलब्ध करवाने के दृष्टिगत गुड़िया हेल्पलाइन शुरू की थी।

5- मल्टी टास्क वर्कर्स की भर्ती मेरिट आधार पर: शिक्षा मंत्री

हिमाचल प्रदेश विधानसभा परिसर में मीडिया से बातचीत में शिक्षा मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर ने जानकारी दी कि आठ हजार मल्टी टास्क वर्करों की भर्ती को अंक आधार पर मेरिट बनाई जाएगी। एसडीएम की अध्यक्षता वाली कमेटी के माध्यम से नियुक्तियां की जाएंगी। शिक्षा मंत्री ने बताया कि हिमाचल प्रदेश के स्कूल-कॉलेजों में पढ़ने वाले 19847 मेधावियों को तीन माह के भीतर लैपटॉप दे दिए जाएंगे। सरकार ने प्रति मेधावी 41550 रुपये की कीमत के लैपटॉप देने का फैसला लिया है। राज्य मंत्रिमंडल ने शैक्षणिक सत्र 2018-19, 2019-20 की मेरिट सूची में शामिल दसवीं और बारहवीं

कक्षा के 18019 और कॉलेजों के 1828 मेधावियों को लैपटॉप देने का फैसला लिया है। कोरोना संकट के कारण बीते दो वर्ष के दौरान लैपटॉप की खरीद प्रक्रिया प्रभावित हुई। अब कंपनी का चयन कर लिया गया है। पुराने फैसले के तहत स्कूलों में 40735 रुपये और कॉलेज में 47807 रुपये कीमत के लैपटॉप देने पर सहमति बनी थी। अब सरकार ने सभी विद्यार्थियों के लिए एक समान रेट पर खरीद करने का फैसला लिया है। अब प्रति लैपटॉप की कीमत 40735 रुपये तय हुई है। जीएसटी सहित 41550 रुपये में कंपनी से लैपटॉप लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि तीन माह में लैपटॉप मेधावियों तक पहुंचा दिए जाएंगे। शिक्षा मंत्री ने कहा कि मल्टी टास्क वर्करों की भर्ती अब नियम 18 के तहत नहीं होगी। नियम सात में एसडीएम की अध्यक्षता वाली कमेटी इनका चयन करेगी। 

6- पुलिस आरक्षी पदों की भर्ती के लिए लिखित परीक्षा की संभावित तिथि निर्धारित।

हिमाचल प्रदेश सरकार ने 1334 पुलिस आरक्षी पदों की भर्ती के लिए लिखित परीक्षा की संभावित तिथि निर्धारित कर दी है। सूबे के सभी जिलों में यह परीक्षा एक साथ 27 मार्च को प्रस्तावित है। कोरोना के चलते पिछले चार माह से लिखित परीक्षा लटकी थी। पुलिस मुख्यालय ने प्रदेश के तमाम पुलिस अधीक्षकों को एक दिन के भीतर परीक्षा केंद्रों की जानकारी उपलब्ध करवाने के लिए कहा है ताकि परीक्षा तिथि फाइनल की जा सके। पुलिस आरक्षी पदों के लिए आयोजित की जा रही इस लिखित परीक्षा में शारीरिक

परीक्षा में पास उम्मीदवार भाग लेंगे। कोरोना के मामलों में वृद्धि होने से हमीरपुर में शारीरिक दक्षता परीक्षा स्थगित की गई थी, लेकिन मामलों में गिरावट आने पर इसे पूरा कर लिया गया है। 1334 पदों के लिए 1.87 लाख से अधिक उम्मीदवारों ने आवेदन किया था। भर्ती प्रक्रिया 1 अक्तूबर 2021 से शुरू हुई थी। अंतिम तारीख 31 अक्तूबर थी। 1334 पदों में से पुरुषों के लिए 932 पद, महिलाओं के लिए 311 और पुरुष चालक के 91 पद शामिल हैं।

7- मंडी में जहरीली शराब में पाया गया मिथाइल अल्कोहल: सीएम

मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने विधायक जगत सिंह नेगी की ओर से पूछे गए प्रश्न के लिखित उत्तर में जानकारी दी कि हिमाचल प्रदेश में जहरीली शराब पीने से सात लोगों की मौत हुई है। इन लोगों ने यह शराब राष्ट्रीय उच्च मार्ग सलापड़ स्थित ढाबे से खरीदी थी। मृतकों की विसरा रिपोर्ट के मुताबिक

शराब में मिथाइल अल्कोहल की मात्रा पाई गई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि अब तक अवैध शराब के कारोबार में संलिप्त 36 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें से 13 लोग शराब बनाने में संलिप्त पाए गए हैं। जांच में पाया गया है कि अवैध रूप से चलाई जा रहीं फैक्ट्रियां जिला हमीरपुर और गुजरहटी में हैं। जो अवैध शराब पकड़ी गई है, उस पर संतरा मार्का पाया गया है। इस शराब को चोरी -छपे ढाबों और दुकानों में बेचा जा रहा था। 

8- अब ठेकेदार शब्द पर भड़का विपक्ष, किया वाॅकआउट।

हिमाचल प्रदेश विधानसभा में मंगलवार को भोजनकाल के बाद बजट पर चर्चा के दौरान जब कांग्रेस विधायक पवन काजल ने जल जीवन मिशन और राशन डिपुओं में खराब दोलों व तेल का जिक्र किया तो मंत्री महेंद्र सिंह ने कहा कि आप क्या सदन के ठेकेदार हैं। इस पर नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि ये सदन के चुने हुए प्रतिनिधि है। सदस्य को ठेकेदार

कहना आपत्तिजनक है। इसके बाद महेंद्र और मुकेश में तीखी नोकझोंक हुई। कुछ ही देर में सदन का माहौल गरमा गया। विपक्ष के सदस्य सदन के वेल में आकर महेंद्र के सामने नारेबाजी करने लगे। इस बीच विधानसभा अध्यक्ष विपिन परमार ने चर्चा को जारी रखते हुए विधायक नरेंद्र ठाकुर को बोलने का मौका दिया। इसके बाद विपक्ष के सदस्य नारेबाजी करते हुए सदन से बाहर चले गए। हालांकि विपक्ष के वाकआउट के बाद चर्चा जारी रही।

9- अनुराग ठाकुर ने किया महिला सुरक्षा कवच का उद्घाटन। 

केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने मंगलवार को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर हमीरपुर स्कूल मैदान में कार्यक्रम में हीरो मोटोकॉर्प के सहयोग से हिमाचल प्रदेश पुलिस को 108 मोटरसाइकिल भेंटकर अनुराग ने महिला सुरक्षा कवच का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि महिला सुरक्षा भाजपा सरकार की प्राथमिकता में रही है। महिलाओं की सुरक्षा से केवल महिला वर्ग का ही नहीं बल्कि पूरे समाज का हित और भविष्य जुड़ा हुआ है। ठाकुर ने कहा कि सनातन संस्कृति में 108 संख्या का बहुत महत्व है।  इसी

के मद्देनजर महिला सुरक्षा कवच में मोटरसाइकिल की संख्या 108 रखी है। 25 दिसंबर 2010 को तत्कालीन मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने भी पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती के अवसर पर हिमाचल में 108 नंबर अटल एंबुलेंस सेवा शुरू की थी। धूमल सरकार में पंचायती राज संस्थाओं में महिलाओं को पहली बार 50 फीसदी आरक्षण मिला। महिलाओं के लिए सबरी योजना के तहत गैस कनेक्शन योजना शुरू हुई। जो वर्तमान मोदी सरकार में उज्जवला योजना के नाम से विख्यात है। महिला सुरक्षा कवच योजना में ये मोटरसाइकिल प्रदेश के सात जिलों चंबा, हमीरपुर, ऊना, बिलासपुर, कांगड़ा, सिरमौर और मंडी के थानों और चौकियों में तैनात पुलिसकर्मियों के लिए उपयोगी होंगी। पुलिस महानिदेशक संजय कुंडू ने इसके लिए केंद्रीय मंत्री का आभार जताया। अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी रानी रामपाल और टोक्यो ओलंपिक पदक विजेता मीराबाई चानू ने भी अपने विचार साझा किए। जबकि, अभिनेत्री यामी गौतम ने वर्चुअल माध्यम से कार्यक्रम में भाग लिया।

10- देवी-देवताओं की विदाई के साथ अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव संपन्न।

हिमाचल प्रदेश के मंडी में चल रहे सात दिवसीय अंतर्राष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव का देवी-देवताओं की विदाई के साथ समापन हो गया। महोत्सव की तीसरी और अंतिम जलेब (शोभायात्रा) दोपहर दो बजे राजदेवता माधोराय की अगुवाई में शाही अंदाज में निकली। इससे पूर्व सुबह चौहाटा में जातर का आयोजन हुआ। देवी-देवताओं ने कतार में विराजमान होकर सैकड़ों श्रद्धालुओं को आशीर्वाद दिया। जलेब में राजदेवता माधोराय की पालकी के

साथ एक दर्जन से अधिक देव रथ साथ चले। जलेब को देखने के लिए सड़क के दोनों तरफ लोगों की भीड़ उमड़ी रही। बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करने पहुंचे राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर ने राजदेवता माधोराय और आराध्य देव बाबा भूतनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना की। इसके बाद वह जलेब में शामिल हुए और शिवरात्रि महोत्सव का विधिवत समापन किया। इस बार शिवरात्रि के देव समागम में 200 के करीब पंजीकृत देवी-देवता पहुंचे थे। महोत्सव के समापन के बाद सभी देवी-देवता अपने मूल स्थानों के लिए लौट गए हैं। 

11- हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल से मुख्यमंत्री की भेंट।

हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने आज राजभवन शिमला में

राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर से भेंट की। यह एक शिष्टाचार भेंट थी।

शाम सात बजे तक का कोविड मीडिया बुलेटिन-

सूचना एवं जन संपर्क विभाग हिमाचल प्रदेश बुलेटिन-