हिमाचल- ब्लास्ट में झुलसे जेई....... 12 जून 2022- पांवटा साहिब से आज का खबरनामा ddnewsportal.com

हिमाचल- ब्लास्ट में झुलसे जेई.......  12 जून 2022- पांवटा साहिब से आज का खबरनामा ddnewsportal.com
फोटो: साभार गूगल।

देखें वीडियो 

हिमाचल- ब्लास्ट में झुलसे जेई.......

12 जून 2022- पांवटा साहिब से आज का खबरनामा 

पेपर नही हुआ था लीक
मुख्य सचिवों के सम्मेलन का विषय 
सिरमौर से सरकार पर प्रतिभा का वार
सिरमौर- कांग्रेस की एकता पर सवाल 
सेना में 13 हिमाचली अफसर
दो महीने भूल जाओ मछली का स्वाद 
बिरादरी समेटते दिखे ऊर्जा मंत्री 
महक मिस कैंपस प्रिंसेस चंडीगढ़
वाहन गुजरते वक्त ढहा पुल
सिरमौर में ऑल्टो खाई में

सिरमौर में आज 00 मामले और....... कोविड/सूचना एवं जन संपर्क विभाग बुलेटिन।


(आज की तस्वीर)

स्थानीय (सिरमौर)

1- ऐसा क्या हुआ कि हाथ जोड़कर कांग्रेसी नेताओं को मंच पर बुलाती रही प्रदेशाध्यक्ष प्रतिभा सिंह।

जिला सिरमौर के मुख्यालय नाहन विधानसभा क्षेत्र की सलानी में आयोजित कांग्रेस के भारत जोड़ो सद्भावना सम्मेलन के दौरान ऐसा कुछ देखने को मिला जिसने कांग्रेस की जिला मे गुटबाज़ी को सरेआम ला दिया। कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष प्रतिभा सिंह कांग्रेसी नेताओं को हाथ जोड़कर मंच पर बुलाती रही, लेकिन काफी देर तक नेता दरी पर ही बैठे रहे। दरअसल, जिला कांग्रेस अध्यक्ष अजय बहादुर सिंह से नाराज चल रहे शिलाई के विधायक हर्षवर्धन चौहान, प्रदेश महासचिव कांग्रेस अजय सोलंकी सहित उनके समर्थक मंच के ठीक सामने जमीन पर बैठ गए। प्रतिभा सिंह मंच पर पहुंची तो उन्होंने हर्षवर्धन चौहान को मंच पर बुलाया मगर उन्होंने आने से मना कर दिया। प्रतिभा सिंह मंच से उठी और हाथ जोड़कर हर्षवर्धन चौहान से मंच पर आने

का आग्रह किया और कहा कि अगर वह मंच पर नहीं आते हैं तो वह भी आकर जमीन पर बैठ जाएगी। जिसके बाद हर्षवर्धन चौहान मंच पर आए हालांकि उन्होंने जिला अध्यक्ष से यहां भी दूरी बनाकर रखी। गोर हो कि बीते दिनों कांग्रेस जिलाध्यक्ष के खिलाफ जिले के वरिष्ठ कांग्रेसी नेताओं ने अलग बैठक कर जिलाध्यक्ष पर भाजपा की बी टीम के रूप मे काम करने के आरोप लगाकर प्रस्ताव पास कर हाईकमान से उन्हे हटाने की मांग की थी। माना जा रहा है कि रविवार के इस कार्यक्रम के लिए जिला के बड़े नेताओं की अनदेखी हुई और निमंत्रण कार्ड पर कुछ नेताओं के नाम तक नही लिखे गये थे। ऐसा माना जा रहा है कि पता इसी बात से नाराज चल रहे थे। हालांकि असलियत क्या है ये तो आने वाले दिनों मे सामने आ ही जाएगा लेकिन आज प्रदेश अध्यक्ष के समक्ष जो कुछ भी हुआ उससे सिरमौर में कांग्रेस के नेताओं की गुटबाजी सामने आ गई है। जो कि चुनावी साल मे कांग्रेस के लिए किसी मायने मे सही नही मानी जा सकती। 

2- 60 लाख से निर्मित होगा घृत बाहती चहांग महासभा के ज्ञान-भवन: सुखराम

हिमाचल प्रदेश सरकार के बहुउद्देशीय परियोजनाएं एवं ऊर्जा मंत्री, हिमाचल प्रदेश, सुख राम चौधरी ने आज गोंदपुर में घृत बाहती चहांग महासभा के ज्ञान-भवन का शिलान्यास किया। यह भवन लगभग 60 लाख रुपए की लागत से निर्मित होगा। ऊर्जा मंत्री ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि घृत बाहती चहांग समाज के अधिकतर लोग खेती-बाड़ी से जुड़े हैं, इसलिए उन्हें यह याद रखना चाहिए कि उनके बुजुर्गों ने इस भूमि को अपनी मेहनत से संजोया है तथा उन्हें इसका सम्मान करना चाहिए। यह जमीन बुजुर्गों की सौगात है जो एक दिन उनके काम आएगी। उन्होंने सभी को नगदी फसलें उगाने का भी सुझाव दिया। उन्होंने सभा के पदाधिकारियों को क्षेत्र में बढ़ रहे नशे के विरूद्ध अभियान चलाने के लिए प्रेरित किया तथा शिक्षा के प्रति जागरूकता फैलाने का भी सुझाव दिया। उन्होंने अपने संबोधन में

सरकार द्वारा चलाई गई विभिन्न महत्वाकांक्षी योजनाओं के बारे में बताया तथा उनका लाभ उठाने के लिए भी प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के समय में पांवटा विधानसभा क्षेत्र का चहुंमुखी विकास सुनिश्चित हुआ है। आज हिमाचल प्रदेश सिंचाई, पीने के पानी की व्यवस्था, बिजली, सड़क व स्वास्थ्य आदि सभी क्षेत्रों में तेज गति से विकास की राह पर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि जब क्षेत्र में विकास कार्य होते हैं तो क्षेत्रवासियों को कुछ असुविधाओं का सामना करना पड़ता है परंतु अंत में सब योजनाओं का लाभ उन्हें ही प्राप्त होता है। उन्होंने महासभा के लिए प्रति माह ऐच्छिक निधि से 11 हज़ार रुपए देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि इस भवन के अंतर्गत आने वाली लगभग 200 मीटर सड़क को जल्द पक्का किया जाएगा तथा साथ लगती खड्ड पर पुल का निर्माण कार्य भी जल्द किया जाएगा। उन्होंने कहा कि ज्ञान भवन के साथ लगभग 15 लाख की लागत से पार्किंग का निर्माण किया जाएगा। उन्होंने अपनी ऐच्छिक निधि से महासभा को 1 लाख 51 हजार रुपए देने की घोषणा भी की। ऊर्जा मंत्री ने कार्यक्रम के दौरान विधानसभा क्षेत्र की स्वयं सहायता समूहों को 11 हज़ार तथा महिला मंडलों को 21 हजार रुपए देने की घोषणा की। इस कार्यक्रम में महासभा के पदाधिकारियों द्वारा ऊर्जा मंत्री को टोपी व शॉल से सम्मानित किया गया। इसके अतिरिक्त पदाधिकारियों द्वारा क्षेत्र से आए अन्य गणमान्य व्यक्तियों को भी सम्मानित किया गया। इस दौरान ऊर्जा मंत्री द्वारा महासभा से जुड़े पुराने पदाधिकारियों व उसके परिवार के सदस्यों को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के दौरान पदाधिकारियों ने महासभा के विषय में जानकारी साझा की तथा महासभा से जुड़े पुराने पदाधिकारियों के द्वारा किए

गए उत्कृष्ट कार्यों के लिए उन्हें याद किया गया। इस दौरान विभिन्न पदाधिकारियों तथा समाज से जुड़े लोगों द्वारा महासभा के लिए धनराशि भी दी गई। इस अवसर पर अध्यक्ष महासभा नंद लाल, पूर्व विधायक फतेह सिंह महरालू, सचिव ओबीसी मोर्चा हिमाचल प्रदेश एवं चेयरमैन महासभा सुभाष चौधरी, सदस्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड राहुल चौधरी, भजन चौधरी, अध्यक्ष भारतीय जनता युवा मोर्चा पांवटा साहिब चरणजीत चौधरी, देवेन्द्र चौधरी प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य एवं पूर्व मंडल अध्यक्ष , अध्यक्ष महासभा उत्तराखंड राजा राम लखेरू, प्रधान गोरखुवाला सुरेखा चौधरी, अधिशासी अभियंता विद्युत बोर्ड अजय चौधरी, अधिशाषी अभियंता लोक निर्माण विभाग के.एल. चौधरी, खण्ड विकास अधिकारी रवि प्रकाश जोशी तथा अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।

3- चाइल्ड लाइन सिरमौर ने मनाया वर्ल्ड डे अगेंस्ट चाइल्ड लेबर डे।

चाइल्ड लाइन सिरमौर ने पांवटा साहिब के बातामंडी स्थित बस्ती मे वर्ल्ड डे अगेंस्ट चाइल्ड लेबर डे मनाया। जिसमें चाइल्ड लाइन की ओर से समन्वयक सुमित्रा शर्मा , रामलाल तथा शुभम कुमारी ने भाग लिया। इसमें श्रम विभाग के निरीक्षक पांवटा साहिब तथा पुलिस थाना पांवटा साहिब से भी स्टाफ मौजूद रहा। सबसे पहले सुमित्रा शर्मा द्वारा इस दिवस और माता-पिता की जिम्मेदारियों के बारे में बताया। उसके बाद श्रम निरीक्षक भूपेश शर्मा द्वारा बाल श्रम एवं किशोर अधिनियम 2016 के बारे में जागरूक किया गया। श्रम निरीक्षक द्वारा बताया गया कि पांवटा में अधिकतर कंपनियां खतरनाक श्रेणी

में आती हैं। उन्होंने बताया कि कोई भी बच्चा जिसकी उम्र 14 वर्ष से कम है वह काम नहीं कर सकते। जो 14 से 18 वर्ष के है वह जोखिम वाले कार्यों को नहीं कर सकते। पुलिस विभाग से भी अभिभावकों को जागरूक किया गया तथा उन्हें अपने बच्चों के स्कूल भेजने के लिए प्रेरित किया गया उन्होंने कहा कि बच्चों को स्कूल जरूर भेजें तथा अगर बच्चे पढ़ेंगे तभी वह अच्छा भविष्य बना सकेंगे। इसके बाद एक जागरूकता रैली भी निकाली गई। जिसमें बच्चों ओर अभिभावकों ने हिस्सा लिया। यह रैली स्लम एरिया से बातपुल तक निकाली गई।तथा चाइल्ड लाइन 1098 के बारे में भी जागरूक किया गया। वहीं, मेरा गांव मेरा देश एक सहारा संस्था के अनुराग गुप्ता द्वारा भी इस रैली में भाग लिया गया तथा मेरा गांव मेरा देश एक सहारा संस्था द्वारा भी बच्चों की मदद करने के लिए हाथ बढ़ाया गया।

4- पांवटा की महक चंडीगढ़ में मिस कैंपस प्रिंसेस-2022

हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिला के पांवटा साहिब की बेटी महक शर्मा चंडीगढ़ में मिस कैंपस प्रिंसेस-2022 बनी है। यह प्रतियोगिता चंडीगढ़ के एमसीएम कॉलेज 36 में हुई जिसमे महक ने खिताब पर कब्जा किया। गोर हो छोटी सी उम्र में ही महक कई खिताब जीतकर हिमाचल का नाम रोशन कर चुकी हैं। अब महक मिस इंडिया का खिताब जीतने की तैयारियों में जुट गई हैं। पांवटा साहिब की ग्राम पंचायत बद्रीपुर निवासी महक के पिता मनमोहन शर्मा ने कहा कि बेटी चंडीगढ़ में पंजाब विश्वविद्यालय में अध्ययनरत है। मिस कैंपस प्रिंसेस प्रतियोगिता में सैकड़ों प्रतिभागियों ने भाग

लिया। इसमें महक ने खिताब जीता। अब महक की नजर इस वर्ष होने वाले मिस इंडिया-2022 के खिताब पर है। महक ने 14 वर्ष की आयु में नाचेगा इंडिया में भाग लिया था। वर्ष 2016-17 में प्रिंसेस मिस नॉर्थ इंडिया में फेस ऑफ द ईयर का अवॉर्ड जीता। जनवरी 2018 में मिस टीन ग्लोरी ऑफ यूनिवर्स की विजेता रहीं। सत्या प्रोडक्शन के चंडीगढ़ में आयोजित मेघा रियलिटी शो में भी खिताब जीता। महक के पिता मनमोहन शर्मा ने बताया कि एकलौती बेटी है। बचपन से डांस, अभिनय और मॉडलिंग में रुचि रही है। नोएडा स्थित फिल्म सिटी में एक संस्थान से मॉडलिंग और सौंदर्य विषय में एक वर्ष का कोर्स किया है। अब महक चंडीगढ़ में शिक्षारत हैं। पांवटा यमुना शरद महोत्सव समेत कई मंचों पर प्रस्तुति दे चुकी हैं। महक की वीडियो शिमला की बंदी और बेबी मान जा को दस लाख से अधिक लोग पसंद कर चुके हैं।

क्राइम/एक्सीडेंट 

5- यहाँ बाईक पर हो रही थी कच्ची शराब की सप्लाई।

पुलिस थाना पुरूवाला की पुलिस टीम शाम के समय सरकारी वाहन में बांगरण -किशन कोट सड़क पर गश्त कर रही थी तो समय करीब 7:30 बजे किशनकोट की ओर से एक मोटर साईकिल TVS APACHE बांगरण की ओर आ रहा था तथा मोटर साईकिल चालक ने मोटर साईकिल की टंकी पर एक काले रंग की टयूब रखी हुई थी। पुलिस वाहन को देखकर मोटर साईकिल चालक ने अपने मोटर साईकिल को पीछे की ओर मोडा और मौका

से भागने लगा। जिससे पुलिस टीम ने सन्देह होने पर काबू किया तथा उसके द्वारा मोटर साईकिल की टंकी पर रखी टयूब की तलाशी ली तो टयूब के अन्दर से 15 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद हुई। जिस पर मोटर साईकिल चालक निवासी गांव खारा डाकघर जामनीवाला, तहसील पांवटा साहिब, जिला सिरमौर, के विरूद्ध पुलिस थाना पुरूवाला में HIMACHAL PRADESH EXCISE ACT के अन्तर्गत मामला दर्ज कर कर आगामी कारवाई की जा रही है। 

6- सिरमौर- ऑल्टो कार के ढांग में गिरने से एक की मौत, दो घायल।

सिरमौर जिला में फिर एक सड़क हादसा हुआ है। इस हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई है जबकि दी सवार गंभीर रूप से घायल हो गये हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी कारवाई शुरू कर दी है। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक रमेश कुमार निवासी गांव शलैच, डाकघर कोटला बाँगी, तहसील राजगढ, जिला सिरमौर ने पुलिस थाना राजगढ़ में शिकायत दर्ज करवाई कि रविवार तड़के करीब 6.30 बजे जब यह अपने घर में था तो उसी समय किसी वाहन के सड़क से नीचे ढाँक में गिरने की आवाज सुनाई दी। यह तुरन्त मौका पर गया तो वहां एक आल्टो कार HP-07F 3377 खडड़ में क्षतिग्रस्त हालत में पड़ी थी। उक्त हादसा के दौरान गाडी में चालक सहित तीन व्यक्ति सवार थे। उक्त हादसा में कार चालक की मौके पर ही मौत हो गई तथा हादसे में घायल अन्य दो व्यक्तियों को आगामी ईलाज हेतू अस्पताल पहुंचाया गया। उक्त सड़क दुर्घटना के सम्बन्ध में पुलिस थाना राजगढ में मामला दर्ज कर आगामी कारवाई शुरू कर दी है। एसपी सिरमौर ओमापति जम्वाल ने मामले की पुष्टि की है।


(हिमाचल)

1- मुख्य सचिवों के सम्मेलन में शिक्षा, कृषि और शहरी विकास पर रहेगा फोकस।

हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला में होने जा रहे सभी राज्यों के मुख्य सचिवों के सम्मेलन में शिक्षा, कृषि और शहरी विकास पर फोकस रहेगा। धर्मशाला में 16 और 17 जून को आयोजित होने वाले सम्मेलन की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अध्यक्षता करेंगे। सम्मेलन में हर प्रदेश की ओर से इन तीन बिंदुओं को लेकर अपनी-अपनी कार्ययोजनाएं बताई जाएंगी। राज्यों से संबंधित विभागों के प्रशासनिक सचिव वर्चुअल माध्यम से जानकारी देंगे। प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) की ओर से बैठक के एजेंडे को तैयार किया गया है। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम धर्मशाला में यह सम्मेलन होगा। 15 जून को अधिकांश राज्यों के मुख्य सचिव धर्मशाला पहुंच जाएंगे। पीएम मोदी 16 जून को

धर्मशाला पहुंचेंगे। सम्मेलन के दौरान राष्ट्रीय शिक्षा नीति को लेकर 50-50 मिनट के तीन सत्र होंगे। पहले सत्र में स्कूली शिक्षा से अधिक से अधिक बच्चों को जोड़ने, दूसरे सत्र में शिक्षकों की भूमिका और तीसरे सत्र में भविष्य की चुनौतियों के लिए विद्यार्थियों को तैयार करने के विषय पर चर्चा होगी। इस दौरान कुछ राज्यों के वीडियो भी प्रसारित किए जाएंगे। पहले सत्र में आंध्र प्रदेश, सिक्किम, छत्तीसगढ़, बिहार, नगालैंड और उत्तर प्रदेश के अधिकारी प्रस्तुति देंगे। दूसरे सत्र में हरियाणा, गुजरात, दिल्ली, राजस्थान, मध्य प्रदेश, कर्नाटक के अधिकारी और तीसरे व अंतिम सत्र में मिजोरम, ओडिसा, केरल, कर्नाटक, गोवा, छत्तीसगढ़ और हिमाचल प्रदेश के अधिकारी अपनी प्रस्तुति देंगे। शहरी विकास को लेकर भी सम्मेलन में चर्चा होगी। इसमें नगर निकायों की मजबूती, जनप्रतिनिधियों की सांविधानिक शक्तियों और स्मार्ट सिटी प्रोजेक्टों को लेकर चर्चा होगी। कृषि और बागवानी विषय के तहत प्राकृतिक खेती, मौसम के बदलते स्वरूप से फसलों को हो रहे नुकसान, इससे बचने के तरीकों को लेकर चर्चा की जाएगी।

2- सिरमौर से प्रतिभा सिंह का भाजपा सरकार पर निशाना।

हिमाचल कांग्रेस अध्यक्षा प्रतिभा सिंह ने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर पर निशाना साधते हुए कहा कि मुख्यमंत्री विधानसभा क्षेत्रों में जाकर उन कार्यों के उद्घाटन कर रहे हैं जो पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के समय में हुए है। वह रविवार को नाहन विधानसभा के सलानी कटौला में कांग्रेस का भारत जोड़ो सद्भावना सम्मेलन आयोजित में पंहुची। यहां पर उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री प्रदेश के लोगो को गुमराह कर रहे है। प्रतिभा सिंह ने कहा कि हिमाचल प्रदेश के किसी भी विधानसभा क्षेत्र में अगर नजर दौड़ाई जाए तो सभी जगह जो भी बड़े कार्य हुए हैं वह पूर्व स्वर्गीय मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की देन है। प्रतिभा

सिंह ने यह भी कहा कि हाल में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शिमला दौरे पर जब पहुंचे थे तो उस समय भी अपने संबोधन के दौरान सीएम ने प्रदेश की जनता को यह कहकर गुमराह किया कि प्रदेश को तीन मेडिकल कॉलेज भाजपा सरकार ने दी है। जबकि हकीकत यह है कि यह कॉलेज पूर्व की यूपीए सरकार की देन है और उस समय वीरभद्र सिंह केंद्र में मंत्री थे। कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष ने हिमाचल काँग्रेस अल्पसंख्यक विभाग के अध्यक्ष इकबाल मोहम्मद को बधाई दी और कहा कि उनके प्रयासों से यह सद्भावना सम्मेलन सफलतापूर्वक आयोजित हुआ। इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में काँग्रेसी कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया। 

3- हिमाचल के 13 जांबाज सेना में बने अफसर।

भारतीय सैन्य अकादमी (आईएमए) में शनिवार को हुई पासिंग आउट परेड के बाद सेना को 288 युवा अफसरों की जांबाज टोली मिल गई। इनमें 13 जवान हिमाचल प्रदेश के हैं। सेना की दक्षिण पश्चिम कमान के जनरल ऑफिसर कमांडिंग लेफ्टिनेंट जनरल अमरदीप सिंह ने बतौर निरीक्षण अधिकारी परेड की सलामी ली। आईएमए से सैन्य प्रशिक्षण पूरा कर वतन की रक्षा के लिए मर-मिटने की शपथ लेकर 288 युवा अफसर शनिवार को थलसेना का अभिन्न अंग बन गए। इनमें सैनिक बहुल प्रदेश उत्तराखंड के 33 युवा भी शामिल हैं। वहीं, सबसे बड़े राज्य उत्तर प्रदेश के 50 कैडेट्स भी पासआउट हुए। आठ मित्र देशों के 89 जेंटलमैन कैडेट्स भी पासआउट होकर अपने-अपने देश की सेनाओं में शामिल हो गए हैं।


परेड में देश-विदेश के 377 कैडेट्स ने शिरकत की। कोर्स के हरफनमौला जेंटलमैन कैडेट बिहार के समस्तीपुर निवासी मौसम वत्स को प्रतिष्ठित सोर्ड ऑफ ऑनर और ऑर्डर ऑफ मेरिट में प्रथम स्थान प्राप्त करने पर उत्तराखंड के ऊधमसिंह नगर निवासी नीरज सिंह पपोला को गोल्ड मेडल से नवाजा गया। पासिंग आउट परेड में बिहार के समस्तीपुर निवासी मौसम हीरो रहे। उन्होंने न सिर्फ परेड का नेतृत्व किया बल्कि प्रतिष्ठित सोर्ड ऑफ आनर भी प्राप्त किया। इसके अलावा ऑर्डर ऑफ मेरिट में दूसरा स्थान प्राप्त कर सिल्वर मेडल भी हासिल किया। हिमाचल प्रदेश के मंडी निवासी केतन पटियाल को ऑर्डर ऑफ मेरिट में तीसरा स्थान मिलने पर ब्रांज मिला।

4- आईटी भर्ती की लिखित परीक्षा का पेपर नही हुआ लीक।

जूनियर ऑफिस असिस्टेंट (जेओए) आईटी भर्ती की लिखित परीक्षा का पेपर लीक नहीं हुआ है। पुलिस की विशेष जांच टीम (एसआईटी) ने इस मामले में हिमाचल प्रदेश कर्मचारी चयन आयोग को क्लीन चिट दे दी है। एसआईटी ने जांच रिपोर्ट प्रदेश सरकार और चयन आयोग को भेजी दी है। क्लीन चिट मिलने के बाद चयन आयोग लिखित परीक्षा का परिणाम घोषित करने की तैयारी में जुट गया है। गौर हो कि पोस्ट कोड 939 के तहत जेओए आईटी के 300 पदों पर भर्ती की प्रक्रिया चल रही है। बीते 24 अप्रैल को इन पदों को भरने के लिए लिखित परीक्षा हुई, जिसमें 1.18 लाख अभ्यर्थियों में से 68 हजार ने परीक्षा दी। परीक्षा के दौरान मंडी जिला के सुंदरनगर, बल्ह और ऊना में परीक्षा केंद्र में नकल के तीन मामले सामने आए थे। इस पर आयोग ने तीनों अभ्यर्थियों के खिलाफ पुलिस में केस दर्ज करवाने के साथ ही उनकी उम्मीदवारी को रद्द कर दिया था। इसके बाद कर्मचारी चयन आयोग ने पुलिस अधीक्षक मंडी को रिमाइंडर भेजकर शीघ्र इस मामले की स्टेटस रिपोर्ट देने

को कहा था, ताकि आयोग जेओए भर्ती मामले में उचित निर्णय ले पाए। 11 मई को जेओए भर्ती मामले में प्रदेश कार्मिक विभाग के प्रधान सचिव प्रबोध सक्सेना की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक हुई। उधर, चयन आयोग के सचिव डॉ. जितेंद्र कंवर ने कहा कि एसआईटी की रिपोर्ट में पेपर लीक होने की पुष्टि नहीं हुई है। केवल दस लोगों को नकल के मामले में उनकी उम्मीदवारी रद्द की गई है। तीन लोगों के खिलाफ पुलिस में मामला दर्ज है। उन्होंने कहा कि सरकार से परिणाम घोषित करने की मंजूरी मिल गई है। आयोग ने उत्तर पुस्तिकाओं की स्कैनिंग के लिए विशेषज्ञों का पैनल तैयार कर लिया है। इससे पहले प्रश्नपत्रों की उत्तर कुंजी के लिए आपत्तियां आमंत्रित की गईं। आपत्तियों के ऊपर आयोग को विशेषज्ञों की उपस्थिति में निर्णय करना है। इसके बाद फाइनल परीक्षा परिणाम घोषित किया जाएगा।

5- हिमाचल नही चख पाएगा दो माह मछली का स्वाद।

हिमाचल प्रदेश के 5 बड़े जलाशयों में मत्स्य आखेट पर पूरी तरह से प्रतिबंध रहेगा। यह प्रतिबंध 16 जून से 15 अगस्त तक रहेगा। मछुआरा चाहे छोटा हो या फिर बड़ा, किसी को भी मछली आखेट के लिए परमिशन नहीं दी जाएगी। यदि कोई भी मछुआरा ऐसा करता पाया जाता है तो मौके पर ही उसके खिलाफ विभागीय कार्रवाई से लेकर सजा तक का प्रावधान एक्ट में किया जाएगा। 2 माह तक बंद इस सीजन में मत्स्य विभाग पूरे प्रदेशभर में 50 से अधिक कैंप आयोजित करने जा रहा है, जिनके माध्यम से शरारती तत्वों पर

पूरी नजर रखी जाएगी। मत्स्य विभाग के निदेशक सतपाल मेहता ने पुष्टि करते हुए बताया कि हिमाचल प्रदेश में बिलासपुर की गोबिंद सागर झील, कांगड़ा के पौंग डैम, चम्बा के चमेरा डैम, कांगड़ा की सीमा पर रणजीत सागर डैम व बिलासपुर का कोल डैम ऐसे 5 बड़े जलाशय हैं, जिनमें मत्स्य आखेट पर प्रतिबंध लगाया गया है। उन्होंने बताया कि जलाशयों में पूरी नजर रखने के लिए विभाग की ओर से फ्लाइंग स्क्वायड की भी तैनाती की गई है। दिन-रात ये टीमें इन जलाशयों में वोट व सड़क मार्ग के माध्यम से नजर रखेंगी। 

6- मुख्यमंत्री के गृह जिले में ढहा पुल, मालवाहक वाहन गुजरते वक्त हुआ हादसा।

हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में बालीचौकी-सुधराणी से जोड़ने वाला एकमात्र आलिगाड़ पुल (लोहे का) सुबह करीब 11:00 बजे ढह गया। इससे आठ पंचायतों का संपर्क टूट गया है। हादसा उस वक्त हुआ जब बजरी से लदा मालवाहक वाहन पुल से गुजर रहा था। जैसे ही वाहन पुल के बीच में पहुंचा तो अचानक पुल टूट गया और वाहन नाले में जा गिरा। सूचना मिलते ही धबेहड़ के ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे। हादसे की जानकारी प्रशासन और पुलिस को दी। आनन-फानन में अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे। लोगों ने चालक को वाहन से निकाला और एंबुलेंस की मदद से सीएचसी बालीचौकी पहुंचाया। यहां उपचार के बाद उसे नेरचौक मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया है। घायल की पहचान बलदेव (48) पुत्र हरि सिंह निवासी शिवाबदार, पंडोह

के  रूप में हुई है। घटना के बाद प्रशासन और लोक निर्माण विभाग की कार्यशैली पर भी सवाल उठ रहे हैं। जर्जर पुल से वाहन गुजारे जा रहे थे। उधर, पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुल टूटने से आठ पंचायतों का संपर्क कट गया है। इसमें सुधराणी, खूहन, खलिहान, थाट्टा, बूंगजहलगाड, घाट, जुफरकोट सहित जंजैहली उपमंडल की शिवाथाना, चेत पंचायत शामिल है। कई वाहन और बसें भी पुल के पार फंस गई हैं। नौजवान सभा के जिला अध्यक्ष महेंद्र राणा ने बताया कि यह पुल 1967-68 में बनाया गया है। सहायक अभियंता, पीडब्ल्यूडी बालीचौकी सतीश कुमार ने कहा कि छोटे वाहनों के आवागमन के लिए वैकल्पिक मार्ग निकाला जा रहा है। इसका काम शुरू कर दिया है। वहीं, डीसी मंडी अरिंदम चौधरी ने कहा कि मामले की जांच की जाएगी। एसडीएम बालीचौकी से इसकी रिपोर्ट मांगी जाएगी। कोताही पर नियमानुसार कार्रवाई होगी।

7- विद्युत सब-स्टेशन में कंट्रोल रूम में ब्लास्ट, झुलसे जेई सहित तीन।

हिमाचल प्रदेश के नादौन के गगाल में स्थित विद्युत सब-स्टेशन में कंट्रोल रूम के एक भाग में ब्लास्ट हो गया। इस दुर्घटना में कनिष्ठ अभियंता सहित तीन लोग झुलस गए। मिली जानकारी के मुताबिक, शनिवार देर शाम बारिश और तूफान के कारण कंट्रोल रूम में कुछ समय के लिए सिस्टम के कंट्रोल पैनल 2 को बंद किया गया था  इसी दौरान इसकी जांच के लिए कनिष्ठ अभियंता सुभाष चंद और दो हेल्पर देशराज व शुभम मौका पर निरीक्षण के लिए पहुंचे। इसके बाद जब इसकी ट्रॉली बाहर निकाली गई, तभी अचानक इसमें

जोर से धमाका हो गया, जिसकी फ्लैश लगने से यह तीनों कर्मचारी घायल हो गए। इस हादसे में कनिष्ठ अभियंता सुभाष चंद्र करीब 40% तक झुलस गए। उनके चेहरे, बाजू और टांगों पर गंभीर चोटें आई हैं। वहीं दो अन्य कर्मचारियों को भी चेहरे व शरीर के अन्य भागों पर चोटें आई हैं। इन तीनों कर्मचारियों को आसपास के कर्मचारियों ने तुरंत नादौन अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद सुभाष चंद को टांडा रेफर कर दिया गया, जबकि दो अन्य का उपचार चल रहा है। इस संबंध में विभाग के एसडीओ सुशील कुमार ने पुष्टि करते बताया कि कंट्रोल पैनल के एक भाग में धमाका हुआ है, जिसकी रिपेयर चल रही थी। इस दौरान 3 कर्मचारी घायल हो गए हैं। वहीं विद्युत बोर्ड एंप्लाइज यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष कुलदीप  खरवाड़ा ने बताया कि धमाके का कारण आसमानी बिजली भी हो सकता है लेकिन सच्चाई जांच के बाद ही सामने आ पाएगी।

शाम पांच बजे तक का कोविड मीडिया बुलेटिन-

सूचना एवं जन संपर्क विभाग हिमाचल प्रदेश बुलेटिन-