गिरिपार में गृह मंत्री की दहाड़....... 15 अक्तूबर 2022- पाॅंवटा साहिब से आज का खबरनामा ddnewsportal.com

गिरिपार में गृह मंत्री की दहाड़.......  15 अक्तूबर 2022- पाॅंवटा साहिब से आज का खबरनामा  ddnewsportal.com
सिरमौर: सतौन में हाटी आभार रैली में जनता का अभिवादन स्वीकार करते केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह।

गिरिपार में गृह मंत्री की दहाड़.......

15 अक्तूबर 2022- पाॅंवटा साहिब से आज का खबरनामा 

गिरिपार की 25 पुश्तों को लाभ: गृह मंत्री
दूरबीन से भी नही दिखेगी कांग्रेस: शाह
एससी के सारे अधिकार सुरक्षित
चाहिये पूरा का पूरा सिरमौर: जयराम
कांग्रेस को कोई लेता अब सीरियस: ठाकुर 
डबल इंजन के कारण हाटी को सौगात: कश्यप
हाटी क्षेत्र चुकाएगा कर्ज: बलदेव
हाटी के साथ भाजपा का छलावा: अलका
सतौन: शाह का पारंपरिक इस्तकबाल
फिर शुरू होगा चंद्रयान मिशन: सिवन
ये है एक कैंडीडेट का चुनावी खर्च
गैर कृषक एकता मंच की बैठक कल

सिरमौर हुआ कोरोना मुक्त/सूचना एंव जनसम्पर्क विभाग बुलेटिन।


(आज की तस्वीर) हाटी समुदाय की महिलाएं।

स्थानीय (सिरमौर)

1- सतौन: पारंपरिक तरीके से अमित शाह का हुआ भव्य इस्तकबाल, बलदेव तोमर बोले...

देश के गृह मंत्री अमित शाह शनिवार को जिला सिरमौर के प्रवेश द्वार सतौन में हाटी आभार रैली में शिरकत करने पंहुचे। उनके साथ मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सौदान सिंह, प्रदेश प्रभारी संजय टंडन, चुनाव प्रबंधन समीति अध्यक्ष डाॅक्टर राजीव बिन्दल, संगठन महामंत्री पवन राणा, ऊर्जा मंत्री सुखराम चौधरी, स्वास्थ्य मंत्री राजीव सैजल, प्रदेश भाजपा प्रवक्ता बलदेव तोमर आदि मौजूद रहे। हजारों संख्या में इस रैली में हाटी समुदाय की जनता पंहुची और पारंपरिक वेश-भूषा और वाद्य यंत्र के साथ

गृह मंत्री का भव्य स्वागत किया गया। इस मौके पर बलदेव तोमर ने सबसे पहले सभी अतिथियों का स्वागत किया। उसके बाद मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने गृह मंत्री अमित शाह को टोपी और लोईया भेंटकर सम्मानित किया। हाटी केंद्रीय समिति के अध्यक्ष डाॅ अमिचंद कमल और महासचिव कुंदन सिंह शास्त्री ने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर को सम्मानित किया। इस मौके पर बलदेव तोमर ने

कहा कि प्रदेश सरकार के प्रयासों से केंद्र सरकार ने हाटी समुदाय को जनजातीय का दर्जा देने की मंजूरी देकर 55 वर्ष के संघर्ष को खत्म किया है। इसके लिए गृह मंत्री का विशेष आभार वह गिरिपार की जनता की तरफ से करते हैं। वरना कांग्रेस ने तो इस मामले पर राजनीति कर जनता को गुमराह ही किया। उन्होंने कहा कि गिरिपार के लोग सच्चे हैं और कर्ज जरूर उतारेंगे। 

2- कांग्रेस को अब कोई नही लेता सीरियस: जयराम

मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस पार्टी को पूरे देश में अब कोई भी सीरियस नही लेता। देश दिनेश मीडिया के संपादक दिनेश पुंडीर के सवाल कि प्रियंका गांधी ने सोलन रैली में कहा कि सत्ता में आते ही कांग्रेस पहली बैठक में ओपीएस और एक लाख नौकरियों पर मुहर लगायेगी, पर जयराम ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने अपनी बात कही है लेकिन उनकी बात मानी नही जा रही है, सुनी नही जा रही है। तारूवाला मैदान मे हेलिकॉप्टर से उतरने के बाद मुख्यमंत्री पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत कर रहे थे।

उन्होंने कहा कि पूरे देश में कांग्रेस की जो हालत है उस हालत को देखते हुए वह बौखलाहट में हैं। चुनाव में झूठे वायदे कर रही है लेकिन हिमाचल की प्रबुद्ध जनता इनके झांसे में आने वाली नही हैं। संपादक दिनेश पुंडीर के एक अन्य सवाल कि भाजपा का चुनाव में क्या विशेष मुद्दा रहेगा, इस पर जयराम ठाकुर ने कहा कि मुद्दे तय किये जा रहे है। इससे पूर्व उनके पाॅंवटा साहिब पंहुचने पर ऊर्जा मंत्री सुखराम चौधरी, चुनाव प्रबंधन समीति के अध्यक्ष डाॅ राजीव बिन्दल और प्रदेश प्रवक्ता बलदेव तोमर आदि ने बुके देकर स्वागत किया। मुख्यमंत्री सतौन में आयोजित हाटी आभार रैली में भाग लेने आए थे। 

3- डबल इंजन की सरकार ने समझा हाटी का दर्द: कश्यप 

सतौन में आयोजित हुई हाटी आभार रैली में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप ने कहा कि अगर किसी ने हाटी के लोगों का दर्द समझ तो वह केवल भाजपा की डबल इंजन वाली सरकार ने समझा। इस समुदाय का 55 साल का संघर्ष नरेंद्र मोदी ने एक ही

झटके में खत्म कर दिया। उन्होंने डबल इंजन सरकार की जम कर तारीफ करते हुए कहा कि कोविड संकटकाल के समय पीएम मोदी ने पूरे देश को ही नहीं संभाला अपितु दूसरे देशों को भी वैक्सीनेशन उपलब्ध करवाई। आज देश तेज गति से आगे बढ़ रहा है और देश अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी नई पहचान स्थापित कर रहा है।

4- हाटी रैली में पहुंचे कार्यकर्ताओं को राजबन में की भोजन व्यवस्था।

सतौन हाटी आभार कार्यक्रम में पहुंचे भाजपा कार्यकर्ताओं को भाजपा पाँवटा साहिब मंडल ने राजबन में भोजन की व्यवस्था की। भाजयुमो पाँवटा साहिब अध्यक्ष चरणजीत सिंह चौधरी ने कहा कि यहां पर लगभग 10 हजार से अधिक कार्यकर्ताओं को

भोजन कराया। भाजपा पाँवटा साहिब ने कार्यकर्ताओं के भोजन की व्यवस्था की और युवा मोर्चा ने सभी को भोजन करवाया। इस दौरान ऊर्जा मंत्री सुखराम चौधरी स्वयं भी मौजूद रहे। मीडिया प्रभारी रोहित चौधरी ने कहा कि काफ़ी संख्या में भारतीय जनता युवा मोर्चा पाँवटा साहिब के कार्यकर्ता मोटरसाइकिलो के माध्यम से गृह मंत्री अमित शाह की जनसभा में ऊर्जा मंत्री सुखराम चौधरी की अगुवाई में पहुँचे।

5- डिग्री कॉलेज पाँवटा साहिब में हुआ कैरियर गाइडेंस कैंप का आयोजन।

श्री गुरू गोविन्द सिंह जी राजकीय महाविद्यालय पांवटा साहिब में डिस्ट्रिक एंप्लॉयमेंट ऑफिस के सौजन्य से एच सी एल टेक्नोलॉजी द्वारा कैरियर गाइडेंस कैंप का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य रूप से कार्यवाहक जिला रोजगार अधिकारी संजय पंवार और एच सी एल टेक्नोलॉजी के क्लस्टर हेड अक्षय चौधरी ने शिरकत की। कार्यक्रम का आयोजन महाविद्यालय प्राचार्य प्रमोद पटियाल की देखरेख में गणित विभाग और कैरियर

काउंसलिंग और प्लेसमेंट सेल द्वारा किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत संदीप शर्मा द्वारा उपस्थित अधिकारियों का औपचारिक स्वागत किया गया। इसके बाद जिला रोजगार अधिकारी ने विद्यार्थियों को कैरियर के चुनाव और विभिन्न विकल्पों के बारे में बताया। वहीं अक्षय चौधरी ने एच सी एल टेक्नोलॉजी के बारे में बताया तथा आज के तकनिकी युग में पब्लिक और प्राइवेट सेक्टर में  रोजगार पाने से जुड़ी जरूरी बातों को बताया। गणित विभागाध्यक्ष एवम् कार्यक्रम कि आयोजन तनु चंदेल के मार्गदर्शन में विद्यार्थियों का पंजीकरण करवाया जाएगा। कार्यक्रम के अंत में वरिष्ठ सह प्राध्यापक और करियर गाईडेंस एंड प्लेसमेंट की कन्वीनर ऋतु पंत ने उपस्थित सभी लोगों का धन्यवाद किया। कार्यक्रम में चीनू बंसल, रिंकू अग्रवाल और अश्विनी चंदेल उपस्थित रहे।

6- बहराल स्कूल के बच्चों को दी दांतों की देखभाल की जानकारी।

रोटरी क्लब पांवटा और डेंटल कॉलेज पांवटा साहिब ने बहराल के बच्चों को दांतों की देखभाल पर विस्तृत जानकारी दी। रोटरी क्लब पांवटा साहिब और डेंटल कॉलेज पांवटा साहिब के संयुक्त तत्वाधान में राजकीय उच्च विद्यालय बहराल में दंत चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में 60 बच्चों के दांतो का निरीक्षण करने के बाद उन्हें सही निर्देश दिए गए। रोटरी क्लब पांवटा साहिब के अध्यक्ष राकेश रहल ने बच्चों को जागरूक करते हुए कहा कि अगर आप अपने दांतो का ध्यान रखेंगे का वादा करते हो तो आज जिनके दांत खराब हैं, उनके दांतो के इलाज मे आने वाले खर्च को रोटरी क्लब पांवटा साहिब भुगतान करेगा। रोटेरियन जी के शर्मा ने डिजिटल शिक्षा पर जोर देते हुए कहा कि

बच्चों को सीखने के लिए नए आयाम अपनाने होंगे। रोटेरियन हिमांशु भाटिया ने बच्चों को दांतो की सुंदरता का महत्व समझाया। डेंटल कॉलेज के डॉ वासित और उनकी टीम ने बहराल स्कूल के 60 बच्चों के दांतों की जांच करने के बाद रोगों से अवगत करवाया। विद्यालय के मुख्य अध्यापक जीवन प्रकाश जोशी ने सभी अतिथियों का स्वागत एवं आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्र में  स्वास्थ्य शिविर जागरूकता  पैदा करते हैं। इस शिविर के माध्यम से बच्चों को दांतों की देखभाल की सही जानकारी मिली है। इस कार्यक्रम में रोटेरियन राकेश रहल, रोटेरियन जीके शर्मा,  रोटेरियन अत्री, रोटेरियन हिमांशु भाटिया, डेन्टल कॉलेज पांवटा साहिब की पूरी टीम, रेनू गोस्वामी मीनाक्षी टंडन, सुरेंद्र कौर, वीरेंद्र शर्मा, शशि कुमारी, रेशम कौर आदि उपस्थित रहे।

7- गैर कृषक एकता मंच सिरमौर की बैठक कल।

गैर कृषक एकता मंच हि0 प्र0 सिरमौर इकाई की एक बैठक रविवार 16 अक्टूबर 2022 को दोपहर 12.00 बजे पांवटा साहिब विश्वकर्मा मन्दिर में निर्धारित की गई है। बैठक में "ऐसे हिमाचली जो भू-सुधार अधिनियम की धारा -118 प्रदेश में लागू होने से पहले के प्रदेश वासी हैं और दूसरे दर्जे के नागरिक का जीवन अकारण ही जीने को मजबूर हैं, उनको समान अधिकार प्रदान करने बारे " अब तक किये गए प्रयासों से अवगत कराया जाएगा तथा आगे क्या करना है, उस पर भी चर्चा होगी। बैठक में गिरीश साहनी, राकेश गुप्ता, दिक्सित सूरी आदि सक्रीय सदस्य उपस्थित रहेंगे। अपने न्यायोचित अधिकार को पाने के प्रयासों में, कृपया निस्वार्थ भाव से, एकता का परिचय दें और अपना कीमती समय देकर बड़ी संख्या में, समय से उपस्थित हो कर बैठक को सफल बनायें। निर्धारित समय पर बैठक प्रारम्भ होने से वह जल्दी समाप्त भी हो सकेगी और दूर से आये सदस्य अपने गंतव्य को समय से वापिस लौट सकेंगे। बैठक से सम्बंधित किसी भी जानकारी के लिए श्री एस0 एस0 सैनी, Mobile No. 7018270299 पर सम्पर्क करें।

(हिमाचल)

1- चुनाव के बाद दूरबीन से भी नहीं दिखेगी कांग्रेस: शाह

गिरिपार क्षेत्र के प्रवेश द्वार सतौन में हाटी आभार रैली में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि चुनाव के बाद कांग्रेस दूरबीन से भी नजर नही आएगी। उन्होंने कहा कि मैंने मोदी जी रैली में उत्साह देखा था, वह टीवी पर देखा, लेकिन यह उत्साह आज हाटी वालों ने मुझे समझा दिया है। मित्रो हमारा हिमाचल पूरे देश में देवभूमि के नाम से जाना जाता है। देश भर की माताएं इसे वीरभूमि कहती हैं। देश की हिफाजत में हिमाचल के लाल जाते हैं। इसलिए इसे वीरभूमि भी कहते हैं। यहां मां ज्वाला, चिंतपूर्णी, बज्रेश्वरी, हिडि़ंबा, मां चामुंडा, बाबा बालकनाथ सहित जिन देवी-

देवताओं का वास है, मैं उसे प्रणाम करता हूं। यहां श्रीरेणुका झील, चूड़धार, पांवटा का गुरुद्वारा साहिब सहित विश्व के प्रमुख स्थल हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हाटी के 55 साल के संघर्ष को एक झटके में खत्म कर दिया है। मोदी सालों यहां रहे हैं और वह बड़े गर्व से कहते हैं कि हिमाचल मेरा है। इस बार हिमाचल में दो तिहाई मत से विजयी होना है। हरी टोपी-लाल टोपी का जमाना चला गया है। हरी टोपी भी हमारी है और लाल टोपी भी हमारी है। ऊपर भी भाजपा-नीचे भी भाजपा। अमित शाह ने कहा कि रिजल्ट के दिन कांग्रेस को दूरबीन लेकर ढूंढना पड़ेगा कि कहां कोई हमारा विधायक बना है कि नहीं। उन्होंने कहा कि मुझे एक बात बताइए कि परिवारवाद से मुक्ति देनी चाहिए कि नहीं। कांग्रेस में सभी लोग परिवारवादी हैं। मैं युवाओं से पूछता हूं कि परिवारवाद ऐसे ही रहा, तो आपके लिए कोई जगह बचेगी क्या। सिर्फ नरेन्द्र मोदी ने परिवारवाद को खत्म किया है। कांग्रेस ने हमारी विरासत का कभी सम्मान नहीं किया है।

2- गिरिपार की 25 पुश्तें उठाने वाली हैं जनजातीय दर्जे का लाभ: गृह मंत्री

सतौन में हाटी आभार रैली को संबोधित करते हुए गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि जनजातीय दर्ज से एक लाख 60 हजार लोग लाभान्वित होने वाले हैं और आपकी 25 पुश्तें इसका लाभ उठाने वाली हैं। आपको तीन आरक्षण मिलने वाले हैं, इसकी आप को लाख-लाख बधाई। इस दौरान उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर जो आपके सीएम हैं, पीछे पड़ने वाले नेता हैं। कम से कम 25 बार मेरा सिर खा गए। नक्शा लेकर मेरे पास आते थे। पहाड़ी को दिखाते थे कि हाटी समुदाय का हाल ऐसा है कि मामा जनजातीय है, तो भांजा नहीं। जयराम ठाकुर मेरे पास आए और बोले कि हाटी समुदाय को दर्जा देना ही पड़ेगा, जिसके बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने यह लाभ दिया। यह कांग्रेसी लोग हैं,

उनको अब चैन नहीं है। हमने हाटी को ट्राइबल का स्टेटस दिया, तो कांग्रेस ने दलितों का मुद्दा छेड़ दिया। उनका काम तो आग लगाने का ही है। दलितो को कहने लगे कि आपका आरक्षण चला जाएगा पर मैं अपने पेन से लिख कर देता हूं कि दलित का दर्जा सौ प्रतिशत सुरक्षित है। यह आरक्षण केवल लाभ है इसके कोई नुकसान नही है अनुसूचित जाति का कुछ जाएगा नहीं और जनजातियों को ज्यादा मिलेगा। कांग्रेस का काम झगड़ा लगाना है। हाटी के दर्द को मोदी ने ही समझा है। कांग्रेस आग लगाती है और पीएम मोदी विकास करते हैं। अब एक नया रिवाज़ बदलने वाला है। एक बार भाजपा, बार-बार भाजपा। पहाड़ी की उस ओर भी एक रिवाज़ था, उत्तराखंड में। कांग्रेस कहती थी हम आएंगे, पर हमने वहां भी रिवाज़ बदला है। अब हिमाचल में रिवाज भी बदलेंगे। 

3- भांजो भांजियो का खयाल रखना मामा का फर्ज, चाहिये सारा सिरमौर: जयराम

सिरमौर जिला के सतौन में हाटी आभार रैली में प्रदेश के मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने कहा कि देश में मोदी-शाह की जोड़ी के कारण हाटी समुदाय को न्याय मिला है। 55 वर्षो की लड़ाई और इस समाज क्षेत्र का दर्द केवल नरेंद्र भाई मोदी और अमित शाह ने समझा। यह मुद्दा डबल ईंजन की सरकार के कारण ही सफल हो पाया है। सिरमौर से हमारा अलग नाता है उस नाते को पूर्ण करने की जिम्मेवारी की। इसको आगे बढ़ाने का जिम्मा सिरमौर के हाथों में है इस बार सिरमौर सारा का सारा चाइए आधा अधूरा नहीं। उन्होंने कहा की सिरमौर ने जो मांगा वो हमने किया। जितना विकास हमारी सरकार ने सिरमौर में किया है, किसी भी शासन काल किसी भी सरकार ने नही किया है। सिरमौर का हमारी दृष्टी में विशेष स्थान है। सिरमौर के हर क्षेत्र का समान विकास और हर तरीके के विकास कार्य डबल इंजन की सरकार ने किए है। मुख्यमंत्री ने कहा कि हाटी आंदोलन से अब मेरा रिश्ता

मामा भांजे का रिश्ता सिरमौर से बन चुका है। यह रिश्ता सच में मेरे लिए भावनात्मक है। मैने हर स्तर पर हाटी समुदाय के अधिकार पूर्ण करने की लड़ाई लड़ी है। अब समय हाटी समुदाय के रिश्ते निभाने का है और यह रिश्ता पूरा सिरमौर साथ चाहिए, तभी पूर्ण हो जाएगा। उन्होंने कहा कि बलदेव तोमर और सुरेश कश्यप ने हाटी आंदोलन के निमित विशेष भुमिका निभाईं है। उनके चिंता के कारण हमे भी इस आंदोलन को गंभीरता से लेना पड़ा। अमित शाह से जब हमारी बात हुई तभी में आश्वास्त हो गया था कि मुद्दा पूर्ण हो जायेगा। इसके पीछे कारण अमित शाह की कही बात पत्थर की लकीर होती है। और यह 3 पीढ़ियों का संघर्ष मोदी अमित शाह की जोड़ी से पूर्ण करवाया है।

4- हाटी मुद्दे पर भाजपा दो समुदायों के बीच कर रही सामाजिक जहर घोलने का प्रयास: लांबा 

अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की राष्ट्रीय सचिव अलका लांबा ने कहा है कि हाटी के मुद्दे पर भाजपा दो समुदायों के बीच सामाजिक जहर घोलने का प्रयास कर रही है। शनिवार को गृह मंत्री अमित शाह के सिरमौर दौरे पर सवाल उठाते हुए कहा कि भाजपा की नीयत साफ  होती तो हाटी को अनुसूचित जनजाति का दर्जा देने का मामला केंद्रीय कैबिनेट की मंजूरी तक सीमित नहीं रहता। शनिवार को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन शिमला में आयोजित प्रेस वार्ता में लांबा ने कहा कि कांग्रेस ने संसद का विशेष सत्र बुलाकर हाटी को एसटी का दर्जा देने के लिए कानून बनाने की मांग की थी। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष और सांसद प्रतिभा सिंह ने लोकसभा में इसका समर्थन करना था। राज्यसभा में प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी राजीव शुक्ला ने पहल करनी थी। भाजपा की नीयत साफ नहीं है। इसके चलते संसद का विशेष सत्र

नहीं बुलाया गया। उन्होंने कहा कि गृह मंत्री सिर्फ जनता को गुमराह करने के लिए सिरमौर आए। पूर्व की घोषणाओं की तरह हाटी का मामला भी कहीं जुमला ही साबित न हो। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी चुनाव आयोग की ओर से हिमाचल प्रदेश में विधानसभा चुनावों की घोषणा का स्वागत करती है। कांग्रेस चुनावों में आदर्श आचार संहिता का पूरी तरह पालन करेगी। उन्होंने उम्मीद जाहिर करते हुए कहा कि चुनाव आयोग बिना किसी दबाव के निष्पक्ष चुनाव संपन्न करवाएगा। सरकारी मशीनरी के दुरुपयोग को रोकने के लिए कड़े कदम भी उठाएगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस चुनावों के लिए तैयार है। कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि 12 नवंबर को सभी 68 सीटों पर एक साथ चुनाव एक ही चरण में होगा और नतीजा आठ दिसंबर को आएगा। चुनाव नतीजों में इतने दिनों का अंतराल चिंता का विषय है।

5- टेस्टिंग के बाद शुरू होगा चंद्रयान मिशन: सिवन

इसरो के पूर्व अध्यक्ष एवं अंतरिक्ष विभाग के पूर्व सचिव डॉ. के सिवन ने कहा कि चंद्रयान-2 में त्रुटियों को चिह्नित कर इन्हें दूर कर लिया गया है। इन दिनों टेस्टिंग चल रही है। इसके बाद चंद्रयान मिशन शुरू होगा। वह शनिवार को ऊना के सलोह स्थित भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान (ट्रिपल आईटी) के दीक्षांत समारोह में मुख्यातिथि थे। मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि इसरो कई अच्छे प्रोजेक्ट पर काम कर रहा है। नासा के साथ भी इसरो कई प्रोजेक्ट पर काम कर रहा है। इनमें एक नासा इसरो सिंथेटिक अपर्चर रडार सेटेलाइट (एनआईएसआर) है। अत्याधुनिक सेटेलाइट के जरिये कई चीजों को मुमकिन करने का

प्रयास चल रहा है। इसके तहत धरती पर एक सेंटीमीटर से 700 किलोमीटर तक हलचल की निगरानी कर सकता है। यह अंतरिक्ष की बेहतरीन एप्लीकेशन होगी। इसरो में भविष्य को लेकर पूछे गए प्रश्न पर उन्होंने कहा कि इसरो के लिए ही नहीं, बल्कि अन्य क्षेत्र के लिए भी कुछ चीजें निर्धारित करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी अपने कॅरिअर क्षेत्र को खुद निर्धारित करें। क्षमता के अनुसार ही कॅरिअर में आगे बढ़कर सफलता पा सकते हैं। अपने काम करने के प्रति जनून होना बेहद जरूरी है। कुछ नया करने के लिए इनोवेशन के साथ रिस्क लेना भी जरूरी रहता है। कहा कि श्रीहरी कोटा से अगले सेटेलाइट लांच एक या दो सप्ताह में होने की उम्मीद है। बतौर इसरो अध्यक्ष अपने अनुभव साझा करते हुए उन्होंने कहा कि उनका अनुभव बेहद अच्छा रहा है। उन्होंने एक विश्वास पैदा करने का काम किया है। उनके कार्यकाल में कई सेटेलाइट मंजूर हुए हैं। गगनयान कार्यक्रम की मंजूरी मिलना उनके लिए बेहद खुशी भरा लम्हा रहा है। ट्रिपल आईटी के निदेशक प्रो. एस. सेल्वकुमार, रजिस्ट्रार अमरनाथ गिल व अन्य मौजूद रहे।

6- शिमला: चुनाव में कैंडिडेट खर्च कर सकता है इतने लाख...

केंद्रीय चुनाव आयोग के हिमाचल में विधानसभा चुनाव की घोषणा करने के बाद से हिमाचल निर्वाचन आयोग भी अपनी आगामी प्रक्रिया में जुट गया है। इस बाबत जानकारी पत्रकारों से सांझा की गई। इस दौरान हिमाचल प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी मनीष गर्ग ने कहा कि विधानसभा चुनाव में प्रत्याशी की चुनाव व्यय सीमा बढ़कर 40 लाख रुपये कर दी है। 2017 के चुनाव में चुनाव खर्च की सीमा 28 लाख थी। जिला उपायुक्तों को बर्फबारी को देखते हुए वैकल्पिक प्लान बनाने के निर्देश दिए गए हैं। दुर्गम क्षेत्रों में पहले चुनाव सामग्री भेज दी गई है। गृह जिलों में तैनात अधिकारी अपने ही क्षेत्र में चुनाव ड्यूटी नहीं देंगे। प्रदेश में

आधार से करीब 60 फीसदी फोटो युक्त मतदाता पहचानपत्र जोड़े जा चुके हैं। प्रेस सम्मेलन में में मनीष गर्ग ने कहा आचार संहिता लागू हो गई है। प्रदेश भर में 24 घंटे के भीतर सरकारी और 48 घंटे में सार्वजनिक संपत्ति से होर्डिंग हटा दिए जाएंगे। सरकार और राजनीतिक  दलों को निजी संपत्ति से 72 घंटे में प्रचार सामग्री हटानी होगी। चुनाव विभाग 2022 के विधानसभा चुनाव में 75.76 करोड़ खर्च करेगा। साल 2017 में 46.46 करोड़ खर्च हुए थे। मतदाता के पास फोटो पहचान पत्र नहीं होने पर 12 दस्तावेज दिखाने होंगे। इनमें ड्राइविंग लाइसेंस, बैंक पासबुक, पैन कार्ड, पासपोर्ट, पेंशन दस्तावेज और कार्यालय का पहचान पत्र शामिल हैं। कहा कि प्रदेश में 85,572 हथियार जमा किए हैं। 2,232 की गिरफ्तारी हुई है और 734 आबकारी केस दर्ज हुए हैं।

महिला कर्मचारी संभालेंगी 143 मतदान केंद्र-

प्रदेश में 143 मतदान केंद्रों में महिला कर्मचारी ही ड्यूटी देंगी। हर विधानसभा क्षेत्र में 136 आदर्श मतदान केंद्र बनाए जाएंगे। मतदाताओं के लिए पानी और बैठने जैसी सुविधाएं मुहैया करवाई जाएंगी। कुल 1,86,681 मतदाता पहली बार वोट देंगे। इनमें 1,01,212 पुरुष और 85,463 महिला और 6 थर्ड जेंडर शामिल हैं। पहली बार ईवीएम में प्रत्याशी का नाम और चुनाव चिह्न फीड करते समय वीडियो में देखा जा सकेगा।

शाम पांच बजे तक का कोविड मीडिया बुलेटिन- 

सूचना एंव जनसम्पर्क विभाग हिमाचल प्रदेश बुलेटिन-