आउटसोर्स को तोहफा जल्द....... 17 जुलाई 2022- पांवटा साहिब से आज का खबरनामा  ddnewsportal.com

आउटसोर्स को तोहफा जल्द.......  17 जुलाई 2022- पांवटा साहिब से आज का खबरनामा  ddnewsportal.com
फाइल फोटो: हिमाचल प्रदेश मंत्रिमंडल की बैठक के दौरान मुख्यमंत्री व मंत्री।

आउटसोर्स को तोहफा जल्द.......

17 जुलाई 2022- पांवटा साहिब से आज का खबरनामा 

हर घर तिरंगा अभियान: शाह
मुआवजा फेक्टर पर करें कार्य: सीएम 
200 करोड़ टीकाकरण पर पीएम को बधाई
डीजीपी ने ली PWD की क्लास
विक्रमादित्य घिरे, महिला विधायक हुई लाल 
भाजपा सरकार में महिलाओं पर क्रूरता: हर्षवर्धन
हाटी खुमल़ी: सबके अधिकार रहेंगे बरकरार 
नहीं है सुखराम चौधरी का तोड़: चरनजीत 
जब बस की ब्रेक हुई फेल 
दुष्कर्म पर 20 वर्ष की सजा
शिलाई में दबोचे जुआरी 
पांवटा में स्मैक-सतौन में शराब बरामद 
बारिश ने फिर मचाई तबाही 

सिरमौर में आज 00 मामले और कोविड/सूचना एवं जन संपर्क विभाग बुलेटिन।


(आज की तस्वीर)

स्थानीय (सिरमौर)

1- हाटी बैठक- न आरक्षण समाप्त होगा और न ही एट्रोसिटी एक्ट: शास्त्री 

जिला सिरमौर के गिरिपार क्षेत्र के जाखना में हाटी खुमली का आयोजन हुआ। जिसमें केंद्रीय हाटी समिति के महासचिव कुंदन सिंह शास्त्री, खश कनैत समिति गिरिपार के मुख्य सलाहकार रण सिंह चौहान, कर्नल नरेश चौहान विशेष रूप से शामिल हुए। इस खुमली में मस्तभोज क्षेत्र की सभी पंचायतों के प्रतिनिधि और बुद्धिजीवी लोग उपस्थित रहे। सबसे पहले कर्नल नरेश चौहान ने हाटी जनसमुदाय के इतिहास, आंदोलन की पृष्ठभूमि, संवैधानिक उपबन्धों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उसके बाद महासचिव कुंदन सिंह शास्त्री द्वारा हाटी जनसमुदाय को अनुसूचित जनजाति का दर्जा दिलवाने के लिए किए गए संघर्ष और प्रगति के विषय में विस्तृत चर्चा की। उन्होंने बताया कि इस संघर्ष में वर्षों से बहुत सारे बुद्धिजीवियों ने अपने तन मन धन की आहुति दी।साथ ही गिरिपार क्षेत्र का इतिहास समृद्ध संस्कृति और सामंजस्य का रहा है। इसलिए सभी वर्गों के लोगों को इसमें आपसी तालमेल के साथ सहयोग करना चाहिए। अपने हितों को लेकर चिंतित रहने वाले कुछ विशेष वर्गों के लोगों से भी समिति की ओर से आह्वान किया गया

कि अनुसूचित जनजाति का दर्जा मिलने के बाद अनुसूचित जाति एवं अन्य पिछड़ा वर्ग के लोगों को किसी प्रकार का नुकसान नहीं होगा। किसी का आरक्षण समाप्त नहीं होगा न ही एट्रोसिटी एक्ट ही खत्म होगा।
खश कनैत समिति गिरिपार के मुख्य सलाहकार रण सिंह चौहान ने आने वाले समय में गिरिपार क्षेत्र में रहने वाले खशों और भाटों को 1955 में शजरा नस्ल के अंदर राजपूत और ब्राह्मण के रूप में दर्ज किए जाने के कारण आने वाली विसंगतियों और समस्याओं को दूर करने का प्रयास करना होगा।उन्होंने 1903 से लेकर 1955 तक गजेटियर के आधार पर पुष्ट जानकारी सांझा की। इस अवसर पर खुली चर्चा का सत्र भी आयोजित किया गया जिसमें शंकाओं का समाधान किया गया। इस हाटी खुमली में मस्तभोज क्षेत्र की सभी पंचायतों के प्रधान, उप प्रधान, पंचायत सदस्यों तथा दर्जनों बुद्धिजीवियों ने भाग लिया।

2- सार्वजनिक तौर पर माफी मांगे विक्रमादित्य वरना होगा आंदोलन: शिवानी 

भाजपा जिला सिरमौर महिला मोर्चा ने शिमला ग्रामीण के विधायक विक्रमादित्य सिंह के बयान पर कड़ी प्रतिक्रिया जाहिर की है। पांवटा साहिब में जारी प्रेस बयान में शिवानी वर्मा जिलाध्यक्ष भाजपा महिला मोर्चा ने बताया कि​ बीते दिनो विक्रमादित्य सिंह द्धारा जो सरेआम महिलाओं के बारे मे अपशब्दों का इस्तेमाल किया है वह सहन योग्य नही है। एक प्रकार से विक्रमादित्य सिंह ने समस्त नारी जाति का अपमान भरे मंच से किया है

जिसकी हम कडे शब्दों मे निन्दा करते है। उन्होंने कहा कि या तो विक्रमादित्य सिंह प्रदेश की सभी महिलाओ से सार्वजनिक तौर पर माफी मांगे और या पद से स्तीफा दें दे। अन्यथा गम्भीर परिणाम भुगतने के लिये तैयार रहे। भाजपा महिला मोर्चा इस प्रकार की महिलाओ के प्रति मानसिकता रखने वालों को कतई बर्दाश्त नही करेगा और सडकों पर उतरकर विरोध दर्ज किया जाऐगा। इसके लिए हम आन्दोलन की भूमिका तैयार कर रहे है।

3- MTW भर्ती- महिलाओं के प्रति भाजपा सरकार का दौहरा चरित्र आया सामने: हर्ष वर्धन 

शिलाई विधानसभा के विधायक व उपनेता प्रतिपक्ष ठाकुर हर्षवर्धन चौहान ने हिमाचल बीजेपी सरकार पर कड़ा हमला बोलते हुए कहा कि मल्टी टास्क वर्कर्स की भर्ती प्रक्रिया में भाजपा सरकार का दौहरा चरित्र सामने आया है। महिला सम्मान की बात करने वाली भाजपा सरकार ने किस कदर भर्ती प्रक्रिया की आड़ में महिलाओं से सीमेंट की बोरियां उठवाकर क्रूरता की है वो सभी के सामने आ चुका है। इस सरकार से हर वर्ग दुखी है। हर वर्ग ने धरने प्रर्दशन कर दिए पर सरकार के कानों में जू तक नही रेंग रही है। भ्रष्टाचार चरम पर है परन्तु इन्हें फर्क ही नहीं नही पड़ता। बीजेपी के मुख्यमंत्री मंत्री का खर्चा ही करोड़ो रूपये का हो रहा है और महंगाई बढ़ाकर खून आम जनता का चूस रहे है। हर्षवर्धन चौहान ने कहा कि इन दिनों हिमाचल प्रदेश में मल्टीटास्क वर्कर की भर्तियां विभिन्न विभागों में चल रही हैं  जिसमें पुरुषों के साथ-साथ महिलाओं का भी शारीरिक क्षमता का आकलन सीमेंट की बोरी उठवाकर किया जा रहा है, जो कि निंदनीय है। सोशल मीडिया पर भी महिलाओं द्वारा सीमेंट की बोरी उठाकर मल्टी टास्क वर्कर की भर्ती में हिस्सा लेने के वीडियो वायरल हो रहे है। जो बुरी तरह ट्रोल हो रहे हैं। सोशल मीडिया पर लोगों ने अपनी प्रतिक्रिया जाहिर की है जिसमें लोगों ने हिमाचल प्रदेश सरकार से सवाल किए हैं कि क्या इस तरह ही प्रदेश की महिला का सशक्तिकरण होगा। उपनेता प्रतिपक्ष ने सरकार पर महिलाओं के साथ क्रूरता के आरोप लगाए हैं। उन्होंने महिलाओं से सीमेंट के बोरे उठाने पर हैरानी जताते हुए कहा कि एक तरफ सरकार महिलाओं के उत्थान के बड़े-बड़े दावे कर रही है और कई योजनाएं चलाई जा रही हैं। वहीं, दूसरी तरफ 50 किलो की सीमेंट की बोरी उठवाकर दौड़ाया जा रहा है। इसके कई वीडियो वायरल हो रहे हैं। जिसमें साफ नजर आ रहा है कि सरकार किस तरह से महिलाओं का उत्पीड़न कर रही है। और सीमेंट का कट्टे उठाते हुए कई वर्कर गिरते भी

नजर आ रहे हैं और अधिकारी हंस रहे है। इससे ज्यादा भद्दा मजाक क्या हो सकता है। उन्होंने कहा कि महिलाओं को मल्टी टास्क वर्कर की भर्ती से वंचित करने के लिए उन्हें कठिन टास्क दिए जा रहे हैं। सरकार भर्ती के लिए दोहरे मापदंड अपना रही है। महिलाओं के लिए इस तरह के जान बूझ इस तरह के टास्क दिए जा रहे हैं जिन्हें पूरा नहीं कर सकती हैं। एक तरफ प्रदेश में सरकारी विभागों में भर्तियां नहीं हो रही हैं वहीं, दूसरी तरफ पढ़े लिखे लोग भी मल्टी टास्क वर्कर की भर्ती देने के लिए पहुंच रहे हैं, ताकि अपना घर चला सकें। उन्होंने कहा कि महिलाओं से सीमेंट के बोरे उठवाना शर्मनाक है। हिमाचल प्रदेश के सरकारी विभागों में सरकार द्वारा मल्टी टास्क वर्कर भर्ती किए जा रहे हैं। इसके तहत हर जिले में विभागों द्वारा खासकर महिलाओं को सीमेंट की बोरी उठवाकर दौड़ाया जा रहा है। एक तरफ सरकार कहती है कि महिला पढ़ाओ महिला बचाओ एक तरफ ये उत्पीड़न कर रही है जो कि निंदनीय है। परन्तु इसका जवाब आने वाले हैं चुनाव में महिलाएं भी और युवा भी इनको करारा जवाब देगी।

4- सहारा योजना बनी जरूरतमंद मरीजों का सहारा।

प्रदेश के हजारों पीड़ित उठा रहे हैं सहारा योजना का लाभ कल्याणकारी राज्य की परिभाषा को साकार करती हिमाचल प्रदेश सरकार लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने के लिए कृतसंकल्प है। केंद्र सरकार द्वारा आयुष्मान योजना चलाकर मरीज का 5 लाख रूपये तक का निशुल्क इलाज किया जा रहा है। उसी तर्ज पर प्रदेश में हिमकेयर योजना आरम्भ की गई है। इसी प्रकार प्रदेश सरकार द्वारा चलाई जा रही सहारा योजना स्वास्थ्य सुरक्षा के क्षेत्र में एक ऐसी अनूठी पहल है जिसके तहत प्रदेश में आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के ऐसे लोग मस्कुलर डिस्ट्रॉफी, थैलेसिमिया गुर्दे की बीमारी शामिल हैं, उनके इलाज तथा देखभाल के लिए आर्थिक सहायता के तौर पर 3 हजार रुपये की राशि प्रतिमाह सीधे लाभार्थी के खाते में जमा की जा रही है। सहारा योजना के अन्तर्गत दी जा रही सहायता राशि आर्थिक रूप से कमजोर लोगों के बेहतर स्वास्थ्य लाभ के लिए एक मील का पत्थर साबित हो रही हैं जिससे स्वस्थ प्रदेश की परिकल्पना भी साकार हो रही है। गंभीर रोग से ग्रस्त जिला सिरमौर में 500 से अधिक मरीज इस योजना का लाभ प्राप्त कर रहे हैं जिन्हें प्रति माह 3 हजार रुपये की सहायता राशि सीधे उनके खाते में जमा करवाई जा रही है जो मुश्किल के समय में पीड़ित परिवार के लिए वरदान साबित हो रही है।इस योजना के तहत लाभ प्राप्त करने के लिए मरीज की बीमारी के ब्योरे के दस्तावेज, फोटो पहचान पत्र, आय प्रमाण पत्र, स्थाई प्रमाण पत्र, बी0पी0एल0 कार्ड, बैंक खाता तथा जीवित प्रमाण पत्र निर्धारित प्रपत्र के साथ संलग्न कर संबंधित क्षेत्र की आशा कार्यकर्ता, स्वास्थ्य कार्यकर्ता, खण्ड चिकित्सा अधिकारी या मुख्य चिकित्सा अधिकारी के कार्यालय में जमा करवाए जा सकते हैं।


अमृत सिंह निवासी गोविन्दगढ़ मोहल्ला नाहन जिला सिरमौर बताते हैं की वह 56 साल के हैं और उनको 2 वर्ष पहले अधरंग हो गया था तथा उनका इलाज नाहन के अस्पताल से चल रहा है। उन्होंने वह अब अपनी बिमारी में बहुत सुधार महसुस कर रहे हैं। सरकार द्वारा उन्हें सहारा योजना के अंतर्गत 3 हजार रूपये प्रतिमाह प्रदान किये जा रहे हैं जिससे उनकी दवाइयां तथा खाने पीने का व्यय भली भांति चल रहा है। वह वर्तमान प्रदेश सरकार तथा मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर को इस सहायता के लिए धन्यवाद करते हैं।
सहारा योजना के एक अन्य लाभार्थी 70 वर्षीय आफताब अहमद निवासी गुन्नुघाट नाहन की पत्नी आबिदा बेगम ने बताया कि उनके पति किडनी की समस्या से जूझ रही हैं और उनका डायलिसिस डॉ यशवंत सिंह परमार राजकीय मेडिकल एवं अस्पताल नाहन में प्रति माह होता है। उन्हें सहारा योजना के तहत 3000 रूपये की राशि मिल रही है, जिससे उनकी दवाई का और घर का खर्च चलाने में भी सहयोग मिल रहा है। इस योजना के तहत मिलने वाली राशि के लिए उन्होंने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर व सरकार का धन्यवाद व्यक्त किया।


विद्या सागर निवासी वार्ड न० 11 नाहन बताते हैं की उन्हें 2014 से खून से सम्बन्धित गंभीर बिमारी हो गई थी जिसके लिए उन्होंने चण्डीगढ़ में अपना उपचार आरम्भं करवाया। कुछ वर्षों के बाद उन्हें मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय नाहन से पता चला की हिमाचल सरकार गम्भीर बिमारियों से ग्रस्त मरीजों को सहारा योजना के तहत आर्थिक सहायता प्रदान करती है जिसके लिए उन्होंने भी आवेदन किया और लाभ प्राप्त किया। उन्होंने बताया की शुरू में उन्हें सहारा योजना के तहत प्रतिमाह 2 हजार रुपये मिलते थे। अब सरकार द्वारा यह राशि बढ़ाकर 3 हजार रुपये कर दी गई है।हिमाचत सरकार तथा मुख्यमंत्री जय ठाकुर का धन्यवाद करते हुए विद्या सागर कहते हैं की सरकार द्वारा यह एक बहुत ही बढ़िया योजना है ताकि मरीज अपनी दवाईयों तथा खाने पीने का ध्यान रख सकें।

5- विरोधियों के पास नही सुखराम चौधरी की विकास की कार्यशैली का कोई तोड़: चरणजीत

ऊर्जा मंत्री की विकास को लेकर सोंच और कार्यशैली का नतीजा है कि आज पांवटा साहिब विधानसभा में इस कदर डवलपमेंट हुई है कि विरोधियों के पास विरोध करने का कोई मुद्दा ही नही है। यह बात भाजयुमो पांवटा साहिब के अध्यक्ष चरणजीत सिंह ने कही। जारी प्रेस बयान में उन्होंने कहा कि आज पाँवटा साहिब में भाजपा विरोधी जितनी भी राजनीतिक पार्टियाँ हैं या जितने भी ऊर्जा मंत्री सुखराम चौधरी के विरोधी हैं, उनसे पाँवटा साहिब का विकास पच नहीं रहा हैं। सभी कह रहे हैं कि पाँवटा साहिब में विकास तों बहुत हुआ हैं, परंतु विकास तों निरंतर चलने वाली प्रक्रिया हैं। इसका मतलब इनका साफ़ हैं कि ये विकास का मुद्दा ले कर सुखराम चौधरी  का विरोध नही कर पाएँगे। क्यूँकि वो विकास करवाने के मामले में बाक़ियों से काफ़ी आगे हैं। उन्होंने कहा कि विकास करवाने और जनता से लगातार सम्पर्क में सुखराम चौधरी का इनके पास कोई जवाब या तोड़ नही हैं। चरणजीत ने कहा कि जरा हमें भी तो बतायें कि जब प्रदेश में पिछली कांग्रेस की सरकार थी तब कितना विकास हुआ? विकास करवाने के लिए मेहनत करनी पड़ती हैं, योजनाये बनवानी पड़ती हैं, उसके लिए लगातार प्रयास करने पड़ते हैं। जो क़ाबिलियत

ऊर्जा मंत्री के पास हैं। बाक़ी यें लोगों को बार बार बिजली के कटो के बारे में गुमराह करते हैं  ये भी जानते हैं कि पाँवटा में विद्युत सिस्टम की क्या दयनीय हालत हों गयीं थी  आज विद्युत विभाग में रिकोर्ड स्तर पर कार्य हो रहें हैं। एक विधानसभा में 6-7 सब स्टेशन लगने सम्भव नहीं हैं, लेकिन सुखराम चौधरी ने ये कर के दिखाया है। अब उनको चलाने और शिफ़्टिंग के लिए कट लगाने ज़रूरी हैं। जिससे भविष्य में कोई दिक़्क़त ना आयें। केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाये बेशक सुखराम चौधरी की नही हैं, लेकिन उन्ही की सरकार और उनके भी प्रयासों से बनी हुई हैं। सबसे बड़ी बात कैसे उन योजनाओं का ज़्यादा से ज़्यादा लाभ, जानकारी आम जनमानस तक पहुँचानी हैं, इसमें भी उनका कोई मुक़ाबला नहीं हैं। बाक़ी रही पाँवटा विधानसभा में ऊर्जा मंत्री के द्वारा सामूहिक और व्यक्तिगत कार्यों की, तों आप चिंता ना करें। सम्पूर्ण पाँवटा विधानसभा के चंहुमुखी विकास कार्यों का रिपोर्ट कार्ड लेकर 2022 के चुनावों में भारतीय जनता पार्टी उतरेगी।

क्राइम/एक्सीडेंट 

1- पांवटा साहिब में व्यक्ति से बरामद की 2.13 ग्राम चरस। 

पांवटा साहिब पुलिस ने एक व्यक्ति से स्मैक बरामद कर आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस मामले में आगामी कारवाई कर रही है। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक बीती शाम को पुलिस थाना पांवटा साहिब की पुलिस टीम ने गश्त के दौरान सूरजपुर में थी। इस दौरान पुलिस ने एक स्थानीय व्यक्ति, के कब्जे से 2.13 ग्राम स्मैक/ हेरोइन बरामद करने में सफलता प्राप्त की। जिस पर उपरोक्त आरोपी के विरुद्ध पुलिस थाना पांवटा साहिब में ND&PS अधिनियम की धारा 21 के अंतर्गत मामला पंजीकृत कर आगामी कारवाई शुरू कर दी है।

2- शिलाई में जुआ खेलते धरे पांच जुआरी, 19840 रूपये भी बरामद। 

शिलाई पुलिस ने पांच लोगों को जुआ खेलते हुए रंगे हाथों धर दबोचा है। पुलिस को इनके पास से ताश के पत्ते और नकदी भी बरामद हुई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी कारवाई शुरू कर दी है। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक पुलिस थाना शिलाई की पुलिस टीम गश्त के दौरान, SDM कार्यालय के पास मौजूद थी तो पुलिस टीम को गुप्त सूत्रों से सूचना प्राप्त हुई कि शिलाई बाजार मे PWD रेस्ट हाऊस की तरफ स्थित एक मकान की पांचवी मंजिल के एक कमरे में कुछ लोग ताश के पत्तों पर दांव लगाकर पैसों पर जुआ खेल रहे हैं। जिस पर पुलिस टीम द्वारा शिलाई बाजार स्थित उपरोक्त मकान में दबिश देकर 05 लोगों को जुआ खेलते हुए धर दबोचने में सफ़लता प्राप्त की  आरोपियों के कब्जे ताश के पत्तों सहित कुल 19840/- रूपये बरामद हुए। जिस पर उपरोक्त पांचों आरोपियों के विरुद्ध पुलिस थाना शिलाई में सर्वाजनिक जुआ अधिनियम के अंतर्गत मामला पंजीकृत किया गया। पुलिस मामले में आगामी कारवाई कर रही है। 
              
3- ढाबे पर बरामद हुई अवैध शराब।

पुलिस चौकी राजबन की पुलिस टीम गश्त के दौरान सतौन चौक पर मौजुद थी तो पुलिस टीम को गुप्त सूत्रों से सूचना प्राप्त हुई कि सतौन निवासी एक 47 वर्षीय व्यक्ति अपने ढाबा में अवैध शराब बेचने का धन्धा करता है। जिस पर पुलिस टीम द्वारा उपरोक्त ढाबा पर दबिश देकर ढाबे कि तलाशी गई। तलाशी के दौराने पुलिस टीम ने उपरोक्त व्यक्ति के कब्जे से 08 लीटर अवैध शराब बरामद करने में सफलता प्राप्त की है। जिस पर आरोपी के विरुद्ध पुलिस थाना पुरूवाला में हिमाचल प्रदेश आबकारी अधिनियम के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है। 

(हिमाचल)

1- हर घर तिरंगा- 75वें स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में शुरू किया जाएगा राष्ट्रव्यापी अभियान: शाह

आजादी का अमृत महोत्सव के अन्तर्गत 75वें स्वतंत्रता दिवस के मौके पर लोगों को अपने घरों में राष्ट्रीय ध्वज फहराने के लिए प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से एक राष्ट्रव्यापी अभियान हर घर तिरंगा शुरू किया जाएगा। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने आज नई दिल्ली से राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के उप राज्यपालों और मुख्यमंत्रियों को वर्चुअल माध्यम से संबोधित करते हुए यह बात कही। मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने कहा कि भारतीय राष्ट्रीय ध्वज समूचे राष्ट्र के लिए राष्ट्रीय गौरव का प्रतीक है और राष्ट्र के लोगों को राष्ट्रीय ध्वज का पूरा सम्मान करना चाहिए। उन्होंने कहा कि यह पहल लोगों को

अपने घरों में राष्ट्रीय ध्वज फहराने के लिए प्रेरित करेगी, जिससे लोगों के दिलों में देशभक्ति की भावना का संचार होगा। जय राम ठाकुर ने कहा कि हिमाचल प्रदेश आजादी का अमृत महोत्सव अभियान के अन्तर्गत 13 से 15 अगस्त तक हर घर, राजकीय, निजी, औद्योगिक और शैक्षणिक भवनों में तिरंगा फहराने के लिए हर संभव प्रयास करेगा। मुख्यमंत्री के साथ इस अवसर पर मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव सुभासीष पन्डा, सचिव भाषा कला एवं संस्कृति राकेश कंवर, निदेशक ग्रामीण विकास रुगवेद ठाकुर, निदेशक भाषा कला एवं संस्कृति डॉ. पंकज ललित आदि मौजूद रहे। 

2- मुआवजा फैक्टर के दृष्टिगत वित्तीय पहलुओं पर विस्तृत रूप से करें कार्य: मुख्यमंत्री 

हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर के साथ भूमि अधिग्रहण मुआवजा फैक्टर के संबंध में गठित मंत्रिमण्डलीय उप समिति की बैठक आज ओक ओवर शिमला में आयोजित की गई। उप समिति ने मुख्यमंत्री को प्रदेश में क्रियान्वित की जा रही विभिन्न फोरलेन एवं अन्य विकासात्मक परियोजनाओं के लिए भूमि अधिग्रहण से संबंधित मुद्दों के बारेे में अवगत करवाया। मुख्यमंत्री ने मंत्रिमण्डलीय उप समिति को संशोधित मुआवजा फैक्टर के दृष्टिगत वित्तीय पहलुओं पर विस्तृत रूप से कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि वर्ष 2013 से विभिन्न फोरलेन और अन्य

परियोजनाओं के लिए भूमि अधिग्रहण से प्रभावित परिवारों की समुचित रूप से पहचान की जाए ताकि किसी भी तरह के अभियोग अथवा परियोजनाओं में अनावश्यक देरी से बचा जा सके। जय राम ठाकुर ने कहा कि इस पूरे मामले को केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री के समक्ष भी उठाया जाएगा। बैठक में प्रभावित परिवारों के विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों से जुड़े मामलों पर भी विस्तार से चर्चा की गई। इस अवसर पर जल शक्ति मंत्री एवं मंत्रिमण्डलीय उप समिति के अध्यक्ष महेंद्र सिंह ठाकुर, समिति के अन्य सदस्य शिक्षा मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर, वन मंत्री राकेश पठानिया, ऊर्जा मंत्री सुख राम चौधरी, मुख्य सचिव आर.डी. धीमान, प्रधान सचिव राजस्व ओंकार चंद शर्मा, प्रधान सचिव सामान्य प्रशासन भरत खेड़ा सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। 

3- मुख्यमंत्री ने कोविड टीकाकरण में 200 करोड़ खुराक लगाने पर प्रधानमंत्री को दी बधाई।

हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने कोविड-19 के खिलाफ टीकाकरण में 200 करोड़ खुराक लगानेे की ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल करने पर केंद्र सरकार और विशेष रूप से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बधाई दी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह एक ऐतिहासिक क्षण है और इसका श्रेय

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सशक्त एवं सक्षम नेतृत्व और देश की जनता के सक्रिय सहयोग को जाता है। जय राम ठाकुर ने कहा कि हिमाचल प्रदेश ने भी कोविड टीकाकरण के तहत 1.33 करोड़ से अधिक की खुराक लगाई है, जो प्रदेश की कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के दृष्टिगत एक सराहनीय उपलब्धि है।

4- बयान पर फंसे विक्रमादित्य, भाजपा महिला विधायकों ने खोला मोर्चा।

शिमला ग्रामीण से कांग्रेस विधायक विक्रमादित्य के बयान पर भाजपा की महिला मंत्री और तीन विधायक भड़क गई हैं। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री सरवीण चौधरी समेत विधायक रीता धीमान, कमलेश कुमारी और रीना कश्यप ने विक्रमादित्य पर जुबानी हमला बोला है। रविवार को आशियाना शिमला में हुई प्रेस वार्ता में सरवीण ने कहा कि विक्रमादित्य सिंह का रोहड़ू में दिया गया बयान निंदनीय है। उनकी मांगी गई माफी आम जनता को मंजूर नहीं होगी। विक्रमादित्य ने जिस तरह की भाषा महिला नेता के लिए इस्तेमाल की है, वह अस्वीकार्य है। यदि कांग्रेस नेता के खिलाफ मामला दर्ज किया जाता है तो उन्हें एट्रोसिटी के मुकदमे का सामना करना

पड़ेगा। विक्रमादित्य को बोलने से पहले सोचना चाहिए था। सब कुछ मजाक नहीं है। रोहड़ू एक आरक्षित निर्वाचन क्षेत्र है और अनुसूचित जाति वर्ग से संबंधित है। इस तरह की दुखद टिप्पणी को तत्काल प्रभाव से बंद करें। यह बयान कांग्रेस नेताओं की महिलाओं के प्रति मानसिकता को दर्शाता है और विक्रमादित्य को यह नहीं भूलना चाहिए कि उनकी मां एवं कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद प्रतिभा सिंह भी महिला हैं। 
यही नहीं, हाल ही में थाना अंब में कांग्रेस के ब्लॉक नेताओं ने एक महिला कांग्रेस कार्यकर्ता को परेशान किया था। इनके खिलाफ सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर तस्वीरें और वीडियो पोस्ट करने के लिए एफआईआर दर्ज की गई थी। उन्होंने कहा कि जयराम सरकार ने महिलाओं पर हो रहे अत्याचार को रोकने के लिए बड़े कदम उठाए हैं। हेल्पलाइन पर हर शिकायत दर्ज होने पर 24 घंटे में की गई कार्रवाई की रिपोर्ट मुख्यमंत्री को दी जाती है।

5- सडकों की खराब हालत पर कुंडू ने लगाई PWD की क्लास।

हिमाचल प्रदेश के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) संजय कुंडू ने प्रदेश की सड़कों की खराब हालत पर लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) को खरी-खरी सुनाई। परिवहन विकास एवं सड़क सुरक्षा परिषद की बैठक में उन्होंने कहा कि प्रदेश में दो फीसदी सड़कों पर भी क्रैश बैरियर नहीं लगे हैं। इससे रोजाना सड़क हादसों में कई जानें जा रही हैं। कुंडू ने कहा कि 30 सालों में सड़क सुरक्षा में सुधार नहीं हो पाया है। सड़क हादसों की खबरें राष्ट्रीय मीडिया में सुर्खियां बन रही हैं। सड़क किनारे क्रैश बैरियर न होने से बीते पांच सालों में 3,000 से अधिक दुर्घटनाओं में 2,600 से ज्यादा लोगों की मौत हुई

है। प्रदेश में सड़कों की लंबाई 38,035 किलोमीटर है और सिर्फ 520 किलोमीटर पर क्रैश बैरियर हैं। एक ही जगह बार-बार हादसे हो रहे हैं, क्योंकि ब्लैक स्पॉट दुरुस्त नहीं किए जा रहे। पुलिस ने पीडब्ल्यूडी को हर जिले में 10 ऐसी सड़कों की सूची दी है, जहां दुर्घटनाएं हो रही हैं। प्राथमिकता के आधार पर ऐसी सड़कें सुधारी जानी चाहिएं। उन्होंने सुझाव दिए कि एनएच पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं, जिन्हें कमांड एंड कंट्रोल सेंटर से जोड़ें। शक्तिपीठ वाले शहरों में इंटेलीजेंट रोड ट्रैफिक सिस्टम लागू हो। बैठक में मौजूद परिवहन मंत्री बिक्रम ठाकुर ने पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों को डीजीपी के सुझावों पर गंभीरता से काम करने के निर्देश दिए हैं। पीडब्ल्यूडी के प्रमुख अभियंता अजय गुप्ता ने बताया कि  6,500 ब्लैक स्पॉट में से 900 सुधार दिए हैं। सरकार को 159 करोड़ का प्लान भेजा है। पैसा मिलते ही अन्य स्पॉट भी सुधारे जाएंगे। 

6- आउटसोर्स कर्मियों को सरकार जल्द राहत देने की तैयारी में।

हिमाचल प्रदेश के विभिन्न सरकारी विभागों में वर्षों से सेवाएं दे रहे 20,000 आउटसोर्स कर्मियों को सरकार जल्द राहत देने की तैयारी में है। प्रदेश मंत्रिमंडल की आगामी बैठक में आउटसोर्स कर्मचारियों के लिए नीति लाई जा रही है। इस नीति के लागू होने से आउटसोर्स कर्मचारियों का भविष्य सुरक्षित किया जाना है। जल शक्ति मंत्री महेद्र सिंह ठाकुर की अध्यक्षता में आउटसोर्स कर्मचारियों के लिए गठित कैबिनेट उप समिति की बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में फैसला लिया गया है कि विभागों में सेवाएं दे रहे हजारों आउटसोर्स कर्मचारियों के लिए शीघ्र ही नीति तैयार की जाए। इस नीति के जरिये आउटसोर्स कर्मचारियों के भविष्य को सुरक्षित किया जाएगा नीति के लागू होने से आउटसोर्स कर्मचारियों की लंबे समय से चली आ रही मांग भी पूरी हो सकेगी। उल्लेखनीय है कि राज्य सरकार के विभिन्न विभागों में निजी कंपनियों के माध्यम से आउटसोर्स कर्मचारियों की तैनाती की गई है। ये कर्मचारी ठोस नीति बनाकर उनके भविष्य को सुरक्षित करने की मांग लंबे समय से करते रहे हैं। सरकार ने इसके बाद इस मसले को सुलझाने के लिए मंत्रिमंडल उप समिति का गठन किया। इस समिति की कई दौर की बैठकें हो चुकी हैं और शनिवार को हुई बैठक में आउटसोर्स कर्मचारियों को राहत की उम्मीद दिखने लगी है। मंत्री महेंद्र सिंह कहा कि उप समिति ने फैसला लिया है कि आउटसोर्स कर्मचारियों के लिए नीति बनाई जाए। नीति बनाने की मामला आगामी मंत्रिमंडल की बैठक में मामला लाया जा रहा है। 

7- मौसम अपडेट- बारिश का फिर कहर, मकान गिरे और रोड़ बंद।

हिमाचल प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में शनिवार रात से बारिश का दौर जारी है। बिलासपुर जिले में लगातार भारी बारिश हो रही है। इससे जगह-जगह नुकसान की सूचनाएं हैं। नौणी गांव में भारी नुकसान हुआ है। चंडीगढ-मनाली राष्ट्रीय राजमार्ग के साथ लगते प्रेम लाल के कच्चे मकान की दीवारें गिर गई हैं। साथ ही राजमार्ग के किनारे लगा डंगा उनके पक्के मकान पर गिर गया। इसके अलावा राजेश कुमार के मकान में नाले का पानी मलबे सहित घुस गया। गनीमत रही कि आपदा में कोई भी जानी नुकसान नहीं हुआ है। हालांकि पीड़ित परिवारों को लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। वहीं राजमार्ग पर मलबा आने से यातायात भी बाधित हो गया, लेकिन थोड़ी देर में ही जेसीबी के माध्यम से मलबे को हटाकर यातायात को बहाल करवा दिया गया है।


मंडी जिले के गोहर उपमंडल के स्यांज बाजार में भारी बारिश से पेड़ उखड़कर पुल पर गिर गए। बिजली की तारें टूट गई हैं। क्षेत्र में अंधेरा पसर गया है। मक्की की खड़ी फसल भी खेतों में धराशायी हो गई है।
किन्नौर जिले के निगुलसरी भूस्खलन प्वाइंट के पास भूस्खलन निगरानी प्रणाली द्वारा भूस्खलन होने के संकेत मिलने पर जिला प्रशासन अलर्ट हो गया है। उक्त भूस्खलन  प्वाइंट के दोनों ओर सुरक्षा को लेकर पुलिस जवानों को तैनात किया गया है। एसडीएम निचार ने आदेश जारी किए हैं कि सुबह 6 बजे से लेकर देर शाम 8 बजे तक एनएच-5 पर वाहनों की आवाजाही होगी। 
सिरमौर जिला के नाहन और पांवटा साहिब में भी रविवार को मुसलाधार बारिश हुई। खबर लिखे जाने तक कहीं से नुकसान की सूचना नहीं आई थी। 

8- आखिर क्या हुआ जब भरे बाजार में निजी बस की ब्रेक हो गई फेल...

हिमाचल प्रदेश में एक बड़ा सड़क हादसा होने से टल गया। एक निजी बस की ब्रेक बीच सड़क में फैल हो गई। गनीमत रही कि कोई व्यक्ति इसकी चपेट में नही आया। मिली जानकारी के मुताबिक कांगड़ा जिला के बैजनाथ बाजार में एक निजी बस की ब्रेक फेल हो गई। बताया जा रहा है कि उक्त बस बैजनाथ पैट्रोल पंप के पास एक वर्कशॉप में रिपेयर के लिए गई थी, लेकिन चालक ने जैसे ही बस की ब्रेक चैक की तो प्रैशर नहीं बन सका। इस दौरान उतराई होने के चलते बस को रोकने के प्रयास किए गए, लेकिन बस नहीं रुकी, जिसके बाद चालक व परिचालक ने स्वयं ही चिल्लाना शुरू कर दिया। बस बाजार के मध्य दोनों ट्रैफिक लाइटों के बीच रुक गई। 


गनीमत रही कि इस दौरान ट्रैफिक कम थी और बस की चपेट में कोई व्यक्ति नहीं आया। हालांकि इस दौरान एक कार बस की चपेट में आ गई, मगर कार सवार सुरक्षित रहे। इस दौरान जाम लग गया। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर बस व कार को साइड में लगवा कर जाम को खुलवाया। बस चालक ने बताया कि उसने बस को रोकने की हरसंभव कोशिश की लेकिन बस नहीं रुकी। पुलिस यातायात अधिकारी एएसआई भक्त राम ने बताया कि इस मामले में दोनों पक्षों में आपसी समझौता हो गया है। बहराल, एक बड़ा हादसा होने से टल गया। 

9- नाबालिग से दुष्कर्म के आरोपी को 20 साल का कठोर कारावास।

हिमाचल प्रदेश के मंडी जिला मे नाबालिक लड़की से दुष्कर्म के एक मामले में आरोपी को 20 वर्ष के कठोर कारावास की सजा सुनाई गई है। विशेष न्यायाधीश (पोक्सो) मंडी की अदालत ने नाबालिग लड़की के साथ दुष्कर्म करने का आरोप सिद्ध होने पर दोषी को विभिन्न धाराओं में कठोर कारावास के साथ जुर्माने की सजा सुनाई है। उपजिला न्यायवादी मंडी उदय सिंह ने बताया कि इस मामले की पीड़िता ने अपने माता-पिता के साथ पुलिस में

रिपोर्ट दर्ज करवाई थी कि वह एक स्कूली छात्रा है और दोषी गुरदेव उर्फ गोलू के साथ उसकी पहचान फेसबुक के माध्यम से हुई थी। 15 मार्च, 2021 को दोषी पीड़िता को उसकी पाठशाला के बाहर मिला। वे दोनों बातचीत करते हुए जंगल के रास्ते से जा रहे थे तो जंगल में दोषी ने पीड़िता के साथ दुष्कर्म किया। पीड़िता की रिपोर्ट के आधार पर उक्त दोषी के खिलाफ पुलिस थाना करसोग में मामला दर्ज हुआ था। इस मामले में छानबीन अन्वेषण अधिकारी पुलिस थाना करसोग द्वारा अमल में लाई थी। छानबीन पूरी होने पर मामले का चालान को अदालत में पेश किया गया। उक्त मामले में अभियोजन पक्ष ने अदालत में 17 गवाहों के बयान कलमबद्ध करवाए थे। 

शाम पांच बजे तक का कोविड मीडिया बुलेटिन-

सूचना एवं जन संपर्क विभाग हिमाचल प्रदेश बुलेटिन-