डायन बनी डार्लिंग....... 19 सितम्बर 2022- पाँवटा साहिब से आज का खबरनामा ddnewsportal.com

डायन बनी डार्लिंग.......  19 सितम्बर 2022- पाँवटा साहिब से आज का खबरनामा  ddnewsportal.com

डायन बनी डार्लिंग.......

19 सितम्बर 2022- पाँवटा साहिब से आज का खबरनामा

हिमाचल में ED की रेड
नये टूरिज्म डेस्टिनेशन हो रहे तैयार: जयराम
वीरभद्र नही मोदी माॅडल की तारीफ: सीएम
लक्ष्मण रेखा न लांघें सीएम: विक्रमादित्य
कांग्रेस ने मेरी तुलना की मूली से: ठाकुर
अध्यक्ष चयन को सोनिया गांधी अधिकृत
AAP के तीन पदाधिकारी कांग्रेस में
अब AAP की OPS बहाल की गारंटी
गौवंश संरक्षण के धरने का 11वां दिन
ऊर्जा मंत्री दो दिन पाँवटा साहिब में
सिरमौर: ट्रेकिंग पर जाने से पहले ये जरूरी
कर्मचारियों के समर्थन में AAP: नाॅटी

सूचना एंव जनसम्पर्क विभाग बुलेटिन।


(आज की तस्वीर)

स्थानीय (सिरमौर)

1- सिरमौर में ट्रेकिंग पर जाने से पूर्व करना होगा ट्रेकिंग सूचना पोर्टल पर पंजीकरण: मिश्रा

जिला सिरमौर में ट्रेकिंग के शौकीन लोग अब ट्रेकिंग सूचना र्पोटल पर पंजीकरण किए बिना ट्रेकिंग गतिविधियां नहीं कर पाएंगे। हिमाचल प्रदेश में ट्रेकिंग करने वालों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पर्यटन विभाग द्वारा सूचना प्रौद्योगिकी विभाग के सहयोग से ट्रेकिंग सूचना र्पोटल विकसीत किया गया है। यह पोर्टल पर्यटन से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों विशेषकर ट्रेकिंग में रूचि रखने वालों के लाभप्रद रहेगा। यह जानकारी सहायक पर्यटन विकास अधिकारी सिरमौर राजीव मिश्रा ने देते हुए बताया कि इस ट्रेकिंग पोर्टल https://trekking.hp.gov.in को जन साधारण और पर्यटकों के लिए 15 जुलाई से प्रारम्भ कर दिया गया है। यह पोर्टल पर्यटन विभाग की वेबसाइट से भी लिंक हैं और शीघ्र ही इसकी मोबाइल ऐप भी आरम्भ कर दी जाएगी। उन्होंने बताया कि ट्रेकिंग पर जाने से पूर्व लोगों को इस पोर्टल पर पंजीकरण करना अनिवार्य होगा जिसमें उन्हें अपनी और अपने साथियों के मोबाइल नम्बर सहित पूरी जानकारी साझा करनी होगी। पंजीकरण के उपरांत ट्रेकिंग

पोर्टल पर जीपीएस के माध्यम से जिला प्रशासन ट्रैकर के वास्तविक स्थान का पता कर पाएगा। उन्होंने बताया कि इस पोर्टल पर प्रदेश के सभी ट्रेकिंग रूट उपलब्ध हैं। राजीव मिश्रा ने बताया कि ट्रेकिंग मैनेजमेंट सिस्टम का प्रावधान ट्रेकर्स को उनकी ट्रेकिंग योजना के बारे में अधिकारियों को पहले से सूचित करने के लिए एक ऑनलाइन तंत्र प्रदान करना है। ट्रेकिंग संचालन की निगरानी के अलावा, सिस्टम को ट्रेकर्स की सुरक्षा को सुनिश्चित करने के लिए भी डिजाइन किया गया है। एक त्वरित सूचना सेवा का उपयोग करके, न केवल समूह ट्रेकिंग गतिविधियों, बल्कि व्यक्तिगत ट्रेकर्स की गतिविधियों को भी ट्रैक करना बहुत आसान हो जाता है।

2- अब व्यवस्था परिवर्तन मंच के संयोजक सुनील चौधरी बैठे 24 घंटे के अनशन पर।

पांवटा साहिब के भगवान परशुराम चौक के पास चल रहे गौसंरक्षण हेतु धरना प्रदर्शन के 11वें दिन व क्रमिक भूख हड़ताल के 5वें दिन आज सुबह 11 बजे सामाजिक संगठन पांवटा व्यवस्था परिवर्तन मंच के संयोजक सुनील चौधरी आगामी 24 घंटे की भूख हड़ताल पर बैठ गए हैं। गौसेवकों सहित पंडित सुभाष भट्ट ने गोअधिकारों के लिए पिछले कल क्रमिक भूख हड़ताल पर बैठे गोसेवक अशोक चौधरी को जूस पिलाकर उनका अनशन खत्म कराया तथा गौसेवक सुनील चौधरी को विजय तिलक व माल्यार्पण कर 24 घंटे के लिए भूख हड़ताल पर बैठाया गया। गोहितार्थ यह संघर्ष जारी रहेगा।

ये हैं मांगे- 

1. जिला सिरमौर की सड़कों से समस्त गोवंश को गौशाला/काऊ सेंचुरी पहुंचाया जाए।
2. सड़कों पर गोवंश को छोड़ने वालों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्यवाही की जाए।
3. पाॅंवटा साहिब में काऊ सेंचुरी खोली जाए। 
4. जिला सिरमौर के सरकारी गोसदनों में व्यवस्था दुरुस्त की जाए।


5. पॉंवटा साहिब के होम्योपैथिक चिकित्सक डॉ रोहताश नांगिया द्वारा निर्मित लंपी वायरस की दवाई को तुरंत प्रदेश भर के सभी गोपालको तक पहुंचाया जाए। (इस दवा का सफल ट्रायल कर पशुपालन विभाग के चिकित्सक अपनी रिपोर्ट दे चुके हैं।)
6. गोसेवकों को प्रताड़ित करना बंद किया जाए। पॉंवटा साहिब में पिछले वर्ष गोसेवकों के खिलाफ दर्ज झूठे मामले को खारिज किया जाए।

3- पाँवटा साहिब: ऊर्जा मंत्री दो दिनों में पाँवटा को देंगे ये सौगातें...

हिमाचल प्रदेश के बहुउद्देशीय परियोजनाएं एवं ऊर्जा मंत्री सुख राम चौधरी 20 व 21 सितम्बर 2022 को जिला सिरमौर के पांवटा साहिब विधानसभा क्षेत्र के प्रवास पर होंगे। इस दौरान ऊर्जा मंत्री पांवटा विधानसभा क्षेत्र में विभिन्न उद्घाटन, शिलान्यास और जनसभाओं को सम्बोधित करेंगे तथा जन समस्याएं सुनेंगे।
यह जानकारी सरकारी प्रवक्ता ने देते हुए बताया कि ऊर्जा मंत्री 20 सितंबर को प्रातः 11.00 बजे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भंगाणी का शिलान्यास करेंगे तथा प्रातः 11.30 बजे संपर्क मार्ग राजकीय प्राथमिक विद्यालय मैहरूवाला से शमशानघाट तक का शिलान्यास करने के उपरांत जनसभा को सम्बोधित करेंगे। इसके पश्चात ऊर्जा मंत्री दोपहर 02.00 बजे पटवार वृत नवादा का

शुभारंभ करेंगे तथा दोपहर 02.30 बजे पशु चिकित्सालय शिवपुर का शुभारंभ करेंगे। उन्होंने बताया कि ऊर्जा मंत्री सॉंय 04.00 बजे पटवार वृत पातलियों का शुभारंभ करेंगे तथा सॉंय 05.00 बजे कानूनगो वृत भाटांवाली का शुभारंभ करेंगे और जनसभा को सम्बोधित करेंगे। उन्होंने जानकारी देते हुए बताया कि ऊर्जा मंत्री 21 सितंबर को प्रातः 11.00 बजे जंबुखाला में गुज्जर समाज के लोगों की समस्याएं सुनेंगे तथा दोपहर 02.00 बजे छात्रा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला, पीपलीवाला में भवन का शिलान्यास करेंगे। इसके पश्चात, ऊर्जा मंत्री दोपहर 02.15 बजे पीपलीवाला में पेयजल आपूर्ति योजना का उद्घाटन करेंगे।

4- OPS की मांग पर AAP का कर्मचारियों को समर्थन: नाॅटी

आम आदमी पार्टी हिमाचल प्रदेश ने आज कर्मचारियों के समर्थन में आते हुए ओल्ड पेंशन स्कीम की बहाली की मांग पुरजोर तरीके से उठाई है तथा ठाकुर जयराम सरकार को प्रदेश अध्यक्ष ठाकुर सुरजीत सिंह जी ने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर को एक पत्र भेज सात दिन का समय दिया गया की या तो भारतीय जनता पार्टी अपनी पिछली गलती को दोहराते हुए ओल्ड पेंशन स्कीम को बहाल करें अन्यथा अगले तीन महीने बाद आम आदमी पार्टी की सरकार का गठन होने के पहले सप्ताह में हिमाचल प्रदेश में ओल्ड पेंशन स्कीम को लागू किया जाएगा। यह जानकारी देते हुए पार्टी के किसान विंग प्रदेश अध्यक्ष अनिंदर सिंह नाॅटी ने कहा कि सर्वविदित है कि न्यू पेंशन स्कीम भी अटल बिहारी वाजपेई की भारतीय जनता पार्टी केंद्र सरकार लाई थी तथा हिमाचल में इस को तत्कालीन मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने लागू करते हुए कर्मचारियों को ओल्ड पेंशन स्कीम से वंचित कर दिया था। लंबे

समय से हिमाचल प्रदेश के कर्मचारी अपनी सम्मानजनक पेंशन के हक को मांग रहे थे ना कि वह रिटायरमेंट के बाद अपना जीवन सम्मान और आर्थिक निर्भरता के साथ जी सकें लेकिन लंबे समय से न कांग्रेस ने भारतीय जनता पार्टी ने इसे केंद्र या अपने द्वारा शासित राज्यों में लागू नहीं किया था। आम आदमी पार्टी हिमाचल प्रदेश के सभी सरकारी क्षेत्र के कर्मचारियों तथा अन्य बोर्ड कॉरपोरेशन तथा सरकारी उपक्रमों के भी कर्मचारियों को आम आदमी पार्टी की सरकार बनने की सूरत में पहले हफ्ते में ओल्ड पेंशन स्कीम लागू करने की गारंटी जारी करती है। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने भी हाल में ओल्ड पेंशन स्कीम को पंजाब प्रदेश कैसे लागू किया जाए इस पर स्टडी करने को आधिकारिक आदेश जारी कर दिए हैं। आम आदमी पार्टी का मानना है कि हिमाचल प्रदेश के विकास में कर्मचारी वर्ग का बहुमूल्य योगदान रहा है तथा उनको यह न्याय मिलना चाहिए जो सत्ता में रही पिछली कांग्रेस सरकार ने भी नही दिया अब महज वोट बटोरने के लिए नाटक कर रही है।

5- पांवटा साहिब और शिलाई के में कलाकारों ने दी योजनाओं की जानकारी।

जिला सिरमौर के विकास खंड पांवटा साहिब की ग्राम पंचायत गोज्जर अडायन व भगाणी तथा विकास खंड शिलाई की ग्राम पंचायत बालीकोटी व नाया में सूचना एवं जन सम्पर्क विभाग के विशेष प्रचार अभियान के तहत सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जिसमें कलाकारों ने गीत संगीत व नुक्कड़ नाटक से लोगों को प्रदेश सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं से अवगत

करवाया। कार्यक्रम में समूहगान ‘‘विकास की राह पर, क्षितिज की ओर हिमाचल, बढ़ रहा हिमाचल‘‘ प्रस्तुत किया जिसमें मुख्यमंत्री आवास योजना, हेल्पलाइन 1100, हिमकेयर से 5 लाख तक का निःशुल्क इलाज दिए जाने के बारे में लोगों को जागरूक किया गया। इस दौरान नुक्कड नाटक की प्रस्तुति दी गई जिसमें मुख्यमंत्री स्वाबलम्बन योजना से युवाओं को विभिन्न क्षेत्रों में स्वरोजगार स्थापित करने के लिए 35 प्रतिशत तक का उपदान दिए जाने तथा किसानों के लिए चलाई जा रही मुख्यमंत्री कृषि उत्पादन संरक्षण योजना द्वारा पॉलीहाउस में शीट बदलने के लिए 70 प्रतिशत का अनुदान सरकार द्वारा दिए जाने की जानकारी दी गई।

(हिमाचल)

1- हिमाचल में विकसित किये जा रहे नये टूरिज्म डेस्टिनेशन: जयराम 

हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में पर्यटन की बहुत संभावनाएं हैं और इन संभावनाओं को ध्यान में रखते हुए सरकार ने इनिसेटिव लिया है। नई टूरिज्म डेस्टिनेशन विकसित की जा रही हैं, अभी इन्हें विकसित करने में समय लग सकता है और लगेगा भी लेकिन यह आज समय की जरूरत है। इस दिशा में हम आगे बढ़ेंगे। यहां पर्यटन मंत्रियों की राष्ट्रीय कार्यशाला हो रही है। उसके लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व केंद्रीय मंत्री का आभार व्यक्त करते हैं। इससे हिमाचल टूरिज्म को भी दम मिलेगा। चर्चा के बाद जो चीजें सामने आएंगी, हिमाचल में टूरिज्‍म को कैसे बढ़ाया जाए इस पर विचार करेंगे।

धीरे धीरे कनेक्टिविटी बढ़ रही है। टूरिस्ट आराम से यहां आने व आरामदायक सफर करके ही वापस जाना चाहते हैं। वहीं कुछ टूरिस्ट जल्दी ही आना चाहता है व जल्दी वापस जाना चाहता है। इसके लिए कनेक्टिविटी की तरफ ध्यान किया जा रहा है। सवाल के जवाब में मुख्यमंत्री ने कहा 2100 करोड़ का एडीबी का प्रोजेक्ट केंद्र ने मंजूर किया है। एक सवाल के जवाब में मुख्यमंत्री ने कहा 2100 करोड़ का एडीबी का प्रोजेक्ट केंद्र ने मंजूर किया है। इसमें आठ सौ करोड़ की योजना बनाकर प्रदेश सरकार दे रही है। इस परियोजना के तहत नए क्षेत्रों को विकसित किया जाएगा। उन्होंने कहा यहां पर देश के पर्यटन मंत्रियों के राष्ट्रीय सम्मेलन के लिए वह देश के प्रधानमंत्री का आभार व्यक्त करते हैं।

2- मंडी को मिला लोक निर्माण विभाग के इलेक्ट्रिल विंग का वृत्त कार्यालय।

हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने आज मण्डी सदर विधानसभा क्षेत्र में लगभग 17 करोड़ रुपये की 11 विकासात्मक परियोजनाओं के लोकार्पण एवं शिलान्यास किए और कोटली में ‘प्रगतिशील हिमाचलः स्थापना के 75 वर्ष’ कार्यक्रम के तहत विशाल जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कोटली में 1.74 करोड़ रुपये से निर्मित प्रशासनिक खंड, मंडी-रिवालसर सड़क पर 8.04 करोड़ रुपये की लागत से बने रत्ती खड्ड पुल, बरनोटा-कड़कोह मार्ग पर 70 लाख रुपये के जबलाई नाला पुल और डामरू में रत्ती खड्ड पर 47 लाख रुपये से निर्मित पुल कर लोकार्पण किया। मुख्यमंत्री ने मंडी में लोक निर्माण विभाग के तृतीय इलेक्ट्रिल वृत्त कार्यालय, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रंधाड़ा, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कोट, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मझवाड़ और पंडोह में नवस्तरोन्नत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का शुभारंभ भी किया। इनके अलावा मुख्यमंत्री ने

साई से रघबानू के लिए रत्ती खड्ड पर 56 लाख रुपये की लागत से बनने वाले पैदल पुल और रत्ती पुल के पास लगभग 67 लाख रुपये की लागत से बनने वाले पशु चिकित्सालय तल्याहड़ के भवन की आधारशिला भी रखी। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि हिमाचल प्रदेश अपने अस्तित्व के 75 वर्ष मना रहा है और इस महत्वपूर्ण पड़ाव पर हमें यह विचार अवश्य करना चाहिए कि अभी तक हमने क्या हासिल किया है और आगे क्या हासिल करने की जरूरत है। मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेसी नेता वीरभद्र सिंह मॉडल की बात करते हैं परन्तु सच्चाई यह है कि आज पूरा विश्व मोदी मॉडल को मान रहा है जिससे भारत विश्व की पांचवी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गई है। उन्होंने कहा कि कांगेसी नेता रिवाज बदलेंगे (सरकार बदलने का रिवाज) के नारे का विरोध कर रहे हैं।

3- जो आठ साल पहले तक डायन हुआ करती थी, अब बनी भाजपा की डार्लिंग: अलका 

कांग्रेस पार्टी की राष्ट्रीय प्रवक्ता अलका लांबा ने कहा कि महंगाई भाजपा के लिए आठ साल पहले तक डायन हुआ करती थी, अब डार्लिंग बन गई है। यही वजह है कि भाजपा नेताओं ने महंगाई के मुद्दे पर चुप्पी साध रखी है। विधानसभा चुनाव में महंगाई व बेरोजगारी मुख्य मुद्दा होगा। आम जनता के साथ भाजपा ने युवाओं के साथ भी विश्वासघात किया है। रोजगार की तलाश में युवा सड़कों की खाक छान रहे हैं। सेना में अढाई लाख से अधिक पद रिक्त हैं। अग्निपथ योजना लाकर भाजपा ने बेरोजगार युवाओं की भावना से खिलवाड़ किया है। सत्ता में आने पर कांग्रेस पार्टी सेना में पुरानी भर्ती योजना को दोबारा शुरू करेगी। अलका लांबा सोमवार को मंडी में पत्रकारों से बात कर रही थी। उन्होंने कहा कि मंडी संसदीय क्षेत्र की जनता ने उपचुनाव में कांग्रेस में विश्वास दिखाया है। भाजपा के विकास के दावे खोखले साबित हुए हैं।

मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर कांग्रेस का तंबू लगने की चिंता न करें, जनता भाजपा का तंबू उखाड़ फेंकेगी। उन्होंने कहा कि केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी को सिंडरेला ईरानी कहने पर मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर बुरा मान गए। केंद्र की उज्जवला व प्रदेश सरकार की मुख्यमंत्री गृहिणी योजना फ्लाप रही है। आजादी के अमृत महोत्सव से तिरंगा गायब हैं। कार्यक्रमों में भाजपा के झंडे नजर आ रहे हैं। सदर हलके के कोटली में कांग्रेस के समय स्वीकृत कालेज का भवन छह साल में नहीं बन पाया। प्रदेश के वरिष्ठ अधिकारी भेदभाव का आरोप लगा रहे हैं। भर्ती परीक्षाओं के पेपर बेचे गए। देश भर में गुजरात से नशे की सप्लाई हो रही है। युवाओं व आम जनता को आवागमन के लिए बसें नहीं मिल रही है। सारी बसें कार्यक्रमोंं में भीड़ जुटाने के लिए लगा रखी है। इस अवसर पर कांग्रेस के प्रदेश सचिव तरुण पाठक व योगेश सैनी भी उपस्थित रहे।

4- कांग्रेस ने मेरी तुलना की मूली से: जयराम

हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने मंडी सदर में जनसमूह को संबोधित करते हुए कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि मेरी तुलना मूली से कर दी। अच्छा है मुझे मेरी असलियत बता रहे, मैं तो किसान का बेटा हूं। जमीन से जुड़ा हूं। किसी कांग्रेसी नेता ने कहा कि जब वीरभद्र रिवाज नहीं बदल पाए तो जयराम किस खेत की मूली है। हिमाचल में भाजपा सरकार बनेगी, कोई भी ताकत नहीं रोक सकती। उन्होंने कहा कि अनिल शर्मा हमारे बीच है। कभी परिस्थितियां आती हैं, कभी दूर चले जाते हैं। हमे मोदी जी के साथ चलना है। सब मिलकर चलेंगे। यह हमारी प्राथमिकता है। सीएम जयराम ने कोटली में करीब 200 करोड़ रुपये के विकास कार्यों के उद्घाटन व शिलान्यास किए।

मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने प्रदेश के गठन के 75 साल पर बधाई देते हुए कहा कि एक श्रमिक का भी हिमाचल के विकास में योगदान रहा है। कुछ बातें इतिहास में ध्यान रखनी चाहिए। सड़कों का जाल बिछाने में पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी का हाथ है। गांव के आदमी का पीठ का बोझ हटाने में वाजपेयी का अहम योगदान रहा। कहा कि पांच साल से सेवा करने का अवसर मिला। चुनौतियां भी आईं। मंडी को मौका मिला है तो इसे संभाल कर रखना। मंडी का जिक्र होता है तो कुछ लोग ऐसे प्रतिक्रिया करते हैं कि जैसे मंडी हिमाचल का हिस्सा नहीं।  मंडी जिला साथ चलना चाहिए। चाहे मंडी सदर हो या पूरा जिला। कुछ साथी हमारी बातों से नाराज हो गए। देश को जरूरत मोदी मॉडल की है। हिमाचल में भी बीजेपी मॉडल चाहिए।

5- राजनीति की लक्ष्मण रेखा न लांघें मुख्यमंत्री : विक्रमादित्य

हिमाचल प्रदेश कांग्रेस महासचिव और शिमला ग्रामीण से विधायक विक्रमादित्य सिंह ने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर से राजनीति की लक्ष्मण रेखा न लांघने का आग्रह किया है। फेसबुक पर एक पोस्ट अपलोड कर विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री का हम आपका व्यक्तिगत रूप से बहुत मान-सम्मान करते हैं। वीरभद्र मॉडल को लेकर दिया गया मुख्यमंत्री का बयान दुर्भाग्यपूर्ण हैं। उन्होंने कहा कि जब जयराम ठाकुर स्कूल में पढ़ते थे, उस समय दिवंगत वीरभद्र सिंह ने मंडी संसदीय क्षेत्र का चप्पा-चप्पा पैदल छान लिया था। उनके विकास मॉडल को नकारकर हिमाचल की स्वस्थ लोकतांत्रिक परंपरा का तिरस्कार किया जा रहा है। हिमाचल की स्वस्थ लोकतांत्रिक परंपरा के लिए यह अच्छा नहीं है। चुनावों में हार-जीत चली रहती है। हिमाचलियत कभी हारनी नहीं चाहिए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के ड्रीम प्रोजेक्ट मंडी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के निर्माण के लिए पांच साल बाद एक ईंट भी नहीं लगी है। 

6- AAP के तीन पदाधिकारी कांग्रेस में शामिल।

आम आदमी पार्टी के तीन पदाधिकारियों ने कांग्रेस पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर ली है। सोमवार को धर्मपुर से आप के प्रदेश सचिव और प्रवक्ता सुरेंद्र बंधु, सिराज से संतराम और लाहौल-

स्पीति से विक्टर धिस्सा ने कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी राजीव शुक्ला से नई दिल्ली में मुलाकात कर कांग्रेस में शामिल होने की घोषणा की। कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी राजीव शुक्ला ने बताया कि हिमाचल में कांग्रेस लगातार मजबूत हो रही है। 

7- AAP की ओल्ड पेंशन स्कीम लागू करने की गारंटी।

हिमाचल आम आदमी पार्टी ने कर्मचारियों को ओल्ड पेंशन स्कीम लागू करने की गारंटी दी है। पार्टी ने आरोप लगाया कि भाजपा कार्यकाल में ओल्ड पेंशन स्कीम बंद हुई और कांग्रेस ने बिना विरोध इस फैसले को मान लिया। प्रदेशाध्यक्ष सुरजीत ठाकुर ने शिमला में प्रेसवार्ता में कहा कि पंजाब में आप सरकार कर्मचारियों को ओल्ड पेंशन स्कीम देने पर मंथन कर रही है। अरविंद केजरीवाल ने हिमाचल की जनता को 10 गारंटियां दी हैं। कहा कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर कर्मचारियों को कमेटी गठित करने का आश्वासन दे रहे हैं। दूसरी ओर, आंदोलन में उतरे कर्मचारियों पर केस दर्ज कर प्रताड़ित किया जा रहा है। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर से ओल्ड पेंशन लागू करने की मांग कर रहे हैं। बावजूद इसके इसे लागू नहीं किया जा रहा है। 

8- हिमाचल कांग्रेस ने राष्ट्रीय अध्यक्ष चुनने को सोनिया गांधी को किया अधिकृत।

हिमाचल प्रदेश कांग्रेस ने पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष चुनने के लिए वर्तमान अध्यक्ष सोनिया गांधी को अधिकृत कर दिया है। सोमवार को पार्टी के प्रदेश मुख्यालय राजीव भवन शिमला में राज्य कांग्रेस कमेटी ने सिंगल लाइन प्रस्ताव पारित किया। प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह की ओर से इस बाबत प्रस्ताव रखा गया। चुनाव प्रचार कमेटी के अध्यक्ष सुखविंद्र सिंह सुक्खू और नेता विपक्ष मुकेश अग्निहोत्री ने इसका अनुमोदन किया। चुनावों के लिए दिल्ली से नियुक्त एआरओ शमीमा रैना को यह प्रस्ताव सौंपा गया। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष का चुनाव 17 अक्तूबर को होना है। सोमवार को राजीव

भवन शिमला में हुई बैठक में सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित कर प्रदेश कांग्रेस कमेटी में किसी भी मनोनयन का अधिकार अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष सोनिया गांधी को दिया गया। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपस्थित सभी प्रतिनिधियों ने एकमत से प्रस्ताव को ध्वनिमत से पारित किया। कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी को प्रदेश कांग्रेस कमेटी में किसी भी मनोनयन प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष, कार्यकारिणी के सदस्यों, पदाधिकारी जैसे उपाध्यक्ष, कोषाध्यक्ष सहित प्रदेश चुनाव समिति व हिमाचल प्रदेश से अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी में किसी भी सदस्यों के मनोनयन का पूरा अधिकार दिया गया है। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया 24 से 30 सितंबर तक चलेगी। 17 अक्तूबर को नए राष्ट्रीय अध्यक्ष के लिए चुनाव होगा। 

9- हिमाचल में खनन कारोबारियों के ठिकाने पर ईडी की रेड।

प्रवर्तन निदेशालय (ED) की टीम ने हिमाचल प्रदेश के जिला ऊना में सुबह ही दबिश दी। सुबह करीब आठ बजे ग्राम पंचायत चढ़तगढ़ के एक कारोबारी व पंजाब के बरारी में एक साथ प्रवर्तन निदेशलाय ने एक साथ रेड की है। शाम तक भी टीम की जांच जारी रही। ईडी के किसी भी अधिकारी ने इस संबंध में कोई जानकारी नहीं दी है। लेकिन बताया जा रहा है यह रेड पुलिस की शिकायत के बाद हुई है। किसी पुराने मामले में पुलिस की कार्रवाई भी जारी है व अब ईडी की दबिश दी गई है।


जानकारी के मुताबिक दोनों व्‍यक्ति ऊना में ओपन लीज लेकर खनन करते हैं। पंजाब के व्‍यक्ति की लीज ऊना के खानपुर में है तो दूसरा व्‍यक्ति चढ़तगढ़ में किसी के साथ पार्टनरशिप में कार्य करता है। प्रवर्तन निदेशालय की टीम ने सुबह करीब आठ बजे दोनों जगह पर संयुक्त रेड की है और अभी तक तलाशी चल रही है। फिलहाल स्थानीय प्रशासन और मीडिया को किसी भी तरह की जानकारी नही दी जा रही। लेकिन शुरुआती जांच में ये मामला खनन माफिया से जुड़ा बताया जा रहा है। ऊना के चढ़तगढ़ निवासी विशाल पुत्र बलवंत सिंह वार्ड नंबर 3 के घर पर प्रवर्तन निदेशालय की कार्रवाई जारी है। लेकिन अभी तक बरामदगी क्या क्या हुई है इसकी सूचना प्राप्त नहीं हो पाई है।

सूचना एंव जनसम्पर्क विभाग हिमाचल प्रदेश बुलेटिन-