उप चुनाव से डर....... 22 अगस्त 2021- पांवटा साहिब से आज का खबर नामा- ddnewsportal.com

उप चुनाव से डर.......  22 अगस्त 2021- पांवटा साहिब से आज का खबर नामा- ddnewsportal.com
कांगड़ा: जन आशीर्वाद यात्रा के दौरान जनता का अभिवादन स्वीकार करते केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर।

उप चुनाव से डर.......

22 अगस्त 2021- पांवटा साहिब से आज का खबर नामा

विकास सिर्फ दो विधानसभाओं मे, फिर कहर बनी बारिश, खेलभूमि बनेगा हिमाचल, नशा माफिया को नही जगह, आज 22 घायल, मोहरा का विमोचन, मंडी पर करोड़ों खर्च, भाई-बहन का स्नेह और....... कोविड/सूचना एवं जन संपर्क विभाग बुलेटिन।

(आज की तस्वीर) रक्षाबंधन की शुभकामनाएं।


स्थानीय (सिरमौर)

1- भाई-बहन के स्नेह के आगे फीका पड़ा कोरोना, जिला सिरमौर मे रक्षा बंधन के पर्व की रही धूम।

जिला सिरमौर मे भाई-बहन के स्नेह का प्रतीक रक्षा बंधन का पर्व कोरोना महामारी के बीच भी बड़े धूमधाम व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस मौके पर बहनों ने अपने भाईयों की कलाई पर विधिवत राखी बांधकर उनके द्वारा अपनी रक्षा करने व उनकी लम्बी उम्र की कामना की। रक्षा बंधन के दिन सुबह से ही बहनों मे पर्व को लेकर उत्साह देखा गया। रविवार

को उपमण्डल की बहने बसों और अपने निजी वाहनों मे तड़के ही भाईयों के घर पंहुची। हांलाकि शास्त्रों के मुताबिक अधिकतर बहनों ने ज्योतिषों द्वारा बताये गये शुभ मुर्हुत पर ही भाईयों की कलाई मे रक्षा सूत्र बांधा। लेकिन इस बार पूरे दिन मुर्हुत होने के कारण बहनों को ज्यादा दिक्कत नही आई। उपमण्डल पांवटा साहिब के पांवटा नगर व आसपास के गांवों के साथ साथ गिरिपार के पहाड़ी क्षेत्र सतौन, कफोटा, कमरउ, जामना, टटियाणा, टिम्बी आदि क्षेत्रों के सैंकड़ों गावों मे भाई-बहन के पवित्र स्नेह के प्रतीक रक्षा बंधन का पर्व बड़े ही हर्षोल्लास के साथ मनाये जाने की सूचना है। इससे पूर्व बीते शनिवार को देर शाम तक बाजार मे पर्व की रौनक दिखी। राखियों व मिठाईयों की दुकानों पर भीड़ रही। बहरहाल, भाई-बहन के स्नेह के आगे कोरोना भी फीका पड़ा और बहनों को अपने भाईयों के यहां जाने से नही रोक पाया।

2- पांवटा मे पूर्णाहुति के साथ शिव महापुराण कथा का समापन।

हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी भगवान श्री विश्वकर्मा मंदिर में श्री शिवमहापुराण कथा का आयोजन किया गया। पूर्ण आहुति और भंडारे के साथ इस आयोजन का समापन किया गया। इस आयोजन के मुख्य यजमान श्री जगन्नाथ सेवा ट्रस्ट के प्रधान हरविन्द्र कुमार रहे। जानकारी के मुताबिक श्रावण मास में विश्वकर्मा मंदिर मे श्री शिव महापुराण का आयोजन किया जाता है। इस बार भी कोरोना प्रोटोकॉल को ध्यान मे रखते

हुए यह कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस आयोजन के मुख्य यजमान जहां श्री जगन्नाथ सेवा ट्रस्ट के प्रधान हरविन्द्र कुमार व उनका परिवार रहा वहीं कथा में रामगोपाल धीमान (प्रधान श्री विश्वकर्मा मन्दिर समीति), सुंदरलाल मेहता, पूरणचंद धीमान, रंजीत धीमान आदि का भी विशेष सहयोग रहा। समीति और आयोजकों ने सभी दानवीरों का भी आभार प्रकट किया जिनकी वजह से संपूर्ण कथा को सफल बनाया गया एवं हर रोज प्रसाद वितरण किया गया। शनिवार को श्री शिवमहापुराण कथा का समापन किया गया। प्रातः 10 बजे हवन और फिर पूर्ण आहुति के बाद दोपहर 12 बजे से भंडारे का आयोजन किया गया जिसमे नगर के लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया। इस भंडारे के मुख्य यजमान हरविंद्र कुमार (प्रधान- श्री जगन्नाथ सेवा ट्रस्ट) रहे। गोर हो कि हरविंद्र कुमार सदैव धार्मिक कार्यों मे बढ़ चढ़कर भाग लेते है। साथ ही जरूरतमंद लोगों की मदद के लिए भी हमेशा आगे आते हैं।

3- संत निरंकारी मिशन ने रौपित किए डेढ़ लाख पौधे।
 
भारत के 75वें स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य पर संत निरंकारी मिशन द्वारा ‘अर्बन ट्री क्लस्टर’ अभियान का शुभारम्भ किया गया। 'वननेस वन'
(OnenessVann) नाम की इस परियोजना को सत्गुरू माता सुदीक्षा जी महाराज के आशीर्वाद से संपूर्ण भारत में 22 राज्यों के 280 शहरों में चयनित लगभग 350 स्थानों पर आयोजित किया गया। जिसमें लगभग 1,50,000 वृक्षों का रोपण किया गया। भविष्य में इनकी संख्या में वृद्धि होने की संभावना है। इस महाअभियान में संत निरंकारी मिशन के सेवादारों

एवं श्रद्धालुओं की महत्वपूर्ण भूमिका रही। इस मुहिम में संत निरंकारी मिशन के अतिरिक्त केंद्र व राज्य सरकार, स्थानीय प्रशासन, शैक्षणिक संस्थान एवं आर. डब्ल्यू. ए. आदि के लोग भी सम्मिलित हुए। इस अभियान का शुभारम्भ करते हुए सत्गुरू माता सुदीक्षा जी महाराज ने कहा कि - प्राण वायु जो हमें इन वृक्षों से प्राप्त होती है धरती पर इसका संतुलन बनाने के लिए हमें स्थान स्थान पर वनों का निमार्ण करना आवश्यक है; जिससे कि अधिक मात्रा में आक्सीजन का निर्माण होगा और उतनी ही शुद्ध वायु प्राप्त होगी। जिस प्रकार ‘वननेस वन’ का स्वरूप अनेकता में एकता का दृश्य प्रस्तुत करता है उसी प्रकार मानव को भी समस्त भेदभावों को भूलाकर शांतिपूर्ण सह-अस्तित्व के भाव में रहकर संसार को निखारते चले जाना है। इसी लड़ी में पांवटा साहिब में भी इको पार्क रामपुर घाट के नजदीक लगभग 200 पौधे लगाए गए जिसमें पौंटा साहिब मे निरंकारी मिशन के मुखी सियाराम, ब्रांच सिरमौरी ताल के मुखी खत्री राम, पांवटा साहिब के उप मंडल अधिकारी विवेक महाजन, ग्राम पंचायत प्रधान रामपुरघाट शिक्षा रानी, वन विभाग के कर्मचारी और संत निरंकारी मिशन पांवटा साहिब के अनेकों सेवादारों ने पौधारोपण कर सद्गुरु माता जी का आशीर्वाद प्राप्त किया। संत निरंकारी मिशन एवं ‘गिव मी ट्री’ संस्था के सहयोग द्वारा इतने बड़े स्तर पर ‘पर्यावरण संरक्षण’ की नींव रखी जा रही है। 'गिव मी ट्री’ संस्था द्वारा पिछले 44 वर्षों में 3.25 करोड़ से अधिक वृक्षों को लगाया गया। संत निरंकारी मिशन एवं' गिव मी ट्री’ संस्था का सहयोगात्मक प्रयास राष्ट्र को ‘पर्यावरण संरक्षण’ के उद्देश्य की पूर्ति हेतु एक नया आयाम स्थापित करने में सहायता प्रदान करेगा।

4- कफोटा काॅलेज स्टूडेंट्स ने विधायक हर्ष वर्धन चौहान को बताई समस्याएं।

एनएसयुआई जिला महासचिव विक्रम शर्मा की अध्यक्षता में NSUI कार्यकर्ताओं के द्वारा कफोटा में छात्रों के हितों को लेकर शिलाई विधायक ठाकुर हर्षवर्धन चौहान को एक ज्ञापन दिया गया। जिसमें  कॉलेज भवन

निर्माण को जल्द पूरा किया जाने सहित कफोटा स्कूल मे स्टाफ, डिस्पेंसरी मे स्टाफ की मांग रखी गई। विधायक ने कहा कि यह मुद्दा वह पुनः सरकार के सज्ञान में लाएँगे और छात्रो के भविष्य के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ नही होने देंगे। गोर हो कि आज दोपहर तक विधायक हर्ष वर्धन चौहान ने कफोटा मे जन समस्याओं को सुना और दोपहर बाद शिलाई मे जनता की दिक्कतें जानी। 

5- कल पांवटा खण्ड में 15 स्थानों पर होगा कॉविड-19 टीकाकरण।
  
खण्ड चिकित्सा अधिकारी ड़ॉ. अजय देओल ने जानकारी देते हुए बताया कि उपमंडल पांवटा में 18 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के लोगों के लिए 23 अगस्त को 15 स्थानों पर कॉविड -19 टीकाकरण किया जाएगा। उन्होंने बताया कि 23 अगस्त को सोमवार को राजपुरा स्वास्थ्य खण्ड के सिविल अस्पताल  पांवटा, ज्ञान चंद धर्मशाला, मोबाइल टीम पांवटा, सत्संग भवन

पांवटा, इ.एस.आइ. मालवा कोटन, उप स्वास्थ्य केन्द्र बहराल, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कफोटा, उप स्वास्थ्य केन्द्र धौलाकुंआ, उप स्वास्थ्य केंद्र मिस्रवाला, उप स्वास्थ्य केन्द्र पुरूवाला एस.जी., उप स्वास्थ्य केंद्र नवादा मतरालियों, उप स्वास्थ्य केंद्र ठक्कर, मैनकांईड फार्मा, उप स्वास्थ्य केंद्र तारूवाला बद्रीपुर, उप स्वास्थ्य केंद्र चांदनी इन सभी स्थानों पर कॉविड -19 से बचाव के लिए वैक्सीन लगाई जाएगी। उन्होंने बताया कि 18 वर्ष से अधिक आयु के सभी क्षेत्रवासी तथा बाहर से आए प्रवासी मजदूर एवं  जिन्होंने अभी तक वैक्सीन नहीं लगवाई है, वह इन केन्द्रों पर जाकर टीका लगवा सकते हैं। ड़ॉ. अजय देओल ने बताया कि टीका लगवाने के लिए आधार कार्ड या अन्य कोई भी फोटोयुक्त पहचान पत्र अपने साथ ज़रुर लाएं। उन्होंने क्षेत्रवासियों तथा प्रवासी मजदूरों से टीकाकरण का लाभ उठाने की अपील की।

6- एकल अभियान की कार्यकर्ताओं ने फ्रंटलाईन वारियर्स को बांधी राखी।

एकल अभियान के माध्यम से भाग गतिविधि, भाग सिरमौर अंचल श्री रेणुका जी, संच माजरा की प्रमुख प्रोमिला शर्मा के मार्गदर्शन में सामाजिक महिलाओं के द्वारा कोरोना महामारी के दौरान प्रथम पंक्ति में खड़े समस्त पुलिस विभाग के कर्मचारियों के साथ रक्षाबंधन का त्यौहार बड़ी धूम-धाम से मनाया गया। सर्वप्रथम एकल अभियान की बहनों ने पांवटा साहिब के

डीएसपी बीर बहादुर को राखी बांधकर उन्हें कोरोना काल के दौरान किए गए बेहतरीन कार्यों के लिए सम्मानित किया। इसके अतिरिक्त एकल अभियान से जुड़ी महिलाओं ने थाना पुरूवाला, थाना माजरा व पुलिस चौकी राजबन में अपनी सेवाएं दे रहे सभी कोरोना वारियर्स को राखी बांधकर सम्मान भेंट किया। एकल अभियान की जानकारी देते हुए विश्व हिंदू परिषद सहमंत्री जिला सिरमौर ने बताया कि  एकल अभियान के तहत प्राथमिक शिक्षा, आरोग्य शिक्षा, ग्राम विकास शिक्षा ,स्वाभिमान शिक्षा के साथ साथ संस्कार शिक्षा जैसे महत्वपूर्ण आयामों के बारे में समाज को संस्कारित किया जा रहा है ,जिसके लिए विश्व हिंदू परिषद व अन्य संगठनों का सहयोग सदैव मिलता रहा है। डीएसपी बीर बहादुर ने एकल अभियान के द्वारा चलाए गए संस्कारित कार्यक्रमों की सराहना करते हुए कहा कि समाज को अच्छी और उत्कृष्ट दिशा में ले जाने के लिए एक अच्छा प्रयास है। उन्होंने कहा किसी भी तरह की मुसीबत आने पर एकल अभियान से जुड़ी सभी महिलाओ की हर संभव मदद की जाएगी। इस मौके पर भाग गतिविधि, भाग सिरमौर की प्रमुख प्रोमिला शर्मा सहित सोनिका, रिशु, स्नेह लता, निशी, त्रिस्ला देवी, कुलजीत, निर्मला आदि महिलाएं उपस्थित रही। 

7- मंडी के निर्माण व विस्तार पर मार्केटिंग बोर्ड खर्च कर रहा करोड़ों रूपए- भंडारी

हिमाचल प्रदेश मार्केटिंग बोर्ड के अध्यक्ष बलदेव सिह भंडारी ने कहा कि बोर्ड का मुख्य उद्वेश्य किसान बागबानो अपने उत्पाद बेचने के लिए उनके घरद्वार पर आधुनिक सुविधाओं से लैस सब्जी मंडियो की सुविधा उपलब्ध करना है। राजगढ़ में पत्रकारों से बात करते हुए बलदेव भंडारी ने कहा कि मार्केटिग बोर्ड के अध्यक्ष का कार्यभार सँभालने के बाद पूरे प्रदेश के साथ साथ जिला सिरमौर में भी मंडियो के सुधार करने के लिए एक विशेष कार्य योजना तैयार की गई है। उन्होंने बताया कि सराहं में 3 करोड़ की लागत से एक बड़ी सब्जी मंडी बनने जा रही है और अब लोगों को अपनी फसले बेचने के लिए अन्य जिलों व प्रदेश से बाहर का रुख नही करना पड़ेगा। रेणुका निर्वाचन क्षेत्र के नौहराधार, घंडुरी  हरिपुरधार व ददाहू में सब्जी मंडी के निर्माण व विस्तार पर मार्केटिंग बोर्ड करोड़ों रूपए खर्च कर रहा है। नौहराधार में सड़क के साथ उपयुक्त जमीन उपलब्ध करवाई गयी है और वहां की  सब्जी मंडी के लिए 2 करोड़ रूपए स्वीकृत करवाए गये है। इसी निर्वाचन क्षेत्र के घंडुरी क्षेत्र में लहसुन का उत्पादन काफी मात्रा में होता है। लहसुन के उत्पादकों को एक अच्छी सब्जी मंडी घर द्वार पर ही मिल सके इसलिए घंडुरी में सब्जी मंडी के निर्माण के लिए 3 करोड़ स्वीकृत किये गये है और वहां कार्य प्रगति पर है। यही नही, हरिपुरधार में भी 50 लाख की लागत से एक छोटी सब्जी मंडी का निर्माण किया जाएगा। इसी कड़ी में ददाहू सब्जी मंडी के जीर्णोधार पर 2 करोड़ रूपए खर्च किये जायेंगे और वहां 20 नई दुकाने बनाई जायेगी। भंडारी ने बताया कि पांवटा साहिब में विश्व बैक के माध्यम से 5 करोड़ की लागत से मंडी का विस्तार किया जायेगा, जबकि राजगढ़ में भी 20 नई दुकाने बनाने के साथ साथ खैरी में छोटी सब्जी मंडी के निर्माण पर सवा करोड़ रूपए व्यय किये जायेंगे। इनके साथ साथ जमीन उपलब्ध होने पर नेरी पुल के आसपास भी एक सब्जी मंडी बनाई जायेगी।


(हिमाचल)

1- हिमाचल मे आठ मकान क्षतिग्रस्त, कैंटर पर गिरा पेड़।

हिमाचल प्रदेश मे आफत की बारिश पीछा नहि छोड़ रही है। हर दिन नुकसान की खबरें सामने आ रही है। रविवार को भी भारी बारिश से प्रदेश में आठ मकान क्षतिग्रस्त हो गए, जबकि शिमला में पेड़ गिरने से एक कैंटर चकनाचूर हो गया। राजधानी शिमला और आसपास के क्षेत्रों में रुक-रुक कर बारिश होती रही। कालका-शिमला, पठानकोट-भरमौर और शिमला-तत्तापानी-मंडी मार्ग पर जगह-जगह भूस्खलन होता रहा। बारिश से मक्की की फसल को भी नुकसान हुआ है। चंबा जिला में बारिश के चलते उपमंडल भटियात में छह कच्चे मकानों को नुकसान पहुंचा है। संपर्क मार्गों पर भी यातायात प्रभावित हुआ। टिकरी स्कूल के समीप लगा डंगा भी धराशायी हुआ है। भरमौर-पठानकोट नेशनल हाईवे पर केरू के समीप भूस्खलन होने से यातायात बाधित रहा। हमीरपुर में भी दो मकान क्षतिग्रस्त हुए हैं। बिलासपुर में तेज बारिश और तूफान से मक्की की फसल को नुकसान हुआ है। राजधानी शिमला में भारी बारिश से टूटीकंडी बाईपास पर रविवार सुबह खलीनी के पास देवदार का पेड़ गिरने से सड़क किनारे खड़ा ट्रक चकनाचूर हो गया। इससे कई घंटों तक यातायात ठप रहा।  उधर, विकासनगर में भी सुबह करीब पांच बजे देवदार के दो पेड़ उखड़कर

बिजली तारों पर झूल गए। इससे यहां बना ट्रांसफार्मर टेढ़ा हो गया। स्थानीय पार्षद रचना भारद्वाज ने घटना की सूचना वन विभाग और बिजली बोर्ड को दी। बाद में वन विभाग की टीम मौके पर पहुंचीं और मजदूरों की मदद से पेड़ों को हटाया गया। क्षेत्र में शाम छह बजे तक बिजली गुल रही। पार्षद के अनुसार ट्रांसफार्मर के लिए लगाए गए डंगे में दरारें आ गई हैं, जिससे इसके सड़क पर गिरने का खतरा है। फिलहाल बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई है। दूसरी ओर, लोक निर्माण विभाग ने सड़कें बहाल करने के लिए फील्ड में 15 हजार कर्मचारी लगाए हैं। समाचार लिखे जाने तक राज्य में दस सड़कें बंद थी।

2- खेलभूमि के रूप मे विकसित किया जाएगा हिमाचल- अनुराग

देश और दुनिया में देवभूमि और वीरभूमि के रूप में पहचाने जाने वाले हिमाचल प्रदेश को अब खेलभूमि के रूप में भी विकसित किया जाएगा। यह बात केंद्रीय खेल, सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर ने रविवार को धर्मशाला में मीडिया से बातचीत के दौरान कही। उन्होंने कहा कि क्रिकेट स्टेडियम के कारण धर्मशाला ने अपनी अनूठी पहचान बना ली है। धर्मशाला

में बेहतर कनेक्टिविटी के कारण अगर यहां हाई एल्टीट्यूड खेल केंद्र बनता है तो उसका बेहद लाभ मिलेगा। राज्य सरकार जमीन उपलब्ध करवा दें तो यहां हाई एल्टीट्यूड खेल केंद्र जल्द बनवाया जाएगा। अनुराग ने कहा कि प्रदेश सरकार की ओर से जमीन उपलब्ध न करवाने के कारण कई महत्वाकांक्षी परियोजनाएं शुरू नहीं हो सकी हैं। गगल हवाई अड्डे के विस्तारीकरण के सवाल पर उन्होंने कहा कि जमीन अधिग्रहण का काम राज्य सरकार का है। जब कभी यहां हवाई अड्डे के विस्तार की बात शुरू होती है, तो कोई दूसरा उसके खिलाफ बोलना शुरू कर देता है। मैं हमेशा हवाई अड्डे के विस्तार के पक्ष में रहा हूं। हमीरपुर-ऊना रेल लाइन परियोजना पर कहा कि 50 किलोमीटर लंबी रेलवे लाइन के लिए पहले भी मांग रखी थी और उसके लिए सर्वे भी करवाया था। इस रेलवे लाइन पर करीब साढ़े छह हजार करोड़ रुपये खर्च आएगा। 25 फीसदी राज्य सरकार और बाकी राशि केंद्र सरकार की ओर से मुहैया करवाई जानी थी। प्रदेश सरकार ने असमर्थता जताते हुए कहा कि मौजूदा परिस्थिति के अनुसार वह कोई योगदान नहीं कर पाएगी। 2012-13 में महाराणा प्रताप सागर में जल क्रीड़ाओं को बढ़ावा देने की परियोजना पर कहा कि खेल राज्य सूची का विषय है और वह परियोजना भी प्रदेश सरकार की थी। इस विषय में अगर प्रदेश सरकार की ओर से कोई प्रस्ताव आता है, तभी केंद्र सरकार सहयोग करेगी। पेट्रोल-डीजल के बढ़े दामों के लिए अनुराग ने मोदी सरकार से पहले की सत्ताधारी कांग्रेस नेतृत्व वाली यूपीए सरकार को कसूरवार ठहराया। उन्होंने कहा कि तत्कालीन कांग्रेस नेतृत्व वाली सरकार के निर्णयों के कारण देश में पेट्रोल-डीजल की कीमतें बढ़ रही हैं। उन्होंने कहा कि आगामी जीएसटी काउंसिल की बैठक में इस विषय को उठाया जाएगा कि क्या पेट्रोलियम उत्पादों को जीएसटी के दायरे में लाया जाए या नहीं। 

3- खड़ा कैंटर पेड़ गिरने से क्षतिग्रस्त।

इस बार की बरसात हिमाचल प्रदेश को गहरे जख्म दे रही है। अब शिमला मे एक खड़े कैंटर पर अचानक पेड़ गिर गया जिससे कैंटर बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। गनीमत रही की हादसे के समय कैंटर मे कोई सवार नही था। जानकारी के मुताबिक रविवार को खलीनी-कनलोग बाईपास रोड में

भारी भरकम पेड़ की चपेट में सड़क किनारे खड़ा कैंटर आ गया। घटना में कैंटर पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। जिस समय पेड़ गिरा उस समय कैंटर के अंदर कोई नहीं था। पेड़ के गिरने से इस जगह पर यातायात भी बंद रहा। चार घंटे तक यातायात अवरुद्ध होने के कारण बाईपास होकर आईएसबीटी जाने वाली गाड़ियां फंस गई। इससे दोनों तरफ वाहनों की कतारें लग गई। वहीं, कुछ ही देर में पुलिस मौके पर पहुंची और मोर्चा संभाला और फिर यातायात को सामान्य किया गया। 

4- नशा माफिया के लिए नही यहां कोई जगह- एसपी चावला

औद्योगिक क्षेत्र बद्दी के नये युवा एसपी मोहित चावला ने स्पष्ट कर दिया है कि बीबीएन मे नशा माफिया के लिए कोई जगह नही है। यदि कोई नशा बेचता या नशा करता पकड़ा गया तो उसे किसी भी सूरत मे नही बख्शा जाएगा। पत्रकारों से बातचीत मे एसपी बद्दी ने बताया कि वह बद्दी में नशा करने वाले और नशे का कारोबार करने वाले लोगों पर भी शिंकजा कसेंगे।

अगर कोई भी बीबीएन क्षेत्र में ड्रग्स लेता व सप्लाई करता पाया गया तो अब उसको किसी भी सूरत में बक्शा नहीं जाएगा। चावला ने कहा कि बद्दी में महिला सशक्तिकरण पर भी कार्य किया जाएगा, जिसमें महिलाओं के अधिकारों के बारे में जागरुक अभियान चलाया जाएगा। जिसमें महिलाओं को उनकी भारत सरकार की योजना, हिमाचल सरकार की योजना के साथ उनके अधिकारों के बारें में जानकारी दी जाएगी जिससे महिलाओं को उनके योजना से सक्षम बनाया जाएगा। उन्होंने बताया कि बद्दी पुलिस टैक्रोलोजी को और बेहतर बनाने का प्रयास किया जाएगा ताकि बीबीएन के सभी क्षेत्र को बेहतर पुलिस मिल सके। उन्होंने कहा कि बद्दी उनके लिए नई जगह नहीं है इससे पहले भी वह 15 दिन का अतिरिक्त चार्ज लेकर बद्दी में कार्य कर चुके है। उन्होंने कहा कि बद्दी के नागरिकों को प्राथमिकता दी जाएगी, जिसमें वह बीबीएन के लोगों के साथ हमेशा 24 घंटे खड़े रहेंगे। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि वह बद्दी में इंडस्ट्री के लिए बेहतर योजना बनाने का प्रयास करेंगे। जिसमें वह बद्दी, बरोटीवाला, नालागढ़ में इंडस्ट्री सिक्योरिटी प्लान और इंडस्ट्री वर्कर सिक्योरिटी प्लान को बेहतर बनाएंगे, जिससे लोगों को बेहतर सुरक्षा देने में प्राथमिकता दी जाएगी। इसके साथ ही इंटीग्रेट ट्रैफिक प्लान भी तैयार किया जा रहा है। इसमें ट्रैफिक को कम करने के लिए बेहतर योजना बनाई जाएगी। इस अवसर पर एएसपी नरेंद्र कुमार एवं जिला मीडिया प्रभारी बद्दी पुलिस नवदीप सिंह भी उपस्थित रहे।

5- प्रदेश मे सिर्फ दो विधानसभाओं मे हुआ विकास- हर्षवर्धन 

हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मीडिया अध्यक्ष हर्षवर्धन चौहान ने कहा है कि हिमाचल प्रदेश मे सिर्फ दो विधानसभाओं मे विकास हुआ है बाकी जिले और विधानसभा क्षेत्र विकास की दृष्टि से अनदेखी का शिकार हो रहे हैं। पांवटा साहिब मे पत्रकारों से बातचीत मे हर्षवर्धन चौहान ने कहा कि पिछले तीन साल से अधिक के कार्यकाल मे या तो मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर

के विधानसभा क्षेत्र सराज मे विकास हुआ है या जलशक्ति मंत्री महेन्द्र सिंह ठाकुर की विधानसभा मे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री को सिर्फ अपना चुनाव क्षेत्र दिखाई दे रहा है। पता नही उन्हे हार का डर है कि जो अन्य जिलों और विधानसभा की अनदेखी कर सारा विकास अपनी ही विधानसभा मे कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले तीन वर्षों मे प्रदेश को पीएमजीएसवाई के तहत करीब अढ़ाई सौ करोड़ रूपये मिले हैं लेकिन तीन विधानसभा क्षेत्र मे एक पैसा भी इस निधि से खर्च नही हुआ है। उसमे उनका शिलाई निर्वाचन क्षेत्र भी शामिल है। उन्होंने कहा कि भाजपा की नीतियों और मंहगाई से जनता इतनी त्रस्त है कि 2022 के विधानसभा चुनाव मे उन्हे सत्ता से बाहर फेंक कर कांग्रेस को जीताएगी। उन्होंने चुनाव के सवाल पर उन्होंने कहा कि भाजपा नही चाहती कि उप चुनाव हो क्योंकि उन्हे हार का भय है। अनुराग ठाकुर के दौरे के बारे मे उन्होंने कहा कि इस यात्रा के दौरान कोरोना के सारे प्रोटोकॉल धवस्त हुए हैं। सरकार आम जनता को कोरोना फैलाने का दोषी बता रही है जबकि उन्हे अपनी राजनैतिक रैलियाँ नजर नही आ रही। उन्होंने कहा कि अनुराग ठाकुर अब केंद्र मे मंत्री हैं इसलिए कांग्रेस भी चाहेगी कि वह प्रदेश के लिए कुछ सौगात लेकर आएं लेकिन मंहगाई जैसी मंजूर नही। मंत्री बनने के अपने पहले हिमाचल दौरे पर ही कैबिनेट मंत्री घरेलू गैस सिलेंडर के दाम बढाकर अपने साथ लेकर आए हैं। 

6- महिला मोर्चा की सदस्यों ने मुख्यमंत्री की कलाई पर बांधी राखी।

मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर को आज यहां उनके सरकारी आवास ओक ओवर में भाजपा महिला मोर्चा की सदस्यों ने अध्यक्षा रश्मि धर सूद की अध्यक्षता में रक्षा बन्धन के अवसर पर राखी बांधी। इस अवसर पर वन्दना

गुलेरिया और मोर्चा की अन्य सदस्य भी उपस्थित थीं। साथ ही ब्रह्मकुमारी व शिमला में रहने वाले तिब्बती समुदाय की प्रतिनिधियों ने भी मुख्यमंत्री को उनके सरकारी आवास पर राखी बांधी। मुख्यमंत्री ने कहा कि रक्षा बन्धन एकता का पवित्र पर्व है, जो भाई और बहन के बीच प्रेम को और अधिक प्रगाढ़ करता है।

7- मुख्यमंत्री ने 'मोहरा' पुस्तक का किया विमोचन।

मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने आज यहां प्रसिद्ध लेखिका, कहानीकार और फिल्म निर्माता डाॅ. देव कन्या ठाकुर द्वारा लिखित पुस्तक ‘मोहरा’ का विमोचन किया। पुस्तक हिमाचल प्रदेश में प्रचलित परम्पराओं को उजागर करने वाली दस कहानियों का एक सुन्दर संग्रह है। मुख्यमंत्री ने लेखिका के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि वह अपनी कहानियों के माध्यम से पहाड़ी महिलाओं के संघर्षों और मनोदशाओं को चित्रित करने में सफल रही है। उन्होंने कहा कि सभी कहानियां अच्छी तरह से रचित हैं, जो भाषा, शैली और स्वर में सरल हैं। इस अवसर पर बी.डी.सी. अध्यक्ष संगडाह मेला राम शर्मा भी अन्य सहित उपस्थित थे।

8- राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने कल्याण सिंह के निधन पर किया शोक व्यक्त। 

हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल राजेन्द्र विश्वनाथ आर्लेकर और मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री तथा पूर्व राज्यपाल कल्याण सिंह के निधन पर शोक व्यक्त किया है। अपने शोक संदेश में राज्यपाल ने कहा

कि कल्याण सिंह वरिष्ठ राजनेता, दूरदृष्टा और कुशल प्रशासक थे। मुख्यमंत्री के तौर पर उन्होंने गरीब, पिछड़े और समाज के सबसे निचले वर्ग के लिये बहुत काम किया। वहीं, मुख्यमंत्री ने कहा कि कठिन परिस्थितियों का सामना करने की कल्याण सिंह में अदभुत क्षमता थी और वह सच्चे धर्मानुयायी थे। जब वह राज्यस्थान के राज्यपाल थे तो कुछ समय के लिये उनके पास हिमाचल के राज्यपाल का भी अतिरिक्त कार्यभार रहा। समाज को दिये गए उनके योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता।  श्री आर्लेकर व जय राम ठाकुर ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति के लिये प्रार्थना की है और शोकाकुल परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त की हैं।

9- मौसम अपडेट- 28 अगस्त तक खराब रहेगा मौसम।

मौसम विज्ञान केंद्र शिमला का कहना है कि प्रदेश मे 28 अगस्त तक मौसम खराब बना रहेगा। वहीं, विभाग ने 26 अगस्त के लिए भारी बारिश का

अलर्ट जारी किया है। बिलासपुर, चंबा, कांगड़ा, मंडी, शिमला, सोलन, सिरमौर जिले के लिए भारी बारिश का अलर्ट है। हिमाचल के लिए जारी नेशलन फ्लैश फ्लड गाइडेंस बुलेटिन के अनुसार प्रदेश के चार जिलों शिमला, कुल्लू, चंबा और किन्नौर के कई भागों में 23 अगस्त सुबह साढ़े 11 बजे तक अचानक बाढ़ आने का खतरा है। विभाग ने भारी बारिश से प्रदेश में कई जगह भूस्खलन की पेड़ गिरने की आशंका भी जताई है। पर्यटकों व स्थानीय लोगों को नदी-नालों से दूर रहने की सलाह दी गई है।

क्राइम/एक्सीडेंट 

1- कालका-शिमला हाईवे पर फिर एक्सीडेंट, ट्रक-बस की टक्कर मे 22 घायल।

कालका-शिमला नेशनल हाईवे-5 पर आज फिर सड़क हादसे हो गया। लगातार दूसरे दिन हुए इस हादसे मे सेब ले जा रहा ट्रक अनियंत्रित होकर बस से टकरा गया। जानकारी के मुताबिक रविवार को हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले के सनवारा रेलवे ओवर ब्रिज के पास एक ट्रक अचानक अनियंत्रित हो आगे चल रही निजी बस से जा टकराया। टक्कर के बाद बस और ट्रक दोनों ही सड़क पर पलट गए। इस कारण बस में सवार करीब 20 से 22 लोगों के घायल होने की सूचना है। सूचना मिलने के बाद पुलिस की

टीम मौके पर पंहुची। स्थानीय लोगों व पुलिस की सहायता से लोगों को प्राथमिक उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र धर्मपुर ले जाया गया। कुछ घायलों की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें क्षेत्रीय अस्पताल सोलन व ईएसआई अस्पताल परवाणू रेफर किया गया है। पुलिस थाना प्रभारी धर्मपुर राकेश रॉय ने बताया कि सूचना मिलने के बाद टीम को तुरंत मौके पर भेजा गया। 20 लोग घायल हुए हैं। गोर हो कि इससे पहले शनिवार को भी कालका-शिमला राष्ट्रीय राजमार्ग पर मुख्य बाजार कंडाघाट में एक ट्रक के ब्रेक फेल हो गए थे। अनियंत्रित ट्रक से टक्कर के बाद पिकअप सहित एक के बाद एक 17 गाड़ियां आपस में टकरा गई थीं। आठ गाड़ियों में जोरदार जबकि नौ में मामूली टक्कर हुई। इस दौरान मौके पर तैनात ट्रैफिक पुलिस कर्मी बाल-बाल बच गया था।


शाम सात बजे तक का कोविड मीडिया बुलेटिन-

सूचना एवं जनसंपर्क विभाग हिमाचल प्रदेश बुलेटिन-