वोट बायकाॅट आंदोलन....... 23 दिसंबर 2021- पांवटा साहिब से आज का खबरनामा ddnewsportal.com

वोट बायकाॅट आंदोलन.......  23 दिसंबर 2021- पांवटा साहिब से आज का खबरनामा ddnewsportal.com

वोट बायकाॅट आंदोलन.......

23 दिसंबर 2021- पांवटा साहिब से आज का खबरनामा

नही होनी चाहिए असुविधा, कांग्रेस के 10 विधायक, पीएसए प्लांट उद्घाटन, हिमाचल के बाॅर्डर सील, हक नही तो वोट नही, नकली शिक्षक बर्खास्त, 213 वाणिज्य प्रवक्ता, काॅलेज छात्राएं भिड़ी, झील पर फुटबॉल, रेडियोलाॅजिस्ट को यमुना आरती, यमुना उत्सव और....... कोविड/सूचना एवं जन संपर्क विभाग बुलेटिन।


(आज की तस्वीर)


स्थानीय (सिरमौर)

1- हाटी मांग- हक नही तो वोट नही का नारा।

जिला सिरमौर के गिरिपार को जनजातीय घोषित करने की मुहिम मे तेजी आ रही है। गुरूवार को सिरमौर हाटी विकास मंच की (खुमली) बैठक का आयोजन शिमला में किया गया। गिरिपार को जनजातीय घोषित करने के लिए शिमला में रह रहे सैंकड़ों हाटी समुदाय के लोगों ने इस बैठक में भाग लिया और आंदोलन को तेज करने पर विचार किया गया। तमाम उपस्थित लोगों ने हक नही तो वोट नही का नारा दिया। निर्णय लिया गया कि 2022 के आम चुनाव में बहिष्कार करने के लिए जन जन आंदोलन चलाया जाएगा। सिरमौर हाटी विकास मंच शिमला युनिट के अध्यक्ष प्रदीप सिंह सिंगटा और महासचिव अतर सिंह तोमर ने कहा कि जब सभी रिपोर्ट्स और कागज तैयार है तो सरकार क्यों तीन लाख लोगों को हक दिलाने में आनाकानी कर रही है।

लोगों में आक्रोश दिन प्रतिदिन बढ़ रहा है। केंद्रीय हाटी समिति के अध्यक्ष डॉक्टर अमीचंद कमल ने अभी तक हुई प्रगति पर विस्तार से जानकारी दी और लोगों से आव्हान किया कि तन मन धन से हाटी आंदोलन भाग ले। मंच के मुख्य सलाहकार डॉक्टर रमेश सिंगटा ने कहा कि गांव गांव में आंदोलन को तेज किया जाएगा। युवा जोश अमित चौहान, मुकेश ठाकुर और सतपाल बिरसांटा ने कहा कि अब मुद्दे का हल जरूरी है। आर-पार की लडाई के सभी गिरिपार के युवा आगे आएं। हाटी विकास मंच के सचिव दलीप सिंह सिंगटा और मीडिया प्रभारी कपिल चौहान ने कहा कि जो नेता हाटी समुदाय के लोगो की आवाज नहीं उठा रहे उनको जनता वोट न दे।  इस मौके पर सन्नी राणा, पूर्व प्रधान लायक राम, बंसी राम ठाकुर, खजान ठाकुर, आशु चौहान, अधिवक्ता विनोद चौहान, अधिवक्ता श्याम सिंह, शालू शर्मा, फकीर चंद नेगी, विक्रम नेगी, मदन तोमर, यशपाल, आदि मौजूद रहे।

2- यूरिया की किल्लत दूर नही की तो होगा किसानों का आंदोलन: भाकियु 

भारतीय किसान यूनियन पांवटा साहिब ने सरकार को चेतावनी दी है कि किसानों की अनदेखी सहन नही की जाएगी। भारतीय किसान यूनियन हिमाचल प्रदेश की पांवटा साहिब इकाई के अध्यक्ष जसविंदर सिंह बिलिंग ने जारी प्रेस बयान में कहा कि पांवटा साहिब में यूरिया की किल्लत हो रही है और किसान गेहूं की फसल में यूरिया समय पर नहीं डाल पा रहा है। लेकिन इस और सरकार का कोई ध्यान नहीं है। संबंधित अधिकारियों से यह आंकड़ा

मिला है कि जितना यूरिया सप्लाई इस समय तक होना था उसका आधे से भी कम इस समय तक यूरिया की आपूर्ति हुई है। पहले गेहूं की बिजाई के समय में डीएपी और एनपीके की अपूर्ति का बहुत बुरा हाल था और अब यूरिया की आपूर्ति का बहुत बुरा हाल है। उन्होंने कहा कि जब से यह सरकार आई है तब से हर सीजन पर खाद स्टाॅक की शॉर्टेज रहती है। शायद अब यह सरकार सिर्फ आंदोलन की भाषा ही समझती है। उन्होंने चेताया है कि अगर एक हफ्ते में खाद आपूर्ति की स्थिति ठीक नहीं हुई तो पांवटा साहिब के सारे किसान संबंधित अधिकारियों के दफ्तरों का घेराव करेंगे।

3- सिरमौर में सुशासन सप्ताह के अंतर्गत दो दिन शिकायतों का होगा निवारण: उपायुक्त 

सिरमौर जिला के उपायुक्त रामकुमार गौतम ने जानकारी देते हुए बताया कि आजादी के अमृत महोत्सव व पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेई की पुण्यतिथि पर जिला में 24 व 25 दिसंबर 2021 को सुशासन सप्ताह के

अंतर्गत जन शिकायतों का निवारण किया जाएगा। उन्होंने जिला के सभी बीडीओ, तहसीलदार और नायब तहसीलदार को निर्देश दिए कि वह 24 व 25 दिसंबर को किसी एक दिन पंचायत स्तर के जनप्रतिनिधियों के साथ मिलकर लंबित जन शिकायतों का निवारण करे। 

4- रोजगार कार्यालय में कैम्पस इन्टरव्यू में 23 को मिली नौकरी। 

मैसर्ज सर्व बायोलैब्स और एम0के0 ऑटो क्लच काला अम्ब द्वारा रोजगार कार्यालय नाहन में कैम्पस इन्टरव्यू का आयोजन किया गया जिसमें कुल 60 अभ्यर्थियों ने भाग लिया और उनमें से 23 अभ्यर्थियों का चयन कम्पनी में हुआ है। जिला रोजगार अधिकारी अक्षय शर्मा ने दी। उन्होंनें बताया कि चयनित अभ्यर्थियों में 3 आई० टी० आई० होल्डर का चयन ऑपरेटर के रूप में हुआ है व 20 अभ्यर्थियों का चयन हेल्पर के रूप में हुआ है। इसके अलावा कम्पनी में बीएससी, एमएससी, बायो टेक्नोलॉजी का कोई भी अभ्यर्थी इस कैम्पस इन्टरव्यू में भाग नहीं ले सके जिसके कारण रिक्तियों की पूर्ति नहीं हो पायी।  

5- आजादी का अमृत महोत्सव- पांवटा में मनभावन यमुना, पावन यमुना का शुभारंभ।

लोक सभा सांसद एवम् भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप ने पांवटा साहिब में आजादी का अमृत महोत्सव कार्यक्रम के अंतर्गत  यमुना नदी के संरक्षण के लिए मनभावन यमुना, पावन यमुना, महोत्सव का आज दीप प्रज्वलित कर शुभारंभ किया। इस दौरान उनके साथ उपाध्यक्ष, राज्य खाद्य आपूर्ति निगम बलदेव सिंह तोमर बतौर विशिष्ट अतिथि मौजूद रहे।
सांसद ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने  गंगा नदी के प्रदूषण को रोकने और नदी को पुनर्जीवित करने के लिए नमामि गंगे नाम से एकीकृत गंगा संरक्षण मिशन शुरू किया। इसी प्रकार

आजादी के अमृत महोत्सव वर्ष में भारत की मुख्य नदियों के कायाकल्प करने की मुहिम शुरू की गई है। इस मुहिम के अंतर्गत हिमाचल में पांवटा में यमुना, चम्बा में रावी तथा मण्डी व कुल्लू में ब्यास नदी को स्वच्छ व संरक्षित कर नदी उत्सव मनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि नदियाँ जीवनदायिनी है, नदियों के किनारे मानव सभ्यता का जन्म हुआ है और मानव सभ्यता नदियों के आसपास फली-फूली और विकसित हुई है। इसलिए भी नदियों का संरक्षण अति आवश्यक है। उन्होंने कहा कि नदियों पर लगाए गए बड़े-बड़े बांध व प्रोजेक्ट आज हमारी देश की आर्थिकी के लिए रीड की हड्डी साबित हो रहे है। सांसद सुरेश कश्यप ने कहा कि यह बड़े दुर्भाग्य का विषय है कि जिन नदियों को हमने मां का दर्जा दिया है, वह सारी नदियां आज प्रदूषित हो चुकी है। हम सभी को यह समझना होगा कि इन नदियों को साफ-स्वच्छ और संरक्षित रखना हमारी ही जिम्मेदारी है, यदि हम अपनी पीढ़ी को अच्छा भविष्य देना चाहते हैं तो इन नदियों का संरक्षण अति आवश्यक है।
उन्होंने बताया कि आगामी 27 दिसंबर को देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 7000 करोड़ से निर्मित 40 मेगा वाट के रेणुका बांध का शिलान्यस करेंगे। यह प्रदेश के लिए बहुत बड़ी सौगात है, इससे क्षेत्र के लोगों को लाभ प्राप्त होगा। उपमंडल अधिकारी विवेक महाजन ने मुख्यातिथि सुरेश कश्यप को टोपी व शॉल से सम्मानित किया तथा अधिशाषी अभियन्ता जल शक्ति विभाग अरशद अहमद ने विशिष्ट अतिथि बलदेव सिंह तोमर को टोपी व शॉल

से सम्मानित किया। इस कार्यक्रम के दौरान माँ यमुना की वन्दना की गई तथा सिरमौरी लोकनृत्य, वाद्य दलों द्वारा  प्रस्तुति दी गई इस के उपरांत प्रवक्ताओं द्वारा नदियों के महत्व के ऊपर अभिभाषण व कविताएं प्रस्तुत की गई। कार्यक्रम के दौरान नगर पालिका परिषद की अध्यक्षा निर्मल कौर, उपाध्यक्ष ओम प्रकाश कटारिया,  तहसीलदार वेद प्रकाश अग्निहोत्री, डी.एफ.ओ. वन विभाग कुनाल अंग्रिश, कार्यकारी अधिकारी खण्ड विकास अधिकारी रवि प्रकाश जोशी, राजेन्द्र तिवारी अध्यक्ष हिमोत्कर्ष सिरमौर, सुभाष चौधरी सचिव OBC मोर्चा हिमाचल प्रदेश, पंचायत समिति अध्यक्ष हितेंद्र कुमार, गुरू नानक मिशन पब्लिक स्कूल के निदेशक बीएस सैनी, प्रधानाचार्या देवेन्द्र कौर साहनी, विद्यापीठ स्कूल के चेयरमैन एनएम वर्मा, सिरमौर ट्रक आॅपरेटर युनियन के प्रधान बलजीत सिंह नागरा, जिला परिषद सदस्य मामराज शर्मा, गौरव पाठक आदि सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी/कर्मचारी एवं स्थानीय गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे। इसके बाद सांसद सुरेश कश्यप और खाद्य एवं आपूर्ति निगम के उपाध्यक्ष बलदेव तोमर युवाओं द्वारा रेडियोलोजिस्ट की मांग को लेकर किये जा रहे धरना स्थल पर पंहुचे और युवाओं से धरना खत्म करने का आह्वान किया। लेकिन युवा अड़े रहे कि जब तक नियमित रेडियोलोजिस्ट की नियुक्ति नही की जाती वह धरना खत्म नही करेंगें। सांसद ने भी युवाओं को समस्या का जल्द समाधान करने का आश्वासन दिया। 

6- रेडियोलोजिस्ट की मांग को लेकर मां यमुना की आरती।

पांवटा साहिब के सिविल अस्पताल के बाहर रेडियोलोजिस्ट की मांग को लेकर धरने पर बैठे पांवटा साहिब व्यवस्था परिवर्तन मंच के सदस्यों ने धरने के चौथे दिन मां यमुना की आरती कर उनसे सिविल अस्पताल मे रेडियोलोजिस्ट का पद भरवाने का आग्रह किया। इस दौरान यमुना नदी मे एक पत्र प्रवाहित कर दिल्ली प्रधानमंत्री को भेजा गया। इससे पहले सिविल

अस्पताल परिसर से लेकर यमुना घाट तक रैली निकाली गई जिसमे स्वास्थ्य विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की गई। इस मौके पर मंच के संयोजक और बाहती युवा विकास मंच के अध्यक्ष सुनील चौधरी ने बताया कि वे सिविल अस्पताल पांवटा साहिब में एक स्थाई रेडियोलॉजिस्ट की मांग को लेकर पिछले चार दिन से लगातार धरने पर है।  लेकिन अभी तक सरकार की ओर से कोई स्थाई समाधान सामने नहीं आया है। उन्होंने कहा कि जब तक अस्पताल में स्थाई रेडियोलॉजिस्ट नियुक्त नही किया जाएगा तब तक उनका धरना प्रदर्शन जारी रहेगा। उन्होंने यह भी कहा कि सरकार के पास एक रेडियोलोजिस्ट भी नही है जो शर्म की बात है। 

7-  नाहन में जिला स्तरीय दौड प्रतिस्पर्धा का आयोजन 27 दिसम्बर को।

सिरमौर में जिला युवा सेवा एवं खेल विभाग द्वारा 27 दिसम्बर को शमशेर विला राउंड समीप महिमा पुस्तकालय नाहन से 13-15 वर्ष की आयु वर्ग (01.01.2007 से 31 दिसम्बर 2009) के लड़के व लड़कियों की 3000 मीटर व 16-19  आयु वर्ग (01.01.2003 से 31.12.2006) के लड़के व लड़कियों की 5000 मीटर दौड़ प्रतिस्पर्धा का आयोजन करवाया जा रहा है। इस प्रतिस्पर्धा में प्रथम, द्वितीय, तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले  प्रतिभागीयों

को क्रमशः 6 हजार, 5 हजार, 4 हजार रुपये के नकद पुरस्कार दिए जाएंगे। इस दौड प्रतिस्पर्धा में भाग लेने के लिए सभी इच्छुक युवा धावक अपना आयु प्रमाण पत्र व आधार कार्ड अपने साथ लाना सुनिश्चित करें। जिला स्तर की प्रतियोगिता से चयनित खिलाडी 29 दिसम्बर को जिला युवा सेवा एवं खेल विभाग हमीरपुर में आयोजित होने वाली राज्य स्तरीय दौड़ प्रतिस्पर्धा में जिला सिरमौर का नेतृत्व करेगें। प्रवक्ता ने बताया कि राज्य स्तरीय दौड़ प्रतिस्पर्धा में प्रथम आने वाले प्रतिभागी को 15 हजार, द्वितीय को 10 हजार तथा तृतीय स्थान हासिल करने वाले प्रतिभागी को 8 हजार रुपये के नकद पुरस्कार वितरित किये जाएंगे।    

8- पंजाब ब्लास्ट- अलर्ट मोड पर पुलिस, हिमाचल की सीमाएं सील।

पंजाब के लुधियाना में एक कोर्ट परिसर के बाहर ब्लास्ट के बाद हिमाचल प्रदेश पुलिस भी अलर्ट मोड पर आ गई है। प्रदेश की सीमाओं को एहतियातन सील कर दिया गया है। साथ ही सीमा नाकों पर तैनात सुरक्षाकर्मियों को अलर्ट रहने के निर्देश दिए गए है। जिला सिरमौर में भी अन्य राज्यों से लगती सीमाओं पर पुलिस पहरा बढ़ा दिया गया है। पांवटा साहिब मे भी डीएसपी

बीर बहादुर ने सीमा/नाकों का  मौके पर जाकर निरीक्षण किया। उन्होंने जवानों को सख्त निर्देश दिये हैं कि आने जाने संदिग्ध वाहनों की जांच करें। इसी के तहत पांवटा साहिब के गोबिंद घाट, बहराल सहित सिरमौर के कालाअंब सीमा नाकों की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। सीमाओं पर तैनात सुरक्षा कर्मियों को चौकन्ना रहने के निर्देश दिए गए हैं। इस दौरान खुद डीएसपी बीर बहादुर ने सीमा नाकों का निरीक्षण किया और सुरक्षा कर्मियों को आवश्यक निर्देश दिए।


(हिमाचल)

1- मुख्यमंत्री ने की प्रधानमंत्री के दौरे से सम्बन्धित तैयारियों की समीक्षा।

हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने आज प्रदेश सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की इस महीने की 27 तारीख को प्रस्तावित मण्डी दौरे की तैयारियों की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को इस आयोजन को ऐतिहासिक बनाने के लिए सभी प्रबन्ध सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को आयोजन स्थल तक लाने के लिए परिवहन की उचित व्यवस्था सुनिश्चित की जानी चाहिए। उनके जलपान के लिए भी समुचित प्रबन्ध किए जाने चाहिए। उन्होंने जिला पुलिस को वाहनों के सुचारू संचालन, बसों और अन्य वाहनों की पार्किंग के लिए भी उचित व्यवस्था करने के निर्देश दिए। जय राम ठाकुर ने अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए कि इस विशाल आयोजन के कारण आम जनता को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करने पड़े। उन्होंने राज्य के विभिन्न भागों

से बसों में आने वाले लोगों के लिए जलपान के समुचित प्रबन्ध करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि लाभार्थियों को लाने वाली प्रत्येक बस में एक सम्पर्क अधिकारी की व्यवस्था होनी चाहिए ताकि सभी लाभार्थी समय पर आयोजन स्थल पर पहुंचे। परिवहन मंत्री बिक्रम सिंह ने वर्चुअल माध्यम से बैठक में भाग लिया। उन्होंने मुख्यमंत्री को आश्वस्त किया कि विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को रैली स्थल तक पहुंचाने के लिए उचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार त्रिलोक जम्वाल, मुख्यमंत्री के ओएसडी महिन्द्र धर्माणी, मुख्य सचिव राम सुभग सिंह, पुलिस महानिदेशक संजय कुण्डू, जिला मण्डी के उपायुक्त अरिन्दम चैधरी, पुलिस अधीक्षक शालिनी अग्निहोत्री, सूचना एवं जन सम्पर्क विभाग के निदेशक हरबंस सिंह ब्रसकोन मण्डी में बैठक में उपस्थिति थे, जबकि हिमाचल पथ परिवहन निगम के प्रबन्ध निदेशक सन्दीप कुमार और विभिन्न जिलों के उपायुक्त वर्चुअल माध्यम से बैठक में शामिल हुए।

2- बदलाव के सुर- दिल्ली में कांग्रेस के 10 विधायक।

हिमाचल प्रदेश कांग्रेस के संगठन में बदलाव की मांग को लेकर 10 विधायकों ने दिल्ली पंहुचे। सुखविंद्र सिंह सुक्खू के पक्ष में मिले इन विधायकों ने कांग्रेस पार्टी के प्रदेश प्रभारी राजीव शुक्ला से मुलाकात कर प्रदेश की राजनीति गरमा दी है। पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सुखविंद्र सिंह सुक्खू के दिल्ली में हुए इस शक्ति प्रदर्शन से पार्टी के दूसरे धड़े के नेताओं की धड़कने तेज हो गई हैं। सूत्रों ने बताया कि पार्टी प्रभारी राजीव शुक्ला से मुलाकात में विधायकों ने विधानसभा चुनावों से पहले संगठन में बड़े बदलाव करने की वकालत की। विधायकों ने जल्द से जल्द संगठन को मजबूत करने के लिए बदलाव करने की मांग उठाते हुए सुक्खू को नेता विपक्ष या प्रदेश अध्यक्ष बनाने की पैरवी की। जुब्बल-कोटखाई से रोहित ठाकुर, अर्की से संजय अवस्थी समेत कांगड़ा, शिमला, सोलन और कुल्लू जिला से कई विधायक राजीव शुक्ला से मिले। सुक्खू गुट के इन विधायकों की कदमताल से प्रदेश में कांग्रेस की राजनीति में उबाल आ गया है। दूसरे धड़ों के विधायक और नेता भी दिन भी

ये जानने में जुटे रहें कि कौन-कौन विधायक राजीव शुक्ला से मिले हैं। बीते दिनों में दिल्ली में ऑपरेशन करवाने के बाद से सुक्खू वहीं स्वास्थ्य लाभ ले रहे हैं। उधर, बुधवार से नाहन में कांग्रेस का चार दिवसीय ट्रेनिंग कैंप शुरू हुआ है। इसका शुभारंभ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने किया। इस अवसर पर पूर्व मंत्री कौल सिंह ठाकुर, पूर्व सांसद चंद्र कुमार, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गंगूराम मुसाफिर, अजय महाजन, प्रकाश चौधरी और नीरज नैय्यर सहित कई अन्य नेता मौजूद रहे। वहीं जानकारों की माने तो प्रदेश कांग्रेस का संगठनात्मक ढांचा मजबूत करने के दौरान कांगड़ा जिला की अनदेखी करना पार्टी पर भारी पड़ सकता है। प्रदेश की सत्ता का रास्ता सबसे बड़े जिला कांगड़ा से होकर जाता है। कांगड़ा से किसी नेता की संगठन के बड़े पद पर ताजपोशी ना होने से पार्टी को नुकसान उठाना पड़ सकता है। ऐसे में कांगड़ा जिला को पार्टी में बड़ा पद देना मजबूरी भी बन गया है।

3- मुख्यमंत्री ने सुन्दरनगर में किया पीएसए प्लांट का उदघाटन।

हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने आज मण्डी जिला के राजकीय नागरिक अस्पताल सुन्दरनगर में 1.50 करोड़ रुपये से अधिक लागत से निर्मित 500 एलपीएम क्षमता वाले प्रैशर स्विंग एब्जाॅप्र्शन प्लांट (पीएसए) का उदघाटन किया। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ने पिछले चार वर्षों के दौरान सुन्दरनगर विधानसभा क्षेत्र के विकास पर विशेष बल दिया है। उन्होंने कहा कि पिछली कांग्रेस सरकार ने सुन्दरनगर क्षेत्र के विकास के सम्बन्ध में केवल बड़े-बड़े दावे किए गए हैं, परन्तु वास्तविकता में उन्होंने क्षेत्र के विकास के लिए कोई कार्य नहीं किया। उन्होंने कहा कि वर्तमान प्रदेश सरकार द्वारा समाज के हर व्यक्ति का विकास सुनिश्चित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कोविड आरम्भ होने के समय केवल दो पीएसए प्लांट थे जबकि आज प्रदेश के विभिन्न भागों में 41 पीएसए प्लांट कार्यशील हैं। जय राम ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सक्षम और मजबूत नेतृत्व में देशभर में सबसे बड़ा टीकाकरण अभियान चल रहा है। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश ने राज्य की पात्र आबादी के शत-प्रतिशत टीकाकरण की उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। जिला कुल्लू के मलाणा और जिला कांगड़ा के बड़ा भंगाल जैसे दूर दराज के क्षेत्रों में हैलीकाॅप्टर की विशेष उड़ानों के संचालन के माध्यम से टीके की उपलब्धता सुनिश्चित की गई। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने महामारी के दौरान प्रभावी प्रबन्धन सुनिश्चित किया और प्रदेश सरकार की इस पहल की प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भी सराहना की। उन्होंने कहा कि राज्य पात्र आयु वर्ग के लोगों की पहली खुराक सुनिश्चित करने में अग्रणी रहा और अब सभी पात्र लोगों के दूसरी डोज का शत-प्रतिशत टीकाकरण लक्ष्य प्राप्त करने वाला देश का पहला राज्य बन गया है। उन्होंने विपक्ष के नेताओं से इस संवेदनशील मुददे का राजनीतिकरण करने से परहेज करने का भी आग्रह किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश के लोग कांग्रेस के नेताओं के झूठ से भलीभांति

परिचित है। जय राम ठाकुर ने कहा कि वर्तमान प्रदेश सरकार इस महीने की 27 तारीख को अपने वर्तमान कार्यकाल के चार वर्ष पूर्ण करेगी और इस कार्यक्रम में दुनिया के सबसे लोकप्रिय नेता प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी अपनी गरिमापूर्ण उपस्थिति दर्ज करेंगे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री राज्य के लिए 11,300 करोड़ रुपये की चार विकासात्मक परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। उन्होंने लोगों को इस ऐतिहासिक कार्यक्रम का साक्षी बनने का आग्रह किया। उन्होंने विधानसभा क्षेत्र के बाड़ी में एक पशु औषधालय खोलने की घोषणा भी की। इसके पश्चात सुन्दरनगर के पुंग में हिमाचल प्रदेश ग्रामीण बैंक की 266वीं शाखा का उदघाटन करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि बैंक ग्रामीण उपभोक्ताओं को प्रभावशाली कुशल बैंकिंग सेवाएं प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश ग्रामीण बैंक की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के लाभ वितरण में 25 प्रतिशत की भागीदारी है। उन्होंने बैंक के अध्यक्ष उदय चन्द्र और बैंक के अन्य सदस्यों के प्रयासों की भी सराहना की। 

4- क्लस्टर विश्वविद्यालय को राज्य विश्वविद्यालय बनाने के लिए मुख्यमंत्री का किया आभार।

सरदार पटेल क्लस्टर विश्वविद्यालय मण्डी के कुलपति डाॅ. सी.एल. चन्दन ने आज मण्डी में मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर से भेंट की और इस विश्वविद्यालय को राज्य विश्वविद्यालय बनाने के लिए आभार व्यक्त किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह विश्वविद्यालय मण्डी और अन्य जिलों के युवाओं को उनके घरों के

निकट गुणात्मक और उच्चतर शिक्षा प्रदान करेगा। राज्य विश्वविद्यालय की स्थापना से विद्यार्थियों की लम्बे समय से चल रही मांग को पूर्ण किया गया है। वर्तमान प्रदेश सरकार राज्य के युवाओं की आवश्यकताओं के प्रति सजग है और उन्हें पूरा करने के लिए विभिन्न कदम उठाए जा रहे हैं। इस अवसर पर प्रो. अनुपमा सिंह सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे।

5- चंबा- काॅलेज में भिड़ गई छात्राएँ, खूब चले लात घूंसे।

हिमाचल प्रदेश के चंबा कॉलेज में एसएफआई और एबीवीपी की छात्रा कार्यकर्ताओं के बीच मारपीट हो गई। इस दौरान कार्यकर्ताओं के बीच जमकर लात-घूंसे चले। एक-दूसरे को बालों से पकड़कर घसीटती रहीं। छात्राओं के बीच हाथापाई की यह घटना आज हुई। इसका वीडियो भी सोशल मीडिया में वायरल हो गया है। कॉलेज में स्थिति नियंत्रण से बाहर हुई तो प्रशासन ने पुलिस चौकी सुल्तानपुर में सूचना दी। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस दोनों छात्र संगठनों की कार्यकर्ताओं को अपने साथ थाने में ले गई। इसके बाद माफी मांगने के बाद छात्राओं को घर भेज दिया

गया। चंबा कॉलेज परिसर में गुरुवार को एबीवीपी और एसएफआई के कार्यकर्ता किसी बात को लेकर बहस कर रहे थे। इसमें कुछ छात्राएं भी शामिल थीं। देखते ही देखते बहसबाजी मारपीट में बदल गई। दोनों संगठनों की छात्राओं ने एक-दूसरे पर धावा बोल दिया। इससे कॉलेज में माहौल तनावपूर्ण हो गया। कॉलेज में तैनात प्राध्यापकों ने बीचबचाव की कोशिश की, लेकिन छात्राएं नहीं मानीं। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। कॉलेज में छात्राओं के बीच मारपीट का यह दूसरा मामला है। दूसरी ओर, कॉलेज प्रशासन ने सख्त हिदायत दी है कि दोबारा ऐसा मामला सामने आने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। चंबा कॉलेज के प्राचार्य डॉ. शिवदयाल ने बताया कि आपस में कार्यकर्ता भिड़े हैं। तुरंत पुलिस को सूचित किया गया। कानून की अवहेलना किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं होगी। 

6- ठंड का प्रकोप- यहां झील पर खेल लीजिए फुटबॉल।

हिमाचल प्रदेश मे कड़ाके की ठंड पड़ रही है। राज्य के जनजातीय जिले किन्नौर में बीते दिनों हुई बर्फबारी के चलते पारा शून्य से नीचे चला गया है। जिले में शीतलहर का प्रकोप बढ़ गया है। जिले में तापमान माइनस आठ डिग्री से नीचे पहुंच रहा है। इससे जिले में कई जगह पेयजल लाइनें, झरने और झीलें जमना शुरू हो गई हैं। पर्यटन स्थल नाको की प्राकृतिक झील भी जम गई है। झील जमने से क्षेत्र के लोगों को पालतू पशुओं के लिए पानी पिलाने की समस्या खड़ी हो गई है। झील जमने से स्थानीय लोग इस पर

आइस स्केटिंग का लुत्फ उठा रहे हैं। बच्चों को फुटबाल खेलते देखा जा सकता है। जनजातीय जिला किन्नौर में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। जिले में ग्लोबल वार्मिंग का असर भी देखने को मिला है। बीते 18 दिसंबर को अंतिम गांव छितकुल में तापमान माइनस 8 डिग्री सेल्सियस होने पर भी यहां हिमपात नहीं हुआ, जबकि अधिकतर इलाकों में पांच से दस सेंटीमीटर तक हिमपात हुआ था। छितकुल गांव से करीब 10 किलोमीटर नीचे और गर्म माने जाने वाले इलाकों में पांच सेंटीमीटर तक बर्फबारी हुई। हंगरंग वैली सहित जिले के पर्यटन स्थल सांगला, छितकुल, मुलिंग, कल्पा और नाको में न्यूनतम तापमान -7 डिग्री सेल्सियस से भी नीचे है। 

7- नकली डिप्लोमा से नौकरी पाने वाले शिक्षक आऊट।

नकली डिप्लोमाधारको पर सरकार का डंडा चला है। शिक्षा विभाग ने कार्रवाई करते हुए जिला शिमला मे नौकरी 15 भाषा अध्यापकों को निकाल दिया है। इसमे अकैले चौपाल विधानसभा से 12 लोग और एक अध्यापक मॉडल स्कूल कुपवी का भी शामिल है। जांच मे सरकार ने पाया की इनके पास LT का डिप्लोमा नकली है। इन सभी की सेवाएं बर्खास्त कर दी गई है। इस निर्णय पर हिमाचल प्रदेश शिक्षक महासंघ के प्रांत महामंत्री डॉ मामराज

पुंडीर ने सरकार और शिक्षा विभाग से मांग की है कि इस प्रकार की नियुक्तियों से अध्यापकों के मनोबल को तोड़ा गया है। 2006 से यह अध्यापक सरकारी विभाग में सेवाएं दे रहे हैं। डॉ पुंडीर ने कहा कि जिन विद्यालयों में इनकी नियुक्ति हुई है वहाँ का प्रशासन सन्देह के घेरे में आता है। हिमाचल प्रदेश शिक्षक महासंघ के प्रांत महामंत्री डॉ मामराज पुंडीर ने कहा कि नियुक्ति से आज तक विभाग कहाँ सोया था। उन्होंने मांग की है कि विभाग सभी शिक्षकों की डिग्रियों की जांच करे।

8- सरकारी स्कूलों में 213 वाणिज्य प्रवक्ताओं स्कूल न्यू को नियुक्तियां।

हिमाचल प्रदेश के सरकारी स्कूलों में 213 वाणिज्य प्रवक्ताओं स्कूल न्यू को नियुक्तियां दे दी गई हैं। लोकसेवा आयोग की ओर से परीक्षा परिणाम जारी होने के बाद गुरुवार को उच्च शिक्षा निदेशालय ने प्रवक्ताओं की नियुक्ति के आदेश जारी किए। अनुबंध आधार पर नियुक्त प्रवक्ताओं को 14500 रुपये का प्रतिमाह वेतन मिलेगा। शिक्षा निदेशालय ने सभी प्रवक्ताओं को 15 दिनों

के भीतर पद ग्रहण करने के आदेश दिए हैं। उधर, हिमाचल प्रदेश शिक्षक महासंघ ने प्रदेश के सरकारी विद्यालयों ने नवनियुक्त 213 वाणिज्य प्रवक्ता की नियुक्ति पर सभी प्रवक्ताओं को बधाई दी है। हिमाचल प्रदेश शिक्षक महासंघ के प्रांत महामंत्री डॉ मामराज पुंडीर ने हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर, शिक्षामंत्री गोविंद ठाकुर, शिक्षा निदेशक उच्चतर डॉ अमरजीत शर्मा का आभार व्यक्त किया। डॉ मामराज पुण्डीर ने सभी नियुक्त अध्यापकों को उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए राष्ट्र हित मे काम करने का आग्रह किया।

शाम सात बजे तक का कोविड मीडिया बुलेटिन-

सूचना एवं जन संपर्क विभाग हिमाचल प्रदेश बुलेटिन-