हिमाचल- सड़क हादसों में 1200 मौतें....... 27 फरवरी 2022- पांवटा साहिब से आज का खबरनामा ddnewsportal.com

हिमाचल- सड़क हादसों में 1200 मौतें.......  27 फरवरी 2022- पांवटा साहिब से आज का खबरनामा ddnewsportal.com
फोटो: साभार गूगल।

हिमाचल- सड़क हादसों में 1200 मौतें.......

27 फरवरी 2022- पांवटा साहिब से आज का खबरनामा 

संस्कृत देश की समृद्ध सांस्कृतिक धरोहर: सीएम
धरने-प्रदर्शन पर रोक तानाशाही: चौहान
संस्कृत भाषा को राजभवन की पहल
राष्ट्र निर्माण में महासंघ का सहयोग 
फिर सुनाई देगी हाटी की गूंज
सिरमौर- पुलिस अधिकारी-कर्मियों को पदक
बम-बम भोले
युवक-युवती के पास चरस

सिरमौर में आज 00 मामलें और....... कोविड/सूचना एवं जन संपर्क विभाग बुलेटिन।


(आज की तस्वीर)


स्थानीय (सिरमौर)

1- बीस साल बाद फिर सुनाई देगी हाटी की गूंज, पार्ट-2 का विमोचन। 

आज से करीब बीस वर्ष पूर्व जब हाटी की गूंज ऑडियो रिलीज हुई तो उसने हिमाचली लोक गायकी में एक क्रांति ला दी। उस समय प्रदेश के हर जिलों में हाटी की गूंज के गाने हर जुबान पर थे। इस क्रांति के जनक हाटी कला मंच कफोटा के निदेशक भाव सिंह कपूर को कहें तो कोई अतिश्योक्ति नहीं होगी। उनकी दूरगामी सोंच ने जहां सिरमौर सहित शिमला जिले के कलाकारों को एक नई राह दिखाई वहीं हिमाचल के लोक गीतों को भी नया आयाम दिया। उस समय टेप रिकॉर्डर होता था और कैसेट चलती थी। हाटी की गूंज ने कईं रिकार्डिंग करने वालों को कमाई का बड़ा जरिया दिया। उस दौर में भी हजारों रूपये मात्र रिकार्डिंग करने वालों ने कमाए। आज का दौर होता तो यू ट्यूब पर हाटी की गूंज देश विदेश में धमाल मचाती। उस ऑडियो की अपार सफलता के बाद अब 20 वर्ष बाद इसका दूसरा पार्ट हाटी की गूंज-2 बनाया गया है। जिसका हाटी कालामंच कफोटा द्वारा शिलाई मे आयोजित हुए हाटी महासम्मेलन मे भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप द्वारा विधिवत विमोचन किया गया। यह पार्ट भी भाव सिंह कपूर के निर्देशन में बनाया गया है। जिसमे

मुख्य गायक आत्मा राम शर्मा और मामराज मामू है। इस पार्ट में क्षेत्र की धरोहर हारूल को नये तरीके से गाकर पेश किया गया है। इसमे हारूल ठेन्डोऊ, सिंगठोऊ और बीणी की बीर गाथाओं का वर्णन किया गया है l शिलाई मे पत्रकार वार्ता के दौरान हाटी कालामंच कफोटा के अध्यक्ष भाव सिंह कपूर और इस हारुल को अपनी सुन्दर आवाज मे गाने वाले प्रसिद्ध कलाकार आत्मा राम शर्मा ने बताया कि हमारी प्राचीन संस्कृति जो आज विलुप्त हो रही है, उसको संजोये रखना आवश्यक है। इस हारुल मे उन हाटियों कि बीर गाथाओ का वर्णन किया गया है, जो अपने अस्तित्व को बचाने के लिये राजाओं और अन्य बाहरी युद्धाओ से युद्ध लड़े थे। इन हारुल को मामराज मामू, आत्माराम शर्मा, भावसिंह कपूर और उनकी टीम ने गाया है  उम्मीद जताई जा रही है कि पहले पार्ट की तरह दूसरा पार्ट भी बाजार में खूब धूम मचायेगा। भाव सिंह कपूर ने कहा कि विशेषकर गिरिपार क्षेत्र के लोगों और युवाओं को यह हारूलें अवश्य सुननी चाहिए। 

2- शिलाई- यहाँ के विद्यार्थी गांव मे जाकर देंगे स्वच्छता का संदेश।

शिलाई विधानसभा क्षेत्र के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला टिंबी में NSS का सात दिवसीय शिविर का आगाज हो गया है। रविवार से शुरू हुआ यह शिविर 5 मार्च 2022 तक चलेगा। शिविर का शुभारंभ पाठशाला प्रबंध समिति के अध्यक्ष खजान चौहान ने दीप प्रज्वलित करके किया। इस अवसर पर SMC व अन्य गणमान्य लोगों में पूर्व प्रधान रण सिंह चौहान, रविंद्र राणा, कैलाश चौहान, लाला रतन सिंह चौहान व अन्य SMC के सदस्यगण उपस्थित रहे। कार्यक्रम के प्रारंभ में छात्राओं के द्वारा मां सरस्वती की वंदना एवं आए हुए अतिथियों के स्वागत में स्वागत गीत प्रस्तुत किया। कार्यक्रम अधिकारी एवं प्रवक्ता रमेश चौहान ने जानकारी देते हुए बताया कि यह कार्यक्रम 7 दिन तक चलेगा, जिसके तहत सभी बच्चे पाठशाला में ही रुकेंगे।

कैंप के दौरान विभिन्न विभागों से स्रोत व्यक्ति के रूप में अधिकारियों को बुलाया जाएगा, जो छात्रों को बौद्धिक सत्र में महत्वपूर्ण जानकारी देंगे जिसका लाभ सभी बच्चों को मिलेगा। इसके अतिरिक्त परियोजना कार्य में पाठशाला परिसर, बाजार, प्राकृतिक जल स्रोत की साफ सफाई एवं साथ लगते टिंबी गांव में स्वच्छता का संदेश लोगों को NSS के स्वयंसेवियों द्वारा दिया जाएगा। इस शिविर में 25 NSS वाॅलिंटियर्स भाग ले रहे हैं, जिसमें 7 लड़के एवं 18 लड़कियां शामिल है। शुभारम्भ के मौके पर पाठशाला के पूर्व एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी एवं प्रवक्ता इतिहास इंद्र राणा भी उपस्थित रहे।

3- भाजपा सरकार में आम जनता परेशान: किरनेश जंग

पांवटा साहिब के पूर्व विधायक चौधरी किरनेश जंग ने कहा कि भाजपा की सरकार में आम जनता परेशान है। महंगाई ने लोगों की कमर तोड़ कर रख दी है। वह रविवार को ब्लॉक कांग्रेस पांवटा साहिब द्वारा सदस्यता अभियान और जन संपर्क के दौरान बोल रहे थे। रविवार को मंडल अध्यक्ष अश्वनी शर्मा की अध्यक्षता में पांवटा साहिब के राजपुर, दिघाली, अंबोया, डांडा कांग्रेस का सदस्यता अभियान चला। इस मौके पर  विशेष रूप से पूर्व विधायक चौधरी किरनेश जंग भी उपस्थित  रहे। उन्होंने बीजेपी सरकार की नाकामियों और

कांग्रेस पार्टी की जन हित कार्यों को लोगों तक पहुंचाया। उन्होंने कहा कि कि डबल इंजन की सरकार से जनता तंग हो चुकी है और विधानसभा चुनाव में भाजपा को आईना दिखाएगी। इस दौरान उनके साथ आँज भोज जोन अध्यक्ष  हिरदा राम, भंगानी जोन अध्यक्ष प्रदीप चौहान, संत राम, अंबोया प्रधान सुनीता शर्मा, जग्गी लाला, सूरत सिंह, नीटू, रमेश, माम चंद, लीला देवी, जय प्रकाश, निशिकांत, बालकिशन, सुनील, रामसेवक, निर्मल, राम स्वरूप, सुरेंद्र, सुभाष, अनिल, गुलजारी लाल, सितेश मेहता, जय किशन, प्रोमिला देवी, यश लाला, श्याम सिंह आदि लोग मौजूद रहे।

4- सालवाला में अब बनेगी बढ़िया सड़क, मजदूर नेता बोले; काम पर रहेगी नजर।

गत दिनों पांवटा साहिब विधानसभा क्षेत्र के गिरिपार के सालवाला में सड़क बनाने की गुणवत्ता पर मजदूर नेता प्रदीप चौहान ने सवाल उठाये थे। उन्होंने एक वीडियो जारी कर कहा था कि डबल इंजन की सरकार के पास सडकों के गड्ढे भरने तक के लिए तारकोल नही है जिस कारण गड्ढे मिट्टी से भरे जा रहे है। मीडिया ने भी इस मामले को प्रमुखता से उठाया था जिसके बाद विभाग हरकत में आया है और पूरी सड़क को गुणवत्ता के साथ बनाने मे जुट गया है। अब प्रदीप चौहान ने एक और वीडियो जारी किया है जिसमें उन्होंने कहा है कि विभाग अब अच्छे ढंग से सड़क बनाने मे जुट गया है। साथ ही उन्होंने यह भी कहा है कि उनकी सड़क निर्माण के दौरान गुणवत्ता पर पूरी नजर बनी रहेगी। और यदि इसमे कोई खामी हुई तो वह इसकी शिकायत

उच्च अधिकारियों से करेंगें। गोर हो कि कुछ दिन पहले मजदूर नेता प्रदीप चौहान ने एक वीडियो जारी किया था। जिसमे कहा गया था कि वह अपनी ग्राम पंचायत सालवाला के अंतर्गत आने वाली सड़को को लेकर गंभीर है। प्रदीप चौहान ने कहा था कि भाजपा के मौजूदा विधायक एवं प्रदेश सरकार में ऊर्जा मंत्री के विधानसभा क्षेत्र में सड़कों की हालत दयनीय है जिसमे सालवाला ग्राम की सड़कों के टेंडर होने के बावजूद मिट्टी से सड़कों के गड्ढो को भर कर खानापूर्ति की जा रही है। प्रदीप चौहान ने भाजपा की प्रदेश सरकार एवं पांवटा साहिब विधायक व ऊर्जा मंत्री से विनम्र निवेदन भी किया था कि सड़कों के निर्माण कार्य को तय मापदंड के अनुरूप किया जाए सिर्फ मिट्टी से खड्डों को भर कर ग्रामीणों को शर्मिंदगी का एहसास न करवाया जाए। अब सड़क का कार्य शुरू हो गया है। 

5- पूर्व सैनिक संगठन ने किया कार्यकारिणी का विस्तार। 

पांवटा साहिब मे पूर्व सैनिक संगठन की एक बैठक कैप्टन जगत सिंह की अध्यक्षता में सैनिक रेस्ट हाउस में सम्पन्न हुई। बैठक में सर्व समिति से कार्यकारिणी का विस्तार किया गया। बैठक में क्षेत्र के पूर्व सैनिकों ने हिस्सा लिया और संगठन के द्वारा किए गए कार्यों की बैठक में विस्तार से जानकारी दी। पूर्व सैनिक संगठन के अध्यक्ष कैप्टन जगत सिंह की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में सर्व समिति से कार्यकारिणी का विस्तार किया गया। और सर्वसम्मति से संगठन में कमलेंद्र सिंह वायु सेना से सेवानिवृत्त व दूसरी बार लोक निर्माण विभाग से विभागीय अधिकारी सेवानिवृत्त को संगठन में सचिव

का कार्यभार सौंपा गया। जबकि सेवानिवृत्त सूबेदार जय सिंह को वरिष्ठ उपाध्यक्ष, सूबेदार (रिटायर्ड) राकेश कुमार, अशोक कुमार, गुरनाम सिंह, गुरजीत सिंह, हाकम सिंह को उपाध्यक्ष तथा मोहन कांत को मीडिया प्रभारी, जितेंद्र को कोषाध्यक्ष, हरपाल सिंह को सह सचिव, संगठन के प्रचारक के रूप में नायब सूबेदार निरंजन सिंह, तहराज खान, चन्नी गिल व सुरजीत सिंह व सुरेश कुमार प्रधान ग्राम पंचायत कोटडी ब्यास अध्यक्ष के मुख्य सलाहकार होंगे। सभी सदस्य अपने कर्तव्य का निर्वाह सैनिक कल्याण के लिए करेंगे और समाज में अग्रिम भूमिका निभाएंगे।

6- महाशिवरात्रि पर्व के उपलक्ष निकाली भगवान शिव की बारात।

जिला सिरमौर के मुख्यालय नाहन में महाशिवरात्रि पर्व के उपलक्ष पर भगवान शिव की बारात निकाली गई। इस बारात में देवी-देवताओं और भूत-पिशाचों की वेशभूषा में भक्तों ने भाग लिया। बैंड-बाजे सहित धूमधाम से आयोजित भगवान शंकर की इस बारात में बच्चे भूत-पिशाचों की पोशाकों में जमकर थिरकते नजर आए। देवी-देवताओं की पोशाकों में युवा भी बारात का हिस्सा बने। यह धार्मिक आयोजन देख मानों पूरा स्वर्ग लोक धरती पर उतर आया हो। नवयुवा शिव मंडल रानीताल द्वारा हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी

आयोजित इस शोभा यात्रा का शुभारंभ नाहन के विधायक डॉ राजीव बिंदल ने किया। भगवान शिव की बारात को लेकर निकाली इस शोभायात्रा को आकर्षक बनाने के लिए विभिन्न झाकियां निकाली गई। इस मौके पर विधायक डॉ राजीव बिंदल ने देश, प्रदेश, जिला सहित नाहन वासियों को महाशिवरात्रि की शुभकामनाएं देते हुए नवयुवक मंडल द्वारा नाहन में निकाली गई शोभायात्रा की खूब सराहना की। नाहन के रानीताल शिव मंदिर से निकली महादेव की बारात शहर के विभिन्न हिस्सों से होते हुए वापिस देर शाम शिव मंदिर रानीताल में ही संपन्न हुई।

7- सिरमौर के इन पुलिस अधिकारी-कर्मियों को पदक।

जिला सिरमौर के छह पुलिस अधिकारी-कर्मियों को उत्कृष्ट सेवा पदक एवं अति उत्कृष्ट सेवा पदक मिलेगा। हिमाचल प्रदेश पुलिस महानिदेशक ने प्रदेश में बेहतरीन कार्य करने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए उत्कृष्ट सेवा पदक एवं अति उत्कृष्ट सेवा पदक की सूची जारी कर दी है। वर्ष 2020 के 96 पुलिस कर्मियों को उत्कृष्ट सेवा पदक तथा 77 कर्मचारियों को अति उत्कृष्ट सेवा पदक से जल्द नवाजा जाएगा। इस सूची मे जिला सिरमौर के विभिन्न पुलिस थानों में कार्यरत छह पुलिस कर्मचारियों व अधिकारियों का चयन किया गया है। तीन कर्मचारियों को उत्कृष्ट सेवा पदक तथा तीन अन्य

को अति उत्कृष्ट सेवा पदक के लिए चयनित किया गया है। उत्कृष्ट सेवा पदक के लिए पांवटा साहिब उपमंडल के पुलिस थाना पुरुवाला प्रभारी इंस्पेक्टर विजय कुमार, सीआइडी नाहन से हेड कांस्टेबल नरेंद्र कुमार तथा पुलिस चौकी कच्चा टैंक नाहन से कांस्टेबल अयूब खान का चयन किया गया है। अति उत्कृष्ट सेवा पदक के लिए जिला सिरमौर के दुर्गम क्षेत्रों में गिने जाने वाले शिलाई पुलिस थाना के प्रभारी सब इंस्पेक्टर मस्तराम ठाकुर, नाहन ट्रैफिक इंचार्ज एएसआई रामलाल तथा पांवटा साहिब पुलिस थाने में अतिरिक्त थाना प्रभारी जीतराम का चयन किया गया है।

(हिमाचल)

1- मुख्यमंत्री ने संस्कृत भारती के क्षेत्रीय सम्मेलन को वर्चुअली किया सम्बोधित।

हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने आज शिमला से संस्कृत भारती के क्षेत्रीय सम्मेलन को वर्चुअल माध्यम से संबोधित करते हुए कहा कि संस्कृत हमारे देश की समृद्ध सांस्कृतिक धरोहर का आधार है और संस्कृत भाषा को बढ़ावा देने तथा प्रचारित करने के लिए कदम उठाए जाने चाहिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि संस्कृत प्राचीन भाषा है और विश्व की प्रमुख भाषाओं में से एक है। उन्होंने कहा कि भारत द्वारा दुनिया को दिया गया यह सबसे बड़ा उपहार है। संस्कृत को अब विश्व में सबसे प्राचीन साहित्य वाली भाषा के रूप में जाना जाता है। उन्होंने कहा कि संस्कृत साहित्य का महासागर है और देव भाषा संस्कृत वेदों, शास्त्रों, काव्यों और अनेक ऐसे ज्ञानरूपी मोतियों का स्रोत है। जय राम ठाकुर ने कहा कि संस्कृत भाषाई, वर्ग, जाति, संप्रदाय और क्षेत्रीय विभाजन जैसे सामाजिक भेदों को दूर करने का सर्वाेत्तम साधन है। उन्होंने कहा कि देश के हर क्षेत्र के लोग आसानी से संस्कृत से जुड़ सकते हैं और यह देश को एकजुट करने का सर्वोत्तम साधन है। उन्होंने कहा कि दिव्य मातृभाषा संस्कृत विश्व की अनेक भाषाओं का स्रोत है न कि किसी भाषा की व्युत्पत्ति। मुख्यमंत्री ने कहा कि संस्कृत हमारी सांस्कृतिक परंपराओं का प्रमुख आधार है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज अपने मन की बात कार्यक्रम में संस्कृत के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि विश्व की अनेक भाषाएं संस्कृत से विकसित हुई हैं। उन्होंने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि प्रतिस्पर्धा के इस दौर में  हमने अपनी जड़ों से दूरी बना ली है। उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी ने दुनिया को अपनी जड़ों के महत्व का अनुभव करवाया तथा इस संकट के दौरान लाखों लोग अपने गांवों लौट आए। जय

राम ठाकुर ने कहा कि हिमाचल प्रदेश को देवभूमि के रूप में जाना जाता है और इस प्रकार देव वाणी संस्कृत प्रदेश के लिए कहीं अधिक महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि इस भाषा को इसका उचित स्थान प्रदान करने के लिए 2019 में राज्य सरकार ने संस्कृत भाषा को राज्य की दूसरी आधिकारिक भाषा बनाया गया है। उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी को यह भाषा सीखनी चाहिए ताकि वह समृद्ध संस्कृति और परम्परा पर गर्व महसूस कर सकें। उन्होंने कहा कि संस्कृत भाषा को व्यापक स्तर पर बढ़ावा देने के लिए दीर्घकालिक रणनीति तैयार करने की आवश्यकता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार शास्त्री अध्यापकों की उचित मांगों पर राज्य सरकार सहानुभूतिपूर्वक विचार करेगी। उन्होंने दैनिक वार्तालाप में सरल संस्कृत के उपयोग को प्रोत्साहित करके के लिए संस्कृत भारती के प्रयासों की भी सराहना की।

2- हिमाचल: तेजरफ्तारी-लापरवाही से हर साल जा रही 1200 लोगों की जान: बिक्रम सिंह

हिमाचल प्रदेश के परिवहन मंत्री बिक्रम सिंह ठाकुर ने कहा कि प्रदेश में वाहनों की तेजरफ्तारी, लापरवाही, गलत ओवरटेक और नशे में ड्राइविंग से 95 फीसदी सड़क हादसे हो रहे हैं। हर साल प्रदेश में औसतन 3000 सड़क हादसे हो रहे हैं। इनमें करीब 1200 लोगों की जान जा रही है और 5000 लोग अस्पताल पहुंच रहे हैं। रविवार को हिमाचल प्रदेश लोक प्रशासन संस्थान मशोबरा में परिवहन विभाग के सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान

में लोक समूहों की भूमिका पर एक दिवसीय कार्यशाला में मंत्री ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रदेश में लगभग 19 लाख वाहन पंजीकृत हैं। इनमें करीब 10 लाख दो पहिया वाहन हैं। सड़क दुर्घटनाओं का शिकार सबसे अधिक कार, जीप और दो पहिया वाहन हो रहे हैं। यातायात नियमों का सख्ती से पालन किया जाए तो सड़क दुर्घटनाओं को काफी हद तक रोका जा सकता है। 2019 में परिवहन निदेशालय शिमला में माननीय उच्चतम न्यायालय की ओर से सड़क सुरक्षा पर गठित समिति के दिशा-निर्देशों के अनुसार सड़क सुरक्षा प्रकोष्ठ का गठन किया गया है। इसके अंतर्गत सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए विभिन्न कार्य किए जा रहे हैं।

3- कर्मचारियों के धरने-प्रदर्शन पर रोक लगाना तानाशाही रवैया: चौहान

प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता नरेश चौहान ने कहा है कि कर्मचारियों के हितैषी होने का दावा करने वाली भाजपा सरकार आज कर्मचारियों को ही धमकाने लगी है। कर्मचारियों के धरने-प्रदर्शन पर रोक लगाने के लिए तानाशाही रवैया अपनाते हुए लिखित आदेश जारी किए गए हैं, जो सही नहीं है। शिमला में मीडिया से अनौपचारिक बातचीत में कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि छठे वेतन आयोग की सिफारिशें लागू करने के बाद जो वेतन विसंगतियां उभर कर सामने आई हैं, उनका समाधान करना सरकार की जिम्मेदारी है। इसी तरह

अन्य कर्मचारी संगठन, जो अपने हितों के लिए सड़क पर उतर रहे हैं, उनकी मांगों को भी सुना जाना चाहिए और वार्ता के माध्यम से मुख्यमंत्री को उनका हल निकालना चाहिए। नरेश चौहान ने कहा कि प्रदेश के अढ़ाई लाख से अधिक कर्मचारी अपनी सेवाओं के माध्यम से प्रदेश के विकास में अहम योगदान दे रहे हैं। ऐसे में उनकी अनदेखी सरकार पर भारी पड़ेगी। उन्होंने कहा कि कर्मचारी अपनी जायज मांगों को लेकर संर्घषरत हैं, जबकि सरकार उनसे वार्ता तक करने को तैयार नहीं है। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों पर गुस्सा करने की बजाय यदि उनकी बात को सुना जाएगा, तो प्रदेश विकास की राह पर आगे बढ़ पाएगा।

4- संस्कृत को लोकभाषा बनाने की आवश्यकताः राज्यपाल

हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल विश्वनाथ आर्लेकर ने कांगड़ा जिला के ज्वालामुखी में हिमाचल प्रदेश संस्कृत भारती के दो दिवसीय प्रांत सम्मेलन की अध्यक्षता करते हुए कहा कि हमें संस्कृत पर विश्वास है लेकिन संस्कृत भाषा के प्रसार के लिए ईमानदार प्रयास करने की आवश्यकता है जिसके लिए संस्कृत भारती प्रयासरत है। राज्यपाल ने कहा कि हिमाचल में संस्कृत को दूसरी आधिकारिक भाषा का दर्जा दिया गया है। संस्कृत भाषा के प्रसार में और अधिक बेहतर प्रयास किए जा सकते हैं। संस्कृत भाषा के क्रियान्वयन और रोजमर्रा के कार्यों में भाषा के अभ्यास के लिए देवभूमि हिमाचल प्रदेश को और अधिक दृढ़ इच्छाशक्ति से कार्य करने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि राजभवन इस दिशा में कार्य करने की पहल करेगा और राजभवन में

एक विशेष प्रकोष्ठ स्थापित किया जाएगा जो संस्कृत भाषा के प्रसार और अभ्यास के लिए सुझाव देगा। संस्कृत भाषा में कार्य करने पर विशेष बल दिया जाएगा जिससे भाषा को बढ़ावा मिलेगा। इस अवसर पर राज्यपाल ने अपनी ऐच्छिक निधि से संस्कृत भाषा को बढ़ावा देने के लिए संस्कृत भारती को पांच लाख रुपये देने की घोषणा की। राज्यपाल ने कहा कि संस्कृत एक दिव्य भाषा है जिसे अब लोकभाषा में बदलने की आवश्यकता है। अगर हम यह करने में सफल होते हैं तो यह एक सुनहरा अवसर होगा। उन्होंने कहा कि इस तरह के कार्यक्रम संस्कृत में हमारी आस्था को बढ़ावा देने में सहायक सिद्ध हो रहे हैं। उन्होंने इस सम्मेलन को आयोजित करने के लिए संस्कृत भारती के सभी कार्यकर्ताओं के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस सम्मेलन के माध्यम से संस्कृत भाषा के क्रियान्वयन में आने वाली सभी चुनौतियों पर विचार-विमर्श किया गया। उन्होंने आशा व्यक्त की कि दो दिवसीय इस सम्मेलन में निकले बहुमूल्य विचारोें का मूल्यांकन किया जाएगा। संस्कृृत भारती के अखिल भारतीय सहसंगठन मंत्री जय प्रकाश गौतम ने कहा कि संस्कृत शिक्षकों (शास्त्री) को टी.जी.टी दर्जा दिया जाना चाहिए। इसके अलावा संस्कृत महाविद्यालयों का सुदृढ़ीकरण किया जाना चाहिए। संस्कृत भारती, हिमाचल प्रदेश के प्रांत अध्यक्ष प्रो. लक्ष्मी निवास पांडे ने इस अवसर पर संगठन की गतिविधियों तथा संगोष्ठी के विभिन्न सत्रों के बारे में जानकारी दी। समन्वयक अरुण शर्मा ने ध्यायमंत्र को पढ़ा। इस अवसर पर संस्कृत भारती के छात्रों ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया। संस्कृत भारती के प्रांत मंत्री संजीव पाठक ने राज्यपाल का स्वागत किया। इससे पहले राज्यपाल ने माता ज्वालामुखी मंदिर में शीश नवाया। इसके उपरांत, राज्यपाल ने जिला मुख्यालय धर्मशाला के समीप सरहान में राज्य रेडक्रॉस सोसायटी के माध्यम से स्वच्छता कार्यकर्ताओं और स्कूली बच्चों को स्वच्छता किट भी वितरित की। इस दौरान उपायुक्त कांगड़ा डॉ. निपुण जिंदल, पुलिस अधीक्षक डॉ. खुशाल शर्मा सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।

5- राष्ट्र निर्माण में सहयोग करेंगे संगठन के कार्यकर्ता: डाॅ पुंडीर

अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ की दो दिवसीय अखिल भारतीय कार्यकारिणी बैठक गुजरात के बड़ोदरा में सम्पन्न हुई, जिसमे देश के सभी राज्यों के राष्ट्रीय पदाधिकारियों ने भाग लिया। अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ हिमाचल के प्रान्त महामंत्री डॉ मामराज पुंडीर ने जानकारी देते हुए कहा कि प्रदेश से इस बैठक में पांच पदाधिकारियों ने भाग लिया,

जिसमे उनके साथ साथ राष्ट्रीय सचिव पवन मिश्रा, प्रान्त अध्यक्ष पवन कुमार, प्रान्त संगठन मंत्री विनोद सूद, प्रान्त सह संगठन मंत्री भीष्म शामिल रहे।
इस बैठक में अखिल भारतीय शैक्षिक महासंघ की भविष्य योजना के साथ साथ आजादी के 75 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष पर देश के एक लाख 90 हजार विद्यालयों में संगठन के कार्यकर्ता एक अगस्त को जाकर देश की आजादी दिलाने में सब कुछ न्यौछावर करने वाले देश भक्तो के बारे में बच्चों को जानकारी देंगे। संगठन के सभी कार्यकर्ता पहले की तरह राष्ट्र निर्माण में अपना सहयोग जारी रखेंगे। 

6- युवक-युवती से बरामद हुई चरस की बड़ी खेप।

हिमाचल प्रदेश में नशे की खेप के साथ युवती की संलिप्तता का मामला फिर सामने आया है। बिलासपुर जिला में राष्ट्रीय मार्ग चंडीगढ़ मनाली 205 पर एक अल्टो कार से पुलिस ने 2 किलो 416 ग्राम चरस बरामद की गई है। थाना सदर की टीम ने नौणी चौक के पास नाकाबंदी की थी। उसी दौरान एक अल्टो कार कुल्लू की तरफ से आई अल्टो कार नंबर एचपी- 34 सी 8332 जब पुलिस ने कार को रुकने का इशारा किया तो चालक पुलिस को देख कर घबरा गया। जब कार की तलाशी ली गई तो पिछली सीट के नीचे चरस रखी हुई थी। जिसकी मात्रा 2 किलो 416 ग्राम बरामद हुई है। जिसमें एक युवती और एक युवक को हिरासत में लिया गया है। जानकारी के मुताबिक यह दोनों कुल्लू के रहने वाले हैं। दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया गया है व उनसे पूछताछ जारी है। डीएसपी राज कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि थाना सदर की टीम ने नौणी चौक के पास नाकाबंदी की गई थी जिसमें एक ऑल्टो कार से 2 किलो 416 ग्राम चरस बरामद की गई है दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया है और आगामी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

शाम सात बजे तक का कोविड मीडिया बुलेटिन-

सूचना एवं जन संपर्क विभाग हिमाचल प्रदेश बुलेटिन-