उपचुनाव का टिकट....... 28 सितम्बर 2021- पांवटा साहिब से आज का खबर नामा ddnewsportal.com

उपचुनाव का टिकट.......  28 सितम्बर 2021- पांवटा साहिब से आज का खबर नामा ddnewsportal.com

उपचुनाव का टिकट.......

28 सितम्बर 2021- पांवटा साहिब से आज का खबर नामा

उपचुनाव की घोषणा, भाजपा तैयार, कांग्रेस के प्रदर्शन, सोनिया-राहुल लौटे, बीएससी नर्सिंग परीक्षा, बाल आश्रम मे सेंध, पूरे साल दें काम, दिल का हाल, सिद्धू की गुगली और....... कोविड/सूचना एवं जन संपर्क विभाग बुलेटिन। 


(आज की तस्वीर)

स्थानीय (सिरमौर)

1-पांवटा मे होगा अप्रेंटिसशिप मेले का आयोजन।

पांवटा साहिब के गोंदपूर स्थित चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री में आईटीआई पांवटा साहिब और रीजनल डायरेक्टरेट ऑफ स्किल डवलपमेंट एंड एंटरप्रेन्योरशिप शिमला के सोजन्य से अप्रेंटिसशिप मेले का आयोजन किया जा रहा है। यह मेला आगामी 4 अक्तूबर को आयोजित किया जाएगा। राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान पांवटा साहिब के प्रधानाचार्य सुशील कुमार गर्ग ने जानकारी देते हुए बताया कि इस मेले मे पांवटा साहिब की सभी

इंडस्ट्री आमंत्रित की गई है। मेले मे विभिन्न इंडस्ट्री के साथ इच्छुक अभ्यर्थियों को पंजीकृत किया जाएगा। जो इच्छुक अभ्यर्थी एक अप्रेंटिस के तौर पर किसी कंपनी मे काम करना चाहता है, उसे इस मेले मे सहयोग किया जाएगा। प्रधानाचार्य ने बताया कि जो अभ्यर्थी अप्रेंटिसशिप करते हैं उन्हे नेशनल अप्रेंटिसशिप सर्टिफिकेट प्राप्त होता है। जिसकी वैद्यता देशभर मे रहती है। कोई भी आईटीआई पास अभ्यर्थी अप्रेंटिसशिप कर सकता है और जो आईटीआई करने मे असमर्थ है वो भी अप्रेंटिसशिप कर सकता है। इस मेले को सफल बनाने के लिए पांवटा साहिब क्षेत्र की ग्राम पंचायतों के प्रधान, एनजीओ, स्कूल प्रधानाचार्य और मुख्य अध्यापकों को आमंत्रित किया गया है। 

2- होमगार्ड जवानों को पूरे वर्ष दी जाए ड्यूटी: एसोसिएशन

हिमाचल प्रदेश होमगार्ड एसोसिएशन की एक अहम् बैठक का आयोजन मंडी में मां भीमा काली मंदिर में किया गया। इस बैठक का आयोजन पूर्व अध्यक्ष दुर्गा सिंह द्वारा रखा गया था, लेकिन किसी कारणवश वह बैठक में शामिल नहीं हो पाए। बैठक में होमगार्ड जवानों व पदाधिकारियों ने बढ़कर बढ़ चढ़कर भाग लिया। इसमे हिमाचल होमगार्ड की सभी वाहनियो के सभी एसोसिएशन के अध्यक्षों ने भाग लिया। बैठक प्रदेश अध्यक्ष जोगेंद्र सिंह चोड़िया की अध्यक्षता में हुई। जिसमें चर्चा के बाद मांग उठी कि होमगार्ड जवानों को 12 माह ड्यूटी और जवानों के लिए ठोस नीति के लिए सरकार के समक्ष बहुत जल्द मुद्दा रखा जाएगा। श्री चोड़िया ने कहा कि 58 सालों से

होमगार्ड का शोषण हो रहा है जिससे होमगार्ड जवान लगातार पिछड़ता जा रहा है जो कि बेहद चिंता का विषय है। इस समस्या को खत्म करने के लिए सरकार से शीघ्र अति शीघ्र मिला जाएगा। बैठक में तीन और लोगों को कार्यकारिणी में लेने का भी निर्णय लिया गया। जिसमें मुख्य रुप से संगठन सचिव रवि ठाकुर चंबा से बार-बार बैठक में शामिल ना होने पर संगठन सचिव पद से बाहर किया गया तथा पुनेह मंडी से हवलदार, देश राज को संगठन सचिव बनाया गया। विजय शर्मा मंडी से उपप्रधान व कांगड़ा वाहिनी से राजेश को कार्यकारिणी सदस्य नियुक्त किया गया। बैठक में आगामी 3 अक्तूबर को शिमला में होने वाली बैठक को भी खारिज किया गया। साथ ही पाया गया कि कुछ लोग कार्यकारिणी के नाम से लेटर पैड का निजी स्वार्थ के लिए गलत इस्तेमाल कर रहे हैं। दुबारा ऐसा होता है तो प्रभावी रूप से कानूनी कार्यवाही भी की जाएगी। जिला सिरमौर से एसोसिएशन के जिला अध्यक्ष रमेश ठाकुर व कार्यकारिणी सदस्य दीपचंद शर्मा ने भी इस बैठक में भाग लिया तथा सिरमोर वाहिनी के गृह रक्षकों व महिला गृह रक्षकों की ड्यूटी समस्याएं कार्यकारिणी के समक्ष रखी। गोर हो कि सिरमौर में गृह रक्षकों की सबसे कम ड्यूटी रहती है। जिसके लिए सरकार से कई मर्तबा मुद्दा उठाया गया है लेकिन आज दिन तक सिरमौर होमगार्ड जवानों की ड्यूटी संमबन्धित समस्या को खत्म नहीं किया गया, जबकि बजट सत्र के लिए 125 होमगार्ड जवानों की एसपी सिरमौर द्वारा अलग-अलग थानों और चौकियों में सेवा के लिए डीजीपी हिमाचल प्रदेश व सरकार को लिखा गया है।

3- स्वतंत्रता सेनानी की पत्नी रामदेवी का निधन।

स्वतंत्रता सेनानी स्वर्गीय भाग सिंह नेगी की पत्नी रामदेवी का निधन हो गया। उन्होंने आज सुबह 9 बजे सरकारी हॉस्पिटल मे आखरी सांस ली। रामदेवी बहुत ही जिंदादिल वीर नारी थी। उन्हें हाल ही में 15 अगस्त को भी एसडीएम पांवटा से सम्मान पाया था। वीर नारी रामदेवी की अंतिम यात्रा में शामिल भूतपूर्व संगठन पांवटा-शिलाई से वरिष्ठ सदस्य करनेल सिंह, अध्यक्ष विरेन्द्र सिंह चौहान, सचिव नरेन्द्र सिंह ठुंडू, सोशल मीडिया प्रभारी स्वर्ण जीत

सिंह व संगठन के अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे। उपस्थित सभी लोगों ने इसे पूरे क्षेत्र व राज्य के लिए अभूतपूर्व क्षति बताया। लोगों ने बताया कि हमने एक वरिष्ठ तथा प्रेरणा स्रोत वीर नारी को खो दिया है। उनके तथा उनके परिवार के बलिदान को देश हमेशा याद रखेगा। राम देवी के पति भाग सिंह नेगी भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन के स्वतंत्रता सेनानी रहे है। उन जैसे कई वीर सपूतों की बदौलत वर्तमान पीढ़ी स्वतंत्र भारत में अमन चैन से जी रही। राम देवी पति भाग सिंह पहले ही स्वर्गवास हो चुका है। रामदेवी की दो बेटियां है  अशवनी व विरनिता तथा उनका दोतरा विकास है। वह किन्नौर से थे लेकिन पिछले 15-16 वर्ष से यहां के रामपुरघाट मे रहते थे। वीर नारी रामदेवी का अंतिम संस्कार पुराने रामपुर घाट में यमुनाजी के तट पर हुआ। 

4- रोटरी सखी विश्व हृदय दिवस पर लगायेगी निशुल्क जांच शिविर।

रोटरी पांवटा सखी कल विश्व हृदय दिवस के मौके पर भांटावाली मे एक स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन करने जा रहा है, जिसमे लोगों की निशुल्क जांच की जाएगी। इस बारे मे जानकारी देने के लिए रोटरी पांवटा सखी ने

पत्रकारवार्ता की और कार्यक्रम की जानकारी दी। साथ ही अध्यक्षा डाॅक्टर नीना सबलोक ने डायबीटीज के बारे मे भी बताया और लोगों को सतर्क रहकर समय पर अपनी जांच करवाने का आह्वान किया। इसके अतिरिक्त सखी ने क्लब के लक्ष्य के बारे मे भी जानकारी दी। इस मौके पर रोटरी असिस्टेंट गवर्नर हिमांशु भाटिया, रोटरी सखी सचिव सोनिया भाटिया, कोषाध्यक्ष डाॅ हरलीन कौर, डाॅ परवेश सबलोक और राकेश रेहल आदि भी मौजूद रहे। 

5- अल्पसंख्यक समुदाय को सरकार की सभी योजनाओं का मिले लाभ: सोनाक्षी तोमर

सिरमौर में सभी अल्पसंख्यक समुदायों को सरकार की ओर से दी जाने वाली सभी योजनाओं का लाभ मिले और सरकार की सभी योजनाओं के बारे में जानकारी उपलब्ध करवाना विभाग सुनिश्चित करें। यह निर्देश अतिरिक्त उपायुक्त सिरमौर सोनाक्षी सिंह तोमर ने आज उपायुक्त कार्यालय में अल्पसंख्यक वर्ग के कल्याणार्थ प्रधानमंत्री 15 सूत्रीय कार्यक्रम के जिला स्तरीय बैठक की अध्यक्षता करते हुए दी। उन्होंने बताया कि जिला सिरमौर में

53025 अल्पसंख्यक वर्ग के लोग रहते हैं जिनमें 3215 मुस्लिम, 15561 सिक्ख, 577 ईसाई, 236 जैन, 2645 बौद्ध व 851 अन्य अल्पसंख्यक वर्ग के लोग हैं जिनके लिए केंद्र व हिमाचल सरकार द्वारा विभिन्न प्रकार की कल्याणकारी योजनाएं चलाई जा रही हैं। उन्होंने सभी विभागों को निर्देश देते हुए कहा कि सभी अल्पसंख्यक समुदायों को दी जाने वाली सुविधाओं को समय पर प्रदान किया जाए ताकि इस वर्ग के निर्धन परिवारों को इसका लाभ मिल सके। अतिरिक्त उपायुक्त ने जिला स्तरीय सतर्कता एवं प्रबोधन समिति की बैठक की अध्यक्षता करते हुए बताया कि जिला सिरमौर में अनुसूचित जाति व जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम 1989 के अंतर्गत जिला में पिछले 3 वर्षो में  63 मामले सामने आए हैं जिसके अंतर्गत पीड़ितों को 1 करोड़ 93 लाख 750 रुपए राहत राशि के रूप में जारी किए गए है। उन्होंने पुलिस विभाग को जिला में अनुसूचित जाति व जनजाति अत्याचार निवारण से संबंधित मामलों को सख्ती से निपटने के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त उन्होंने स्थानीय समिति बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिला स्तरीय कमेटी के अनुमोदन के बाद विशेष रूप से दिव्यांग 9 लोगों को राष्ट्रीय न्याय अधिनियम 1999 के अंतर्गत कानूनी संरक्षण देने के लिए प्रस्तावित संरक्षक को नियुक्ति देने की अनुमति दी। जिसमें पांवटा की रूपा देवी पुत्री मोहन सिंह, कैफे पुत्र दुलाराम, रोहित कुमार पुत्र संतराम, राजगढ़ के सूरज कुमार पुत्र गोविंद सिंह, सुरजीत पुत्र मदनलाल, पवन कुमार पुत्र रोशन लाल, नरेंद्र नाथ पुत्र सुरेंद्र नाथ व नाहन के हीरा सिंह पुत्र मंगतराम, अंशुल सैनी पुत्री संजय कुमार को संरक्षक को कानूनी तौर पर संरक्षण लेने की अनुमति दी। सोनाक्षी सिंह तोमर ने जिला स्तरीय दिव्यांगता समिति की अध्यक्षता करते हुए आज दिव्यांग व्यक्तियों के लिए जिला के समस्त अस्पतालों में अलग पंक्ति का प्रावधान करने के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त मेडिकल कॉलेज नाहन में दिव्यांगों को चिकित्सा प्रमाण पत्र बनाने में आ रही व्यवहारिक समस्याओं को शीघ्र दूर करने के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए। इससे पहले जिला कल्याण अधिकारी विवेक अरोड़ा  ने अधिकारियों व गैर सरकारी सदस्यों का स्वागत किया और कल्याण विभाग द्वारा क्रियान्वित की जा रही विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की  जिला में प्रगति बारे विस्तृत जानकारी दी। बैठक में सहायक आयुक्त प्रियंका चन्द्रा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बबीता राणा, गैर सरकारी  सदस्य मनीष जैन, प्रकाश जैन, राजेश राही, राजेश कुमार, बहादुर सिंह के अतिरिक्त इस कार्यक्रम से जुड़े विभिन्न  विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया ।

6- पांवटा साहिब में कल इन 14 स्थानों पर होगा कॉविड-19 टीकाकरण।
  
खण्ड चिकित्सा अधिकारी ड़ॉ. अजय देओल ने यह जानकारी देते हुए बताया कि उपमंडल पांवटा साहिब में 18 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के लोगों के लिए  29 सितंबर को 14 स्थानों पर कॉविड -19  टीकाकरण  किया जाएगा। उन्होंने बताया कि 29 सितंबर  को  राजपुरा स्वास्थ्य खण्ड के सिविल अस्पताल पांवटा साहिब, ज्ञान चंद धर्मशाला, मोबाइल टीम पांवटा साहिब, ई.एस.आई. मालवा कोटन, अम्बेडकर भवन पांवटा साहिब, उप स्वास्थ्य केंद्र

 शिवपुर, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रामपुर भारापुर, उप स्वास्थ्य केंद्र लोहगढ़, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कमरऊ, उप स्वास्थ्य केन्द्र अजोली, उप स्वास्थ्य केंद्र कांडो भैला, उप स्वास्थ्य केंद्र सैनवाला, उप स्वास्थ्य केंद्र तारूवाला, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कफोटा इन सभी स्थानों पर कॉविड -19 से बचाव के लिए वैक्सीन लगाई जाएगी। उन्होंने बताया कि 18 वर्ष से अधिक आयु के सभी क्षेत्रवासी  तथा बाहर से आए प्रवासी एवं  जिन्होंने अभी  तक वैक्सीन नहीं लगवाई है वह इन केन्द्रों  पर जाकर टीका लगवा सकते हैं। ड़ॉ. अजय देओल ने बताया कि टीका लगवाने के लिए आधार कार्ड या अन्य कोई भी फोटोयुक्त पहचान पत्र अपने साथ ज़रुर लाएं। उन्होंने क्षेत्रवासियों तथा प्रवासी लोगों से टीकाकरण का लाभ उठाने की अपील भी की।

(हिमाचल)

1- हिमाचल मे बज गया उपचुनाव का बिगुल।

हिमाचल प्रदेश मे उपचुनाव की तिथि घोषित हो गई है। चुनाव आयोग ने आज उपचुनाव की घोषणा कर दी है। हिमाचल प्रदेश मे 30 अक्तूबर को तीन विधानसभा और एक संसदीय क्षेत्र के लिए चुनाव होंगे। उपचुनाव के लिए प्रदेश के आठ जिलों में आदर्श आचार संहिता लागू हो गई है। इसके साथ ही तबादलों से लेकर नई घोषणाओं पर तत्काल प्रभाव से रोक लग गई है। आचार संहिता लगते ही सीएम जयराम ठाकुर का किन्नौर दौरा भी रद्द हो गया है। चुनाव आयोग की ओर से हिमाचल प्रदेश की एक लोकसभा व तीन विधानसभा सीटों के लिए चुनाव की तारीखों के एलान के साथ ही प्रदेश के आठ जिलों में आदर्श आचार संहिता लागू हो गई है। इसके साथ ही तबादलों से लेकर नई घोषणाओं पर तत्काल प्रभाव से रोक लग गई है। आचार संहिता लगते ही सीएम जयराम ठाकुर का किन्नौर दौरा भी रद्द हो गया है। बता दें हिमाचल की एक लोकसभा सीट मंडी का उपचुनाव 30 अक्तूबर को होगा। इसी के साथ हिमाचल की तीन विधानसभा सीटों के लिए भी इसी दिन चुनाव

होगा। आयोग के शेड्यूल के मुताबिक एक अक्तूबर को चुनाव संबंधी अधिसूचना जारी होगी। नामांकन की अंतिम तिथि आठ अक्तूबर तय की गई है। 11 अक्तूबर को नामांकन पत्रों की छंटनी होगी। 13 अक्तूबर नामांकन वापसी का दिन तय किया गया है। इसके बाद 30 अक्तूबर को मतदान होगा। दो नवंबर को वोटों की गिनती होगी। पांच नवंबर से पहले चुनाव प्रक्रिया पूरी होगी। गोर हो कि राज्य में मंडी संसदीय सीट पर लोकसभा के चुनाव होने हैं, जबकि फतेहपुर, जुब्बल-कोटखाई और अर्की सीट पर विधानसभा के चुनाव होने हैं। मंडी में सांसद रामस्वरूप शर्मा की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के बाद यहां सांसद का पद खाली है। फतेहपुर में पूर्व मंत्री और विधायक रहे सुजान सिंह पठानिया का छह महीने पूर्व देहांत हो गया, जिसके बाद यह हलका तो उपचुनाव के लिए निर्धारित समयसीमा को पार करने लगा है। जुब्बल-कोटखाई में पूर्व मंत्री एवं भाजपा विधायक रहे नरेंद्र बरागटा के देहांत के बाद यहां विधानसभा की सीट खाली हुई है। वहीं, अर्की में पूर्व मुख्यमंत्री एवं कांग्रेस विधायक वीरभद्र सिंह के देहांत के बाद यह सीट रिक्त हुई है। बहरहाल, उपचुनाव की घोषणा होने के बाद अब दोनो मुख्य राजनैतिक दल भाजपा और कांग्रेस अपनी रणनीति बनाने मे जुट गये है। 

2-  उपचुनाव के लिए भाजपा पूरी तरह से तैयार: कश्यप

भाजपा ने उपचुनावों के लिए पहले से ही तैयारी कर ली है और निश्चित तौर पर सभी सीटों पर जीत दर्ज की जाएगी। यह बात आज भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप ने कही। उन्होंने कहा कि हमारी अनेकों बैठके इस विषय को लेकर हो चुकी है। उन्होंने कहा कि मंडी, फतेहपुर, अर्की और जुब्बल कोटखाई उपचुनावों के लिए संगठन की ओर से प्रभारी, सह प्रभारी एवं समन्वयक की नियुक्ति हो चुकी है। उन्होंने कहा कि चुनावों के दौरान संगठन का काम बढ़ जाता है और हम इसके लिए पूरी तरह तैयार हैं। उन्होंने

बताया कि जल्द ही चुनावों को लेकर सभी समितियों का गठन कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा को जल्द ही प्रत्याशियों की घोषणा कर दी जाएगी। चुनाव समिति की बैठक के बाद केंद्रीय संसदीय बार्ड नामों की घोषणा करेगा। उन्होंने कहा कि हम आज से ही चुनावों के लिए जुट गए हैं और सभी चारों सीटों पर जीत दर्ज करेंगे। उन्होंने बताया कि सभी बातें ध्यान में रखते हुए जिताऊ प्रत्याशियों का ही चयन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि हमारे पास ऐसे काफी लोग हैं जो जीतने की क्षमता रखते हैं, लेकिन घोषणा के बाद सभी कार्यकर्ताओं को साथ लेंगे और जिसको टिकट मिलेगी उसे जिताएंगे। उन्होंने कहा की केंद्र में नरेद्र मोदी सरकार और प्रदेश में जयराम सरकार की अनेकों जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ लोगों को मिलेगा। भाजपा मजबूत एवं सशक्त राजनीति दल है। इन चुनावों में हमारी जीत निश्चित है।

3- राजधानी और जिला मुख्यालयों पर गरजी कांग्रेस।

हिमाचल प्रदेश मे सरकारी नौकरियों में बाहरी राज्यों के लोगों की नियुक्तियों और प्रदेश में बढ़ती बेरोजगारी के मुद्दे पर कांग्रेस पार्टी ने सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल रखा है। इसी कड़ी में प्रदेश कांग्रेस ने मंगलवार को सभी जिला मुख्यालयों में धरने-प्रदर्शन आयोजित कर सरकार के खिलाफ मोर्चा खोला। राजधानी में जिला कांग्रेस कमेटी शिमला ग्रामीण और शहरी के संयुक्त तत्वावधान में उपायुक्त कार्यालय के बाहर प्रदर्शन का आयोजन किया गया। इसकी अध्यक्षता कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने की जबकि विधायक विक्रमादित्य सिंह ने विशेष तौर पर शिरकत की। प्रदर्शन के दौरान

कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए राठौर ने आरोप लगाया कि सरकारी नौकरियों में बाहरी लोगों को नियुक्तियां देकर सरकार प्रदेश के बेरोजगारों के साथ अन्याय कर रही है। कांग्रेस इस अन्याय को सहन नहीं करेगी और युवाओं की लड़ाई लड़ी जाएगी। राठौर ने कहा कि पहले प्रदेश सचिवालय में बाहरी लोगों की नियुक्तियां की और अब राज्य विद्युत बोर्ड में 13 जूनियर इंजीनियर भर्ती कर दिए हैं। कांग्रेस इसके खिलाफ एक बड़ा जन आंदोलन शुरू करेगी। राठौर ने कहा कि प्रदेश में बेरोजगारी का आंकड़ा दिनोंदिन बढ़ता जा रहा है। सूबे में 15 लाख बेरोजगार युवा तो रोजगार कार्यालयों में पंजीकृत हैं। उन्होंने कहा कि सरकार के पास गैर पंजीकृत बेरोजगारों का कोई भी आंकड़ा उपलब्ध नहीं है। इससे स्पष्ट होता है कि सरकार प्रदेश के युवाओं को लेकर कितनी संवेदनशील है।

4- शिमला से सोनिया-राहुल गांधी लौटे दिल्ली।

कांग्रेस की कार्यकारी अध्यक्ष सोनिया गांधी और पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी मंगलवार को दिल्ली लौटे गए हैं। दोनों नेता शिमला के समीप छराबड़ा में कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी के निजी आवास में ठहरे थे। दोनों सुबह साढ़े 11 बजे छराबड़ा से चंडीगढ़ सड़क मार्ग से रवाना हुए। इसके बाद चंडीगढ़ से दिल्ली तक का सफर वायु मार्ग से किया है। सोनिया गांधी ने नौ दिन तक

छराबड़ा में आराम किया, जबकि राहुल गांधी तीन दिन ठहरे। प्रदेश कांग्रेस के कई पदाधिकारियों और बड़े नेताओं ने सोनिया गांधी से मिलने के लिए समय भी मांगा था लेकिन किसी को भी मिलने का समय नहीं दिया। प्रदेश कांग्रेस के उपाध्यक्ष केहर सिंह खाची ही सोनिया गांधी से मिल पाए। 

5- इस बार बीएससी नर्सिंग की प्रवेश परीक्षा एचपीयु मे नहीं।

इस बार बीएससी नर्सिंग की प्रवेश परीक्षा अटल मेडिकल रिसर्च विश्वविद्यालय नेरचौक लेगा। इससे पूर्व हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय बीएससी नर्सिंग की प्रवेश परीक्षा और दाखिला देता था। इस बार अटल मेडिकल रिसर्च विश्वविद्यालय ने बीएससी नर्सिंग के लिए प्रवेश परीक्षा के लिए आवदेन ऑनलाइन मांगें हैं। प्रवेश परीक्षा के लिए जमा दो में मेडिकल का होना अनिवार्य है। अटल मेडिकल रिसर्च विश्वविद्यालय बीएससी नर्सिंग की 1550 सीटों के लिए प्रवेश परीक्षा लेगा। इस समय बीएससी नर्सिंग के दो सरकारी कॉलेज आईजीएमसी और लाल बहादुर मेडिकल कॉलेज नेरचौक और 37 निजी संस्थान हैं। जिनमें बीएससी नर्सिंग में दाखिला होना है। आवेदन करने के लिए सात अक्तूबर अंतिम तिथि तय की गई है। बीएससी नर्सिंग के लिए 31 अक्तूबर को प्रवेश परीक्षा होगी। 24 अक्तूबर से एडमिट कार्ड प्रवेश परीक्षा के लिए अभ्यर्थी वेबसाइट से निकाल सकते हैं। प्रवेश परीक्षा का परिणाम 10 नवंबर को घोषित किया जाएगा। 17 नवंबर को मेरिट सूची वेबसाइट पर डाली जाएगी। आवेदन करने के लिए सामान्य और ओबीसी श्रेणी के लिए 2000 रुपये और अन्य वर्गों के लिए 1000 रुपये फीस आवेदन के लिए रखी गई है। ऑनलाइन फीस डेबिट, क्रेडिट कार्ड और नेट बैंकिंग के माध्यम से की जाएगी। अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए सभी जिलों में परीक्षा केंद्र बनाए जाएंगे। अभ्यर्थी अपनी सुविधा के अनुसार कोई भी परीक्षा केंद्र चुन सकता है। प्रवेश परीक्षा 100 अंकों की होगी। अभ्यर्थी अधिक जानकारी अटल मेडिकल रिसर्च विश्वविद्यालय की वेबसाइट से प्राप्त कर सकता है।

6- बाल आश्रम की खिड़की तौड़ भागे तीन लड़के।

बाल आश्रम की खिड़की तोड़कर और सीसीटीवी कैमरों की लोकेशन मोड़कर आश्रम के तीन लड़के गायब हो गए हैं। मामला हमीरपुर जिला के सुजानपुर उपमंडल का है जहां मंगलवार तड़के चार बजे तीनों लड़के विशाल पुत्र स्व. भीम सिंह गांव अखाड़ा काठमांडू नेपाल, शिवा पुत्र जोसिला उतरकाशी (उतराखंड) और विक्रांत पुत्र लखन निवासी अंब जिला ऊना का रहने वाले हैं, फरार हो गये। सभी की उम्र 16 वर्ष के बीच है। तीनों एक साथ बाल आश्रम की खिड़की तोड़ कर फरार हुए हैं। बाल आश्रम प्रशासन द्वारा तीन लडक़ों के फरार की सूचना लिखित में थाना सुजानपुर को मंगलवार सुबह दी गई। लड़कों के गायब होने की सूचना मिलते ही सुजानपुर पुलिस अलर्ट हो गई है और छानबीन शुरू कर दी है। सुजानपुर पुलिस ने फरार हुए तीनों युवकों की फोटो अपने अलग-अलग गु्रप, सोशल मीडिया, फेसबुक पर शेयर करते हुए इन्हें ढूंढने की गुहार लोगों से की है। अगर इन युवाओं के बारे में किसी को कोई भी जानकारी मिलती है या कहीं पर दिखाई पड़ते हैं, तो इसकी सूचना तत्काल थाना सुजानपुर के दूरभाष नंबर पर दे सकते हैं। थाना प्रभारी सतपाल शर्मा का कहना है कि जिस समय बाल आश्रम में यह घटना घटी है। उस समय सुरक्षाकर्मी भी अपनी ड्यूटी पर तैनात थे, लेकिन लड़के अपने सोने वाले कमरे की खिड़की को तोड़कर फरार हुए हैं। इसके साथ-साथ तीनों युवकों ने बेहद चतुराई से अपने भागने का प्लान बनाया है। सीसीटीवी कैमरों का मुख मोड़ते हुए भागने में सफल रहे हैं।

7- मौसम अपडेट- दो अक्तूबर तक मौसम करेगा परेशान।

हिमाचल प्रदेश में दो अक्तूबर तक बारिश का दौर जारी रहने की संभावना हैं। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के मुताबिक दो अक्तूबर तक प्रदेश के मैदानी व मध्य व उच्च पर्वतीय कुछ भागों में बारिश के आसार है। विभाग की माने तो

अगले कुछ घंटों के दौरान ऊना, हमीरपुर, बिलासपुर, कांगड़ा(शाहपुर), मंडी के जोगेंद्रनगर, करसोग व जंजहौली, कुल्लू के बंजार व आनी, शिमला, ठियोग, कुफरी, सोलन, कसौली और आसपास के भागों में भारी बारिश की संभावना है। वहीं, अक्तूबर के पहले सप्ताह में हिमाचल से मानसून की विदाई होने के आसार हैं। इस मानसून सीजन में अभी तक सामान्य से 11 फीसदी कम बादल बरसे हैं।

पड़ोस- 

नवजोत सिंह सिद्धू ने दिया प्रदेश अध्यक्ष पद से इस्तीफा, पंजाब कांग्रेस मे घमासान शुरू।

चंडीगढ़- पंजाब मे हाल ही मे कांग्रेस ने मुख्यमंत्री बदला तो लग रहा था कि अब सबकुछ ठीक हो जाएगा लेकिन अब जो घटनाक्रम हुआ है उससे फिर पंजाब कांग्रेस मे उथल-पुथल मच गई है। कांग्रेस की अंदरूनी राजनीति में बड़ी खबर आ रही है। सूचना है कि पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। सिद्धू ने सोनिया गांधी को पत्र लिखकर कहा है कि वह कंप्रोमाइज नहीं कर सकते हैं, इसलिए वह पार्टी के प्रदेश प्रधान पद से इस्तीफा दे रहे हैं। उन्होंने अपना त्यागपत्र ट्वीटर पर भी शैयर किया है। बताया जा रहा है कि सिद्धू पंजाब के एडवोकेट जनरल के पद पर एपीएस देयोल की नियुक्ति से नाराज थे। देयोल बेअदबी मामलों में सरकार के खिलाफ केस लड़ चुके हैं। इसके अलावा वह कैप्टन अमरिंदर सिंह व पूर्व

डीजीपी सुमेध सिंह सैनी का केस भी लड़ चुके हैं। सिद्धू नहीं चाहते थे कि देयोल को एजी का पद दिया जाए। नवजोत सिंह सिद्धू लंबे समय से कैप्टन अमरिंदर सिंह को सीएम पद से हटाने के लिए आतुर थे। अंत में उन्होंने पार्टी के भीतर कैप्टन के खिलाफ माहौल तैयार कर दिया। कैप्टन अमरिंदर सिंह को मुख्यमंत्री पद छोड़ना पड़ा। नवजोत सिंह सिद्धू को उम्मीद थी कि हाईकमान कैप्टन के विकल्प के रूप उन्हें सीएम के तौर पर पेश करेगी। लेकिन कांग्रेस विधायक दल की बैठक में पहले नंबर सुनील जाखड़ रहे। सुनील जाखड़ को सीएम बनाने के पक्ष में 40 विधायक थे, जबकि रंधावा को सीएम बनाने के पक्ष में 20 विधायक थे। सिर्फ को मात्र 12 विधायकों का ही समर्थन मिला। पार्टी में काफी जिद्दोजहद के बाद सीएम के रूप में चौथे चेहरे चरणजीत सिंह के नाम पर मोहर लगी। चन्नी ने अब सीएम पद की कमान संभाल ली है। वह अपने मंत्रिमंडल का गठन भी कर चुके हैं। लेकिन अब फिर से पंजाब कांग्रेस मे सबकुछ ठीक नही लग रहा है। 
वहीं, सिद्धू के इस्तीफा देने के बाद पंजाब कांग्रेस में फिर घमासान शुरू हो गया है। सिद्धू के इस्तीफे के बाद अब कैबिनेट मंत्रियों के इस्तीफे के सिलसिला भी शुरू हो गया है। कैबिनेट मंत्री रजिया सुल्ताना ने मंत्री पद से इस्तीफा दे दिया है। पंजाब कांग्रेस महासचिव योगेंद्र ढींगरा ने भी पद से इस्तीफा दे दिया है। इस्तीफों के बीच में पंजाब कैबिनेट की आपात बैठक जारी है। वहीं, परगट सिंह के भी इस्तीफा देने की चर्चा थी, लेकिन उनका कहना है कि उन्होंने इस्तीफा नहीं दिया है। परगट सिंह कैबिनेट बैठक के बीच में ही उठ गए और नवजोत सिंह सिद्धू को मनाने के लिए पटियाला जा रहे हैं। उन्होंने कहा है कि उन्होंने अभी इस्तीफा नहीं दिया है।

शाम सात बजे तक का कोविड मीडिया बुलेटिन-

सूचना एवं जन संपर्क विभाग हिमाचल प्रदेश बुलेटिन-