शोर किया तो खैर नहीं....... 30 अप्रैल 2022- पांवटा साहिब से आज का खबरनामा ddnewsportal.com

शोर किया तो खैर नहीं.......  30 अप्रैल 2022- पांवटा साहिब से आज का खबरनामा ddnewsportal.com
Logo: Social Media

शोर किया तो खैर नहीं.......

30 अप्रैल 2022- पांवटा साहिब से आज का खबरनामा 

सीएम दिल्ली के सम्मेलनों में 
हिमाचल में सूखे जैसे हालात
कौन है दो एक्सट्रा खिलाड़ी
भाजपा की पाठशालाएं शुरू 
अभिषेक शर्मा वैंकूवर के कोच
किस पर 51 लाख का ईनाम
भगा ली होने वाली नाबालिग साली
पीएम संग्रहालय जरूर देंखें: CM 
पांवटा: बिना लाइसेंस रेहड़ी-फड़ी नहीं 
अवैध खनन: 90 हजार जुर्माना

सिरमौर कोरोना मुक्त और....... कोविड/सूचना एवं जन संपर्क विभाग बुलेटिन।


(आज की तस्वीर) दिल्ली में मुख्यमंत्रियों के सम्मेलन में हिमाचल के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर।

स्थानीय (सिरमौर)

1- पांवटा साहिब में अब बिना लाइसेंस के रेहड़ी-फड़ी नही: एसडीएम 

एसडीएम पांवटा साहिब विवेक महाजन ने पांवटा साहिब में दिन प्रतिदिन बढ़ती अपराधिक घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए नये आदेश जारी किये है। एसडीएम ने कुछ नए दिशानिर्देश रेहड़ी फड़ी वालों के लिए जारी किए हैं। जिसके तहत पांवटा साहिब में बिना लाइसेंस के रेहड़ी-फड़ी नही लगाई जा सकेगी। जानकारी के मुताबिक उपमंडल दंड़ाधिकारी पांवटा साहिब विवेक महाजन ने क्षेत्र में हो रही अपराधिक घटनाओं तथा क्यारदा पंचायत में हुई घटना के मद्देनजर कार्यकारी अधिकारी नगर पालिका परिषद को मुख्य

बाजार व सड़कों के किनारे रेहडी-फड़ी तथा फल-सब्जियां व अन्य खाद्य पदार्थ बेचने वालों को नगर पालिका परिषद कार्यालय द्वारा लाईसेंस जारी करने से पूर्व उनका पुलिस द्वारा सत्यापन सुनिश्चित करवाने के निर्देश जारी किए गए। उन्होंने बताया कि शहर में न्याय व्यवस्था कायम रखने के उद्देश्य से कार्यकारी अधिकारी नगर पालिका परिषद पांवटा साहिब को यह निर्देश जारी किए गए हैं। उन्होंने कहा कि कार्यकारी अधिकारी सड़कों के किनारे रेहडी-फडी तथा फल-सब्जियां व अन्य खाद्य पदार्थ बेचने वालों के लाईसेंस की जाँच करेंगे। इसके अतिरिक्त उन्होंने कहा कि जिन रेहडी-फड़ी वालों को नगर पालिका परिषद कार्यालय द्वारा पूर्व में लाईसेंस जारी किए गए हैं, उन सभी का पुलिस द्वारा सत्यापन करवाया जाएगा।

2- चंडीगढ़- महेंद्र चौहान चुने हिमाचल भवन चंडीगढ़ इकाई के अध्यक्ष।

हिमाचल भवन चंडीगढ़ इकाई के त्रैवार्षिक चुनाव हिमाचल प्रदेश पर्यटन निगम कर्मचारी संघ के अध्यक्ष  ढाबे राम चौहान, महासचिव राजकुमार शर्मा व राजीव सोनी की अध्यक्षता में संपन्न हुए। इसमें नई कार्यकारिणी का सर्वसमिती से चुनाव हुआ। नई कार्यकारिणी में इकाई के प्रधान की कमान हिमाचल भवन चंडीगढ़ में कार्यरत सिरमौर के शिलाई क्षेत्र के महेंद्र सिंह

चौहान को दी गई। सचिव शिक्षा हेतु, कोषाध्यक्ष अजय ठाकुर, मुख्य सलाहकार घनश्याम ठाकुर, सह सचिव मनोज गौतम, प्रेस सचिव पंकज गौतम, प्रोपेगेंडा सचिव महेंद्र लाल, वरिष्ठ उप प्रधान प्रदीप ठाकुर, संगठन मंत्री विशाल वर्मा, उपाध्यक्ष सुनील कौशल, राकेश पारस एवं राकेश कुमार चुने गए। इसी प्रकार सदस्यों में दीपक, बालकृष्ण, सुनील, रमेश, सुरजीत, दुनीचन्द, रघुनाथ, मेहरचंद, मदनलाल, लक्ष्मी देवी, स्वस्तिक गोमस व भीमसेन के नाम शामिल किये गये। 

3- माजरा के अनुराग गुप्ता अब इंटरनेशनल आईकन अवार्ड से सम्मानित।

हिमाचल प्रदेश जिला सिरमौर पांवटा साहिब के माजरा निवासी अनुराग गुप्ता को इंटरनेशनल आइकॉन अवार्ड से सम्मानित किया गया है। उन्हें मोस्ट प्रॉमिसिंग सोशल वर्कर ओर रिसर्च स्कॉलर का अवार्ड उनके शोध कार्य व समाजसेवा करने के लिए मिला है। इससे पहले अनुराग गुप्ता को बालीवुड अभिनेत्री अमीषा पटेल के द्वारा भी एशिया पेसिफिक एक्सीलेंस अवार्ड से सम्मानित किया जा चुका है। डब्ल्यू कार्प के द्वारा 29 अप्रैल शुक्रवार को दिल्ली द्वारका के होटल रेडिसन में यह इवेंट ऑर्गेनाइज की गई थी जहां पर हिमाचल प्रदेश जिला सिरमौर के माजरा गांव निवासी अनुराग गुप्ता को शोध कार्य और समाजिक कल्याण कार्य करने पर सम्मानित किया गया। इस

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि मिस यूनिवर्स 2000 व बॉलीवुड अभिनेत्री लारा दत्ता थी, जिनके द्वारा अनुराग गुप्ता को यह पुरस्कार दिया गया।
अनुराग गुप्ता ने कहा कि शोध कार्य और सामाजिक कल्याण गतिविधियों के लिए उन्हें पहले एशिया पैसिफिक एक्सीलेंस अवार्ड बॉलीवुड अभिनेत्री अमिषा पटेल द्वारा  APEA और एशिया अफ्रीका विकास परिषद के द्वारा दिया गया था। उन्होंने नामिनिशेन फाइल किया था तथा एशिया पेसिफिक चेंबर ऑफ कॉमर्स, ग्लोबल एजूकेशन एंड रिसर्च एलाइंस वह कामनवेल्थ सोसायटी फॉर इनोवेशन एंड रिसर्च की कमेंटी के द्वारा उनके कार्य की प्रशंसा की गई तथा उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन, अभिनव, प्रेरणादायक, प्रभावी कौशल और सामाजिक कार्य के प्रति समर्पण के सम्मान में स्पेशल रिकोगनाइजेशन अवार्ड से नवाजा गया था। उसी कड़ी में अब उन्हें बालीवुड अभिनेत्री लारा दत्ता के द्वारा सबसे होनहार सामाजिक कार्यकर्ता और शोध विद्वान का अवार्ड मिला है। अनुराग गुप्ता ने बताया कि अब उनका अगला लक्ष्य लंदन में

होने वाली एशिया यूके बिजनेस इवेंट में पहुंचना है। जिसमें देश भर से मात्र 45 लोगों का सिलेक्शन होना है। अनुराग गुप्ता पीएचडी स्कॉलर है वह औद्योगिक श्रमिकों के लिए हिमाचल प्रदेश औद्योगिक क्षेत्र के लिए विशेष संदर्भ प्रदान करने वाली श्रम सुविधाओं पर एक अध्ययन कर रहे हैं। अनुराग गुप्ता पेशे से इमिग्रेशन व‌ टैक्सेशन एडवोकेट है। वही समाज सेवा में मेरा गांव मेरा देश एक सहारा संस्था के अध्यक्ष व श्री शिव सेवा कांवड़ युवा मंडल माजरा व टीम दबंग हिमाचल के मीडिया प्रभारी भी हैं। अनुराग गुप्ता पत्रकारिता में ए एम एच न्यूज़ के मुख्य संपादक के साथ-साथ दून प्रेस क्लब पांवटा साहिब के अध्यक्ष भी हैं।

4- पांवटा में कांग्रेस का हर युवा यूथ कांग्रेस का अध्यक्ष: मोहब्बत

हिमाचल युवा कांग्रेस द्वारा पांवटा साहिब के युवा कांग्रेस के वर्किंग प्रेजिडेंट बनाए गए मोहब्बत अली ने अपना कार्यभार संभाल लिया है। शनिवार को पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाऊस पांवटा साहिब में युवा कांग्रेस के नवयुक्त अध्यक्ष मोहबत अली ने मीटिंग में पदभार संभाला। इस दौरान काफी संख्या में युवा उपस्थित रहे। उन्होंने पद ग्रहण करते ही आईएसी प्रेसिडेंट वी वी निवासन, हिमाचल प्रदेश युवा कांग्रेस प्रभारी अमन प्रीत सिंह लाली, हिमाचल प्रदेश कांग्रेस अध्यक्षा प्रतिभा सिंह, विधायक विक्रमादित्य सिंह, युवा प्रदेश अध्यक्ष निगम भंडारी, कार्यकारी अध्यक्ष यदूपति ठाकुर, पूर्व विधायक किरनेश जंग, इंटक जिला अध्यक्ष सुभाष शर्मा, मंडल अध्यक्ष अश्वनी शर्मा, हरप्रीत सिंह रतन, युवा नेता अरिकेश जंग, भगानी जोन कांग्रेस प्रदीप चौहान का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि वह युवाओं को पार्टी के साथ जोड़ने और सच्ची निष्ठा

के साथ कार्य करेंगे।उन्होंने कहा कि उन्हे हमेशा कांग्रेस परिवार औरअपने गांव सहित पूरे भगानी का सहयोग मिलता रहता है। बजुर्गों का युवाओं सहयोग आशीर्वाद मिला है। उन्होंने विशेष तौर पर अपने क्लब नवयुवक मंडल एकता की जंग के सभी साथियों का भी धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि पांवटा साहिब का हर युवा यूथ कांग्रेस का अध्यक्ष है। आज कांग्रेस पार्टी ने एक गरीब घर को इतना मान समान दिया है। बीजेपी सरकार में आज युवाओं को रोजगार नही है, युवा बेरोजगार सड़कों पर भटक रहा है। महंगाई चरम सीमा पर है। बिजली के कटो से लोगों का जीना मुस्किल हुआ है। स्वास्थ्य सुविधाओं का बुरा हाल है। इस मौके भाटांवाली पंचायत प्रधान राकेश चौधरी, संत राम, गुमान सिंह, दाता राम चौहान, दिलबाग सिंह, पृथ्वी चन्द, दर्शन सिंह, इकबाल सिंह, सुभाष शर्मा, लक्की, नितिन, प्रदीप, जावेद, रफीक अली, नसीम अली, मासूम अली, साजिद, माइकल, सोहेल, आसिफ, पवन दीप, जसवंत आदि पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

5- पंचायत प्रतिनिधियों का सरकार की योजनाओं को जनता तक पंहुचाने में अहम रोल: सुखराम

पंचायती राज प्रकोष्ठ जिला सिरमौर की बैठक लोक निर्माण विभाग विश्राम गृह पांवटा साहिब में जिला अध्यक्ष अजय मेहता की अध्यक्षता में हुई। इस बैठक में ऊर्जा मंत्री सुखराम चौधरी विशेष रूप से उपस्थित रहे। इस बैठक में पंचायती राज से संबंधित विभिन्न विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई। प्रत्येक मंडल संयोजक को अपनी कार्यकारिणी गठित करने के निर्देश दिए। पंचायती राज से जुड़े हुए प्रतिनिधि किस प्रकार अपने लोगों को अधिक से अधिक सरकार

की योजनाओं को लाभ दे सकते हैं इस बारे में उन्हे विस्तृत रूप से बताया गया। सरकार की विभिन्न स्कीमों के जो भी लाभार्थी हैं पंचायती राज प्रकोष्ठ के कार्यकर्ता उनसे व्यक्तिगत रूप से संपर्क करेंगे ताकि भविष्य में अधिक से अधिक लोग सरकार की जनकल्याणकारी स्कीमों से जुड़ सकें। जिला संयोजक अजय मेहता ने पंचायती राज प्रतिनिधियों के मानदेय बढ़ाने पर मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर का धन्यवाद किया। इस अवसर मंडल के अध्यक्ष अरविंद गुप्ता, मंडल महामंत्री हितेंद्र कुमार, नगर पालिका अध्यक्ष निर्मल कौर, जिलाध्यक्षा भाजपा महिला मोर्चा शिवानी वर्मा, पांवटा साहिब अध्यक्षा कृष्णा धीमान, सुंदर कुमार, मीडिया प्रभारी रोहित चौधरी और भाजयुमो पांवटा साहिब अध्यक्ष चरणजीत चौधरी आदि पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

6- पांवटा साहिब- वन विभाग ने बड़ी कारवाई करते हुए 6 ट्रैक्टर जब्त, 90 हजार रूपये जुर्माना।

वनमंडल के पांवटा वन परिक्षेत्र की टीम ने कारवाई करते हुए गिरी नदी मे अवैध खनन कर रहे 6 ट्रैक्टरों को सीज़ किया। कुछ ट्रैक्टर चालकों को पीछा कर काबू किया गया। विभाग ने इनसे 90 हजार रूपये जुर्माना वसूला है।

कार्रवाई अमल करना वाली टीम में वन परिक्षेत्राधिकारी पांवटा सुप्रभात, वन खंड अधिकारी पांवटा सुमन्त, वनखंड अधिकारी छछेती इंदर, वनखंड अधिकारी गोरखपुर हरि सिंह सहित मौके पर टीम ने कारवाई की। टीम मे वनरक्षक वीरेन्द्र, विजय, दीपराम, प्रवीण, रतन, कमलेंदर व मुद्दसिर भी शामिल रहे। कारवाई के दौरान मौके पर ही ट्रैक्टर चालकों से जुर्माना वसूला गया। डीएफओ कुनाल अंग्रीष ने मामले की पुष्टि की है।

(हिमाचल)

1- जय राम ठाकुर ने मुख्यमंत्रियों और उच्च न्यायालयों के मुख्य न्यायाधीशों के संयुक्त सम्मेलन में लिया भाग।

हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने आज विज्ञान भवन, नई दिल्ली में आयोजित राज्यों के मुख्यमंत्रियों और उच्च न्यायालयों के मुख्य न्यायाधीशों के संयुक्त सम्मेलन में भाग लिया। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सम्मेलन का शुभारम्भ किया और उद्घाटन सत्र को संबोधित किया। राज्यों के मुख्यमंत्रियों और उच्च न्यायालयों के मुख्य न्यायाधीशों का संयुक्त सम्मेलन देश के नागरिकों को त्वरित न्याय प्रदान करने के प्रयासों के प्रभावी समन्वय

के लिए आयोजित किया जाता है। एक दिवसीय सम्मेलन के दौरान कार्यपालिका और न्यायपालिका इस दिशा में प्रयासों के तालमेल के लिए साझा आधार खोजने के तरीकों पर चर्चा करते हैं। केंद्रीय कानून एवं न्याय मंत्री किरण रिजिजू और भारत के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति एन.वी. रमना ने भी सम्मेलन को संबोधित किया। हिमाचल प्रदेश उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति मोहम्मद रफ़ीक, प्रधान सचिव गृह भरत खेड़ा और प्रधान सचिव विधि राजीव भारद्वाज भी इस अवसर पर मौजूद रहे। 

2- हिमाचल में पैदा हुए सूखे जैसे हालात, अप्रैल में 18 वर्ष में सबसे कम बारिश।

हिमाचल प्रदेश में सूखे जैसे हालात पैदा हो गए हैं। राज्य में लंबे समय से पर्याप्त बारिश नहीं हुई है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला की ओर से जारी रिपोर्ट के मुताबिक अप्रैल में राज्य के भीतर 18 वर्षों में सबसे कम बारिश दर्ज की गई है। प्रदेश में एक से 30 अप्रैल तक बारिश में सामान्य से माइनस 89

फीसदी तक की भारी कमी दर्ज की गई। अप्रैल में सिर्फ 7.3 मिलीमीटर बारिश ही हुई है। यह वर्ष 2004 के बाद से सबसे कम है। इस दौरान प्रदेश के सभी जिलों में बारिश की भारी कमी रही। पूरे माह लोगों को मैदानी के साथ-साथ पहाड़ी भागों में भी गर्मी की मार झेलनी पड़ी है।

चार दिनों तक कैसा रहेगा मौसम- 

हिमाचल प्रदेश के मध्य व उच्च पर्वतीय कई भागों में 1 से 4 मई तक बारिश के आसार हैं। तीन और चार मई को इन क्षेत्रों के कई भागों में बारिश की संभावना हैं। मौसम विभाग ने अंधड़ का येलो अलर्ट भी जारी किया है। ऐसे में कुछ राहत मिलने की उम्मीद है। वहीं निचले व मैदानी भागों में एक और दो मई को मौसम साफ रहेगा। जबकि तीन व चार मई को एक-दो स्थानों पर बारिश हो सकती है।

3- भाजपा का तंज- पांच-पांच कप्तानों वाली कांग्रेस की नई टीम में दो खिलाड़ी एक्स्ट्रा। 

हिमाचल प्रदेश में पांच-पांच कप्तानों वाली कांग्रेस की नई टीम में मुकेश अग्निहोत्री और कौल सिंह ठाकुर एक्स्ट्रा खिलाड़ी बन गए हैं। कांग्रेस नेताओं की ओर से भाजपा सरकार को सत्ता से बाहर करने और सरकार के खिलाफ चार्जशीट लाने के बयान पर पलटवार करते हुए यह बात भाजपा प्रदेश प्रवक्ता राम कुमार ने कही। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के हर कोई नेता इन दिनों भाजपा सरकार के खिलाफ चार्जशीट लाने की बात कर रहा है। सत्ता वापसी का सपना देख रहे हैं। राम कुमार ने कहा कि जिस कांग्रेस पार्टी के नेतृत्व पर ही न्यायालय में मुकदमे चल रहे हों और जो खुद आरोपों से घिरे हुए हों उनके मुंह से ऐसी बातें शोभा नहीं देती। भाजपा नेता ने कहा कि घर में सताए इन

नेताओं की आज कांग्रेस के साथ-साथ प्रदेश की राजनीति में कुछ नेताओं की अहमियत खत्म हो चुकी है। यही वजह है कि जनता के बीच उनकी अहमियत बनाए रखने के लिए जबरन एक्स्ट्रा प्लेयर के तौर पर उन्हें टीम शामिल किया गया है, ताकि कार्यकर्ताओं को धोखे में रखा जा सके। कौल सिंह ठाकुर वही नेता हैं जो 2017 के चुनाव से रिटायरमेंट ले रहे हैं, जिनके बयान मीडिया में दर्ज हैं कि राजनीति में 75 की उम्र के बाद नेताओं को रिटायर हो जाना चाहिए। राम कुमार ने कहा कि कौल सिंह ठाकुर ने तो 2020 लोकसभा उपचुनाव में भी एक बार फिर राजनीति से संन्यास लेने की बात कही थी, लेकिन बाद वह पलट गए। पूर्व मुख्यमंत्री स्व. वीरभद्र सिंह भी कौल सिंह को कितना पसंद करते थे यह बात हिमाचल प्रदेश का प्रत्येक नागरिक जानता है। मुकेश अग्निहोत्री और कौल सिंह इन दिनों सत्ता में वापसी की माला जप रहे हैं। मुकेश अग्निहोत्री वही नेता हैं जो कहते हैं कि सरकार एक काम गिनाए जो उन्होंने किया हो।

4- भाजपा की शुरू हुई पाठशालाएं, पढाया जा रहा जीत का पाठ। 

हिमाचल प्रदेश के विधानसभा चुनाव को लेकर सत्तासीन सरकार के संगठन ने अब कमर कस ली है।  लगातार जमीनी स्तर पर संगठन को मजबूती प्रदान करने की दिशा में अब अलग-अलग जगहों में पाठशालाएं लगाई जा रही हैं। संगठन के आला नेता बतौर प्रध्यापक अब अपने कार्यकर्ताओं को कई तरह के फॉर्मूले बता रहे हैं। इसी कड़ी में भाजपा की ओर से कांगड़ा संसदीय क्षेत्र के तीन संगठनात्मक जिलों के ग्रामीण केंद्र प्रमुख और जॉन प्रमुखों की बैठक का आयोजन किया गया। पालमपुर, नूरपुर और कांगड़ा के सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने इस पाठशाला में शिरकत की जिसकी अध्यक्षता संगठन महामंत्री पवन राणा, भाजपा प्रदेश प्रभारी अविनाश राय खन्ना, भाजपा के

प्रदेश महामंत्री त्रिलोक कपूर ने की। इस दौरान कांगड़ा के सांसद किशन कपूर, कैबिनेट मंत्री राकेश पठानिया, कैबिनेट मंत्री सरवीण चौधरी समेत पार्टी के कई आला पदाधिकारियों ने भी शिरकत की। इस दौरान इस पाठशाला की जानकारी देते हुये भाजपा के प्रदेश महामंत्री त्रिलोक कपूर ने कहा कि अगामी चुनावों के मद्देनजर जहां इस पाठशाला में कार्यकर्ताओं को मूलमंत्र बताये गये हैं। वहीं, दिसंबर माह तक भाजपा की कार्यप्रणाली का कैलेंडर क्या रहेगा इसकी जानकारी भी जॉन प्रमुख और ग्रामीण केंद्र प्रमुखों को दी गई है। उन्होंने कहा कि भाजपा के कार्यकर्ताओं ने अति उत्साह में जो उपचुनाव हारें हैं उससे भी सबक लेने की सलाह यहां दी गई है और संयम से चुनाव लड़ने का फॉर्मूला भी उनके आला नेताओं द्वारा यहां बताया गया है।

5- हिमाचल- अभिषेक शर्मा वैंकूवर ब्रिटिश कोलंबिया-कनाडा क्रिकेट क्लब का कोच।

हिमाचल प्रदेश के जिला हमीरपुर के अभिषेक शर्मा को वैंकूवर ब्रिटिश कोलंबिया-कनाडा क्रिकेट क्लब का कोच नियुक्त किया गया है। वह हमीरपुर के समीपवर्ती गांव ठनकरी के रहने वाले हैं। अभिषेक के चयन से यहां खुशी की लहर है। अभिषेक शर्मा बचपन से ही खेलों के प्रति रुझान रहा है। इनको 2005 में हिमाचल प्रदेश अंडर-19 और वरिष्ठ टीम का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिला। 2006 में इन्होंने अंडर-19 कूच बिहार ट्रॉफी में भी भाग लिया। 2007 में इनका चयन हिमाचल की ओर से अंडर-19 सीके नायडू ट्रॉफी के लिए भी हुआ। इन्होंने 2007 में रणजी ट्रॉफी में भी भाग लिया। अभिषेक शर्मा ने 2014-15 में ए ग्रेड ब्रदर्स लीग क्लब क्वींसलैंड ऑस्ट्रेलिया में भी भाग लिया। मार्च 2018 से सितंबर 2020 के दौरान अभिषेक ने हरभजन सिंह इंस्टीट्यूट ऑफ क्रिकेट-अमृतसर (पंजाब) के खिलाड़ियों को दुबई में होने वाले जूनियर क्रिकेट विश्व कप प्रतियोगिता के लिए प्रशिक्षण दिया। वर्तमान में वह फ्लाईं स्कूल ऑफ क्रिकेट अमृतसर के निदेशक भी हैं। वह खेल प्रतिभा के अतिरिक्त गायन का भी शौक रखते हैं। प्रदेश उच्च शिक्षा विभाग के निदेशक डॉ. अमरजीत कुमार शर्मा ने कहा कि अभिषेक शर्मा युवाओं के प्रेरणा स्रोत हैं। उधर, ग्राम पंचायत लंबलू के उपप्रधान सुरेंद्र कुमार ने कहा कि अभिषेक शर्मा गांव के रहने वाले हैं। लंबे समय से पंजाब शिफ्ट हो चुके हैं।

6- शिमला पुलिस ने लाॅन्च किया ‘शोर नहीं’ एप।

हिमाचल में पहली बार शिमला पुलिस ने ‘शोर नहीं’ एप लांच किया है। इससे आप तुरंत अपने आसपास शोर मचाने वालों की शिकायत कर सकते हैं। गूगल प्ले स्टोर में जाकर यह एप डाउनलोड करना होगा। इसके बाद चाहे दिन हो या रात, ऊंची आवाज से हो रही असुविधा की शिकायत पुलिस में दर्ज करवा सकते हैं। एप की खासियत है कि इसको लॉग इन करते ही शिकायतकर्ता की लोकेशन आटोमैटिक दर्ज हो जाएगी। गांव, मुहल्लों में भी अधिक शोर मचाने को अपराध की श्रेणी में रखा है। पर्यावरण विज्ञान और

प्रौद्योगिकी विभाग ने यह एप विकसित की है। शिकायतकर्ता खुद इस एप पर शोर की ध्वनि का स्तर जांच सकते हैं। यदि शोर तय मानकों से ज्यादा हुआ तो इसकी शिकायत दे सकते हैं। यही नहीं, शिकायतकर्ता संबंधित जगह की फोटो भी एप पर भेज सकेंगे। इसके बाद शिकायत ऑनलाइन संबंधित थाने में जाएगी। इसके अलावा एप में शिकायत का ऑनलाइन रियल टाइम स्टेटस जानने की सुविधा भी दी गई है। 55 से 60 डेसीबल से ज्यादा आवाज बहरा कर सकती है। एसपी डॉ. मोनिका भुटूंगरु ने बताया कि रात के समय आसपास के क्षेत्र में ऊंची आवाज में संगीत बजता है तो असुविधा की शिकायत ‘शोर नहीं’ एप पर दर्ज करवा सकते हैं। जिलावासियों को बेहतर सुविधाएं प्रदान करने के लिए पुलिस प्रशासन प्रयासरत है। इसके साथ पुलिस नंबर 0177-2812344 एवं 112 पर भी सूचना दे सकते हैं।

7- एंटी टैररिस्ट फ्रंट इंडिया ने शिमला में किया प्रदर्शन, 51 लाख रूपये के ईनाम भी...

हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में एंटी टैररिस्ट फ्रंट इंडिया ने शिमला में डीसी कार्यालय के बाहर खालिस्तान के झंडे को आग के हवाले किया और भारतीय ध्वज लहराया। फ्रंट के राष्ट्रीय अध्यक्ष वीरेश शांडिल्य और प्रदेश अध्यक्ष राज कुमार अग्रवाल के नेतृत्व में खालिस्तान के झंडे को आग के हवाले किया गया। इस अवसर पर फ्रंट के सदस्यों ने भारत माता की जय और खालिस्तान मुर्दाबाद के नारे लगाए। इस मौके पर वीरेश शांडिल्य ने मीडिया से कहा कि देवभूमि से आरपार की लड़ाई आज खालिस्तान के

खिलाफ शुरू हो गई है। उन्होंने कहा भारत के खिलाफ बुरी नजर रखने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। शांडिल्य ने देवभूमि से ऐलान किया कि जो भी ब्रिटेन में बैठे गुरपतवंत सिंह पन्नू का सिर काटकर भारत लाएगा, उसे फ्रंट 51 लाख का नकद ईनाम देगा। वीरेश शांडिल्य ने कहा कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर विधानसभा में कानून पारित करें कि यदि कोई भी खालिस्तानी झंडा या भिंडरावाला की फोटो लगाकर अपने वाहन पर आएगा तो उसे देशद्रोह के मामले में गिरफ्तार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि देवभूमि से यह कानून पारित कर जयराम ठाकुर पूरे देश में भारत की एकता और अखंडता को मजबूत करने की मिसाल पेश करें। शांडिल्य ने केंद्र सरकार द्वारा भी संसद में ऐसा ही कानून पारित किया जाए ताकि देश विरोधी ताकतों पर शिकंजा कसा जा सके।

8- होने वाला जीजा भगा ले गया नाबालिग साली।

हिमाचल प्रदेश के जिला ऊना में फिर एक अनोखा मामला सामने आया हैं। कुछ दिन पूर्व लड़के से लड़के की शादी के बाद अब एक और मामला सामने आया है। शादी से चार दिन पहले होने वाला जीजा अपनी नाबालिग साली को ही भगाकर ले गया। क्षेत्र में यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है। अम्ब क्षेत्र के एक लड़के की हरोली क्षेत्र की लड़की से शादी तय हुई। लेकिन लड़के की आंख अपनी साली से भिड़ गई और शादी के ठीक चार दिन पहले लड़का अपनी नाबालिग साली को ही भगा ले गया। अब पुलिस इन दोनों को ढूंढ रही है। इसमें अब कानूनी पहलू ये भी है कि यदि नाबालिग लड़की ने लड़के के खिलाफ बयान दिया तो ये मामला पोक्सो का बन जाएगा। लेकिन लड़की अभी नाबालिग है और उसके 18 वर्ष उम्र होने में अभी तीन माह बाकी हैं। ऐसे में अब ये मामला लड़की के बयान पर टिका हुआ है। वहीं, पुलिस ने फिलहाल मामला तो दर्ज कर लिया है और दोनों की तलाश जारी कर दी है। एसपी ऊना अर्जित सेन ने बताया कि स्वजन की शिकायत पर मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है और दोनों की तलाश की जा रही है। लड़की के बयान के बाद ही आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

9- मुख्यमंत्री ने नई दिल्ली में किया प्रधानमंत्री संग्रहालय का भ्रमण।

हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने आज नई दिल्ली स्थित तीन मूर्ति एस्टेट में प्रधानमंत्री संग्रहालय का भ्रमण किया। संग्रहालय की विभिन्न दीर्घाओं में देश के सभी प्रधानमंत्रियों के जीवन और कार्यकाल का विस्तृत

विवरण है। इसका लोकार्पण हाल ही में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया था और इसे आम लोगों के लिए खोल दिया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह प्रशंसनीय पहल हमारे सभी प्रधानमंत्रियों के बारे में लोगों विशेषकर युवाओं में जागरूकता पैदा करने में दूरगामी भूमिका निभाएगी। उन्होंने कहा कि देश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले हमारे सभी प्रधानमंत्रियों के गौरवशाली जीवन और प्रयासों के बारे में जानने के लिए सभी को संग्रहालय का भ्रमण करना चाहिए।

शाम पांच बजे तक का कोविड मीडिया बुलेटिन-

सूचना एवं जन संपर्क विभाग हिमाचल प्रदेश बुलेटिन-