Himachal News: मुख्यमंत्री ने आईजी बिमल गुप्ता को हिमाचल के ‘एंटी-चिट्टा अभियान’ में उत्कृष्ट नेतृत्व एवं योगदान के लिए किया सम्मानित ddnewsportal.com
Himachal News: मुख्यमंत्री ने आईजी बिमल गुप्ता को हिमाचल के ‘एंटी-चिट्टा अभियान’ में उत्कृष्ट नेतृत्व एवं योगदान के लिए किया सम्मानित
■ "नशे के विरुद्ध जागरूकता अभियान को प्रदेशव्यापी जन आंदोलन बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका; युवाओं की भागीदारी और ‘नशा मुक्त हिमाचल’ के संकल्प को दी नई दिशा।
हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने आज बिमल गुप्ता, आईपीएस, पुलिस महानिरीक्षक, एसवी एंड एसीबी/एपी एंड टी को प्रदेश में चलाए जा रहे ‘एंटी-चिट्टा अभियान’ में उनके उत्कृष्ट नेतृत्व एवं उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया।
श्री गुप्ता ने प्रदेशभर में नशे के विरुद्ध जन-जागरूकता अभियान को व्यापक स्तर पर आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। इसके अंतर्गत बड़े पैमाने पर वॉकाथॉन, जन-जागरूकता कार्यक्रमों एवं विभिन्न आउटरीच गतिविधियों का आयोजन किया गया, जिनके माध्यम से युवाओं, नागरिक समाज संगठनों तथा आम जनता को चिट्टा एवं सिंथेटिक ड्रग्स के विरुद्ध एकजुट किया गया।

उनके निरंतर प्रयासों से नशे के विरुद्ध जागरूकता अभियान को एक प्रदेशव्यापी जन आंदोलन का स्वरूप देने में मदद मिली है। इन पहलों ने युवाओं की सक्रिय भागीदारी को प्रोत्साहित करने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा ‘नशा मुक्त हिमाचल’ के सामूहिक संकल्प को सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।
यह सम्मान श्री गुप्ता की समर्पित सेवाओं, प्रभावी नेतृत्व तथा प्रदेश की युवा पीढ़ी के भविष्य को सुरक्षित रखने और हिमाचल प्रदेश को नशामुक्त बनाने के प्रति उनकी अटूट प्रतिबद्धता का सम्मान है। नेतृत्व, समर्पण और नशामुक्त हिमाचल के संकल्प के प्रति प्रतिबद्धता का यह सम्मान वास्तव में सराहनीय है।
इस अवसर पर पुलिस महानिदेशक अशोक तिवारी ने कहा, “मैं माननीय मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू का उनके दूरदर्शी नेतृत्व, निरंतर प्रोत्साहन एवं मार्गदर्शन के लिए हार्दिक आभार व्यक्त करता हूँ। मैं आईजीपी श्री बिमल गुप्ता, आईपीएस तथा हिमाचल प्रदेश पुलिस की पूरी टीम को बधाई देता हूँ, जिन्होंने चिट्टा विरोधी अभियान को प्रदेशव्यापी जन आंदोलन का स्वरूप प्रदान किया है। हम सभी प्रदेश के युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से बचाने और नशामुक्त हिमाचल प्रदेश के निर्माण के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करते रहेंगे।”
