Himachal CM News: हिमाचल के सीएम सुक्खू की सुरक्षा में फिर बड़ी चूक, हेलीकॉप्टर लैंडिंग से पहले हुआ कुछ ऐसा... ddnewsportal.com

Himachal CM News: हिमाचल के सीएम सुक्खू की सुरक्षा में फिर बड़ी चूक, हेलीकॉप्टर लैंडिंग से पहले हुआ कुछ ऐसा... ddnewsportal.com

Himachal CM News: हिमाचल के सीएम सुक्खू की सुरक्षा में फिर बड़ी चूक, हेलीकॉप्टर लैंडिंग से पहले हुआ कुछ ऐसा...

हिमाचल प्रदेश के सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू की सुरक्षा में एक बार फिर चूक का मामला सामने आया है। इस बार उनके हेलीकॉप्टर लैंडिंग से पहले ऐसा कुछ हो गया कि कुछ समय के लिये हेलीकॉप्टर को हवा में ही रुकना पड़ा। दो सप्ताह में इस तरह की यह दूसरी घटना है। 
दरअसल, सोमवार को मुख्यमंत्री दोपहर बाद शिमला से हमीरपुर के भोरंज के लिए रवाना हुए। यहां मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू का हेलीकॉप्टर जैसे ही हेलीपैड पर लैंड होने के लिए पहुंचा, तभी अचानक बड़ी संख्या में बेसहारा पशु हेलीपैड की तरफ दौड़ते हुए आ गए। इसके बाद मौके पर मौजूद पुलिस अधीक्षक और जिला उपयुक्त के हाथ पैर फूल गए। मौके पर तैनात जवानों ने पशुओं को वहां से भगाया। लेकिन इस बीच मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के हेलीकॉप्टर को कुछ देर तक हेलीपैड के ऊपर हवा में ही ठहरना पड़ा।


गौरतलब है कि हेलीकॉप्टर की लैंडिंग बेहद संवेदनशील होती है। ऐसे में लैंडिंग के वक्त आसपास के इलाके को क्लियर करवाया जाता है। राज्यपाल, मुख्यमंत्री और अन्य वीवीआईपी के हेलीकॉप्टर की लैंडिंग के मामले में तो और भी ज्यादा एहतियात बरती जाती है। लेकिन, बावजूद इसके लैंडिंग के वक्त हेलीपैड पर पशु आ गए। इससे जिला प्रशासन की व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हुए हैं।


बता दें कि दो सप्ताह पहले ही मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू जिला शिमला के रामपुर के दौरे पर थे। यहां भी जिला प्रशासन ने जो टेंपरेरी हेलीपैड बनाया था, वहां हेलीकॉप्टर के पायलट ने लैंडिंग से इनकार कर दिया। इसके बाद हेलीकॉप्टर को दूसरी जगह पर उतरना पड़ा। ऐसा माना जा रहा है कि मुख्यमंत्री की सुरक्षा में चूक होने के चलते इसकी गाज आला अधिकारियों पर गिर सकती है।