HP Weather Update: आज सात जिलों के लिए भारी बारिश का येलो अलर्ट, रहें सतर्क... ddnewsportal.com

HP Weather Update: आज सात जिलों के लिए भारी बारिश का येलो अलर्ट, रहें सतर्क... ddnewsportal.com

HP Weather Update: आज सात जिलों के लिए भारी बारिश का येलो अलर्ट, रहें सतर्क...

हिमाचल प्रदेश में आज यानी रविवार को सात जिलों के लिए भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने सात जिलों हमीरपुर, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, शिमला, सोलन व सिरमौर में भारी बारिश का यैलो अलर्ट जारी किया है। प्रशासन ने नदी-नालों से दूर रहने का आम जनमानस से आह्वान किया है। हालांकि सोमवार से कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है। 

उधर, यैलो अलर्ट के बीच में बिलासपुर में शनिवार को बादल फटने की घटना सामने आई है, जबकि राजधानी शिमला में हल्की बारिश के अलावा कुछ हिस्सों में वर्षा हुई है। बिलासपुर जिला के नम्होल उपतहसील के तहत गुतराहन में शनिवार सुबह बादल फटने से 2 वाहन मलबे में दब गए, जबकि 5 वाहन क्षतिग्रस्त हुए हैं। खेतों को भी नुक्सान पहुंचा है, वहीं नम्होल-डाबर मार्ग अवरुद्ध हो गया। उधर, भरमौर-पठानकोट हाईवे पर कई जगह भूस्खलन होने से मार्ग बंद हो गया और वाहनों की कतारें लग गईं। ठियोग उपमंडल के तहत छैला-पराला-सैंज मार्ग पर भूस्खलन होने से कई घंटों के बाद मार्ग बहाल हो सका, जिससे वाहन यहां फंस गए। चम्बा जिला के भटियात क्षेत्र की चिलामा पंचायत के कमलाड़ी और घटासनी गांवों में भारी बारिश के बाद मलबा और पानी लोगों के घरों में घुस गया। घटासनी पंचायत में लगभग 6 मकानों को नुक्सान पहुंचा है।

394 की मौत, 41 अभी भी लापता:

बताते चलें कि इस मॉनसून सीजन में अब तक हिमाचल प्रदेश में 140 भूस्खलन, 97 फ्लैश फ्लड और 46 बादल फटने की घटनाएं दर्ज की गई हैं और राज्य में अब तक भारी तबाही मचाई है। प्रारंभिक रिपोर्ट के मुताबिक अब तक 394 लोगों की जान जा चुकी है और 455 लोग घायल हुए हैं, जबकि 41 लोग लापता हैं। मंडी में 61, कांगड़ा में 55, चम्बा में 45, कुल्लू में 44, शिमला में 42, किन्नौर और सोलन में 29-29, ऊना में 25, सिरमौर में 20, बिलासपुर में 19, हमीरपुर में 16 और लाहौल-स्पीति में 9 लोगों की मौत हो चुकी है। अब तक 1,403 मकान पूरी तरह ढह चुके हैं, जबकि 5,952 मकान आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हुए हैं।

बारिश से 484 दुकानें और 5,929 गौशालाएं भी नष्ट हुई हैं। पशुधन को भारी नुकसान हुआ है जिसमें 2,086 पशुओं और 26 हजार से अधिक पोल्ट्री पक्षियों की मौत हुई है। प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक राज्य को अब तक 4,467 करोड़ रुपए से अधिक की सार्वजनिक संपत्ति का नुक्सान हो चुका है। राज्य सरकार और प्रशासन की ओर से लोगों से सतर्क रहने की अपील की गई है। खासकर नदी-नालों और ढलानों से दूर रहने की हिदायत दी गई है।