सिरमौर पर सबसे बड़ी मार....... 16 मई 2022- पांवटा साहिब से आज का खबरनामा ddnewsportal.com

सिरमौर पर सबसे बड़ी मार.......  16 मई 2022- पांवटा साहिब से आज का खबरनामा ddnewsportal.com
प्रतीकात्मक तस्वीर, साभार गूगल

सिरमौर पर सबसे बड़ी मार.......

16 मई 2022- पांवटा साहिब से आज का खबरनामा 

शिमला में चप्पे-चप्पे पर होगा पहरा 
पीएम सुरक्षा को मास्टर प्लान
सीएम की निति आयोग के CEO से चर्चा
संदेह वालों को ही जांच: विक्रमादित्य 
नालागढ़ से चार कैंडिडेट अरेस्ट 
सूखा- हिमाचल में 200 करोड़ का नुकसान
शिलाई का चंहुमुखी विकास: बलदेव
केरल जीतने निकले उम्रदराज जवान
आंधी-तुफान से पेड़ धराशायी 
कल मौसम विभाग का बड़ा अलर्ट
पर्यटकों की गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त 

सिरमौर में आज 01 मामला और....... कोविड/सूचना एवं जन संपर्क विभाग बुलेटिन।


(आज की तस्वीर) Badminton Thomas Cup Winner Indian Team.

स्थानीय (सिरमौर)

1- पांवटा: केरल में जलवा दिखायेंगे सिरमौर के मास्टर्स एथलीट, टीम नेशनल के लिए रवाना।

मास्टर्स गेम्स की केरल के त्रिवेंद्रम में होने जा रही नेशनल चैंपियनशिप में हिमाचल प्रदेश सहित सिरमौर जिले के एथलीट भी अपना जलवा दिखाने निकल पड़े है। सोमवार को गुरूद्वारा श्री पांवटा साहिब में शीश नवाने के बाद डीएसपी पांवटा साहिब बीर बहादुर ने टीम को रवाना किया। यह खिलाड़ी नेशनल में हाॅकी सहित फील्ड इवेंट में अपनी प्रतिभा का डंका बजायांगे। उम्रदराज खिलाड़ियों की इस प्रतियोगिता में सिरमौर मास्टर्स गेम्स एसोसिएशन की तरफ से जो खिलाड़ी नेशनल खेलने जा रहे हैं उनमें

एसोसिएशन के अध्यक्ष राजेंद्र शर्मा एडवोकेट ( 66), कैप्टन पीसी भंडारी (75), कैप्टन जगत सिंह (75) इंटरनेशनल प्लेयर, तिरलोक सिंह (67), नीरज महेश्वरी (52), सुरजीत सिंह (52), सुरजीत कश्यप (52), हेमंत कुमार (30), चंबेल सिंह  (41) औथ विशाल कुमार (32 वर्ष) शामिल है। यह प्रतियोगिता 18 से 22 मई तक त्रिवेंद्रमपुरम केरल में आयोजित होगी। इसमे हिमाचल से लगभग 100 खिलाड़ी भाग ले रहे है। जिसमे सिरमौर से 25 और पांवटा से 10 खिलाड़ी शामिल है। 

2- शिलाई: जयराम के नेतृत्व में शिलाई का चंहुमुखी विकास: बलदेव 

शिलाई विधानसभा क्षेत्र के पोका पंचायत के धमोन गांव में खाद्य आपूर्ति निगम के उपाध्यक्ष बलदेव तोमर का धन्यवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। धमोन गांव में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर स्कूल का दर्जा बढ़ाकर हाई स्कूल करने व सड़क की घोषणा की थी। जिसके बाद ग्रामीणों ने धन्यवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। धमोन पहुंचने पर ग्रामीणों ने बलदेव तोमर का जोरदार स्वागत किया। इस दौरान धमोन गांव के 12 परिवारों ने कांग्रेस छोड़कर भाजपा का दामन थामा है। पोका पंचायत में आयोजित धन्यवाद कार्यक्रम में खाद्य आपूर्ति निगम के उपाध्यक्ष बलदेव तोमर ने अपने संबोधन में कहा कि केंद्र में आठ साल से भाजपा की सरकार है तथा आठ साल पूरे

होने पर 31मई को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शिमला आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में जयराम ठाकुर के नेतृत्व में साढ़े चार साल में शिलाई विधानसभा क्षेत्र का चहुंमुखी विकास किया है। बलदेव तोमर ने कहा कि गिरिपार क्षेत्र को जनजातीय क्षेत्र घोषित होने पर क्षेत्र के युवा आईएएस और आईपीएस अधिकारी बनेंगे। उन्होंने कहा कि एक महीने के अंदर केंद्र में कैबिनेट बैठक में जनजातीय मुद्दा पास कर घोषित हो जायेगा। उन्होंने कहा कि सतौन में डिग्री कॉलेज, सब तहसील की घोषणा की है तथा आईटीआई खोलकर दी है। जिससे हमारे लोगों के काम अब घर-द्वार ही होंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा शिलाई को पिछड़ा रखा है तथा चंद लोगों को पालकर रखें है। बलदेव तोमर ने कहा की हमने हार कर भी क्षेत्र का विकास किया है तथा वर्तमान विधायक विकास में रोड़ा अटका रहे हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर से जो हमने मांगा उन्होंने हमें दिल खोलकर दिया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में फिर से भाजपा की सरकार बन रही है। इस लिए शिलाई

विधानसभा क्षेत्र से भाजपा को जीताकर विधानसभा में भेजना है। इस दौरान बलदेव तोमर ने धमोन गांव में खेल मैदान के लिए तीन लाख रुपए, पेयजल योजना और दो समुदायिक भवन बनाने की घोषणा की है। इस मौके पर पोका पंचायत के प्रधान सतीश चौहान,बीडीसी उपाध्यक्ष सुनील ठाकुर, प्रधान महेंद्र ठाकुर, उपप्रधान काकू राम,पूर्व प्रधान रजनीश चौहान, इन्द्र चौहान, प्रेम चौहान, नरेश चौहान,खजान सिंह, अरविन्द चौहान, अनिल कुमार,नेत्र चौहान, नरेश चौहान,मदन तोमर, राजेंद्र शर्मा, जोगेंद्र पुण्डीर, धनवीर सिंह आदि मौजूद रहे।

3- पांवटा: सीएचटी दारा सिंह का आकस्मिक निधन, शिक्षक जगत मे शोक।

पांवटा साहिब के राजकीय प्राथमिक पाठशाला सालवाला में केंद्रीय मुख्य शिक्षक के रूप में सेवाएं दे रहे दारा सिंह तोमर का आकस्मिक निधन हो गया। उनके निधन से पूरे शिक्षा खंड पांवटा साहिब के शिक्षक जगत में शोक की लहर है। वह एक सौम्य स्वभाव, मिलनसार, कठिन परिश्रमी, कर्तव्यनिष्ठ और शिक्षकों के लिए आदर्श एवं प्रेरणा स्रोत थे। उनका निधन शिक्षक समाज और शिक्षा के लिए बहुत बड़ा आघात है जिसकी भरपाई करना असंभव है। उनका निधन कल रात पांवटा स्थित उनके निवास पर दिल का दौरा पड़ने से हुआ। उनके पार्थिव शरीर को उनके पैतृक गांव कलाथा ले जाया गया, जहां

आज उनका अंतिम संस्कार किया गया। शिक्षा खंड पांवटा  साहिब के सभी शिक्षकों ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। राजकीय प्राथमिक शिक्षक संघ पांवटा साहिब ने उनके निधन पर शोक व्यक्त किया है तथा शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त की है। कई  शिक्षक व पदाधिकारी नम आंखों से दिवंगत साथी को अंतिम विदाई देने के लिए उनके पैतृक गांव कलाथा पहुंचे और अंत्येष्टि में भाग लिया। इनमें BRC बलबीर चौधरी, राजकीय प्राथमिक शिक्षक संघ के अध्यक्ष पूर्ण तोमर, महासचिव गोपाल सिंह, माजरा खंड के अध्यक्ष इंद्रजीत सिंह, अक्षय शर्मा, जगजीत सिंह, प्रताप ठाकुर, राजेश शर्मा, अशोक कुमार , सुरेंद्र सिंह, सुनीता सोनी, राजेश भारद्वाज , खेमचंद , नीता पंवार, जगत सिंह, राजेश चौहान, दीपचंद परमार, मित्र सिंह चौहान आदि शामिल रहे।

4- पांवटा: 10 दिन में भूसे का प्रबंध नहीं तो करेंगे प्रदर्शन: संघ

दुग्ध उत्पादक संघ पांवटा साहिब ने प्रशासन को दो टूक कहा है कि यदि 10 दिन के भीतर भूसे की समस्या का हल नहीं हुआ तो वह मजबूरन धरना प्रदर्शन करेंगे। दरअसल, दूध उत्पादक संघ पांवटा साहिब का सम्मेलन संघ के अध्यक्ष सरदार अमरजीत सिंह बिट्टा की अध्यक्षता में हुआ। सम्मेलन में भारतीय किसान यूनियन के राज्य अध्यक्ष सरदार तरसेम सिंह सग्गी, हिमाचल किसान सभा महासचिव गुरविंद्र सिंह,   तरण सिंह न्यूट्रिकाना पशु आहार की और से, पशुपालन विभाग की तरफ से डाॅक्टर मनदीप सिंह, डाॅ ललित अजवानी और राजीव खुराना सहित गौ सेवक सचिन ओबराय और

बद्रीपूर पंचायत से शिव कुमार सहित अन्य गणमान्य पशुपालकों सहित १०० के लगभग पशुपालकों ने सम्मेलन में भागीदारी दी। सम्मेलन में चर्चा हुई कि प्रशासन द्वारा भूसे की समस्या को अभी तक भी हल नहीं किया गया। मात्र एक टोल फ़्री नम्बर जारी करने का ही काम किया। किसी भी पशु पालक को भूसा नही मिला। पशु भूखे तड़प रहे हैं, इसलिये निर्णय लिया गया कि यदि 10 दिन के अंदर सरकार व प्रशासन द्वारा भूसा उपलब्ध नही करवाया तो किसान संगठन मिल कर प्रदर्शन करेंगे व आंदोलन करेंगे। इस दौरान सम्मेलन में पशुपालन विभाग द्वारा पशु पालकों को फ़ीड, कैल्शियम व दवाइयाँ फ़्री मे बाँटी गयी। 

5- शिलाई: भाजयुमो के 2 हजार कार्यकर्ता जायेंगे मोदी की रैली में।

भारतीय जनता युवा मौर्चा मंडल शिलाई की बैठक मंडल अध्यक्ष अनिल चौहान की अध्यक्षता में शिलाई में हुई। इस बैठक में जून माह में होने वाली 1 लाख युवा की रैली की व्यवस्था पर चर्चा हुई। इस रैली में देश के प्रधान मंत्री

नरेंद्र मोदी शिरकत करेंगे। रैली की दृष्टि से 27 ग्राम केंद्रों पर प्रभारी व 102 बूथों पर प्रमुख ओर सह प्रमुख नियुक्त किये जायेंगे ताकि रैली को सफल बनाया जा सके।और शिलाई विधानसभा से 2,000 युवा रैली में जाएंगे। इस बैठक में शिलाई मण्डल भाजपा के अध्यक्ष सूरत सिंह चौहान और विस्तारक प्रताप चौहान विशेष तौर पर मौजूद रहे।

6- पांवटा: आंधी तुफान ने धराशयी कर डाला पेड़, आवागमन बाधित।

पांवटा साहिब मे दोपहर बाद अचानक मौसम के बदले तेवर ने हालांकि गर्मी से थोड़ी राहत दी लेकिन आंधी तुफान आफत बनकर आई। उपमंडल के अंतर्गत आने वाले गिरिपार क्षेत्र के अंबोया में तेज तूफान से सड़क पर पेड़ गिर गया है। जिससे कई घंटों तक आवागमन बंद रहा। दोनों ओर  वाहनों की

लंबी लंबी कतारें लगी रही। सोमवार दोपहर बाद पांवटा के ऊपरी इलाकों के कुछ गांवों में जमकर बारिश हुई। इसके साथ ही तेज तूफान भी काफी देर तक चला। जिससे वाहन चलाने में भी काफी दिक्कत आई। तूफान के कारण अंबोया के पास एक बड़ा पेड़ बीच सड़क पर गिर गया। ग्रामीणों ने इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंच कर पेड़ को हटवाने का प्रयास किया। कड़ी मशक्कत के बाद सड़क को बहाल किया गया। 

(हिमाचल)

1- पीएम के दौरे को चौक चौबंद होगी सुरक्षा व्यवस्था, 5 हजार पुलिस कर्मी रहेंगे चप्पे-चप्पे पर।

देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शिमला दौरे को लेकर सरकार तैयारियों में जुट गई है। सुरक्षा की दृष्टि से ऐतिहासिक रिज मैदान पर सुरक्षा व्यवस्था चौक चौबंद करने के लिए सरकार स्तर पर बैठकों का दौर जारी है। टका बेंच से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संबोधन होना है। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा से आगे की ओर 15 मीटर तक डी बनाई जाएगी। लोगों के बैठने के लिए 14 ब्लॉक बनाए जाने प्रस्तावित हैं। स्कैंडल प्वाइंट और मालरोड पर एलईडी स्क्रीन लगाई जाएंगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शिमला में दो घंटे तक रुक सकते हैं। रिज मैदान पर पुलिस की चौकसी बढ़ गई है।  
दरअसल, केंद्र में मोदी सरकार के आठ साल का कार्यकाल पूरा होने जा रहा

है। जश्न के तौर पर रिज मैदान पर यह राष्ट्रीय कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हिमाचल विधानसभा चुनाव का शंखनाद भी करेंगे। हिमाचल में भाजपा सरकार के पांच साल का कार्यकाल दिसंबर में पूरा होने जा रहा है। ऐसे में मोदी कार्यकर्ताओं में चुनाव को लेकर नई ऊर्जा का संचार करेंगे। उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शिमला दौरे को लेकर 5,000 पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की ड्यूटी लगेगी। शिमला में होने वाले राष्ट्रीय कार्यक्रम में 30,000 लोगों के उमड़ने की संभावना है। मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विस्तृत कार्यक्रम की रिपोर्ट आनी संभावित है। हालांकि, मुख्य सचिव रामसुभग सिंह केंद्रीय अधिकारियों से साथ प्रधानमंत्री के दौरे को लेकर लगातार संपर्क में हैं। मशोबरा, ढली से लेकर सोलन तक पुलिस बल तैनात रहेगा। सुरक्षा की दृष्टि से खुफिया एजेंसियां मोदी के दौरे को लेकर सक्रिय हैं।  

2- मुख्यमंत्री से नीति आयोग के मुख्य कार्यकारी अधिकारी ने की भेंट, हुई ये चर्चा।

हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर से आज यहां नीति आयोग के मुख्य कार्यकारी अधिकारी अमिताभ कांत ने भेंट की। इस अवसर पर धर्मशाला में जून माह में प्रस्तावित सभी राज्यों व केंद्र शासित प्रदेशों के मुख्य सचिवों के अधिवेशन के आयोजन के बारे में चर्चा की गई। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस दो दिवसीय अधिवेशन में भाग लेने के लिए उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से विशेष तौर पर हिमाचल आने का आग्रह किया है। उन्होंने प्रधानमंत्री के इस प्रस्तावित दौरे तथा राष्ट्र स्तरीय अधिवेशन के सफल आयोजन के बारे में अधिकारियों से विस्तार से चर्चा की। मुख्यमंत्री ने हिमाचल प्रदेश से जुड़े

विभिन्न पहलुओं पर भी नीति आयोग के अधिकारियों से विचार-विमर्श किया। उन्होंने कहा कि हिमाचल ने पर्यटन विस्तार, स्वच्छ ऊर्जा, रोपवे कनेक्टिविटी, विद्युत वाहन और सतत विकास की दिशा में कई अभिनव पहल की हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि रोपवे परियोजना के माध्यम से हिमाचल पर्यटन तथा कनेक्टिविटी के क्षेत्र में आधुनिक तकनीक का प्रयोग करते हुए बेहतर संपर्क स्थापित करने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि विद्युत वाहन नीति तैयार कर प्रदेश इलेक्ट्रिक व क्लीन मोबिलिटी को बढ़ावा दे रहा है। मुख्यमंत्री ने सस्टेनेबल टूरिज्म, हवाई संपर्क को और बेहतर करने तथा प्रदेश के सतत विकास में नीति आयोग से सकारात्मक सहयोग का आग्रह किया। इस अवसर पर मुख्य सचिव राम सुभग सिंह, प्रधान सचिव देवेश कुमार सहित नीति आयोग के अधिकारी योगेश सुरी व संयुक्ता समद्दर भी उपस्थित रही।

3- सूखा- 200 करोड़ का नुकसान, सिरमौर सबसे ज्यादा प्रभावित।

हिमाचल प्रदेश में सूखे से फसलों को 200 करोड़ रुपये से अधिक का नुकसान हुआ है। कृषि विभाग ने फील्ड से आई नुकसान की रिपोर्ट सरकार को भेज दी है। जिला हमीरपुर, शिमला और सिरमौर के किसानों पर सबसे ज्यादा मार पड़ी है। दूसरी ओर, प्रदेश में सूखे और ओलावृष्टि से बागवानी फसलों खासकर सेब को हुई 34 करोड़ की क्षति हुई है। सरकार को भेजी

विभाग की रिपोर्ट के अनुसार 4,13,057.60 हेक्टेयर कृषि भूमि है। इसमें 86,556.60 भूमि में कृषि फसलों को नुकसान हुआ है। इसके अलावा 53,107.56 हेक्टेयर भूमि में 33 फीसदी से कम और 33,449.04 हेक्टेयर भूमि में 33 फीसदी से अधिक फसलों को नुकसान हुआ है। कृषि फसलों को कुल 207.14 करोड़ का नुकसान हुआ है। राज्य कृषि निदेशक नरेश कुमार ने कहा कि फसलों की 207 करोड़ के कृषि फसलों के नुकसान की रिपोर्ट फील्ड से मिल चुकी है। इसे सरकार को भेजा गया है।
     
     जिला                    नुकसान लाख में
1. सिरमौर                      6,184.20
2. हमीरपुर                     5,472.92
3. शिमला                      3,762.30
4. कांगड़ा                       1,731.56
5. चंबा                           1,595.92
6. सोलन                        1,267.29
7. ऊना                            399.41
8. मंडी                            224.94
9. कुल्लू                            42.36
10. बिलासपुर                    34.26
11. किन्नौर                           00 
12. लाहौल-स्पीति                 00

4- जो शक के दायरे में, सरकार उन्हीं से करवा रही जांच: विक्रमादित्य 

हिमाचल प्रदेश के शिमला ग्रामीण के विधायक विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि पुलिस भर्ती के पेपर लीक मामले में बहुत बड़ा घोटाला हुआ है। इसमें हिमाचल पुलिस के आला अधिकारी भी संलिप्त हैं। 10 से 15 लाख रुपये तक सीटें बेची गईं। प्रदेश के हजारों बेरोजगार युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया गया। जो लोग शक के दायरे में हैं, सरकार ने उन्हें ही जांच का जिम्मा सौंपा है। ऐसे में कैसे निष्पक्ष जांच हो सकती है। सोमवार को रोहड़ू में पत्रकार वार्ता के दौरान विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि सांसद प्रतिभा सिंह के प्रदेश अध्यक्ष बनने से हिमाचल में कांग्रेस पार्टी में नए रक्त का संचार हुआ है। कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ गया है। विधानसभा चुनाव के लिए

बहुत कम समय शेष रहा है। कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर पर लड़ाई लड़नी होगी। भाजपा सरकार की नाकामियों को बूथ स्तर तक ले जाना होगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस विधानसभा चुनाव से पहले अपना घोषणापत्र लाएगी। इसमें कर्मचारियों, बागवानों, बेरोजगार युवाओं सहित प्रदेश के हर वर्ग की मांगों को जोड़ा जाएगा। इस बात का विशेष ध्यान रखा जाएगा कि प्रदेश की वित्तीय परिस्थिति जिसकी अनुमति देती है, उतनी ही बात घोषणा पत्र में कांग्रेस शामिल करेगी। कहा कि बागवानों को सेब का समर्थन मूल्य कश्मीर की तर्ज पर मिलना चाहिए। सत्ता में आने के बाद कांग्रेस बागवानों को उनके उत्पाद का उचित मूल्य एमआईएस के तहत दिलाएगी। विधायक मोहन लाल ब्राक्टा, रोहड़ू कांग्रेस के अध्यक्ष करतार सिंह कुल्ला भी मौजूद रहे। 

5- नालागढ़ पंहुची पुलिस भर्ती की आंच, चार कैंडिडेट गिरफ्तार।

हिमाचल प्रदेश पुलिस कांस्टेबल भर्ती के पेपर लीक मामले में एसआईटी ने चार और युवकों को गिरफ्तार किया है। एसआईटी ने नालागढ़ से चार युवकों को गिरफ्तार किया है। सभी ने परीक्षा से पहले ही प्रश्नपत्र देख लिया था और 65 से ज्यादा अंक हासिल किए। एसपी सोलन वीरेंद्र शर्मा ने इसकी पुष्टि है। अब तक इस मामले में 500 से ज्यादा अभ्यर्थियों से पूछताछ की जा चुकी है। 16 से ज्यादा अभ्यर्थियों के खिलाफ थाने में मामले दर्ज किए गए हैं। कई को पुलिस रिमांड पर भेजा गया है। यह हस्तलिखित प्रश्न पत्र सबसे पहले जिला कांगड़ा में बंटा है। बताया जा रहा है कि पेपर लीक मामले के तार पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और उत्तर प्रदेश से जुड़ रहे हैं। ऐसे में एसआईटी की एक टीम फिर से पंजाब गई है। इससे पहले एसआईटी के सदस्य हरियाणा,

दिल्ली में भी दबिश दे चुके हैं। डिजिटल साक्ष्य के साथ एसआईटी आगे बढ़ रही है। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर कह चुके हैं कि मामले में जो भी दोषी होगा, उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। वही, सरकार का दावा है कि पुलिस कांस्टेबल भर्ती के लिए दोबारा होने वाली लिखित परीक्षा से पहले पेपर लीक मामले की जांच पूरी की जाएगी। मुख्य आरोपी तक पहुंचने के लिए पुलिस के हाथ अहम् साक्ष्य लगे हैं। मामले की जांच तेज करने के लिए पुलिस मुख्यालय ने विशेष जांच दल (एसआईटी) के अलावा जिलों के पुलिस अधीक्षकों (एसपी) को भी जांच का जिम्मा सौंपा है। सभी एसपी अपने जिलों में 65 से ज्यादा अंक प्राप्त करने वाले अभ्यर्थियों से पूछताछ करेंगे। पुलिस अधीक्षकों को पूछताछ के बाद जानकारी एसआईटी के साथ भी साझा करनी होगी ताकि मुख्य आरोपी तक पहुंचा जा सके। 

6- हिमाचल- पर्यटकों की कार दुर्घटनाग्रस्त, 4 की मौत तीन घायल।

हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले में दर्दनाक हादसा हुआ है। बंजार के घियागी के पास दिल्ली के पर्यटकों की कार हादसे का शिकार हुई है। कार हाईवे-305 से करीब 200 मीटर नीचे घियागी खड्ड में जा गिरी। चार पर्यटकों की मौत हो गई है, जबकि तीन घायल बताए जा रहे हैं। मृतकों में एक महिला सहित तीन सैलानी शामिल हैं। घायलों में दो महिला और एक पुरुष है। स्थानीय लोगों ने हादसे की सूचना पुलिस को दी। पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुंची और शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा। घायलों को उपचार के लिए बंजार अस्पताल लाया गया है।
हादसे के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने मामला दर्जकर छानबीन शुरू कर दी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुल्लू गुरदेव शर्मा ने हादसे की पुष्टि की है।

7- हिमाचल में मौसम ने बदली करवट, कल का दिन भारी।

हिमाचल प्रदेश में मौसम ने करवट बदली है। प्रदेश की राजधानी शिमला में सोमवार दोपहर को झमाझम बारिश से मौसम कूल-कूल हो गया है। इसके अलावा हल्की ओलावृष्टि भी दर्ज की गई। शिमला व आसपास भागों में बारिश होने से लोगों को गर्मी से राहत मिली है। कांगड़ा और कुल्लू जिले के कई भागों में भी बारिश हुई है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने प्रदेश में 20 मई

तक मौसम खराब रहने के आसार जताए हैं। इस दौरान कई भागों में बारिश होने की संभावना है। मैदानी, मध्य व उच्च पर्वतीय भागों में आज व कल के लिए ओलावृष्टि, बिजली चमकने व ओलावृष्टि का भी येलो अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान इन क्षेत्रों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के एडवाइजरी जारी कि है कि ओलावृष्टि व अंधड़ से खड़ी फैसलों, सेब व अन्य फलदार पौधों को नुकसान हो सकता है। साथ ही कई भागों में बिजली आपूर्ति बाधित हो सकती है। ऐसे में एहतियात बरतने की जरूरत है। बहुत जरूरी काम हो तो ही बाहर निकलें। 

शाम पांच बजे तक का कोविड मीडिया बुलेटिन-

सूचना एवं जन संपर्क विभाग हिमाचल प्रदेश बुलेटिन-