HP Monsoon News: कातिल मॉनसून ने हिमाचल में एक ही दिन में छीन ली 11 लोगों की सांसे, भारी बारिश-भूस्खलन से हालात खराब ddnewsportal.com

HP Monsoon News: कातिल मॉनसून ने हिमाचल में एक ही दिन में छीन ली 11 लोगों की सांसे, भारी बारिश-भूस्खलन से हालात खराब  ddnewsportal.com

HP Monsoon News: कातिल मॉनसून ने हिमाचल में एक ही दिन में छीन ली 11 लोगों की सांसे, भारी बारिश-भूस्खलन से हालात खराब

हिमाचल प्रदेश में कातिल मॉनसून का कहर जारी है। मंगलवार को मौसम विभाग के रेड अलर्ट के बीच हिमाचल में भारी बारिश-भूस्खलन से 11 और लोगों की मौत हो गई। कसौली, कुल्लू, ओच्छघाट, चिड़गांव और सुंदरनगर में लोगों की जान गई है। तीन बच्चों व बुजुर्ग सहित छह लोग घायल हुए हैं। जबकि दो लापता हैं। अभी जगह-जगह 2,000 वाहन फंसे हैं। कुल्लू में बारिश से जनजीवन थम गया है। लाहौल की चोटियों पर बर्फबारी हुई है। बारिश-भूस्खलन से कुल्लू-मनाली, भरमौर-पठानकोट, आनी-कुल्लू और  रोहड़ू-पांवटा एनएच समेत प्रदेश में 1334 सड़कें बंद हो गई हैं। 2180 बिजली ट्रांसफार्मर व 777 पेयजल योजनाएं भी प्रभावित चल रहीं हैं।

मंडी के सुंदरनगर में भूस्खलन की चपेट में आने से मां-बेटी समेत छह की माैत हो गई। जबकि कुछ लापता है। कसौली की भागुड़ी पंचायत में मकान की छत गिरने से महिला की मौत हो गई। कुल्लू के ढालपुर में घर की सुरक्षा दीवार ढहने से लता देवी (55) की मलबे में दबने से जान चली गई है। राजगढ़- सोलन मार्ग पर प्रेम सिंह (नगाली, ओच्छघाट) सड़क से गुजर रहा था। भारी बारिश के चलते बिजली का तार सड़क पर टूटकर गिरा। इस बीच, वहां से गुजर रही पिकअप में तार फंसने से व्यक्ति भी चपेट में आ गया।

इससे उसकी मौत हो गई। उधर, रोहडू उपमंडल के चिड़गांव में एक कार के दुर्घटनाग्रस्त होने से दो लोगों की मौत हो गई। बारिश व धुंध के बीच यह हादसा रविवार शाम के समय हुआ। मोबाइल नेटवर्क नहीं चलने के कारण घटना का पता मंगलवार सुबह चला। आनी बस स्टैंड में एक मकान गिर गया। मकान पहले से असुरक्षित घोषित था। भूस्खलन के बाद 8 भवनों को एहतियातन खाली करवाया है।