Himachal News: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मिला हाटी समुदाय का प्रतिनिधिमंडल ddnewsportal.com

Himachal News: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मिला हाटी समुदाय का प्रतिनिधिमंडल ddnewsportal.com

Himachal News: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मिला हाटी समुदाय का प्रतिनिधिमंडल 

महामहिम के समक्ष रखी हाटी जनजातीय क्षेत्र की प्रगति रिपोर्ट, मिला ये आश्वासन...

हिमाचल प्रदेश के जिला सिरमौर के गिरिपार क्षेत्र में बसने वाले हाटी समुदाय के लिए गुरूवार का दिन अविस्मरणीय और गौरवान्वित महसूस करवाने वाला रहा। इसकी प्रमुख वजह  हाटी के एक प्रतिनिधिमंडल का राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू से मुलाकात करना रही। सिरमौर के इतिहास में ऐसा पहली बार हुआ है जब अपने अनुसूचित जनजाति हकों की मांग पर कोई प्रतिनिधिमंडल राष्ट्रपति से मिला हो। 


मुलाकात के दौरान सिरमौर हाटी विकास मंच के पदाधिकारियों ने द्रौपदी मुर्मू को अब तक हुई प्रगति की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने उम्मीद जताई कि अगले मानसून सत्र में एसटी संशोधन विधेयक राज्यसभा में भी पारित हो जाएगा। इसके बाद फाइल राष्ट्रपति कार्यालय पहुंचेगी। राष्ट्रपति ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन दिया कि वह हाटी के हितों की पूरी पैरवी करेंगी। 
बता दें कि पिछले साल 14 सितंबर को भारत सरकार ने हाटी

समुदाय को जनजाति दर्जा प्रदान किया। इसके बाद 18 दिसंबर को लोकसभा से संशोधित विधेयक पारित किया गया। इसके बाद राज्यसभा में भी मामला आया लेकिन बीते बजट सत्र में हंगामे के कारण यह पारित नहीं हो पाया। इससे पहले रजिस्ट्रार जनरल ऑफ इंडिया ने अप्रैल महीने में पिछले वर्ष अनुमति प्रदान की थी।


हाटी विकास मंच के अध्यक्ष प्रदीप सिंह सिंगटा और मुख्य सलाहकार डॉ रमेश सिंगटा ने बताया कि जल्द ही हाटी समुदाय को संवैधानिक दर्जा मिल जाएगा। उन्होंने मामले को यहां तक पहुंचाने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, केंद्रीय मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर, पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर समेत भाजपा शीर्ष नेतृत्व का आभार जताया। उन्होंने राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू का भी विशेष आभार जताया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति के साथ सभी पहलुओं पर चर्चा हुई है और जल्द ही इसके सकारात्मक नतीजे सामने आएंगे। उन्होंने हाटी आंदोलन में भूमिका निभाने वाले सभी लोगों सभी विचारधाराओं से जुड़े व्यक्तियों का भी आभार जताया। इस प्रतिनिधिमंडल में प्रदीप सिंह सिंगटा, डॉक्टर रमेश सिंगटा, अतर सिंह तोमर, कपिल चौहान, मदन तोमर, गोविंद राणा, श्याम सिंह चौहान, गोपाल ठाकुर आदि शामिल हुए।