Himachal News: शिलाई में पेड़ कटान मामले पर हाईकोर्ट का कड़ा संज्ञान, सरकार को नोटिस देकर मांगा जवाब ddnewsportal.com
Himachal News: शिलाई में पेड़ कटान मामले पर हाईकोर्ट का कड़ा संज्ञान, सरकार को नोटिस देकर मांगा जवाब

हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले के शिलाई क्षेत्र में पेड़ों के अवैध कटान पर प्रदेश हाईकोर्ट ने कड़ा संज्ञान लिया है। मुख्य न्यायाधीश गुरमीत सिंह संधावालिया और न्यायाधीश बिपिन चंद्र नेगी की खंडपीठ ने इस मामले में जनहित याचिका पर सुनवाई करते हुए राज्य सरकार को नोटिस जारी किया है। अदालत ने सरकार को निर्देश दिए हैं कि अगली सुनवाई तक अपना जवाब दाखिल करे। जवाब में कोर्ट को बताया जाए कि शिलाई क्षेत्र में इतने बड़े पैमाने पर पेड़ों का कटान क्यों किया गया है।

इसके साथ ही क्या इस कटान के लिए संबंधित विभागों से आवश्यक अनुमतियां ली गई थीं। इस पूरी कार्रवाई के पीछे मुख्य कारण क्या थे। इस मामले की अगली सुनवाई 5 मई को होगी। तब तक सरकार को इस पूरे घटनाक्रम पर अपनी विस्तृत रिपोर्ट पेश करनी होगी।

अदालत ने यह कार्रवाई शिलाई के विद्यार्थियों से प्राप्त एक पत्र के आधार पर शुरू की है। विद्यार्थियों ने अपने संचार में इलाके में हो रहे बड़े पैमाने पर पेड़ों के कटान की जानकारी दी थी। याचिका के साथ कुछ तस्वीरें भी संलग्न की गई हैं, जो स्पष्ट रूप से क्षेत्र में हुई वनों की कटाई को दर्शाती हैं।