Sirmour: सिक्किम में शहीद हुए सिरमौर के लांस नायक मनीष ठाकुर, 27 वर्ष की आयु में देश के लिए बलिदान  ddnewsportal.com

Sirmour: सिक्किम में शहीद हुए सिरमौर के लांस नायक मनीष ठाकुर, 27 वर्ष की आयु में देश के लिए बलिदान  ddnewsportal.com

Sirmour: सिक्किम में शहीद हुए सिरमौर के लांस नायक मनीष ठाकुर, 27 वर्ष की आयु में देश के लिए बलिदान 

जिला सिरमौर का एक और लाल देश के लिए शहीद हो गया। देश सेवा में तैनात सिरमौर जिला के नाहन उपमंडल के बड़ाबन गांव के रहने वाले लांस नायक मनीष ठाकुर सिक्किम में ड्यूटी के दौरान वीरगति को प्राप्त हुए हैं। बताया जा रहा है कि मनीष ठाकुर ने आपदा ड्यूटी के दौरान वीरगति पाई है। 27 वर्ष की आयु में देश के लिए बलिदान देने वाले मनीष ठाकुर की शहादत ने पूरे क्षेत्र को गमगीन कर दिया है। 

बता दें कि कि इन दिनों सिक्किम में भीषण बारिश से बाढ़ और भूस्खलन जैसी विकट परिस्थितियां बनी हुई हैं। हालांकि आधिकारिक पुष्टि नहीं है, लेकिन माना जा रहा है कि आपदा राहत एवं निगरानी ड्यूटी के दौरान लांस नायक मनीष ठाकुर ने प्राणों की आहुति दी है। 15 जनवरी 1998 को जन्मे मनीष ने वर्ष 2016 में सेना की वर्दी पहनी थी और 8 वर्ष 8 महीने तक पूरी निष्ठा के साथ देश सेवा की। मनीष ठाकुर अपने पीछे पत्नी तनु देवी, माता किरण बाला और पिता जोगिंदर सिंह को छोड़ गए हैं। परिवार पर यह गम का पहाड़ जरूर टूटा है, लेकिन उन्हें अपने बेटे की शहादत पर गर्व है। गांव में जब यह समाचार पहुंचा, तो पूरा क्षेत्र शोक में डूब गया। हर आंख नम है, लेकिन सीना गर्व से चौड़ा भी है।

शहीद मनीष ठाकुर का पार्थिव शरीर जल्द ही पूरे सैन्य सम्मान के साथ उनके पैतृक गांव लाया जाएगा। अंतिम संस्कार के समय बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने की उम्मीद है। प्रशासन, सेना और स्थानीय लोग मिलकर उन्हें अंतिम विदाई देंगे। उधर, संपर्क किए जाने पर सैनिक कल्याण बोर्ड के उपनिदेशक सेवानिवृत्त मेजर दीपक धवन ने पुष्टि करते हुए कहा कि प्रशासन को सूचना दे दी गई है। पार्थिव शरीर के पहुंचने को लेकर दोपहर तक ही स्थिति साफ़ हो पाएगी।

वहीं, हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्‍खू ने भी सिरमौर ज़िला के नाहन उपमंडल के बड़ाबन गांव निवासी लांस नायक मनीष ठाकुर के सिक्किम में ड्यूटी के दौरान शहीद होने के समाचार पर दुःख व्यक्त किया है। उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना की है कि दिवंगत की आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और शोक-संतप्त परिवार को इस दुःखद घड़ी में धैर्य एवं संबल प्रदान करें। इस अपूरणीय क्षति पर मेरी गहरी संवेदनाएं शोकाकुल परिजन के साथ हैं।- मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू