बयान से छेड़छाड़....... 03 अक्तूबर 2021- पांवटा साहिब से आज का खबर नामा ddnewsportal.com

बयान से छेड़छाड़.......  03 अक्तूबर 2021- पांवटा साहिब से आज का खबर नामा ddnewsportal.com
फाईल फोटो: विक्रमादित्य सिंह, विधायक, शिमला ग्रामीण।

बयान से छेड़छाड़.......

03 अक्तूबर 2021- पांवटा साहिब से आज का खबर नामा

टनल का एक वर्ष, वन्यप्राणी सप्ताह, हिमाचली बेटी की धाक, दो बार परीक्षा, हरिद्वार तक पदयात्रा, कांग्रेस डूबता जहाज, धान खरीद, अस्पताल मे हादसा और....... कोविड/सूचना एवं जन संपर्क विभाग बुलेटिन।


(आज की तस्वीर)


स्थानीय (सिरमौर)

1- संयुक्त किसान मोर्चा के प्रयासों से पहली बार हिमाचल प्रदेश में होगी धान की खरीद- नाॅटी

भारतीय किसान युनियन के प्रदेश अध्यक्ष अनिन्द्र सिंह नौटी का कहना है कि किसान संगठनों के संयुक्त प्रयासों से हिमाचल प्रदेश मे पहली बार धान की खरीद होने जा रही है। उन्होंने कहा कि जैसा कि विदित है कि पिछले कल पूरे भारतवर्ष में किसानों ने धान की खरीद की तिथि को 11 अक्टूबर करने के विरुद्ध एक बहुत बड़ी मुहिम तथा आंदोलन छेड़ दिया था। उसके फल स्वरुप केंद्र सरकार ने झुकते हुए धान की खरीद एकदम से सभी जगह शुरू कर दी है। हिमाचल प्रदेश में भी कल सोमवार को इस बारे में सरकारी तौर पर निर्णय लिया जाना है। भारतीय किसान यूनियन ने धान की खरीद

करने के लिए पूरे प्रदेश में आंदोलन के साथ-साथ भारतीय खाद्य निगम पर वर्ष 2020 में एक मुकदमा भी दायर किया था। भारतीय किसान यूनियन तथा संयुक्त किसान मोर्चा हिमाचल प्रदेश की अन्य इकाइयों के संयुक्त प्रयासों से इस वर्ष पहली बार हिमाचल प्रदेश में धान की खरीद शुरू हुई है। ऊना, कांगड़ा तथा सोलन के मैदानी इलाकों में जहां धान बहुतायत में होता है वहां के किसानों ने भी भारतीय किसान यूनियन के प्रदेश नेतृत्व का आभार जताया है। पांवटा साहब सहित नालागढ़ (सोलन) मेहतपुर (ऊना) तथा फतेहपुर (कांगड़ा) में इस वर्ष धान की खरीद होने से जहां किसानों को बहुत फायदा पहुंचने जा रहा है तथा उनको पड़ोसी राज्यों में जाकर कम कीमत पर अपने धान बेचने तथा असुविधा का सामना नहीं करना पड़ेगा। हालांकि भारतीय किसान यूनियन ने अभी भी हिमाचल प्रदेश में धान खरीद के सेंटर बढ़ाने की मांग की है। इसी खुशी में आज क्षेत्र के कुछ बुजुर्ग किसानों तथा नौजवानों ने भारतीय किसान यूनियन प्रदेश अध्यक्ष तथा प्रदेश संयुक्त किसान मोर्चा संयोजक अनेंदर सिंह नॉटी के कार्यालय पहुंचकर उनको बधाई आशीर्वाद दिया तथा उनका मुंह मीठा करवा कर अपनी प्रतिबद्धता किसान आंदोलन तथा उनके नेतृत्व में जताई। इस मौके पर सरदार जसवंत सिंह, भूपिंदर सिंह, रणबीर सिंह, कुलदीप सिंह, गुरमीत सिंह, प्रदेश उपाध्यक्ष चरणजीत जैलदार, प्रदेश महासचिव गुरजीत सिंह नंबरदार, पांवटा ब्लॉक अध्यक्ष जसविंदर सिंह बिलिंग, युवा इकाई अध्यक्ष अर्जुन सिंह बनवेत, इश्विन्द्र बंगा व प्रभजोत आदि किसान मौजूद रहे।

2- पांवटा-शिलाई मे कल बिजली रहेगी बंद।

पांवटा साहिब व शिलाई क्षेत्र में कल यानि सोमवार को प्रातः 9 बजे से लेकर शाम 6 बजे तक बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी। सहायक अभियंता मुकेश सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि 132/33/11 केवी कंट्रोलिंग सब स्टेशन गोंदपुर में जरूरी मरम्मत कार्य किया जाना है, जिसके चलते

विद्युत आपूर्ति बंद रहेगी। उन्होंने बताया कि इस दौरान औद्योगिक क्षेत्र गोंदपुर, पांवटा मार्केट, हिमुडा कॉलोनी, हीरपुर, शमशेरपुर, बद्रीपुर, यमुना विहार कॉलोनी, तारुवाला, देवीनागर, कुंजा-मतरालियों, कम्प्लीट इंडस्ट्रीज़ क्षेत्र रामपुरघाट, भूपपुर, बहराल, बातामंडी, पातलियों, सूरजपुर, जामनीवाला, गुलाबगढ़ में विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी। इसके साथ ही निहालगढ़, नवादा, शिवपुर, भुंगरनी, सतौन, राजबन, पुरुवाला, राजपुरा, कफोटा, शिलाई, टिम्बी और धारवा मे भी बिजली आपूर्ति बंद रहेगी। उन्होंने सभी उपभोक्ताओं से सहयोग की अपील की हैं।

3- शिलाई की लड़कियां आज घर-द्वार ले रही उच्च शिक्षा- हर्षवर्धन

शिलाई विधानसभा क्षेत्र के ग्रामीण क्षेत्रों की युवतियां आज घर-द्वार उच्च शिक्षा ग्रहण कर रही है। जिन युवतियों को पहले जमा दो के बाद पांवटा साहिब या नाहन काॅलेज मे शिक्षा लेने जाना पड़ता था या जिन्हे बाहर नही भेजा जाता था आज वह अपने ही घर के आसपास ग्रेजुएट हो रही है। यह सब इसलिए संभव हो पाया है क्योंकि उन्होंने सरकार के प्रयास से शिलाई विधानसभा क्षेत्र मे तीन डिग्री काॅलेज शिलाई, कफोटा और रोनहाट मे खुलवाए। यह बात शिलाई विधानसभा क्षेत्र के विधायक हर्ष वर्धन चौहान ने

कफोटा मे क्षेत्रीय विकास समिति के सोजन्य से आयोजित 10वीं खेलकूद और सांस्कृतिक प्रतियोगिता की पहली सांस्कृतिक संध्या के मौके पर बतौर मुख्य अतिथि शिरकत कर कही। उन्होंने कहा कि आज शिलाई काॅलेज मे यदि एक हजार विद्यार्थी शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं तो उनमे 700 लड़कियां है। इसी तरह कफोटा और रोनहाट मे भी 70 फीसदी संख्या युवतियों की है। जो अब घर से ही स्नातक की डिग्री हासिल कर रही है। यह सब पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय वीरभद्र सिंह की बदौलत हुआ है जिन्होंने उनके कहने पर डिग्री काॅलेज खोले। आज शिलाई उन चुनिंदा विधानसभाओं मे शुमार है जहां तीन डिग्री काॅलेज है। उन्होंने क्षेत्रीय विकास समिति को आयोजन के लिए बधाई दी और कहा कि यदि इसी तरह आप राजनीति से उपर उठकर ऐसे आयोजन करते रहेंगे तो इससे क्षेत्र का विकास ही होगा। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास के लिए उन्होंने हर संभव प्रयास किये हैं और यदि कहीं कमी रह गई है तो उसे भी पूरा किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कफोटा क्षेत्र का दिल है और यदि दिल खराब हो जाए तो शरीर ही खराब हो जाता है। इसलिए दिल का ख्याल रखना हमारी जिम्मेदारी है। इस मौके पर उन्होंने स्कूल की किचन शैड के लिए 2 लाख रूपये की घोषणा की। साथ ही समीति के भवन के लिए भी विधायक निधि से पैसा देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि आने वाले समय मे कफोटा शहर का रूप ले रहा है इसलिए यहां के लिए अलग से एक उठाऊ पैयजल योजना को वह विधायक प्राथमिकता मे डालेंगे और उसे पूरा करवायेंगे ताकि आने वाले 15 वर्ष तक यहां पानी की समस्या देर हो सके। उन्होंने अपनी ऐच्छिक निधि से समीति को इस आयोजन के लिए 51 हजार रूपये भी प्रदान किये। 

4- दीघाली स्कूल को रोटरी पांवटा की सौगात। 

समाजसेवा मे अग्रणी रोटरी क्लब पांवटा साहिब ने अब गिरिपार क्षेत्र के राजकीय उच्च विद्यालय दिघाली को 40 बेंच प्रदान किये हैं। रोटरी के अस्सिटेंट गवर्नर रोटेरियन हिमांशु भाटिया ने जानकारी देते हुए बताया कि इस वर्ष डिस्ट्रिक्ट 3080 ने 10000 बेंच देने का निर्णय लिया है। इन तीन माह में 6000 बेंच का वितरण हो चुका है। डिस्ट्रिक्ट गवर्नर रोटेरियन अजय मदान का यह सपना है कि कोई भी बच्चा जमीं पर बैठ कर ना पढें। क्योकि बच्चे देश का सुनहरा भविष्य है, उन्हें जितनी भी मदद हो सके करनी चाहिए। रोटरी समाज के काफी कार्य कर रही है जैसे स्कूल के लिए

लाइब्रेरी, किताबें, स्वेटर, शूज, वाटर कूलर, डेस्क, स्मार्ट क्लास और टॉयलेट्स। आगे भी समय समय पर रोटरी सामाजिक कार्यो में भाग लेता रहेगा। दीघाली स्कूल मे इस कार्यक्रम कार्यकर्म के विशिष्ट अतिथि रोटेरियन अनिल कुमार सैनी रहे। अनिल सैनी भी सामाजिक कार्यो में कईं वर्षों से सहयोग कर रहे है। इस मौके पर अनिल सैनी ने रोटरी पांवटा साहिब की तरफ़ से स्कूल को 8 पंखे देने का वायदा भी किया और भविष्य मे भी हमेशा सहयोग देने को कहा। स्कूल को मदद करने के लिए मुख्य अध्यापक अजय शर्मा ने रोटरी पांवटा का आभार प्रकट किया। 

5- अस्पताल की छत का पलस्तर गिरने से दो मरीज घायल।

जिला सिरमौर के सरांह सिविल अस्पताल मे उस समय अफरा तफरी मच गई जब अचानक से अस्पताल में छत से पलस्तर की मोटी परत गिर गई। इस घटना मे बुजुर्ग महिला समेत दो मरीजो को गम्भीर चोटें आई है। ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर ने कहा सभी की हालत ठीक है। गनीमत यह रही कि दुर्घटना में कोई जानी नुकसान नही हुआ। सराहां के 50 बिस्तरों वाले इस अस्पताल में करोड़ों रुपये की लागत से बनी एक बहुत ही बड़ी बिल्डिंग है। जहाँ पर डेडिकेटिड कोविड अस्पताल चलाया जा रहा है और अन्य बीमारियों का इलाज अस्पताल की पुरानी बिल्डिंग में चलाया जाता है। जहाँ पर बमुश्किल 30 ही बेड हैं। कई बार तो एक बेड पर 2 पेशेंट एडमिट होते हैं। इस अस्पताल का स्तर सुधारने को लेकर स्थानीय लोगों ने कई बार मांग की। हाल ही में प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने सराहां अस्पताल को 100 बेडिड करने की घोषणा तो कर दी है। लेकिन यह घोषणा कब पूरी होगी, इसको लेकर संशय बरकरार है। लेकिन यहां पर पुरानी बिल्डिंग में इस तरह की घटना कहीं न कहीं अस्पताल प्रशासन के साथ साथ लोगों की चिंता भी जरूर बढ़ा देती है। यदि समय रहते कोई ठोस कदम नही उठाया गया तो कोई बड़ा हादसा भी हो सकता है।


(हिमाचल)

1- एक वर्ष की हुई अटल टनल, 6 लाख 49 हजार 87 वाहनों की आवाजाही हुई।

सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण और देश-विदेश के सैलानियों का आकर्षण बनी अटल टनल रोहतांग का लोकार्पण हुए रविवार को एक साल का समय पूरा हो गया है। तीन अक्तूबर 2020 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अटल टनल देश को समर्पित की थी। अटल टनल रोहतांग से लाहौल जाना बेहद आसान हो गया है। इससे सेना को भी मदद मिली है। 13050 फीट ऊंचे रोहतांग दर्रा के मुकाबले अटल टनल रोहतांग से ट्रैफिक चार गुना अधिक बढ़ा है। अटल टनल खुलने से पहले रोहतांग दर्रा होकर जनवरी 2020 से दो अक्तूबर 2020 तक एक लाख 63 हजार 53 वाहन आर-पार हुए। इनकी

हर दिन औसत 590 तक रही। अटल टनल के उद्घाटन के बाद दो अक्तूबर, 2021 तक 6 लाख 49 हजार 87 वाहनों की आवाजाही हुई। अक्तूबर 2020 में 57099, नवंबर में 38496, दिसंबर में 44533, जनवरी 2021 में 8295, फरवरी में 9934, मार्च में 62122, अप्रैल में 50905, मई में 14235, जून में 59739, जुलाई में सबसे अधिक एक लाख 22090, अगस्त में 95643, सितंबर में 90147 और दो अक्तूबर तक 5849 वाहन टनल से आर-पार हुए। पुलिस अधीक्षक मानव वर्मा ने कहा कि अटल टनल रोहतांग खुलने के बाद रोजाना चार गुना ट्रैफिक बढ़ा है। टनल के लोकार्पण के बाद एक साल में ही इस टनल से साढ़े छह लाख के करीब वाहन आर-पार हुए हैं। उन्होंने कहा कि अटल टनल में सुरक्षा के लिहाज से पर्यटकों और आम लोगों के लिए कुछ दिशा-निर्देशों का पालन करना जरूरी है। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

2- उनके बयान को तोड़मरोड़ कर सोशल मीडिया पर किया वायरल: विक्रमादित्य 

कांग्रेस के विधायक और पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय वीरभद्र सिंह के सुपुत्र विक्रमादित्य सिंह ने कर्मचारियों अधिकारियों को लेकर सोशल मीडिया में उनके किसी बयान को तोड़मरोड़ कर प्रस्तुत करने पर हैरानी जताते हुए कहा है कि यह पूरी तरह उनको बदनाम करने की भाजपा की एक सोची समझी साजिश है। उन्होंने इसके लिए भाजपा के आईटी सेल सहित भाजपा को आड़े हाथ लेते हुए कहा है कि यह वीडियो पूरी तरह से कट पेस्ट कर लोगों को भ्रमित करने के लिए भाजपा द्वारा जारी किया गया है।

विक्रमादित्य सिंह ने स्पष्ट किया है कि उन्होंने कभी भी अधिकारियों या कर्मचारियों के खिलाफ ऐसी कोई टिप्पणी या बयान नहीं दिया है जो उनकी भावना को ठेस पहुंचाता हो, जैसे कि भाजपा दुष्प्रचार कर रही है। कांग्रेस हमेशा ही अधिकारियों व कर्मचारियों की हितेषी रही है। यही वजह रही है कि प्रदेश में वीरभद्र सिंह के शासनकाल के दौरान हमेशा ही सरकार व प्रशासन के बीच सौहार्द संबंध रहें है। विक्रमादित्य सिंह ने कहा है कि आज भाजपा के इस शासनकाल में सरकार व प्रशासन के बीच जो खाई पैदा हो रही है उसे सब जानते है। सरकार और शासन में न तो कोई समन्वय ही है और न ही कोई सौहार्द है। आज जिस प्रकार से भाजपा के नेता, मंत्री, अधिकारियों, कर्मचारियों को डराते धमकाते है वह सर्वविदित है। प्रदेश के मुख्य सचिव के साथ दुर्व्यवहार किया जाता रहा है, उससे सभी वाकिफ है। कुछ मुट्ठी भर अधिकारी, कर्मचारी जो आज भाजपा के एजेंट बनकर सत्ता का दुरुपयोग कर रहे है, उनके खिलाफ वह पहले भी बोलते रहें है और आगे भी बोलेंगे। उन्होंने कहा कि अधिकारी, कर्मचारी किसी भी पार्टी के नहीं होते, वह सरकार का प्रमुख अंग होते है जो शासन व्यवस्था को सुचारू रूप से चलाते है। विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि आज प्रदेश में भाजपा सरकार में जिस प्रकार अधिकारियों, कर्मचारियों को प्रताड़ित किया जा रहा है कांग्रेस उसे सत्ता से बाहर कर प्रदेश के लोगों को भी इस कुशासन से मुक्ति दिलाएगी।

3- वन विभाग 2 से 9 अक्तूबर तक मनाएगा वन्य प्राणी सप्ताह।

वन्य प्राणी संरक्षण को लेकर हिमाचल प्रदेश वन विभाग 2 अक्तूबर से 9 अक्टूबर तक वन्य प्राणी सप्ताह मना रहा है। सप्ताह भर कई कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को वन्य प्राणी के संरक्षण को लेकर जागरूक किया जा रहा है। इसी चरण में 4 से 6 अक्तूबर तक शिमला में वन विभाग ग्रीन वाइल्ड लाइफ फिल्म फेस्टिवल और फिल्म मेकिंग को लेकर कार्यशाला का आयोजन कर रहा है जिसमें वन्य जीव संरक्षण को लेकर बनी फिल्में दिखाई जाएगी। वन्य प्राणी विभाग हिमाचल प्रदेश के प्रधान मुख्य अरण्यपाल डॉ अजय श्रीवास्तव ने शिमला में पत्रकार वार्ता कर बताया कि

70वें वन्य प्राणी सप्ताह के उपलक्ष्य पर ग्रीन फिल्म फेस्टिवल में पर्यावरण, वन और वन्य जीव पर आधारित फिल्मों को दिखाया जाएगा। वन्य जीव सरंक्षण लोगों की भागीदारी के बिना नहीं हो सकता। इस बार वन्य प्राणी सप्ताह की थीम भी मानव वन्य जीव संबंध रखी गयी है। फेस्टिवल में वन्य जीव के साथ मनुष्य के सकारात्मक पहलू भी दिखाने की कोशिश की जाएगी ताकि लोगों वन्य जीव के सरंक्षण के लिए प्रेरित हो सके।
 
4- हिमाचल की बेटी ने पंजाब युनिवर्सिटी मे किया टाॅप।

हिमाचल प्रदेश के ग्रामीण क्षेत्र की बेटी मानसी अरोड़ा ने पंजाब विश्वविद्यालय से हिस्ट्री आनर्स (कला स्नातक) में टाप किया है। मानसी जिला सिरमौर के उपमंडल पच्छाद मुख्यालय सराहां की निवासी है। मानसी अरोड़ा ने हिस्ट्री आनर्स में 800 में से 717 अंक अर्जित कर पहला स्‍थान पाया है। मानसी की इस सफलता से समूचे हिमाचल व सिरमौर का नाम रोशन हुआ है। मानसी के पिता सिरमौर जिला में प्रशासनिक अधिकारी हैं। वह अभी सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग में जिला

कल्याण अधिकारी के पद पर सेवारत हैं, जबकि माता देवेश्वरी अरोड़ा गृहणी हैं। अभिभावकों को बेटी की इस शानदार उपलब्धि पर बधाई संदेश मिल रहे हैं। मानसी ने इस सफलता के लिए अपने माता पिता को श्रेय दिया है। गोर हो कि मानसी अरोड़ा ने हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड के दसवीं की परीक्षा में भी मेरिट में स्थान प्राप्त किया था। दसवीं में वह पूरे हिमाचल में सातवें स्थान पर रही थीं, जबकि जिला सिरमौर में प्रथम स्थान प्राप्त किया था। जमा दो की पढ़ाई नान मेडिकल से करने के बाद तीन वर्ष पूर्व पंजाब विश्वविद्यालय के एमसीएम डीएवी कॉलेज फार वूमेन चंडीगढ़ में दाखिला लिया था। हाल ही में पंजाब विश्वविद्यालय ने स्नातक परीक्षाओं के परिणाम घोषित किए, जिसमें हिस्ट्री आनर्स में मानसी अरोड़ा ने विश्वविद्यालय में टाॅप किया है। मानसी अरोड़ा ने बताया कि वह अपने पिता की तरह प्रशासनिक अधिकारी बनना चाहती हैं। जिसके लिए वह इन दिनों एचएएस व आइएएस की तैयारियों में लगी हैं।

5- साल मे दो बार परीक्षा करवाने वाला पहला राज्य बनेगा हिमाचल: डाॅ पुंडीर

हिमाचल प्रदेश शिक्षक महासंघ ने हिमाचल प्रदेश में नई शिक्षा नीति 2020 के तहत स्कूलों में कक्षा 9वीं से 12वीं तक की परीक्षाओं को लेकर शिक्षा बोर्ड द्वारा निकाले आदेशों का स्वागत करता है। हिमाचल प्रदेश शिक्षक महासंघ के प्रांत अध्यक्ष पवन कुमार, प्रान्त संगठन मंत्री पवन मिश्रा, प्रान्त महामंत्री विनोद सूद, प्रान्त मीडिया प्रभारी दर्शन लाल, प्रान्त उपाध्यक्ष डॉ मामराज पुंडीर, विजय कंवर और भीष्म आदि ने एक सयुंक्त बयान में कहा कि इस परीक्षा प्रणाली से प्रदेश के बच्चे में होने वाले मनोवैज्ञानिक दवाब को कम करने का काम करेगा। परीक्षा प्रणाली को लागू करने वाला हिमाचल देश का सिरमौर बन गया है। देश मे नई शिक्षा नीति के तहत साल

में परीक्षा को दो बार करवाने वाला देश का पहला राज्य बन गया है। 
प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ मामराज पुंडीर ने कहा कि प्रदेश में 9वीं कक्षा से 12वीं कक्षा की परीक्षा को दो बार करवाने से बच्चों के ऊपर पढ़ने वाले मानसिक दबाव को कम करने का काम करेगा। परीक्षाओं के साथ साथ स्कूल स्तर में होने वाली एक्टिविटी पर भी नजर रहेगी और एक्टिविटी में भाग लेने वाले बच्चों का सही आंकलन होगा। डॉ मामराज पुंडीर ने कहा कि साल में परीक्षाओं को दो भागों में बांटने से बच्चों को अपने स्तर को सुधारने का मौका मिलेगा। यदि पहली परीक्षा में बच्चों के मार्क्स कम आते है तो अगली परिक्षा में इम्प्रूव कर सकते है। परीक्षा प्रणाली को लागू करने से निजी और डम्पी एडमिशन पर रोक लगेगी। क्योंकि विद्यार्थियों को परीक्षा के लिए एक्टिविटी में मिलने वाले नम्बरों को भी जोड़ा जाएगा। और यह तभी मिलेंगे जब बच्चा स्कूल में उपस्थित रहेगा। हिमाचल  प्रदेश शिक्षक महासंघ के मानना है कि प्रदेश को शिक्षा के क्षेत्र में शिखर पर पहुंचाने ओर बच्चों के मानसिक स्तर के साथ साथ विकास हेतु नई शिक्षा नीति को लागू करना है इस परीक्षा प्रणाली के तहत स्कूलों में बच्चों को हिमाचल प्रदेश के रीति रिवाज, इतिहास, महापुरुषों की कहानियों से अवगत करवाया जाएगा।

6- शिमला से हरिद्वार तक 800 किलोमीटर की पदयात्रा निकालेगा क्षत्रिय संगठन। 

हिमाचल प्रदेश में सवर्ण आयोग के गठन की मांग को लेकर श्री नयनादेवी विधानसभा के स्वारघाट में रविवार को विशाल रैली निकाली गई। इसमें देवभूमि क्षत्रिय संगठन और देवभूमि सवर्ण मोर्चा ने संयुक्त रूप से भाग लिया। रैली लोक निर्माण विभाग के रेस्ट हाउस से लेकर अपर और लोअर बाजार स्वारघाट से होते हुए जनसभा स्थल तक पहुंची। इसमे कहा गया कि सवर्ण आयोग के गठन की मांग को लेकर राजधानी शिमला से हरिद्वार तक

800 किलोमीटर की पदयात्रा निकाली जाएगी। इससे सवर्ण समाज को जागरूक करने की मुहिम शुरू की जाएगी। देवभूमि क्षत्रिय संगठन के प्रदेशाध्यक्ष रुमित सिंह ठाकुर और देवभूमि स्वर्ण मोर्चा के प्रदेशाध्यक्ष मदन लाल ठाकुर ने कहा कि आजतक सभी राजनीतिक दलों ने स्वर्ण समाज के साथ छलकपट और भेदभाव की राजनीति ही की है। उन्होंने कहा कि जातिगत आरक्षण को जल्द खत्म किया जाना चाहिए। सरकार आर्थिक आधार पर आरक्षण लागू करे। उन्होंने कहा कि 2018 से उन्होंने सवर्ण हितों की लड़ाई शुरू की है। यह हक मिलने तक जारी रहेगी। नेताओं को तभी वोट मिलेगा, जब वे सवर्ण समाज के हितों का सम्मान करेंगे। कहा कि अभी तीन विधानसभा क्षेत्रों में होने वाले उपचुनावों में मतदान का बहिष्कार किया जाएगा तथा सवर्ण समाज के लोगों से नोटा दबाने के लिए कहा जाएगा। उन्होंने कहा कि हिमाचल में 75 फीसदी आबादी सवर्णों की है। बावजूद इसके सवर्ण विभिन राजनीतिक दलों की कठपुतली बनकर रह गए हैं। बैठक में बिलासपुर जिलाध्यक्ष अनिल ठाकुर, महिला विंग की प्रदेशाध्यक्ष उषा ठाकुर, जिला बिलासपुर आईटी सेल के प्रभारी परविंदर चंदेल, परिवहन निगम के प्रदेशाध्यक्ष शंकर सिंह ठाकुर और अन्य कई नेता मौजूद रहे।

7- कांग्रेस डूबता जहाज, उसकी सवारी अब नही होगी: मनकोटिया

हिमाचल प्रदेश के पूर्व मंत्री विजय सिंह मनकोटिया ने कहा है कि कांग्रेस डूबता जहाज है। उसकी सवारी किसी भी हालत में अब नहीं होगी। पत्रकार वार्ता में उन्होंने कहा कि जिला कांगड़ा में 15 में से 13 सीटों पर कांग्रेस के एक ही परिवार के सदस्य लगातार चुनाव लड़ रहे हैं। उन्होंने पंजाब कांग्रेस प्रकरण के लिए पाकिस्तान और चीन को दोषी ठहराया। उन्होंने कहा कि इन दोनों देशों ने नवजोत सिंह सिद्धू को मोहरा बनाया है। उन्होंने कहा कि फतेहपुर क्षेत्र से उन्हें पत्र आए हैं, जिसमें कहा गया है कि जिला कांगड़ा की

15 सीटों में से 13 पर एक ही परिवार के लोग कांग्रेस प्रत्याशी बनते आ रहे हैं। जो लोग जमानत पर हैं, उन नेताओं को केंद्र में पद सौंपे जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग को ऐसे नेताओं के चुनाव लड़ने पर प्रतिबंध लगाना चाहिए। उन्होंने कहा कि वर्ष 2022 में पांच राज्यों में चुनाव होने हैं, लेकिन इसके लिए विपक्ष इकट्ठा होना बहुत मुश्किल लग रहा है। इस्तीफा देने के बाद पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह कह चुके हैं कि वह कांग्रेस में नहीं रहेंगे। पंजाब में कांग्रेस दोफाड़ हो चुकी है। उन्होंने आशंका जताई कि राष्ट्रीय स्तर पर भी कांग्रेस का यही हाल होगा। उन्होंने कहा कि पंजाब में जो राजनीतिक घटनाक्रम हुआ है, उसका असर हिमाचल प्रदेश में होने वाले उपचुनावों पर भी नजर आएगा।


शाम सात बजे तक का कोविड मीडिया बुलेटिन-

सूचना एवं जन संपर्क विभाग हिमाचल प्रदेश बुलेटिन-