हिमाचल: आरोप-प्रत्यारोप हुए तेज....... 07 नवम्बर 2022- पाँवटा साहिब से आज का खबरनामा ddnewsportal.com

हिमाचल: आरोप-प्रत्यारोप हुए तेज.......  07 नवम्बर 2022- पाँवटा साहिब से आज का खबरनामा  ddnewsportal.com

हिमाचल: आरोप-प्रत्यारोप हुए तेज.......

07 नवम्बर 2022- पाँवटा साहिब से आज का खबरनामा

जनता बोली: पीओके हमारा है
कांग्रेस के जहाज का तेल खत्म: राजनाथ
कांग्रेस का हाथ माफिया के साथ: योगी
भाजपा ने की अपनी तरक्की: प्रियंका
हिमाचल में बदलकर रहेगा रिवाज: नड्डा 
अलावरू की भाजपा को खुली चुनौती
भाजपा सरकार में युवा शोषित: निगम
लाइनमैन लिखित परीक्षा परिणाम घोषित
कल राज्यपाल आयेंगे श्री रेणुका जी 
गुरूपर्व पर निकला भव्य नगर कीर्तन
UGC NET: जिज्ञासा की सफलता है खास
पाँवटा AAP अध्यक्ष भाजपा में शामिल
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ने भरा वर्कर्स में जोश
शिलाई: लाधी में कांग्रेस को बड़ा झटका
पाँवटा: 72 परिवार AAP में हुए शामिल
सिरमौर: कांग्रेस से दो और नेता निष्कासित
मौसम: 10 नवम्बर तक रहेगा खराब


(आज की तस्वीर) पाँवटा साहिब में गुरूपर्व पर नगर कीर्तन में शामिल बीबीजीत कौर स्कूल के बच्चे और स्टाॅफ।

स्थानीय (सिरमौर)

1- कल श्री रेणुकाजी मेला के समापन पर आयेगें राज्यपाल आर्लेकर।

सिरमौर जिले का छः दिवसीय अंतरराष्ट्रीय श्री रेणुकाजी मेला-2022  मंगलवार को सम्पन्न हो जाएगा। हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर 8 नवंबर 2022 को एक दिवसीय दौरे पर सिरमौर आएंगे। वह मेले के समापन समारोह के मुख्य अतिथि होंगे। यह जानकारी उपायुक्त सिरमौर राम कुमार गौतम ने दी। उपायुक्त ने बताया कि राज्यपाल दोपहर 1.30 बजे

ददाहु पहुचेगें और मुख्य मंदिर परिसर में शीश नवाएंगे और पश्चात देवपालकियों को कंधा देकर विदाई देंगे। राज्यपाल रेणू मंच से समापन समारोह की अध्यक्षता करेगें। उन्होंने कहा कि राज्यपाल अंतर्राष्ट्रीय रेणुका जी मेला में मुख्य आकर्षण रही खेल प्रतियोगिताओं के  विजेताओं सहित अन्य क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों को पुरस्कृत भी करेंगे। उपायुक्त ने लोगों से अधिक से अधिक संख्या में मेले में भाग लेने की अपील की है। 

2- पाॅंवटा साहिब मे गुरु पर्व पर निकला भव्य नगर कीर्तन, पंज प्यारों ने की अगुवाई।

गुरु की नगरी पांवटा साहिब मे सिखों के पहले गुरु गुरुनानक देव जी के 553वें प्रकटोत्सव के मौके पर सोमवार को भव्य नगर कीर्तन निकाला गया। कीर्तन की अगुवाई गुरुद्वारा श्री पांवटा साहिब से पंज प्यारों ने की। दोपहर करीब डेढ़ बजे गुरुद्वारे से निकले इस नगर कीर्तन मे हजारों की संख्या मे संगत मौजूद रही। यह नगर कीर्तन बाजार से होते हुए वाई प्वायंट, शमशेरपुर तथा बद्रीपुर पंहुचा। वहां से वापिस गुरुद्वारा साहिब मे देर शाम इसका समापन हुआ। इस नगर कीर्तन मे पांवटा साहिब के विभिन्न स्कूलों के बच्चे रंगबिरंगी पौशाकों मे बैंड के साथ शामिल हुए। स्थानीय गतका पार्टी ने अपने हेरतअंगेज करतब दिखाकर सभी को अचंभित किया। सिख समुदाय के विभिन्न संगठनो ने भी इस कीर्तन मे अपनी हाजिरी भरी। एक भव्य व सुंदर पालकी मे गुरु ग्रंथ साहब को सजाकर नगर कीर्तन का आयोजन हुआ। इस दौरान ट्रैफिक व्यवस्था मे रुकावट न हो इसके लिए पुलिस ने व्यापक प्रबंध किए हुए थे। इस दौरान जहां पांवटा नगर भव्य तरीके से सजा हुआ है वहीं नगर कीर्तन मे भाग लेने वालों की सेवा के लिये भक्तों ने जलपान व प्रसाद्व के जगह जगह स्टाल लगाकर सेवा की। उल्लैखनीय है कि यह आयोजन कई दशकों से

प्रतिवर्ष गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी पांवटा साहिब द्वारा भव्य तरीके से किया जाता है। मंगलवार को गुरुनानक देव जी के प्रकटोत्सव के मौके पर गुरुद्वारे मे कंई महत्वपूर्ण कार्यक्रम होने है। उल्लैखनीय है कि गुरु पर्व के इस मौके पर पंजाब समैत उतरी भारत के विभिन्न राज्यों से हजारों की संख्या मे संगत पांवटा साहिब पंहुच रही है। संगत यहां पर माथा टेकने के बाद गुरुद्वारा श्री कपाल मोचन बिलासपुर हरियाणा मे भी शीष नवाने जाते है। पर्व को लेकर गुरुक्षरा साहिब मे विशेष लंगर का आयोजन किया जा रहा है। संगत के ठहरने की भी प्रबंधक कमेटी ने उचित व्यवस्था की है। बहरहाल पांवटा साहिब मे गुरु पर्व पर उल्लास का माहौल है। इस नगर कीर्तन मे हजारों की तादात मे संगत मौजूद रही।
                                                                                
मंगलवार रात को सजेगा कवि दरबार-

गुरुद्वारा श्री पांवटा साहिब के उपप्रधान जत्थेदार हरभजन सिंह, प्रबंधक सरदार जगीर सिंह चौधरी और कैशियर गुरमीत सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि गुरु नानक देव जी के प्रकटोत्सव के उपलक्ष पर 08 नवम्बर मंगलवार को प्रमुख कार्यक्रम रहेगा। गुरुदेव का प्रकटोत्सव भी इसी तारीख का है। इस दिन निशान

साहब झुलाये जायेंगे। अमृत संचार होगा। सारा दिन विशेष दीवान सजेगा जिसमे स्कूलों के बच्चे, बाहर से आये हुए रागी व ढाढी जत्थे व स्थानीय रागी कीर्तन द्वारा संतो को निहाल करेंगे। रात 9 बजे से कवि दरबार सजेगा जिसमे दूर दूर से आये कवि गुरु नानक देव जी के जीवन से संबंधित रचनाओं को प्रस्तुत कर संगत को निहाल करेंगे। 

3- नघेता गांव की जिज्ञासा शर्मा ने पास की UGC NET परीक्षा।

हौंसले बुलंद हो तो कोई भी बाधा आप को रोक नहीं सकती। यह साबित कर दिया है पाँवटा साहिब के गिरिपार क्षेत्र के नघेता की जिज्ञासा शर्मा ने। नघेता गांव की जिज्ञासा शर्मा ने पहले ही प्रयास मे UGC NET परीक्षा पास की है। बड़ी बात यह है कि जिज्ञासा शर्मा बचपन से ही दृष्टिबाधित है। पहली से आठवीं तक की पढ़ाई शार्प मेमोरियल स्कूल देहरादून में पूरी हुई तथा आठवीं से बारहवीं तक सी. एन .आई .गर्ल्स स्कूल देहरादून तथा ग्रेजुएशन एम.के.पी .(पी.जी. )कॉलेज देहरादून से हुई तथा पोस्ट ग्रेजुएशन इंग्लिश में श्री गुरु राम राय यूनिवर्सिटी देहरादून से पूरी हुई। उनके पिता राजेंद्र शर्मा सरकारी स्कूल में गणित के प्रवक्ता पद पर है तथा माता बबीता शर्मा सिविल हॉस्पिटल पांवटा में सीनियर नर्सिंग ऑफिसर के पद पर नियुक्त है। जिज्ञासा शर्मा ने इसी वर्ष इंग्लिश में एम.ए. पास की है तथा पहले प्रयास में ही नेट परीक्षा में

66.6% परसेंटेज लेकर परीक्षा उत्तीर्ण की है। जिज्ञासा शर्मा ने इसका श्रेय अपने माता-पिता तथा गुरुजनों को दिया है। उनका मानना है कि अगर कठिन  परिश्रम किया जाए तो कोई भी बाधा आपको नहीं रोक सकती। जिज्ञासा शर्मा शुरू से ही आंखों की रोशनी ना होने के बाद भी नॉर्मल स्टूडेंट के साथ कंपटीशन करती है। उसकी पढ़ाई पांचवी के बाद नार्मल स्कूल में नॉर्मल स्टूडेंट के साथ ही हुई है तथा क्लास में 8वीं 10वीं 12वीं व ग्रेजुएशन तथा पोस्ट ग्रेजुएशन में अपने साथ के सभी बच्चों में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। जिज्ञासा के पिता राजेन्द्र शर्मा ने कहा कि मुझे अपनी बेटियों पर गर्व है। उन्होंने कहा कि मेरे पास दो बेटियां है बड़ी बेटी जिज्ञासा शर्मा जिसकी आंख की रोशनी न होने के बावजूद भी आज तक मुझे इसकी कोई कमी नहीं खली है। उसने शुरू से ही कड़ी मेहनत कर अपने माता-पिता का नाम रोशन किया है तथा छोटी बेटी वंशिका शर्मा देहरादून से MBBS कर रही है।

4- राजनैतिक: सालवाला की जनता ने सफाई को पकड़ा झाड़ू, 72 परिवार AAP में।

पाँवटा साहिब में चुनावी प्रचार के अंतिम दौर में जिस तादात में आम आदमी पार्टी से लोग जुड़ रहे हैं वो निश्चित तौर पर विरोधियों की धड़कने तेज करने का काम कर रहा है। शहर में हिआचध यूथ ब्रिगेड के जुड़ने से मजबूत हुई आप ने अब सालवाला पंचायत में बडाधमाका कर दिया है। यहां पर एक चुनावी सभा के दौरान 72 परिवारों ने आम आदमी पार्टी की सदस्यता ग्रहण की है। एकसाथ इतने परिवार के कांग्रेस और भाजपा से छिटकना दोनो दलों की नींद उड़ा गया है। जानकारी के मुताबिक रविवार को जनसम्पर्क अभियान दौरान सालवाला पंचायत में 72 परिवारों ने आम

आदमी पार्टी की सदस्यता ग्रहण की है। जिससे राजनीतिक गलियारों में खासी हलचल मची हुई है। पावंटा विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस-भाजपा प्रत्याशियों को आम आदमी पार्टी प्रत्याशी मनीष ठाकुर ने कड़ी चुनौती दे डाली है। बीते कुछ दिनों से जुड़ रहे स्थानीय लोगो को देखते हुए आम आदमी पार्टी का रुतबा पावंटा में बढ़ा है। 'आम आदमी पार्टी' प्रत्याशी मनीष ठाकुर का कहना है कि पांवटा साहिब की जनता भाजपा और कांग्रेस दोनों दलों के झूठे वादों से तंग आ चुकी है, इसलिए उन्होंने दोनों दलों को उखाड़ फेंकने का मन बना लिया है। लोग केजरीवाल के मॉडल को अपनाना चाहते है, जो वह हिमाचल में भी लागू करेंगे। उन्होंने कहा कि उन्हें हर वर्ग/ समुदाय का भरपूर सहयोग मिल रहा है। पांवटा साहिब में 'आम आदमी पार्टी' लगातार अपने प्रतिद्वंद्वियों से आगे निकल रही है। वह निश्चित तौर पर जीत हासिल करेंगे।

5- राजनैतिक: यहां आम आदमी पार्टी के अध्यक्ष ही हो गये भाजपा में शामिल।

पाँवटा साहिब में भाजपा उम्मीदवार सुखराम चौधरी के चुनावी दांवपेंच के आगे विरोधी पस्त होते जा रहे हैं। अब आम आदमी पांवटा साहिब के पाॅंवटा मंडल प्रधान ने भी भाजपा ज्वाॅयन कर ली है। सोमवार को अपने दर्जन साथियों के साथ आम आदमी पार्टी पाँवटा साहिब मंडल के अध्यक्ष रणबीर सिंह राणा भारतीय जनता पार्टी में शामिल हुए। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भाजपा सुरेश कश्यप व भाजपा प्रत्याशी सुखराम चौधरी ने भाजपा का पटका पहनाकर रणबीर सिंह राणा को भाजपा में शामिल किया। इस दौरान भाजपा प्रत्याशी सुखराम चौधरी ने कहा कि आपका भाजपा परिवार में हार्दिक स्वागत अभिनंदन है और निश्चित तौर पर आपके आने से पार्टी को मजबूती प्रदान होगी। प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप ने कहा कि भाजपा ने अपना संकल्प पत्र जारी कर दिया है इस संकल्प पत्र में समान नागरिक संहिता लागू होगी, अन्नदाता सम्मान निधि में किसानों को 3000 रू सालाना देंगे, 8 लाख रोजगार के अवसरों का सृजन होगा, 5 नए मेडिकल कॉलेज

खोले जाएंगे। हर गांव को प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना से जोड़ा जाएगा, गर्भवती महिलाओं को 25000 रू देंगे, 6 से 12 तक की छात्राओं को साइकिल देंगे, उच्च शिक्षा प्राप्त करने वाली ल़डकियों को स्कूटी देंगे, हर जिले में 2 छात्रावासों का निर्माण करेंगे, बीपीएल परिवारों की लड़कियों को विवाह में शगुन योजना राशि 31000 से बढ़ाकर 51000 करेंगे। प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप ने कहा कि सभी कार्यकर्ता अपने अपने बूथ पर सुखराम चौधरी बनकर काम करें और भाजपा प्रत्याशी सुखराम चौधरी को पहले से ज्यादा वोटों से जीत दिलाने का काम करें। उन्होंने कहा कि सुखराम चौधरी पूरे प्रदेश में सबसे ज्यादा जनता के बीच में रहने वाले नेता हैं जो हमेशा जनता की सेवा और क्षेत्र के विकास की चिंता करते हैं। इस कार्यक्रम के बाद गोंदपुर ट्रक यूनियन में यूनियन के अध्यक्ष बलजीत नागरा व ट्रक यूनियन आपरेटरों द्वारा प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप व भाजपा प्रत्याशी सुखराम चौधरी का जोरदार स्वागत किया गया।

6- राजनैतिक: नया रिवाज के साथ फिर सरकार बनायेंगे: कश्यप 

भाजपा हिमाचल प्रदेश के अध्यक्ष सुरेश कश्यप ने भाजपा पाँवटा साहिब मंडल की बैठक में भाग लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं में जोश भरा। सोमवार को भाजपा चुनावी कार्यालय में एक बैठक का आयोजन हुआ। जिसमे प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप और निवर्तमान ऊर्जा मंत्री सुखराम चौधरी विशेष रूप से मौजूद रहे। इस मौके पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप ने कहा कि प्रदेश में नया रिवाज बनने जा रहा है। फिर से भाजपा की सरकार बन रही है। कार्यकर्ताओं का जोश और जनता का समर्थन इस बात के

पूरे संकेत दे रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने प्रदेश में अभूतपूर्व विकास करवाया है। जिसके डूते हम अवश्य ही जीत दर्ज करेंगे। भाजपा उम्मीदवार और निवर्तमान ऊर्जा मंत्री सुखराम चौधरी ने कहा कि पाँवटा साहिब में जनता का अपार समर्थन मिल रहा है जो जीत का एक नया रिकार्ड बनाएगी। उन्होंने कहा कि भाजपा का हर कार्यकर्ता जी जान से पार्टी के प्रचार प्रसार में जुटा हुआ है। यही हमारी सबसे बड़ी ताकत है। इस मौके पर मंडल अध्यक्ष अरविन्द गुप्ता, भाजपा महिला जिला अध्यक्ष शिवानी वर्मा, भाजयुमो जिलाध्यक्ष पवन चौधरी, बीडीसी चेयरमैन हितेंद्र कुमार, मीडिया प्रभारी रोहित चौधरी, चरणजीत सिंह और राहुल चौधरी आदि सैंकड़ो कार्यकर्ता मौजूद रहे। 

7- शिलाई: लाधी क्षेत्र से कांग्रेस को लगा बहुत बड़ा झटका।

जैसा कि माना जा रहा था कि पूर्व जिला परिषद चेयरमैन दलीप चौहान का कांग्रेस से निष्कासन पार्टी को भारी पड़ सकता है, वैसा सोमवार को देखने को भी मिल गया है। लाधी की जनता दलीप चौहान को बहुत मानती है। शायद यही वजह है कि लोगों मेअं रोश पनप रहा है और कांग्रेसी भाजपा में शामिल हीने लगे है। दरअसल, शिलाई विधानसभा क्षेत्र के भाजपा प्रत्याशी बलदेव तोमर ने ग्राम पंचायत लाणी बोहराड, पनौग व जरवा जुनेली का दौरा कर चुनाव प्रचार किया। इस दौरान शिलाई विधानसभा के लाधी क्षेत्र में विभिन्न गांव में 48 परिवारों ने कांग्रेस पार्टी छोड़कर भाजपा का दामन थामा है। भाजपा में शामिल हुए परिवारों का बलदेव तोमर ने पार्टी में स्वागत किया है। इस मौके पर बलदेव तोमर ने अपने संबोधन में कहा कि भाजपा पार्टी एक ऐसी पार्टी है जो हर वर्ग का ध्यान रखते है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने अपना घोषणा पत्र जारी किया है घोषणा पत्र में सभी गांवों को पीएम सड़क योजना से जोड़ने, धार्मिक पर्यटन स्थलों को सड़क सुविधा से जोड़ने, सरकारी नौकरी में महिलाओं को 33 फीसदी आरक्षण देने, 12वीं कक्षा में 5000 रैंक वाले छात्राओं को 2500 रूपये प्रतिमाह की छात्रवृत्ति देने, गरीब परिवार की 30 वर्ष से अधिक आयु की महिलाओं को अटल पेंशन योजना में शामिल करने, देवी अन्नपूर्णा योजना से गरीब महिलाओं को 3 फ्री रसोई गैस सिलेंडर देने का वादा किया है। उन्होंने कहा कि घोषणा पत्र में स्कूल जाने

वाली बेटियों को साइकिल और कॉलेज छात्रों को स्कूटी देने का वायदा किया गया है। इससे आठ लाख स्कूली बेटियों को सुविधा मिलेगी। बलदेव तोमर ने कहा कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने पांच वर्ष में शिलाई विधानसभा क्षेत्र का विकास सराज के तर्ज पर किया है। लाधी क्षेत्र की जनता ने जो मांगा मुख्यमंत्री ने वो दिया। हलाह, जरवा और पनौग मे PHC, I&PH का सब डिवीजन रोनहाट मे दिया और पुलिस चौकी खोल कर दी। इस लिए इस विधानसभा चुनाव में विकास के नाम पर वोट करें तथा लोगों को गुमराह करने वाले नेताओं को मुंहतोड़ जवाब दे। कांग्रेस ने अपनी राजनीति को चमकाने के लिए शिलाई विधानसभा क्षेत्र में समाज को बांटने का काम किया है। इस लिए इस बार शिलाई विधानसभा से कमल खिलाकर विधानसभा में जयराम ठाकुर की बनने वाली सरकार में सहयोग करें। इस मौके पर गंगा राम सिंगटा, रमेश सिंगटा, प्रदीप सिंगटा, बंसी चौहान, दलीप पोजटा, बहादुर सिंह, मान सिंह, नरेश शर्मा, राजेंद्र तोमर, पृथ्वी तोमर आदि मौजूद रहे।

8- सिरमौर कांग्रेस के दो और पदाधिकारी छह साल के लिए निष्कासित।

हिमाचल प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं सांसद प्रतिभा सिंह ने ब्लॉक कांग्रेस कमेटी श्री रेणुकाजी के प्रस्ताव पर जिला कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष विजय सिंह पुंडीर और रतिराम को पार्टी से छह वर्षों के लिए निष्कासित कर दिया है। पार्टी विरोधी गतिविधियों और कांग्रेस पार्टी के अधिकृत प्रत्याशी के खिलाफ कार्य करने के आरोप पर दोनों पदाधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। 

(हिमाचल)

1- राजनाथ सिंह की रैली में फिर लगे "पीओके हमारा है" के नारे।

केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह सोमवार को मंडी जिले के बल्ह विधानसभा क्षेत्र के पैड़ी गांव में चुनावी जनसभा में पहुंचे। जनसभा में मौजूद लोगों ने नारे लगाए- कश्मीर तुम को क्या देंगे, सारा पाकिस्तान ले लेंगे। लोगों ने पीओके हमारा है के नारे लगाए। यह दूसरी डार हुआ है। इससे पहले धर्मशाला में भी इनकी रैली में यही नारे लगे थे। इस मौके पर राजनाथ सिंह ने कहा कि हिमाचल के लोगों में सेना में जाने की रुचि है। सीमाओं पर ताकतवर सरकारें होनी चाहिए। ताकतवर सरकार ही राज्य में होनी चाहिए।

सरकार पर अभी तक भ्रष्टाचार का कोई आरोप नहीं है। कांग्रेसी क्यों हम पर भ्रष्टाचार का आरोप नहीं लगा पा रहे। स्वर्गीय राजीव गांधी ने कहा था मैं 100 रुपये भेजता हूं लेकिन जमीन पर दो या तीन रुपए ही पहुंचते हैं। हम दावे और यकीन के साथ कहते हैं कि प्रधानमंत्री अगर 100 रुपये आपके खाते में डालते हैं तो 100 रुपये ही पहुंचते हैं। केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने बैजनाथ में एक चुनावी जनसभा में कहा कि कांग्रेस अब एक ऐसा जहाज है जिसका तेल अब खत्म हो गया है। अब कोई भी पायलट आ जाए, उड़ान भरना तो दूर रनवे पर भी नहीं दौड़ पाएगी।

2- कांग्रेस का हाथ सदैव रहा माफिया के साथ: योगी

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हिमाचल में सोमवार को दो चुनावी सभाएं की। पहली सभा में मंडी के द्रंग में उन्होंने कहा कि आप लोगों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर भरोसा जताया। 500 वर्षो के संघर्ष के बाद अयोध्या में राम मंदिर के निर्माण का मार्ग प्रशस्त हुआ है। 2023 के अंत तक अयोध्या में भव्य राम

मंदिर बनकर तैयार होगा। भारत आज दुनिया का नेतृत्व कर रहा है। यह सब पीएम मोदी नरेंद्र मोदी के प्रयासों से संभव हो पाया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ऊना में चुनावी जनसभा में कहा कि जब भी देश में संकट आता है, दोनों भाई-बहन देश छोड़कर चले जाते हैं। कांग्रेस का हाथ माफिया के साथ सदैव रहा है। योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कांग्रेस न देश का सम्मान बढ़ा सकती है, न देश की सुरक्षा बढ़ा सकती है, न विकास के कार्यों को आगे बढ़ा सकती है, न गरीब कल्याणकारी योजनाओं को आगे बढ़ा सकती है और न ही सुख-दुख में आपकी सहभागी बन सकती है।

3- भाजपा ने प्रदेश की नहीं, अपनी तरक्की की है: प्रियंका 

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने ऊना जिले के हरोली के कांगड़ मैदान में चुनावी जनसभा में जनसभा में कहा कि डबल इंजन की सिर्फ बातें हैं, आगे बढ़ने की कोई बात नहीं। अपने अनुभव पर उतरो। पुरानी पेंशन पर किसी ने आपकी कोई सुनवाई नहीं की। भाजपा नेताओं ने अपनी तरक्की की, क्या प्रदेश की तरक्की की। बहुत विवेक है आपमें। बदलाव नहीं लाओगे तो पांच साल में उससे भी बुरा भुगतोगे जो पिछले पांच साल में भुगता। सत्ता में अहंकार बहुत होता है। वाईएस परमार ने प्रदेश की तरक्की के लिए दिन रात काम किया। हम आपके लिए काम करके दिखाना चाहते हैं। पहली कैबिनेट में 1 लाख नौकरियों की मंजूरी देंगे। हर विधानसभा में चार अंग्रेजी स्कूल खोले जाएंगे। पांच साल में पांच लाख रोजगार देने की पूरी कोशिश करेंगे। हर घर लक्ष्मी योजना के तहत महिलाओं को प्रतिमाह 1500 रुपये दिए जाएंगे। ऊना को

अध्यात्मिक पर्यटन के तौर पर विकसित करेंगे। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में बेरोजगारी दर सबसे कम है। छत्तीसगढ़ में कांग्रेस सरकार ने 3 साल में 5 लाख नौकरियां दीं। राजस्थान में 1.3 लाख नौकरियां दीं। हिमाचल में 63 हजार पद खाली हैं। युवा चिंतित हैं, वे शिक्षित हैं, मेहनती हैं और नौकरी चाहते हैं। यहां के युवा बेरोजगारी से परेशान हो गए हैं। वो नौकरी चाहते हैं मगर उनको ड्रग्स मिल रहा है। यहां नशा फैलाया जा रहा मगर रोजगार नहीं दिया जा रहा है। यहां 30 लाख युवाओं की आबादी है और 15 लाख बेरोजगार हैं। राजनीतिक दलों की नीयत देखिए। भाजपा का एक ही सिद्धांत किसी भी हालत में सत्ता में रहना और सत्ता में रहकर लोगों को भूल जाना और उद्योगपतियों को विकसित करना। प्रियंका गांधी ने लोगों से पूछा कि रोजगार देने वाली सरकार चाहिए या छीनने वाली सरकार चाहिए। 

4- हिमाचल में भी इस बार बदलेगा रिवाज: नड्डा

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने कोटखाई में चुनावी जनसभा में कहा कि कोरोना काल में पीएम नरेंद्र मोदी ने 9 महीने के अंदर दो-दो वैक्सीन बनाकर देश की जनता को सुरक्षा कवच देने का काम किया। यहीं नहीं, हमने 100 देशों को वैक्सीन दी, इनमें से 48 देशों को मुफ्त में वैक्सीन देने का काम किया। अब भारत मांगने वाला नहीं, देने वाला भारत बन गया है। यूक्रेन में 32 हजार हमारे बच्चे फंस गए थे। पीएम मोदी ने पुतिन को फोन किया, जेलेंस्की को फोन किया और युद्ध को रुकवाया। यूक्रेन से बच्चों को निकालकर भारत वापस लाया गया। पीएम मोदी और सीएम जयराम ने हिमाचल की आम जनता को मजबूत बनाया है।

प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत देश की 80 करोड़ जनता को मुफ्त में अनाज देने का काम किया। इनमें से हिमाचल प्रदेश के 28 लाख परिवारों को ये सुविधाएं मिल रही है, ताकि कोई भूखा ना सोए। एक समय था, जब प्रधानमंत्री कहते थे कि मैं एक रुपया भेजता हूं तो 85 पैसे न जाने कहां फंस जाते हैं। अभी पीएम मोदी शिमला आए थे, उन्होंने एक बटन दबाया और किसानों के खाते में 2-2 हजार रुपये पहुंच गए। उत्तर प्रदेश में 38 साल बाद हमने रिवाज बदला और सरकार रिपीट की। उत्तराखंड में भी हमने सरकार रिपीट की। गोवा में लगातार तीसरी बार भाजपा की सरकार बनी। हिमाचल में भी इस बार रिवाज बदलेगा। पिछले पांच साल में डबल इंजन की सरकार ने हिमाचल की तस्वीर बदल दी है। लेकिन प्रदेश में जब-जब डबल इंजन, सिंगल इंजन होता है, हिमाचल की गाड़ी लड़खड़ा जाती है।

5- विकास के नाम पर वोट मांगकर दिखायें भाजपा: अलावरू

अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के संयुक्त सचिव और युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रभारी कृष्णा अलावरू ने भाजपा को चुनौती दी है कि वह हिमाचल में अपने कार्यकाल के पांच साल में किए गए कार्यों पर लोगों से वोट मांगे। उन्होंने कहा कि भाजपा को प्रदेश की जनता और खासकर युवाओं को बताना चाहिए कि उनकी सरकार ने पिछले पांच साल में क्या काम किए। भाजपा को जनता के समक्ष अपना रिपोर्ट कार्ड लाना चाहिए। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे भाजपा के जुमलों, नारों और प्रचार पर न जाएं। जब भाजपा नेता उनके पास आए तो पूछें कि उनकी सरकार ने पांच

साल में क्या कार्य किए हैं। सोमवार को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में शिमला पत्रकार वार्ता में अलावरू ने कहा कि भाजपा ने 2017 में प्रदेश की जनता और खासकर युवाओं से कई वादे किए थे। इनमें एक बेरोजगारी दूर करने और रोजगार देने का था, लेकिन ये वादे पूरे नहीं किए। प्रदेश में 14 लाख बेरोजगारों की फौज खड़ी कर दी। भाजपा का रिपोर्ट कार्ड देखें तो उसमें वह हर विषय में फेल है। विभिन्न विभागों में 65 हजार पद रिक्त हैं। भाजपा ने 2017 के अपने चुनाव घोषणा पत्र में नशाखोरी पर लगाने का वादा किया था, लेकिन यह वादा भी जुमला साबित हुआ। कहा कि डबल इंजन की सरकार आम जनता को राहत देने में फेल हुई है। प्रदेश युवा कांग्रेस अध्यक्ष नेगी निगम भंडारी ने आरोप लगाया कि भाजपा के शासनकाल में सबसे अधिक युवा वर्ग शोषित हुआ है। 

6- राज्य बिजली बोर्ड में लाइनमैन के पदों की लिखित परीक्षा का परिणाम घोषित।

हिमाचल प्रदेश कर्मचारी चयन आयोग हमीरपुर ने पोस्ट कोड 971 के तहत राज्य बिजली बोर्ड में लाइनमैन के पदों को भरने के लिए आयोजित लिखित परीक्षा का परिणाम घोषित कर दिया है। आयोग के सचिव डॉ. जितेंद्र कंवर ने बताया कि लाइनमैन के

186 पदों को भरने के लिए मई 2022 में आवेदन मांगे थे और 25 अगस्त को लिखित परीक्षा का आयोजन किया गया। लिखित परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले 738 अभ्यर्थियों का चयन 25 से 30 नवंबर तक होने वाले दस्तावेजों के सत्यापन के लिए किया गया है। अभ्यर्थी अपना परिणाम कर्मचारी चयन आयोग की आधिकारिक वेबसाइट(http://www.hppsc.hp.gov.in) पर भी देख सकते हैं।

7- मौसम अपडेट: 10 नवंबर तक मौसम खराब रहने के आसार

हिमाचल प्रदेश के कई भागों में 10 नवंबर तक मौसम खराब रहने की संभावना हैं। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के मुताबिक 9 और 10 नवंबर को राज्य के मध्य पर्वतीय व उच्च पर्वतीय कई भागों में

बारिश-बर्फबारी की संभावना है। वहीं मैदानी भागों में भी 10 नवंबर को बारिश की संभावना है। उच्च पर्वतीय भागों में 8 नवंबर को भी मौसम खराब रहने के आसार हैं। उधर, सोमवार को शिमला समेत आसपास भागों में धूप खिलने के साथ हल्के बादल भी छाए रहे। केलांग का न्यूनतम तापमान माइनस 0.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।