सिरमौर- तो फिर उतरेंगे सडकों पर....... 16 अप्रैल 2022- पांवटा साहिब से आज का खबरनामा ddnewsportal.com

सिरमौर- तो फिर उतरेंगे सडकों पर.......  16 अप्रैल 2022- पांवटा साहिब से आज का खबरनामा ddnewsportal.com

सिरमौर- तो फिर उतरेंगे सडकों पर.......

16 अप्रैल 2022- पांवटा साहिब से आज का खबरनामा 

मुख्यमंत्री का AAP पर पलटवार 
हिमाचल में आप की युनिट खत्म: अनुराग 
सडकें और पुल के बने रिकार्ड 
नादौन को 287 करोड़ रुपये की सौगात 
भाजपा में आम आदमी की कद्र: प्रो सिकंदर 
सत्ता में बने रहने को असफल प्रयास: अग्निहोत्री 
सरिया फिर हुआ महंगा 
क्या बोले HRTC कर्मचारी नेता
सिरमौर: नवरात्र मेले का समापन 

सिरमौर कोरोना मुक्त और....... कोविड/सूचना एवं जन संपर्क विभाग बुलेटिन।


(आज की तस्वीर)


स्थानीय (सिरमौर)

1- सड़क की हालत सुधारने को उतरेंगे सडकों पर।

पांवटा साहिब में समाज सेवी संस्थाओं ने नेशनल हाईवे अथॉरिटी 707 को चेताया है कि यदि बद्रीपुर से राजबन तक की सड़क की हालत को जल्द न।ई सुधारा गया तो सडकों पर उतरकर आंदोलन किया जाएगा। हिमाचल प्रदेश चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री और सिरमौर ट्रक ऑपरेटर यूनियन सहित एंटी क्रप्शन एंड क्राइम कंट्रोल फोर्स के स्टेट चीफ नात्थु राम चौहान ने बद्रीपुर से राजबन नेशनल हाईवे निर्माण को लेकर एनएच ऑथोरिटी को आड़े हाथों लिया है। चेंबर हाऊस गोंदपूर में पत्रकार वार्ता के दौरान हिमाचल प्रदेश चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के अध्यक्ष सतीश गोयल, सिरमौर ट्रक ऑपरेटर

यूनियन के प्रधान बलजीत सिंह नागरा, समाज सेवी नरेंद्र पाल सिंह सोहता और नाथूराम चौहान ने कहा कि नेशनल हाईवे 707 के निर्माण में कोताही और जनहित की अनदेखी को लेकर जल्द ही उनका एक डेपुटेशन केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से मिलेगा और इस बारे के कड़े कदम उठाए जाने की मांग करेगा। उन्होंने पत्रकार वार्ता के दौरान बताया कि इस सड़क के निर्माण के कोताही को लेकर चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री द्वारा 35 अलग अलग संबंधित अधिकारियों के साथ पत्राचार किया गया, लेकिन किसी भी अधिकारी की ओर से जवाब नहीं आया। जिससे जाहिर होता है कि सरकार के लक्ष्य पूर्ति हेतू अधिकारी कितने गंभीर हैं ? उन्होंने चेतावनी दी कि यदि तत्काल प्रभाव से इस बारे में अधिकारियों ने अपना रवैया नहीं बदला और बद्रीपुर से राजबन नेशनल हाईवे की हालत में सुधार नहीं किया तो वे सड़कों पर उतरने को मजबूर होंगे।

2- कफोटा- एकल अभियान का वार्षिक सम्मान समारोह धूमधाम से आयोजित। 

एकल अभियान संभाग दक्षिण हिमाचल के अंतर्गत भाग सिरमौर में संच कफोटा का वार्षिक संच सम्मान समारोह कफोटा में बड़े हर्षोल्लास के साथ आयोजित किया गया। सम्मान समारोह में संच कफोटा के लगभग 20 एकल विद्यालयों से आचार्यों, ग्राम समिति सदस्यों और विद्यार्थियों ने भाग लिया। जिला परिषद सदस्य कमरऊ वार्ड सुमिता चौहान समरोह की मुख्य अतिथि रही तथा बलबीर सिंह सेवग, माम राज शर्मा जिला परिषद सदस्य वार्ड शिल्ला समारोह के विशिष्ट अतिथि रहे। हाटी कला मंच कफोटा के निर्देशक भाव सिंह कपूर, रजनी शर्मा तथा क्षेत्रीय विकास समिति कफोटा के अध्यक्ष नरेश तोमर विशेष अतिथि के रूप में शामिल हुए। एकल अभियान द्वारा सम्पूर्ण भारत वर्ष सहित विश्व के अधिकांश देशों में शिक्षा एवं संस्कार की अलख जगाने के लिए चलाए जाने वाले एकल विद्यालयों के माध्यम से पंचमुखी शिक्षा दी जा रही है। इस अवसर पर एकल अभियान संभाग दक्षिण हिमाचल के केंद्रीय प्रतिनिधि एवं पश्चिमोत्तर प्रभाग के प्रभाग सचिव विजय कंवर ने मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथि, विशेष अतिथियों और सभी समिति सदस्यों सहित एकल कार्यकर्ताओं, आचार्यों तथा विद्यार्थियों को हिमाचल दिवस की शुभकामनाएं अर्पित करते हुए अभियान की ओर से स्वागत किया। एकल अभियान द्वारा एक भारत, श्रेष्ठ भारत के ध्येय को पूरा करने के लिए देश में किए जा रहे कार्यों के बारे में उन्होंने बताया कि भारत के एक लाख

गांव में वर्तमान समय में एक लाख एकल विद्यालय चल रहे हैं। चार लाख एकल संपर्कित गांव में अभियान की विभिन्न गतिविधियां चल रही है। नगर संगठन और ग्राम संगठन द्वारा संयुक्त रूप से सेवाव्रती कार्यकर्ताओं और समिति सदस्यों के माध्यम से समर्थ भारत, शिक्षित भारत और स्वावलंबी भारत के निर्माण के लिए मनसा, वाचा, कर्मणा अपना तन, मन, धन अर्पित करते हुए पंचमुखी शिक्षा के साथ साथ विविध समसामयिक विषयों के लक्ष्यों को पूरा करने का प्रयास किया जा रहा है। संगठन के स्वरूप पर चर्चा करते हुए उन्होंने बताया कि सबसे शीर्ष पर केन्द्र, प्रभाग, संभाग, भाग, अंचल, संच और ग्राम स्तर तक प्रशिक्षित सेवाव्रतियों, समिति सदस्यों और व्यास कथाकारों सहित विभिन्न योजनाओं के प्रभारियों द्वारा स्वावलंबन के माध्यम से ग्राम स्वराज और राम राज्य की संकल्पना को पूरा करने का प्रयास किया जा रहा है। प्राथमिक शिक्षा, संस्कार शिक्षा, जागरण शिक्षा, आरोग्य शिक्षा और ग्राम स्वराज के माध्यम से कोरोना जैसे भयानक आपातकाल में भी विचार क्रांति जैसे आभासी माध्यम के प्रतिफल ग्राम सुरक्षा का दायित्व एकल अभियान ने भली भांति वहन किया और वेंटीलेटर, ऑक्सीजन सिलेंडर, ऑक्सीमीटर तथा बेड की सुविधाओं सहित विभिन्न आवश्यक उपकरणों को शासन एवं प्रशासन को उपलब्ध करवाते हुए इस भयानक महामारी से लोगों की सुरक्षा करने का भी सराहनीय प्रयास किया गया। विगत वर्षों में शिक्षा, ग्राम जागरण एवं विकास के क्षेत्र में सराहनीय कार्य करने के लिए एकल को अंतरराष्ट्रीय गांधी शांति पुरस्कार से भी नवाजा गया है। विशिष्ट अतिथि माम राज शर्मा ने एकल अभियान द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए आह्वाहन किया कि सरकारी विद्यालयों तथा निजी विद्यालयों में भी एकल की तरह संस्कार शिक्षा पर अधिक बल दिए जाने की आवश्यकता है। बलबीर सिंह सेवग ने एकल अभियान से प्रभावित होकर अपनी निजी कमाई से इक्कीस हजार रूपए का सहयोग करते हुए समाज के सभी लोगों से इस प्रकार के पुनीत कार्यों में बढ़ चढ़कर सहयोग का आग्रह किया। प्रतिष्ठित समाजसेवी नेत्तर सिंह चौहान ने एकल अभियान द्वारा गरीब विद्यार्थियों तक शिक्षा एवं संस्कार की लौ ले जाने के लिए सभी सेवा व्रतियों और समिति सदस्यों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए अपनी नेक कमाई से अपने और मुख्य अतिथि सुमिता चौहान की ओर से संयुक्त रूप से एक लाख की नगद धनराशि सहयोग हेतु अर्पित की। उन्होंने आयोजकों को इन गतिविधियों के और विस्तार के साथ साथ भारत के हर गांव तक एकल विद्यालय पहुंचाने तथा देश के हर बच्चे को शिक्षित के साथ साथ संस्कारित करने का भी आवाह्न किया। इस अवसर पर देशभक्ति गीतों और भजनों की मनमोहक प्रस्तुतियां एकल विद्यालय के बच्चों द्वारा प्रस्तुत की गई। 

3- सिरमौर से होगा इस राजनैतिक पार्टी का ऐलान।

हिमाचल प्रदेश में विधानसभा चुनावी वर्ष में राजनीतिक सरगर्मियां तेज होनी शुरू हो गई हैं। इस बार प्रदेश में चुनावी माहौल कुछ अलग सा दिखाई दे रहा है। एक ओर जहां आम आदमी पार्टी ने विधानसभा चुनाव में उतरने की ताल ठोक दी है तो वहीं अब देवभूमि सवर्ण मोर्चा एवं देवभूमि क्षत्रिय संगठन भी चुनावी रणक्षेत्र में उतरने को तैयार है। इसके लिए जिला सिरमौर में 24 अप्रैल को राजनीतिक पार्टी का ऐलान करने के साथ पार्टी का एजैंडा भी लोगों के समक्ष रखने की तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। देवभूमि क्षत्रिय संगठन के अध्यक्ष रुमित सिंह ठाकुर ने कहा कि अब सरकार के समक्ष गिड़गिड़ाने का समय निकल चुका है। उन्हें उन्हीं की भाषा में जवाब दिए जाने का मन बनाया जा चुका है। अब 24 अप्रैल को राजनीतिक पार्टी की घोषणा की जाएगी। सवर्ण समाज किसी भी जाति वर्ग के खिलाफ नहीं है। उनके हितों को प्रभावित नहीं होने दिया जाएगा। हमारे इस आंदोलन में सवर्ण समाज ही नहीं अपितु अन्य वर्गों के लोग भी जुड़े हैं। उन्होंने कहा कि राजनीतिक पार्टी बन जाने के पश्चात जहां सवर्ण समाज के हितों के लिए संघर्ष किया जाएगा, वहीं अन्य वर्गों का भी पूरा ध्यान रखा जाएगा। संगठन के सभी पदाधिकारी अपने क्षेत्रों में घूमकर सरकार की आधी-अधूरी योजनाओं का खाका तैयार कर रहे हैं। 

4- कांडो और ठोंठा सीनियर सेकेंडरी स्कूलों का बलदेव तोमर ने किया लोकार्पण।

खाद्य आपूर्ति निगम के उपाध्यक्ष बलदेव सिह तोमर ने आज शिलाई विधान सभा क्षेत्र में दो स्तरोन्नत किए गए स्कूलों का लोकार्पण किया। उन्होंने कांडो दुगाना में जनसभा को सम्बोधित भी  किया, खाद्य आपूर्ति निगम के उपाध्यक्ष बलदेव तोमर ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कांडो दूगाना को स्तरोन्नत कर जनता को समर्पित किया। काफ़ी समय से लम्बित इस माँग को मुख्यमंत्री से घोषणा करवाई और एक महीने के अंदर लोकार्पण किया। उन्होंने यहाँ राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला मिलने पर लोगों द्वारा किए गए स्वागत अभिनंदन के लिए अनेक अनेक धन्यवाद किया। उन्होंने समस्त कांडो दुगाना पंचायत को इस विद्यालय शुभारम्भ के  अवसर पर हार्दिक

बधाई एवं शुभकामनाएँ दी। इस के अतिरिक्त उन्होंने आज ग्राम ठोंठा में उन्नत किए गए राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला का लोकार्पण भी किया। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला को यहाँ की जनता को समर्पित किया गया जो की राजकीय उच्च विद्यालय से उन्नत किया गया है। उन्होंने कहा कि यह लम्बे समय से यहाँ के लोगों की अधूरी माँग थी। जिसके लिए उन्होंने यहाँ की जनता को ढेरों शुभकामनाएँ व बधाई दी ।

5- त्रिलोकपुर मेले के समापन पर उपायुक्त ने की मंदिर में पूजा अर्चना।

उत्तर भारत के प्रसिद्ध शक्तिपीठ त्रिलोकपुर माता बाला सुंदरी मन्दिर में चैत्र नवरात्र मेला के समापन पर उपायुक्त सिरमौर राम कुमार गौतम ने आज त्रिलोकपुर मंदिर में आरती में भाग लिया, हवन में आहूति डाली और विधिवत रूप से माता बाला सुंदरी कि पूजा अर्चना की। मेले के आखरी दिन माता के दरबार में लगभग 2500 श्रद्धालुओं ने माता के दर्शन कर आर्शीवाद प्राप्त

किया और 14 लाख 05 हजार 143 रूपये नगद राशि चढ़ावे के रूप में अर्पित की गई। त्रिलोकपुर माता बाला सुंदरी मन्दिर में चैत्र नवरात्र मेला के दौरान लगभग 3 लाख 50 हजार श्रद्धालुओं ने माता के दर्शन कर आर्शीवाद प्राप्त किया। इस दौरान श्रद्धालुओं द्वारा कुल 2 करोड़ 36 लाख 85 हजार 263 रूपये नगद राशि, 119 ग्राम 400 मिलीग्राम सोना और 27 किलो 789 ग्राम चाँदी चढ़ावे के रूप में अर्पित की गई।


(हिमाचल)

1- AAP ने घोषणाओं का कोई एमओयू थोड़े ही साइन किया है: मुख्यमंत्री 

हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने बिजली-पानी और महिलाओं को बस किराये में छूट देने पर आम आदमी पार्टी (आप) की टिप्पणी पर पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि आप ने कोई एमओयू थोड़े ही साइन किया है कि वही घोषणाएं करेगी। उन्होंने कहा कि जिस पार्टी का प्रदेश अध्यक्ष भाजपा में शामिल हो चुका हो, वह हमारा मार्गदर्शन न करें। दरअसल, 15 अप्रैल को हिमाचल दिवस पर मुख्यमंत्री की घोषणाओं के बाद आप ने इसे दिल्ली मॉडल की नकल बताया था। शनिवार को जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान से लोगों का विश्वास टूट गया है। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पंजाब के अधिकारियों की बैठकें ले रहे हैं। अभी तो हिमाचल की चढ़ाई बाकी है, लेकिन आप की सांसें फूल गई हैं। जयराम ने कहा कि महिलाओं को बस किराये में छूट देने पर पुरुष पूछ रहे हैं कि उन्होंने क्या अपराध किया है।

उन्होंने कहा कि पुरुषों के साथ पूरी सहानुभूति है। लेकिन अब 50 फीसदी किराये के चक्कर में अपनी धर्मपत्नियों को बार-बार घर का सामान लेने बाजार मत भेज देना। इस मौके पर कांग्रेस पर भी मुख्यमंत्री ने कड़े प्रहार किए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में कुछ महापंडित बन बैठे हैं। इनकी सारी भविष्यवाणियां गलत साबित हुई हैं। कांग्रेसी गला फाड़कर चीखते थे कि पंजाब में तो चन्नी ही मुख्यमंत्री बनेंगे। लेकिन चन्नी दोनों सीटों से चुनाव हार गए। ठोको ताली कहने वाले नेता जो कभी भाजपा में होते थे, वह कांग्रेस के टिकट पर चुनाव में तीसरे स्थान पर रहे। इन चुनाव नतीजों के बाद कांग्रेस की बोलती बंद हो चुकी है। विधानसभा में स्प्रिंग लगी गुड़िया की तरह उछलने वाले विपक्ष के नेता आज नजरें तक नहीं मिला रहे। विपक्ष कहता था कि उत्तराखंड में तो पांच साल के बाद सरकार रिपीट नहीं करती। लेकिन अब यह अदला-बदली का रिवाज खत्म हो चुका है। चार राज्यों में भाजपा ने सरकार बनाई है और अब उत्तराखंड की तर्ज पर हिमाचल में भी भाजपा सरकार रिपीट करेगी। 

2- हिमाचल में आम आदमी पार्टी की यूनिट खत्म: अनुराग

केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण, युवा सेवाएं व खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि हिमाचल में आम आदमी पार्टी की यूनिट खत्म हो गई है। आप की हिमाचल में सक्रियता और बड़े स्तर पर दौरों पर अनुराग ठाकुर ने कहा कि इससे कुछ नहीं होगा। वह ऊना में शनिवार को मीडिया कर्मियों के प्रश्नों का जवाब दे रहे थे। हिमाचल दिवस पर सीएम जयराम की ओर से की गई घोषणाओं को कांग्रेस द्वारा चुनावी स्टंट बताने के प्रश्न पर अनुराग ठाकुर ने कहा कि पूर्व में की गई घोषणाओं का भी जनता ने स्वागत किया था और अब भी जनता इन घोषणाओं का स्वागत कर रही है। जनता के लिए व जनता के रुपये बचाने के लिए ही यह घोषणाएं हुई हैं। भविष्य में भी इस तरह के प्रयास जारी रहेंगे।

अब तक भी अच्छा काम किया है और करते रहेंगे। उन्होंने कहा कि मोदी और भाजपा सरकारें विकास के लिए जानी जाती हैं। केंद्र व प्रदेश सरकार ने रेल, सड़क, स्वास्थ्य, पेयजल व अन्य सुविधाओं पर काम किया है। कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार मिलकर हिमाचल में विकास कार्य करवा रही है। डबल इंजन का लाभ हिमाचल को मिला है। दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल की कांगड़ा रैली को लेकर पूछे गए प्रश्न को उन्होंने नजरअंदाज कर दिया और कोई जवाब नहीं दिया। इस मौके पर छठे वित्तायोग के राज्य अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती, जिला भाजपा महामंत्री राज कुमार पठानिया व अन्य मौजूद रहे।

3- मुख्यमंत्री ने नादौन विधानसभा क्षेत्र में किए 287 करोड़ रुपये के लोकार्पण व शिलान्यास।

हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने आज हमीरपुर जिला के नादौन विधानसभा क्षेत्र के पनसाई मैदान में 287 करोड़ रुपये की 46 विकासात्मक परियोजनाओं के लोकार्पण व शिलान्यास किए। इस अवसर पर विशाल जनसभा को सम्बोधित करते हुए जय राम ठाकुर ने गलोड़ में राजकीय डिग्री कॉलेज खोलने, नादौन में जलशक्ति मंडल, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र धनेटा को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में स्तरोन्नत करने, नादौन में फायर स्टेशन खोलने तथा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय नादौन और जलारी में विज्ञान प्रयोगशाला निर्मित करने, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला

चोड़ तथा बटरान में विज्ञान कक्षाएं शुरू करने तथा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला अप्पर हरेटा में वाणिज्य की कक्षाएं शुरू करने तथा राजकीय उच्च विद्यालय पनसाई को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला में स्तरोन्नत करने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने नादौन में रिवर रॉफ्टिंग परिसर के निर्माण के लिए 26 करोड़ रुपये, पनसाई में मेला मैदान विकसित करने के लिए 10 लाख रुपये, बैलाबरमोटी तथा मझौली में पटवार सर्कल खोलने, नादौन विधानसभा क्षेत्र में दो स्वास्थ्य उप-केंद्र खोलने तथा दो अस्थाई पुलिस पोस्ट को स्थाई पुलिस पोस्ट में परिवर्तित करने की भी घोषणा की। 

4- साढ़े चार साल में प्रदेश में रिकार्ड पुल व सडकों का निर्माण: जयराम 

हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने कहा कि वर्तमान प्रदेश सरकार ने पिछले साढ़े चार वर्षों के दौरान राज्य के हर क्षेत्र समग्र व सन्तुलित विकास सुनिश्चित किया है। उन्होंने कहा कि वर्तमान प्रदेश सरकार का दो वर्ष का कार्यकाल कोरोना महामारी के दौरान प्रभावित हुआ लेकिन सरकार ने लोगों के बहुमूल्य जीवन बचाने के साथ प्रदेश का निर्बाध विकास सुनिश्चित किया। पिछली सरकार ने प्रदेश में स्वास्थ्य अधोसंरचना का विकास नहीं किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में तीन वर्ष पूर्व केवल 50 वेंटिलेटर थे परन्तु आज प्रदेश में 1000 से अधिक वेंटिलेटर उपलब्ध हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान प्रदेश सरकार ने अपने कार्यकाल के दौरान प्रदेश में सड़कों का जाल बिछाया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार के कार्यकाल के दौरान रिकॉर्ड संख्या में पूलोें का निर्माण किया गया और गांवों को सड़क सेवा से जोड़ा

गया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने प्रदेश के साथ-साथ देश में अपना आधार खोया है और कांग्रेस के नेता राज्य में सत्ता में आने का सपना देख रहे हैं। जय राम ठाकुर ने कहा कि प्रदेश सरकार ने प्रतिमाह 125 यूनिट तक ऊर्जा की खपत पर बिजली उपभोगताओं से कोई बिल नहीं लेने की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि हिमाचल पथ परिवहन निगम की बसों में महिला यात्रियों को 50 प्रतिशत की छूट प्रदान की जाएगी तथा ग्रामीण क्षेत्रों में रह रहे सभी उपभोक्ताओं से पानी का कोई बिल नहीं लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि आप पार्टी के लोग भ्रमित है क्योंकि प्रदेश में पार्टी में नेतृत्व की कमी साफ दिख रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संदेश में प्रदेश के लोगों को हिमाचल दिवस के शुभ अवसर पर बधाई दी जो प्रदेशवासियों के प्रति उनके स्नेह और प्रेम को दर्शाता है। उन्होंने हनुमान जयंती के अवसर पर प्रदेश के लोगों को बधाई दी तथा प्रदेशवासियों के अच्छे स्वास्थ्य और सुखी जीवन की कामना की है। 

5- केवल भाजपा में ही आम आदमी का सांसद बनना संभव: प्रो सिकंदर 

हिमाचल प्रदेश से राज्यसभा सांसद प्रोफेसर सिकन्दर कुमार ने कहा कि वह एक शिक्षाविद् हैं और उन्होेंने कभी राजनीति के आने के बारे में कभी विचार नहीं किया था। उन्होंने कहा कि यह केवल भाजपा में ही सम्भव है जहां एक आम आदमी सांसद बन सकता है। उन्होंने क्षेत्र के लोगों को आश्वासन दिया कि वह पूरे समर्पण भाव से कार्य कर उनकी अपेक्षाओं पर खरा उतरेंगे। हिमाचल पथ परिवहन निगम के उपाध्यक्ष तथा नादौन के पूर्व विधायक विजय अग्निहोत्री ने मुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए कहा कि पिछले साढ़े चार वर्षों के दौरान इस क्षेत्र का अभूतपूर्व विकास हुआ है। उन्होंने कहा कि विधानसभा क्षेत्र की धौलासिद्ध विद्युत परियोजना का कार्य भी प्रगति पर है। उन्होंने कहा कि इस विधानसभा क्षेत्र के साथ जिला में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों को विपक्ष के नेता भी स्वीकार कर रहे हैं। उन्होंने क्षेत्र की कुछ विकासात्मक मांगों का भी विवरण दिया।
 
6- मुख्यमंत्री ने की परोपकारी गतिविधियों के लिए कम्पीटेंट फाउंडेशन की सराहना।

रक्तदान, पीड़ित मानवता की सबसे बड़ी सेवा है क्योंकि समय पर रक्त मिलने से व्यक्ति को नया जीवनदान मिलता है। मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने यह बात आज हमीरपुर जिला के नादौन से कम्पीटेंट फाउंडेशन द्वारा देशभर में एक साथ आयोजित 50 रक्तदान शिविरों के अवसर पर वेबनार को वर्चुअल माध्यम से सम्बोधित करते हुए कही। उन्होंने छत्तीसगढ़ के पूर्व राज्यपाल स्वर्गीय बलराम जी दास टंडन की अध्यक्षता में हेल्प एवर हर्ट नेवर के आदर्श वाक्य के साथ अक्तूबर 2006 में स्थापित कम्पीटेंट फाउंडेशन के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि रक्तदान के माध्यम से लोगों का अमूल्य जीवन बचाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि यह मानवता का प्रतीक है जो लोगों को जाति, पंथ और धर्म के बावजूद एकजुट करता है। उन्होंने कहा कि 17 से 66 वर्ष आयुवर्ग के सभी पात्र व्यक्ति रक्तदान कर सकते हैं। जय राम ठाकुर ने कहा कि रक्तदान के अनेक लाभ हैं क्योंकि विभिन्न कारणों जैसे बीमारी या दुर्घटना की स्थिति में व्यक्ति को रक्त की आवश्यकता होती है। रक्तदान करने से हम व्यक्ति की गंभीर स्थिति से उबरने में सहायता करते हैं। दूसरे अर्थोें में रक्तदान के माध्यम से न केवल हम व्यक्ति विशेष की सहायता करते हैं बल्कि समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी को भी निभाते हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि

रक्तदान, रक्तदाता के लिए भी बहुत लाभकारी है क्योंकि इससे रक्तदाता के शरीर में नई कोशिकाएं उत्पन्न होती हैं। उन्होंने कहा कि छात्र जीवन के दौरान उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों के मरीजों की सहायता के लिए रक्तदान शिविर आयोजित किए थे। उन्होंने कहा कि फाउंडेशन द्वारा हनुमान जयंती के अवसर पर देशभर की 50 स्थानों में रक्तदान शिविर आयोजित किए जा रहे हैं जो वास्तव में एक सराहनीय प्रयास है। उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी के दौरान फाउंडेशन ने जरूरतमंद लोगों की सहायता में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाई है। जय राम ठाकुर ने हिमाचल, चंडीगढ़, हरियाणा, पंजाब और दिल्ली के विभिन्न स्थानों में आयोजित रक्तदान शिविरों के आयोजकों के साथ संवाद भी किया। 

7- रियायतों की घोषणाएं करके सत्ता में बने रहने का असफल प्रयास: अग्निहोत्री 

हिमाचल प्रदेश के नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि साढ़े 4 वर्ष जनता को बेहाल करने वाली भाजपा की सरकार अब कुछ रियायतों की घोषणाएं करके सत्ता में बने रहने का असफल प्रयास कर रही है। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर यह बात समझ लें कि अब उनको सत्ता से हर हाल में बेदखल होना है और कांग्रेस की सरकार सत्ता में आने वाली है। नेता विपक्ष ने कहा कि लोक लुभावनी घोषणाओं पर मुख्यमंत्री उतर आए हैं, जिससे सिद्ध होता है कि सरकार के पास उपलब्धि के नाम पर दिखाने को कुछ नहीं है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री से पूछा कि बेरोजगारों के लिए क्या नीति बनाई गई है? क्यों औद्योगिक क्षेत्रों में भी हिमाचल के बेरोजगारों के साथ भेदभाव हो रहा

है? क्यों सरकार के पास रोजगार देने व सृजन की कोई नीति नहीं है। मुकेश ने कहा कि बेरोजगारी को खत्म करने के लिए कारगर कदम उठाने की जरूरत है और कांग्रेस पार्टी बेरोजगारों के मसलों पर काम करेगी। कर्मचारियों की पे बैंड व एरियर सहित अन्य मसलों पर मुख्यमंत्री ने चुप्पी साधी हुई तथा ओल्ड पैंशन स्कीम पर उलझाया जा रहा है। कांग्रेस पार्टी सत्ता में आते ही पुरानी पैंशन को बहाल करेगी और आऊटसोर्स कर्मचारियों का स्थायी हल निकाला जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के नेतृत्व में वैंटिलेटर पर चली गई है। उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था की स्थिति खराब हो गई है तथा आए दिन हत्या व चोरी-डकैती हो रही है, मगर पूछने वाला कोई नहीं है।

8- लो जी! फिर बढ़ गये सरिया के दाम, सीमेंट भी... 

सपनों के आशियाने पर मंहगाई की मार जारी है। पिछले कुछ दिनों तक राहत के बाद अब हिमाचल प्रदेश में सरिया के दामों में पिछले तीन दिनों से बढ़ोतरी हो रही है। तीन दिनों के भीतर ही सरिया के दाम में 400 रुपये प्रति क्विंटल तक की बढ़ोतरी हुई है। तीन दिन पहले ही सरिया के दामों में कमी आई थी। सरिया के दाम आठ हजार रुपये प्रति क्विंटल से कम होकर 7500 रुपये प्रति क्विंटल हुए थे। वेकिन बुधवार से शुक्रवार तक प्रति क्विंटल चार सौ रुपये दाम बढ़े हैं। सरिया डीलरों का कहना है कि अब दाम 7900 रुपये

प्रति क्विंटल हो चुके हैं। इसके अलावा सीमेंट के दाम भी आसमान छू रहे हैं। सीमेंट और सरिया डीलर ने कहा कि सीमेंट डीलरों को मिलने वाले इंटरनल डिस्काउंट को कंपनियों ने खत्म कर दिया है। इसका असर भी उपभोक्ताओं पर ही पड़ेगा। आने वाले समय में सीमेंट और मंहगा हो सकता है। गोर हो कि सरिया सीमेंट के दाम आम आदमी की पंहुच से दूर होते जा रहे हैं। लोग उम्र भर काम कर चार पैसे बचाते हैं ताकि बुढापे में तो अपना आशियाना बनाकर सुकून की जिंदगी जी सके। लेकिन मंहगाई की मार बेरहम हो चली है। 

9- वित्तीय लाभ देने की बात आने पर खुद कमाओ और खुद खाओ की कही जाती है बात: समीति

सरकार की घोषणाओं का सीधा प्रभाव एचआरटीसी की आय पर पड़ता है। परन्तु चिन्ता का विषय यह है कि एचआरटीसी के कर्मचारियों को जब उनके वित्तीय लाभ देने की बात आती है तो खुद कमाओ और खुद खाओ की बात की जाती है। जिससे कर्मचारी हतोत्साहित हो रहा है। यह बात हिमाचल परिवहन कर्मचारी संयुक्त समन्वय समिति के अध्यक्ष समर चौहान, उपाध्यक्ष पूर्ण चन्द शर्मा, सचिव खेमेन्द्र गुप्ता, प्रवक्ता संजय बड़वाल, कोषाध्यक्ष जगदीश चन्द एवम् हितेंद्र कंवर, गोपाल लाल, देवी चन्द, देस राज, राय सिंह, धनी राम, सुख राम, प्रेम सिंह, अनित कुमार, ऋषि लाल, संजीव कुमार, नवल किशोर, टेक चन्द, विजय कुमार, यशपाल सुल्तानपुरी, सुशील कपरेट, दलीप शर्मा ने संयुक्त ब्यान में कही। उन्होंने हिमाचल दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर द्वारा प्रदेश की महिलाओं को एचआरटीसी की बसों में यात्रा करने पर 50% किराये में छूट देने के निर्णय का स्वागत किया है। वर्तमान में सरकार द्वारा घोषित स्कूली बच्चों, महिलाओं सहित लगभग 26 कैटागिरी के यात्रियों को एचआरटीसी की बसों में फ्री एवं कंसेशनल यात्रा उपलब्ध करवाई जा रही है। जिसका भार एचआरटीसी पर लगभग 800 करोड़ रूपए वार्षिक पड़ता है। एचआरटीसी द्वारा सरकार के आदेशों की अक्षरशः पालना की जाती है और हमेशा की जाती रहेगी। लेकिन वर्तमान में कर्मचारियों के

वित्तीय लाभों में अभी भी चालकों-परिचालकों के 36 महीनों के नाइट ओवरटाइम की अदायगी, वर्ष 2018 से के डी ए का एरियर, अनुबंध पर कार्यकाल पूरा कर चुके कर्मचारियों को नियमित करना, वॉशर ब्वॉय को नियमित करना, चालकों व परिचालकों का आरम्भिक वेतनमान बहाल करना, पेंशन के लिए प्रदेश सरकार के बजट में प्रावधान करना एवं वर्ष 2020 से सेवानिवृत कर्मचारियों के वित्तीय लाभ देना तथा विभिन्न श्रेणियों की वेतन विसंगतियों को दूर कर पंजाब पद्धति के अनुसार छठे वेतन आयोग की सिफारिशों का लाभ एचआरटीसी के कर्मचारियों को शीघ्र देना इत्यादि अनेक मांगे ज्यों की त्यों लम्बित पड़ी है। अतः संयुक्त समन्वय समिति पदेश सरकार से मांग करती है कि  सरकार द्वारा घोषित अनेक योजनाओं का लाभ प्रदेश की जनता को तभी दिया जा सकता है यदि एचआरटीसी को लाभ-हानि की दृष्टि से न देखा जाए एवं इसके कर्मचारियों को आर्थिक लाभ समय पर देकर स्वस्थ रखा जाये। इसलिए परिवहन निगम को रोडवेज का दर्जा देकर पीडब्ल्यूडी, आईपीएच, स्वास्थय, शिक्षा एवं अन्य विभागों की भांति चलाया जाना चाहिए। जिससे इसमें कार्यरत कर्मचारी बिना किसी आर्थिक एवं मानसिक तनाव से देश व प्रदेश की जनता के लिए बेहतर परिवहन सुविधा उपलब्ध करवा सकें।

10- मुख्यमंत्री ने हनुमान मंदिर जाखू में की पूजा-अर्चना। 

मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर और उनकी धर्मपत्नी साधना ठाकुर ने आज हनुमान जयंती के पावन अवसर पर शिमला स्थित श्री हनुमान मंदिर जाखू में

शीश नवाया और पूजा अर्चना की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने मंदिर परिसर में विभिन्न विकासात्मक कार्यों का जायजा लिया और अधिकारियों को दिशा निर्देश दिए।

शाम पांच बजे तक का कोविड मीडिया बुलेटिन- 

सूचना एवं जन संपर्क विभाग हिमाचल प्रदेश बुलेटिन-