कल नही चलेंगी बसें....... 17 अक्तूबर 2021- पांवटा साहिब से आज का खबरनामा ddnewsportal.com

कल नही चलेंगी बसें.......  17 अक्तूबर 2021- पांवटा साहिब से आज का खबरनामा ddnewsportal.com
फाईल फोटो।

कल नही चलेंगी बसें.......

17 अक्तूबर 2021- पांवटा साहिब से आज का खबरनामा

सरकार के विरोध मे वोट, मुख्यमंत्री का पलटवार, हर्षवर्धन ने घेरी सरकार, कुलदीप बरसे, राजेन्द्र ठाकुर निष्कासित, अंजली की सफलता, एनएच जाम, दो दिन का अल्टीमेटम, पांवटा मे कल से उत्सव, नशा तस्करों की संपत्ति जब्त और....... कोविड/सूचना एवं जन संपर्क विभाग बुलेटिन।


(आज की तस्वीर) केरल में तबाही 

स्थानीय (सिरमौर)

1- ऐसे तो धान खरीद मे लग जायेंगे 6 महिने: भाकियु 

भारतीय किसान युनियन हिमाचल प्रदेश ने पांवटा साहिब मे धान की खरीद की सुस्त व्यवस्था पर रोश प्रकट किया है। युनियन का कहना है कि इस तरह तो धान खरीद मे 6 महिने लग जायेंगे इसलिए सरकार व्यवस्था मे तेजी लाएं। युनियन के प्रदेश अध्यक्ष अनिन्द्र सिंह नौटी ने जारी बयान मे कहा कि युनियन के अथक प्रयासों, भारतीय खाद्य निगम पर मुकदमे दायर करने तथा प्रदेश सरकार पर दबाव की रणनीति से पहली बार हिमाचल प्रदेश में धान की सरकारी खरीद शुरू हुई है। जिसमें सभी जिलों के किसानों ने भारतीय किसान यूनियन का हर स्तर पर साथ दिया। परंतु हिमाचल प्रदेश के चार जिलों सिरमौर के पांवटा साहिब व कालाआम, सोलन के नालागढ़, उना के टाहलीवाल तथा कांगड़ा के फतेहपुर, इंदौरा तथा रियाली स्थिति खरीद केंद्रों में जो धान की खरीद हो रही है उसकी रफ्तार बहुत कम है। जिसकी वजह से किसानों के ट्रैक्टर ट्रालियों की लंबी-लंबी लाइने वहां लग चुकी हैं। एक तो धान की खरीद देश के दूसरे हिस्सों के बनिस्पत हिमाचल प्रदेश में काफी लेट शुरू की गई। ऊपर से प्रदेश सरकार के कृषि तथा खाद्य आपूर्ति मंत्री तथा संबंधित प्रदेश व जिला अधिकारी इस मामले में बिल्कुल सोए रहे और फील्ड

स्तर पर कोई तैयारी नहीं की। जिस बारे में भारतीय खाद्य निगम में भी स्पष्ट तौर पर प्रदेश सरकार की कमी बताई है। प्रदेश के सिविल सप्लाई कॉरपोरेशन जिनको इन तैयारियों का जिम्मा सौंपा गया था ताकि हिमाचल प्रदेश यह एजेंसी खरीद करे उसने खरीद में दिलचस्पी नहीं दिखाई तथा स्टाफ की कमी का हवाला देकर इस प्रक्रिया से किनारा कर लिया। इस वजह से भारतीय खाद्य निगम को भी बहुत दिक्कतों का सामना करना पड़ा और उनको दिल्ली से स्टाफ बुलाकर तैनात करना पड़ा। अगर हिमाचल की सरकारी खरीद एजेंसी अपनी जिम्मेदारी पूरी करती तो स्टाफ की कमी नहीं होती तथा भारतीय खाद्य निगम और अधिक सेंटर खोल सकता था। फतेहपुर के चुनाव देखते हुए प्रदेश सरकार ने मात्र एक क्षेत्र में तीन खरीद केंद्र खोल दिए और बाकी पूरे प्रदेश के लिए सिर्फ तीन केंद्र। इस बारे में भारतीय खाद्य निगम के उच्चाधिकारियों से भारतीय किसान युनियन ने मुलाकात की तथा नालागढ़, ऊना तथा कांगड़ा में भारतीय किसान यूनियन की स्थानीय यूनिट ने उन्हें भी वस्तु स्थिति से अवगत करवाया। भारतीय किसान युनियन की अन्य जिलों की यूनिट ने भी स्थानीय एसडीएम स्तर पर इसको लेकर अपना विरोध

प्रदर्शन दर्ज करवाया। उदाहरण के लिए सिरमौर का पांवटा साहिब जो धान उत्पादन में प्रदेश में अव्वल है, वहां एक दिन में मात्र 1000 क्विंटल खरीद हो रही है। जिसको अगर पूरे उत्पादन के हिसाब से देखा जाए तो अगले छह महीने खरीद की प्रक्रिया में लगेंगे तथा तब तक किसानों की गेहूं की फसल आ चुकी होगी जो खुद में हास्यास्पद भी है। या तो प्रदेश सरकार किसानों के साथ धोखा कर रही है या सरकारी अधिकारी बिल्कुल अक्षम है। हालांकि जिला सिरमौर में कृषि उपज मंडी समिति की भूमिका इस पूरे मसले में सराहनीय रही है लेकिन बाकी जिलों में कृषि उपज मंडी समिति की भूमिका भी नगण्य है। ऐसे में भारतीय किसान यूनियन ने भारतीय खाद्य निगम के उत्तर भारत के जनरल मैनेजर (प्रोक्योरमेंट) को यह सभी आंकड़े भेजे हैं। लेकिन उन्होंने प्रदेश सरकार की स्थानीय एजेंसीयों के पीछे हटने की वजह से यह सारी स्थिति उत्पन्न होने की बात कही है।‌ भारत के अन्य राज्यों में भारतीय खाद्य निगम खरीद के लिए उस प्रदेश की स्थानीय एजेंसियों जैसे हिमाचल के केस में सिविल सप्लाई कॉरपोरेशन या हिमफैड जैसी एजेंसियों को जिम्मा सौंपती है लेकिन यहां हिमाचल प्रदेश की पूरी नाकामी साबित हुई है। इसलिए भारतीय किसान यूनियन हिमाचल प्रदेश चुनाव के प्रचार में पूरी तरह खोई हुई हिमाचल सरकार को यह आगाह करती है कि जल्दी ही सही तथा तत्कालिक निर्णय लेकर नए खरीद केंद्रों के लिए व्यवस्था तथा स्टाफ पैदा किया जाए तथा आगे से राजनैतिक आधार पर खरीद सेंटर ना खोले जाएं बल्कि यह क्षेत्रवार पैदावार को देखकर किया जाए। अगर अगले 2 दिनों में स्थिति नहीं सुधरती तो हिमाचल प्रदेश के धान उत्पादक किसान सड़कों को जाम कर सकते हैं तथा अपने अनाज को स्थानीय एसडीएम तथा जिलाधीश के कार्यालयों पर लेकर पहुंचेंगे।

2- यदि आपके आसपास है कोई जरूरतमंद दिव्यांग तो इस तारीख को पंहुचायें पांवटा।

यदि आपके आसपास कोई जरूरतमंद दिव्यांग रहते हैं तो उन्हें इस खबर के बारे मे जरूर जानकारी दें ताकि उसे पांवटा साहिब मे लगने जा रहे सहायता शिविर का लाभ मिल सके। दरअसल, रोटरी क्लबस ऑफ सिरमौर के रोटरी क्लब पांवटा, रोटरी सखी पांवटा, नाहन और नाहन सिरमौर हिल्स विकलांग सेवा केन्द्र अंबाला केंट के सहयोग से 24 अक्तूबर को पांवटा साहिब के तारूवाला रोड़ स्थित ज्ञानचंद गोयल धर्मशाला मे सुब। 10 बजे से सांय चार

बजे तक विकलांग सहायता शिविर का आयोजन करने जा रहा है। रोटरी पांवटा साहिब प्रेजिडेंट मनमीत सिंह मल्होत्रा और सखी प्रेजिडेंट डाॅ नीना सबलोक ने जानकारी देते हुए बताया कि यह शिविर दो चरणों मे आयोजित होगा। पहले चरण मे दिव्यांग की जांच की जाएगी और उनकी आवश्यकताओं का पता लगाया जाएगा। वहीं दूसरे चरण मे उन दिव्यांगो को निशुल्क कृत्रिम उपकरण जैसे कैलिपर, ट्राईसाईकिल, बैसाखी और नकली टांग आदि प्रदान किये जायेंगे, जिन्हें इसकी जरूरत है। साथ ही इन उपकरणों को चलाने का प्रशिक्षण भी दिया जाएगा। रोटरी पदाधिकारियों ने जनता से आह्वान किया है कि अपने आस-पास जो भी दिव्यांग जरूरतमंद है उन तक यह जानकारी जरूर पंहुचायें और खबर को भी शैयर करें। साथ ही ऐसे जरूरतमंद को शिविर स्थल तक पंहुचाने मे भी अपनी भागीदारी सुनिश्चित कर सेवा करें। उन्होंने बताया कि इसके साथ साथ शिविर मे टाईम्स हेल्थकेयर चंडीगढ़ के सहयोग से कानों की निशुल्क जांच की जाएगी और जरूरतमंद को कान की मशीन भी प्रदान की जाएगी। उन्होंने कहा कि जानकारी के लिए रोटरी पदाधिकारियों से फोन पर भी संपर्क किया जा सकता है। जिसमे रोटरी पांवटा अध्यक्ष मनमीत सिंह मल्होत्रा से 9805070502, रोटरी सखी प्रेजिडेंट डाॅ नीना सबलोक से 9418346669, रोटरी नाहन सिरमौर हिल्स अध्यक्ष राकेश थापा से 9418160201 नंबर पर संपर्क करें। 

3- विपाशा का नाॅर्थ जोन प्री-रिपब्लिक डे शिविर में चयन।

पांवटा साहिब का श्री गुरु गोबिंद सिंह जी राजकीय महाविद्यालय की एन०एस०एस० स्वंयसेवी विपाशा, बी०ए० तृतीय वर्ष पुत्री प्रताप सिंह का चयन नार्थ जोन प्री-आर०डी० चयन शिविर के लिए हुआ है। यह शिविर 18 अक्टूबर से लेकर 27 अक्टूबर तक बियानी कॉलेज ऑफ साइंस एंड मैनेजमेंट कलवार,  जयपुर में आयोजित किया जाएगा। काॅलेज प्राचार्या डॉ वीना राठौर ने विपाशा एवम कार्यक्रम अधिकारी प्रो० रीना चौहान एवं प्रो० रिंकू अग्रवाल को बधाई देते हुए कहा कि विपाशा के चयन से राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई की साथ साथ पूरा महाविद्यालय गौरवान्वित महसूस कर रहा

है। जिला नोडल कार्यक्रम अधिकारी प्रो. रीना चौहान ने बताया कि सिरमौर जिला से प्रदेश स्तर के लिए चार विद्यार्थियों का चयन हुआ था जिसमें से दो स्वंयसेवक पांवटा कॉलेज से विपाशा एवं हरिपुरधार कॉलेज से नीरज का चयन नार्थ जोन प्री आर० डी० यानि रिपब्लिक डे परेड शिविर के लिए हुआ है। यहां से इनकी परफार्मेंस के आधार पर इनका परेड के लिए चयन होगा। गौरतलब है कि गत वर्ष संगड़ाह महाविद्यालय से सतीश कुमार ने आर०डी० परेड में हिस्सा लिया था। जिला के स्वंयसेवकों की उलब्धियों ने राष्ट्रीय सेवा योजना के सभी स्वंय सेवकों को उत्साह और जोश से भर दिया है। भविष्य में भी ऐसी ही उपलब्धियों की आशा इन सभी स्वयंसेवकों से रहेंगी।

4- कल उपमंडल पुरूवाला के इन क्षेत्रों मे नही होगी बिजली।

पांवटा साहिब के विद्युत उपमंडल पुरुवाला के तहत कल 18 अक्तूबर दिन सोमवार को प्रातः 9 बजे से लेकर शाम 5 बजे तक बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी। उपमंडल के सहायक अभियंता अरुणदीप सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि 33केवी पुरुवाला विद्युत लाईन में आवश्यक मुरम्मत कार्य होना

है। जिसके चलते सब स्टेशन गोंदपुर-पुरुवाला में सोमवार को विद्युत आपूर्ति बंद रहेगी। उन्होंने बताया कि इस दौरान पुरुवाला, सालवाला, भंगानी, सिंघपुरा, गोजर, अड्डेन, किलोड, राजपुर, अम्बोया, नघेता, बनौर, बांगरण, बढ़ाना, कलाथा, मानपुर देवड़ा, खोडोंवाला व आसपास के क्षेत्रों में बिजली सप्लाई बंद रखी जाएगी। उन्होंने कहा कि हालांकि विद्युत कट मौसम पर भी निर्भर करेगा। खराब मौसम के चलते विद्युत कट स्थगित भी किया जा सकता हैं। उन्होंने इस दौरान उपभोक्ताओं से सहयोग की अपील की हैं।

5- स्थानीय लोगों ने एनएच-707 तारूवाला के पास किया जाम, प्रशासन और पुलिस ने मौके पर पंहुचकर खुलवाया। 

पांवटा साहिब के तारूवाला के पास स्थानीय लोगों ने एनएच-707 बद्रीपुर-गुम्मा जाम कर दिया। स्थानीय लोगों का कहना था कि बार बार आग्रह के बाद भी सड़क की दयनीय हालत को सुधारा नही जा रहा जिससे आए दिन उनकी दिक्कतें बढ़ रही है। स्थानीय निवासियों ने बताया कि जब तक प्रशासन उन्हे मौके पर आकर आश्वासन नही देता नही एनएच बहाल नही करेंगे। जानकारी के मुताबिक रविवार को तारूवाला क्षेत्र के लोग और व्यापारी एनएच के पास एकत्रित हुए और रोश स्वरूप एनएच जाम कर

दिया। इन दौरान एनएच प्राधिकरण के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की गई। स्थानीय निवासी अश्वनी शर्मा ने बताया कि यहां के लोग सड़क की दुर्दशा से परेशान है। बद्रीपुर से तारूवाला के बीच की सड़क की हालत तो किसी से छिपी नही है। जगह जगह बड़े बड़े गड्ढे दुर्घटनाओं को न्यौता दे रहे हैं। कई दुपहिया व ई-रिक्शा यहां पलट चुके हैं। बारिश के बाद तो ये हालत है कि लोगों का सड़क किनारे चलना भी दुभर हो रहा है। हालांकि कुछ समय बाद पुलिस और प्रशासन मौके पर पंहुचा और लोगों को समझा कर सड़क मार्ग बहाल करवाया। प्रशासन की तरफ से तहसीलदार वेद प्रकाश अग्निहोत्री और पुलिस की तरफ से थाना प्रभारी पांवटा साहिब अशोक चौहान मौके पर पंहुचे।

6- त्रिलोकपुर में आज 8000 श्रद्धालुओं ने किए माता बालासुन्दरी के दर्शन।

जिला सिरमौर के त्रिलोकपुर स्थित प्रसिद्ध शक्तिपीठ माता बालासुन्दरी मन्दिर में आज लगभग 8000 श्रद्धालुओं ने माता के दर्शन कर आर्शीवाद

प्राप्त किया। यह जानकारी देते हुए उपायुक्त सिरमौर एवं आयुक्त त्रिलोकपुर मन्दिर न्यास राम कुमार गौतम ने बताया कि ग्यारवें दिन माता को लगभग 08 लाख 62 हजार 290 रूपये नगद राशि व 1190 ग्राम चांदी श्रद्धालुओं द्वारा अर्पित की गई। 

7- जिला सिरमौर में कल इन 34 स्थानों पर होगा कोविड टीकाकरण।


(हिमाचल) 

1- कल थमेंगे हिमाचल पथ परिवहन निगम की बसों के पहिये।

हिमाचल प्रदेश मे कल यानि 18 अक्टूबर को हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) की बसें नहीं चलेंगी। इसकी वजह यह है कि उस दिन एचआरटीसी के कर्मचारी और पेंशनर मांगों के समर्थन में आंदोलन पर रहेंगे। यह एक दिन का काम छोड़ो आंदोलन चलाएंगे। प्रदेश में सेवारत कर्मचारियों और पेंशनरों की संख्या 12 हजार के आसपास हैं। अगर मांगें नहीं मानी गई तो ये अपना आंदोलन तेज करेंगे। इस संबंध में हिमाचल परिवहन कर्मचारी

संयुक्त समन्वय समिति (जेसीसी) के अध्यक्ष प्यार सिंह ठाकुर ने आरोप लगाया है कि एचआरटीसी प्रबंधन कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान के लिए गंभीर नहीं है। उन्होंने कहा कि वित्तीय लाभों की अदायगी करने के लिए परिवहन कर्मचारी पिछले दो माह से आंदोलन कर रहे हैं। निगम कर्मचारियों एवं पेंशनरों की लगभग 582 करोड़ रुपये के अनेक वित्तीय लाभ की देनदारियां वर्षों से हैं। ये लगातार बढ़ रही हैं। इस तरह के वित्तीय लाभ अन्य विभागों के कर्मचारियों को बहुत पहले जारी हो चुके हैं, लेकिन निगम में यह एक प्रथा बन चुकी है कि बिना आंदोलन किए कोई भी वित्तीय लाभ नहीं दिए जाते।

2- जमानत पर चलने वाले कर रहे बड़ी-बड़ी बातें: मुख्यमंत्री 

हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने आज कांग्रेस की वरिष्ठ नेत्री आशा कुमारी के बयान पर पलटवार किया है। उन्होंने रविवार को मंडी विधानसभा क्षेत्र के बग्गी, बरयारा में चुनावी जनसभाएं कीं। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस की मंडी संसदीय क्षेत्र की प्रभारी आशा कुमारी के बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि प्रतिभा सिंह ने अपने भाषण में एक नहीं अनेकों बार कहा - मैं चुनाव नहीं लड़ना चाहती थी, मुझे धकेल दिया गया। ऐसे शब्दों का इस्तेमाल उन्होंने खुद किया है, लेकिन कांग्रेस की नेता मंडी में आकर कहती हैं कि कमजोर नहीं मानना चाहिए। जयराम ने कहा कि हमने कमजोर

कब माना। हमने तो इतना कहा कि लोकसभा के लिए मजबूर नहीं मजबूत उम्मीदवार चाहिए, जो खुशाल ठाकुर हैं। उन्होंने कहा; कांग्रेस की नेता रावण से भी तुलना कर रही थीं। किसकी तुलना कर रही थीं, मुझे मालूम नहीं। वह क्या कहना चाह रही हैं, यह तक स्पष्ट नहीं कर पाई हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि कई लोग जमानत पर चले हुए हैं, लेकिन बातें बड़ी-बड़ी करते हैं। जयराम ने कहा कि चंबा से सिरमौर तक, ऊना से किन्नौर तक पूरा हिमाचल एक है। प्रदेश के सभी विधानसभा क्षेत्रों में विकास हुआ है। उन्होंने कहा कि आज कांग्रेस नेता महंगाई बढ़ने की दुहाई देते हैं। महंगाई बढ़ने की वजह कांग्रेस है। महंगाई इसलिए बढ़ी क्योंकि कुछ लोगों ने इस देश को लूटने के लिए लाखों करोड़ रुपये के घोटाले किए। इन घोटालों के लिए कांग्रेस के कई नेता आज भी सलाखों के पीछे हैं।

3- चार वर्ष मे भाजपा सरकार ने लिया 22 हजार करोड़ रूपये का ऋण: हर्षवर्धन

हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मीडिया विभाग के अध्यक्ष हर्षवर्धन चौहान ने प्रदेश की जयराम सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि जब भाजपा ने शासन संभाला तब प्रदेश में 48 हजार करोड़ रूपये का ऋण था और मौजूद जय राम सरकार ने साढे 4 साल में 22 हजार करोड़ रूपये का ऋण लिया है। कुल्लू मे पत्रकार वार्ता के दौरान उन्होंने कहा कि बीजेपी का दावा था कि डबल इंजन की सरकार दुगुना विकास करेगी लेकिन आज डबल इंजन पूरी

तरह से बेबस हुआ नजर आ रहा है। उन्होंने कहा कि जब अटल बिहारी वाजपेई देश के प्रधानमंत्री थे, वे मनाली को अपना दूसरा घर मानते थे। जब भी वे मनाली आया करते थे तो पैकेज के रूप में और आर्थिक रूप में हिमाचल प्रदेश में हजारों करोड़ों रुपए सौगात दिया करते थे। उन्होंने कहा कि पिछले 4 साल में मोदी जी कहते हैं कि हिमाचल से उनका गहरा नाता है, ऐसा कहते हैं लेकिन हिमाचल प्रदेश को किसी प्रकार की आर्थिक सहायता पैकेज आज तक नहीं दिया गया। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने पिछले साढ़े 4 सालों में पूर्व की कांग्रेस पार्टी के समय में बजट से योजनाओं का उद्वघाटन और शिलान्यास किए है। उन्होंने कहा कि  पंजाब में छठा वेतन लागू हुए 6 माह हो गए है लेकिन प्रदेश के कर्मचारी प्रदेश सरकार मांग कर रहे है। लेकिन फिर भी कई विभाग के कर्मचारियों को वेतन डीए नहीं मिल रहा है। एचआरटीसी के कर्मचारियों का 334 करोड़ रूपये भुगतान नहीं कर पाई और 608 सेवानिवृत कर्मचारियों के 208 से अधिक बकाया राशी है और सरकार कह रही है पैसे नहीं है। उन्होंने कहाकि मुख्यमंत्री के गृह जिला में सड़को की हालत खराब है। जिससे लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। 

4- यूपीए सरकार ने जनता पर नही डाला तेल का भार: कुलदीप 

हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष कुलदीप राठौर ने कहा कि कि जब यू.पी.ए. की सरकार थी उस समय क्रूड ऑयल की कीमतें आसमान छू रही थी लेकिन सरकार ने कभी भी तेल का ज्यादा भार जनता पर नहीं डाला। लेकिन अब जब क्रूड ऑयल सस्ता मिल रहा है तो क्यों तेल के दाम बढ़ाए जा

रहे हैं। उन्होंने कहा कि तेल हमेशा बाजार पर अपना प्रभाव डालता है। आज हर चीज महंगी होना इसी का कारण है। इस समय जनता महंगाई से त्रस्त है लेकिन भाजपा को इसकी कोई फिक्र नहीं है। जब उनसे भाजपा के उम्मीदवार के द्वारा 2017 व 2021 में दिए गए शपथ पत्र में गलत जानकारी देने के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा कि अगर भाजपा का उम्मीदवार द्वारा गलत शपथ पत्र नामांकन के समय दिया गया है तो इस पर चुनाव आयोग को संज्ञान लेते हुए कार्रवाई करनी चाहिए।

5- अर्की से कांग्रेस नेता राजेन्द्र ठाकुर पार्टी से निष्कासित।

हिमाचल प्रदेश कांग्रेस ने पार्टी सचिव राजेंद्र ठाकुर को 6 साल के लिए संगठन से निष्कासित कर दिया है। अनुशासन समिति की अध्यक्ष पूर्व सांसद विप्लव ठाकुर की सिफारिश पर पार्टी प्रदेशाध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने यह कार्रवाई अमल में लाई है। इससे पहले बगावत के सुर उठने पर कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष ने अर्की ब्लॉक की कार्यकारणी को भंग करते हुए कार्यकारी अध्यक्ष की नियुक्ति की थी। सूचना के मुताबिक पार्टी को ब्लॉक कांग्रेस कमेटी और अर्की उपचुनाव के लिए कांग्रेस के आधिकारिक उम्मीदवार की

तरफ से राजेंद्र ठाकुर पर पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल होने की शिकायतें मिली थीं। राजेंद्र ठाकुर अर्की उपचुनाव के लिए पार्टी टिकट के लिए दौड़ में शामिल थे लेकिन पार्टी महासचिव संजय अवस्थी टिकट पाने में कामयाब रहे, ऐसे में यहां बागवत के सुर उठे और ब्लॉक कांग्रेस के कई पदाधिकारियों ने अपने इस्तीफे तक दे डाले थे। वहीं, राजेन्द्र ठाकुर ने कहा कि पार्टी उन्हे क्या निष्कासित करेगी। वह पहले ही पार्टी छोड़ चुके हैं।

6- एचआरटीसी पेंशनर्स कल्याण संगठन चुनाव मे सरकार के विरोध में करेंगे वोट। 

एचआरटीसी पेंशनर्स कल्याण संगठन ने अपनी वितीय देनदारियों में विलंब को लेकर सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। संगठन ने सरकार को चेताया है कि अगर उनकी मांगें नही मानी जाती है तो वह चुनाव में सरकार के विरोध में वोट करेंगे। शिमला में पत्रकार वार्ता के दौरान एचआरटीसी पेंशनर्स कल्याण संगठन के प्रधान सत्यप्रकाश शर्मा ने बताया कि संगठन

पिछले तीन महीने से अपनी वितीय देनदारियों को लेकर मांग उठा रहे है, लेकिन सरकार ने उनकी मांगों को अनसुना किया है। उन्होंने बताया कि सभी एचआरटीसी के अलावा सभी विभागों में पेंशन समय पर मिल रही है। उन्हें अपने परिवार का पालन पोषण करने में दिक्कत आ रही है। 22 अक्टूबर को संगठन मंडी में सरकार के खिलाफ हुंकार रैली करने जा रहा है जिसमें संगठन के प्रदेश भर से कर्मचारी भाग ले रहे हैं। उन्होंने बताया कि अगर सरकार उनकी मांगों को नही मानती है आगामी उपचुनावों में वह सरकार के एन्टी वोट करेंगे व सरकार को सत्ता से बाहर उखाड़ फेकेंगे।

7- सिरमौर के कमरऊ की अंजली ठाकुर फिजिकल एजुकेशन लेक्चरर चयनित। 

हॉकी की राष्ट्रीय खिलाड़ी अंजली ठाकुर का जवाहर नवोदय विद्यालय में फिजिकल एजुकेशन लेक्चरर के पद पर चयन हुआ है। वर्तमान समय में अंजली ठाकुर पंजाब विश्वविद्यालय चंडीगढ़ में फिजिकल एजुकेशन डिपार्मेंट में पीएचडी की छात्रा है और नेट क्वालिफाइड है। साथ ही एमसीएमडीएवी कॉलेज चंडीगढ़ में बतौर लेक्चर भी है, जो कि सिरमौर के लिए गर्व की बात है। अंजली मूल रूप से हिमाचल प्रदेश के जिला सिरमौर के गिरिपार क्षेत्र के

कमरऊ गांव की बेटी है। वर्ष 2015 में अंजली ठाकुर ने पंजाब विश्वविद्यालय चंडीगढ़ छात्र संघ चुनाव में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद संगठन से उपाध्यक्ष पद भी लड़ा है और पंजाब चंडीगढ़ अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य रही है। वर्तमान समय में सिरमौर एसोसिएशन चंडीगढ़ के कार्यकर्ता के तौर पर भी कार्य कर रही है। एसोसिएशन के अध्यक्ष महेंद्र चौहान, महासचिव दिनेश सिंह चौहान, संयोजक फकीर चन्द चौहान आदि ने कहा कि वह अंजली ठाकुर के उज्जवल भविष्य की कामना करते हैं कि वह अपने माता पिता अपने प्रदेश और अपने संगठन का नाम देशभर में रोशन करें और शिक्षा के क्षेत्र में नए आयाम स्थापित करें।


क्राईम/एक्सीडेंट 

1- अदालत के आदेश- नशा तस्करों की संपत्ति होगी जब्त।

कांगड़ा जिला के डमटाल के गांव छन्नी बेल्ली में नशे से कमाई गई नशा तस्करों की करोड़ों की सम्पति को दिल्ली की स्पेशल अदालत ने जब्त करने के आदेश जारी किए हैं। अदालत ने करीब 5 करोड़ 96 लाख 65 हजार 2079 रुपए की संपत्ति को फ्रीज करने का फैसला सुनाया है। वहीं नशा तस्कर के साथ अवैध कारोबार में संलिप्त 2 अन्य लोगो की करोड़ों की संपत्ति को भी अदालत ने फ्रीज करने के आदेश जारी किए हैं। थाना डमटाल

के तहत नशे के कारोबार के लिए प्रदेश भर में मशहूर गांव छन्नी बेल्ली में नशा तस्कर धरमिंदर उर्फ गोविंदा पुत्र सुरजन सिंह व उसकी माता राजकुमारी पत्नी सुरजन सिंह वासी गांव छन्नी बेल्ली को 2020 में 2 अलग-अलग मामलों में गिरफ्तार किया गया था जिसमें एक मामले में पुलिस ने 259 ग्राम चिट्टा 1091 नशीले कैप्सूल, 14 लाख 50 हजार 450 रुपए की भारतीय नगदी व सोने चांदी के जेवरात बरामद किए थे। वहीं अन्य मामले में 302 ग्राम चिट्टा बरामद कर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एन.डी.पी.एस. एक्ट के तहत थाना डमटाल में मामला दर्ज किया था। डमटाल थाना प्रभारी हरीश गुलेरिया द्वारा की गई जांच में धरमिंदर उर्फ  गोविंदा उसकी माता राजकुमारी व उसके 2 अन्य साथी शेरानन्द पुत्र सतपाल व परिवार और मंगत राम पुत्र शिव दयाल व परिवार सभी वासी गांव छन्नी बेल्ली की करोड़ों की चल अचल संपत्ति को केस के साथ अटैच किया गया था। आरोपियों की वितीय जांच करने के बाद आरोपियों की मुख्य नशा तस्कर गोविंदा के साथ पैसों का मोटा लेनदेन की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने दिल्ली में कम्पीटेंट अथॉरिटी की विशेष अदालत एन.डी.पी.एस. एक्ट में केस के साथ अटैच की। सभी आरोपियों की नशे के कारोबार से बनाई गई कुल 7 करोड़, 28 लाख, 96 हजार 799 रुपए की सम्पति को फ्रीज करने के लिए याचिका दायर की थी जिस पर अदालत ने सुनवाई करते हुए करीब आरोपियों की करीब 6 करोड़ की सम्पति को फ्रीज करने का फैसला सुनाया है। आरोपियों के घर, गाडियां, होटल, बैंक खाते, जमीन ओर नशे से बनाई गई अन्य प्रकार की चल अचल सम्पति शामिल हैं। डी.एस.पी. नूरपुर सुरिंदर शर्मा ने बताया कि नशे से बनाई गई सम्पति को जब्त करने का फैसला माननीय अदालत द्वारा सुनाया गया है। कुछ औपचारिकता पूरी कर जल्द की सम्पति को कब्जे में लिया जाएगा।

2- दुष्कर्म का आरोपी चढ़ा पुलिस के हत्थे।

 पांवटा साहिब के शिलाई क्षेत्र में एक छात्रा से दुष्कर्म करने और वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने के आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी मामला दर्ज होने के बाद से फरार चल रहा था। आरोपी को अब पुलिस अदालत में पेश करेगी। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक छात्रा

को ब्लैकमेल कर दुष्कर्म करने के मामले में पुलिस ने आरोपी को दबोच लिया है। आरोपी को पांवटा साहिब के बाता चौक से हिरासत में लिया गया है। बता दें कि गत दिनों एएसपी बबीता राणा को दी शिकायत में पीड़िता ने युवक पर पिछले एक साल से ब्लैकमेल कर दुष्कर्म करने के आरोप लगाए थे। जिसके बाद मामला दर्ज हुआ। लःकिन आरोपी को भनक लगते ही वह फरार हो खया। जिसे अब पुलिस ने धर दबोचा है। डीएसपी पांवटा साहिब बीर बहादुर ने मामले की पुष्टि की।


शाम सात बजे तक का कोविड मीडिया बुलेटिन-

सूचना एवं जन संपर्क विभाग हिमाचल प्रदेश बुलेटिन-