गो सेवक-पुलिस मे झड़प....... 19 अक्तूबर 2021- पांवटा साहिब से आज का खबरनामा ddnewsportal.com

गो सेवक-पुलिस मे झड़प.......  19 अक्तूबर 2021- पांवटा साहिब से आज का खबरनामा ddnewsportal.com

गो सेवक-पुलिस मे झड़प.......

19 अक्तूबर 2021- पांवटा साहिब से आज का खबरनामा

कांग्रेस के समय की मंहगाई, नोटा का करेंगे प्रयोग, सुक्खू भरेंगे जोश, सेना ने की मदद, भगवान नरसिंह की चौथी जलेब, न्यायाधीश की शपथ, राष्ट्रीय सचिव, गोमाता का अधिकार, एसपी पंहुचे पांवटा, भव्य कलश यात्रा, धान खरीद केंद्र पर बिजली गुल और....... कोविड/सूचना एवं जन संपर्क विभाग बुलेटिन। 


(आज की तस्वीर) गोवंश के अधिकारों को अनशन पर पांवटा के गो सेवक।

स्थानीय (सिरमौर)

1- गोमाता को उसका अधिकार दिलाओ तभी टूटेगा अनशन।

सड़को पर गूम रहे बेसहारा गोवंश को आशियाना दिलाने के लिए संघर्ष कर रहे गौ संरक्षण सचिन ओबरॉय एक बार फिर अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठ गए हैं। सचिन ने 2 सप्ताह पूर्व प्रशासन को आगाह किया था कि यदि तत्काल प्रभाव से बेसहारा गो वर्षों के लिए प्रभावी कदम ना उठाए गए तो वे अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर चले जाएंगे। सचिन ओबराॅय ने बीते माह 1 दिन के सांकेतिक भूख हड़ताल कर सरकार को चेतावनी दी थी कि यदि तत्काल प्रभाव से बेसहारा गोवंशों को गौशालाओं में नहीं पहुंचाया गया तो वह अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर चले जाएंगे। लेकिन शासन व प्रशासन पर इस चेतावनी का कोई असर नहीं हुआ। इस बात से निराश सचिन ने मंगलवार को भगवान वाल्मीकि चौक से लेकर रामलीला मैदान तक रैली प्रदर्शन किया। रामलीला मैदान में अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठ

गए। इस दौरान उन्हें पुलिस के विरोध का भी सामना करना पड़ा। भूख हड़ताल के लिए निर्धारित रामलीला मैदान के गेट पर पुलिस ने ताले जड़ दिए। यहां भूख हड़ताल रोकने की कोशिश की। लेकिन सचिन नहीं माने और वह जैसे तैसे मैदान में रामलीला मंच पर भूख हड़ताल पर बैठ गए। इस मौके पर उनके साथ व्यापार मंडल पांवटा साहिब के अध्यक्ष अनिंद्र सिंह नौटी व मठ मंदिर आयाम के पूर्व प्रदेश प्रमुख नरेंद्र शर्मा सहित कई गौसेवी मौजूद रहे। वहीं, सचिन ओबराॅय ने कहा कि जब तक प्रशासन गौवंश को सरकारी गोशालाओं मे भेजकर उनकी सही देखरेख और अन्य मांगे नही मान लेता वह अनशन नही तोडेंगे। इस दौरान दिनभर कई संगठन के पदाधिकारी भी उनके सर्मथन मे आते रहे। जिसमे अधिवक्ता शशिपाल चौधरी, अश्वनी शर्मा, हिमाचल यूथ ब्रिगेड से इंद्रजीत सिंह मिक्का, दीपक दूबे, सुनील पुंडीर सहित

बेजुबानो के संरक्षक बराड़ दंपत्ति, समाजसेवी अजय संसरवाल, श्री दुधलेश्वर गोशाला संचालक दीपक पुंडीर आदि भी पंहुचे और उन्हे अपना समर्थन दिया। आपको बता दें कि सचिन ओबरॉय लंबे समय से गौ संरक्षण के लिए संघर्ष कर रहे हैं। उन्होंने शहर से 7 किलोमीटर दूर बहराल मे एक गौशाला भी स्थापित की है लेकिन उसमे भी किसी तरह की सरकारी सहायता प्राप्त नहीं है।

2- पुलिस अधीक्षक ने पूजा अर्चना से किया कार्यक्रम का शुभारंभ।

पांवटा साहिब में आयोजित किए जा रहे दो दिवसीय राज्य स्तरीय यमुना शरद महोत्सव के दूसरे दिन पुलिस अधीक्षक सिरमौर ओमापति जम्वाल ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। इस दौरान उन्होंने यमुना तट पर पूरे विधि-विधान एवं रीति-रिवाज के साथ यमुना पूजा अर्चना तथा हवन किया। इस पूजा अर्चना में उप मंडल दण्डाधिकारी पांवटा साहिब विवेक महाजन भी शामिल रहे। इसके उपरांत पुलिस अधीक्षक ने नगरपालिका मैदान में विभिन्न विभागों द्वारा लगाई गई प्रदर्शनियों का अवलोकन किया। इसके उपरांत उन्होंने सिरमौर व देवभूमि एकेडमी विकास नगर के बीच चल रहे हैं कबड्डी

सेमीफ़ाइनल मैच तथा डिफेंस कॉलोनी पांवटा व स्पोर्ट्स क्लब छछेती के मध्य चल रहे वॉलीबॉल मैच का आनंद लिया तथा खिलाडियों से परिचय किया। उन्होंने राज्य स्तरीय यमुना शरद महोत्सव समिति द्वारा कोविड-19 महामारी के चलते अलग ढंग से महोत्सव को मनाने पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि खेल हमारे जीवन का अभिन्न अंग हैं, जिनके माध्यम से हर व्यक्ति स्वस्थ रहता है तथा बुरी आदतों से भी दूर रहता है। इस दौर में नशा से बचाव के लिए खेल प्रतयोगिताएं अलग भूमिका निभाती हैं। विवेक महाजन ने मुख्य अतिथि को टोपी व शॉल भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर जिला भाजपा उपाध्यक्ष कुलदीप राणा, सुभाष चौधरी सचिव ओबीसी मोर्चा हिमाचल प्रदेश सहित डी.एस.पी. वीर बहादुर, तहसीलदार वेद प्रकाश अग्निहोत्री, खण्ड विकास अधिकारी अनूप शर्मा तथा अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

3- राज्य स्तरीय यमुना शरद महोत्सव के उपलक्ष पर भव्य कलश यात्रा।

राज्य स्तरीय यमुना शरद महोत्सव के उपलक्ष में पांवटा साहिब मे भव्य कलश यात्रा का आयोजन किया गया। इस कलश यात्रा में विधि विधान के साथ 108 महिलाएं शामिल हुई। दो दिवसीय राज्य स्तरीय यमुना शरद महोत्सव कार्यक्रम के दौरान बुधवार को कलश यात्रा का आयोजन किया

गया। यह कलश यात्रा पांवटा साहिब के वाई प्वाइंट से चलकर बीच बाजार होती हुई राधा कृष्ण हनुमान मंदिर यमुना घाट पहुंची। कलश यात्रा में पारंपरिक परिवेश के साथ 108 महिलाएं कलश लेकर शामिल हुई। इसके साथ मां यमुना की भक्ति का गुणगान करते हुए भजन मंडली, बैंड के साथ स्कूली छात्र छात्राएं भी कलश यात्रा का हिस्सा बने। कलश यात्रा यमुना घाट पर पहुंच कर संपन्न हुई। जहां भव्य यमुना आरती का आयोजन किया गया।

4- पांवटा साहिब के धान खरीद केंद्र मे तीन घंटे लाईट गुल।

पांवटा साहिब के हरिपुर टोहाना मे धान खरीद केंद्र मे आज तीन घंटे बिजली गुल रही। जिस पर किसानों ने रोश प्रकट किया। हिमाचल किसान सभा के जिला सचिव और बीडीसी सदस्य गुरविंद्र सिंह गोपी ने कहा कि हरिपुर टोहाना मंडी में दो दिन की बारिश के बाद धान तुलने की स्पीड जैसे ही बनी

थी वैसे ही अचानक लाइट चली गयी। लगभग तीन घंटे लाईट नही आई। जिससे धान की खरीद प्रभावित हुई। उन्होंने कहा कि शुभारम्भ पर ऊर्जा मंत्री सुखराम चौधरी ने कहा था कि इस इलाके मे अगले डेढ़ माह तक कोई कट नही लगेगा। लेकिन ऐसा दिखाई नही दे रहा। उधर, इस बारे में वरिष्ठ अधिषासी अभियन्ता अजय चौधरी ने बताया कि भुंगरनी फीडर मे एक तार टूटकर 33 केवी लाईन पर गिर गई थी जिसे रिस्टोर करने मे समय लग गया। अब विद्युत आपूर्ति बहाल कर दी गई है। 

5- सिरमौर के 25 युवाओं को टूरिस्ट्र गाइड ट्रेनिंग का मिलेगा सुनहरा मौका।

सिरमौर के 25 युवाओं को टूरिस्ट गाइड ट्रेनिंग करने का सुनहरा अवसर दिया जा रहा है। यह जानकारी सहायक पर्यटन विकास अधिकारी राजीव मिश्रा ने दी। उन्होंने बताया कि हिमकॉंन शिमला के सौजन्य से जिला के चयनित 25 युवाओं के समूह के लिए 26  से 31 अक्तूबर 2021 तक 5 दिवसीय ट्रेनिंग का आयोजन किया जा रहा है। ताकि जिला का युवा पर्यटन क्षेत्र में आजिविका कमा सके और इस क्षेत्र में अपना भविष्य बना सकें। राजीव मिश्रा ने बताया कि इस प्रशिक्षण के लिए उम्मीदवार की आयु 18 से 45 वर्ष

के बीच होनी चाहिए और शैक्षणिक योग्यता 10वीं पास होना अनिवार्य है। इसके अलावा, उम्मीदवार मूल रूप से सिरमौर जिला का निवासी होना चाहिए । उम्मीदवार शारीरिक रूप से स्वस्थ होना चाहिए। इसके अतिरिक्त, आवेदक का नैतिक चरित्र अच्छा होना चाहिए। उन्होंने बताया कि जिला सिरमौर के उम्मीदवार सादे कागज पर अपना नाम, पिता का नाम, उम्र, पता, कॉन्टैक्ट नंबर, ईमेल, शैक्षणिक योग्यता, श्रेणी और एक्सपीरियंस आदि के साथ अपना आवेदन पत्र 25 अक्तूबर 2021 तक जिला पर्यटन विकास अधिकारी कार्यालय नाहन स्थित दो सड़का में जमा करवा सकते हैं। उम्मीदवार को आवेदन फार्म के साथ दो पासपोर्ट साईज फोटो, शैक्षणिक योग्यता, स्थाई पता की पहचान के लिए आधार कार्ड, वोटर कार्ड, राशन कार्ड या अन्य कोई भी दस्तावेज, हिमाचली प्रमाण पत्र तथा अनुसूचित जाति के प्रमाण पत्र की प्रतिलिपि साथ संलग्न करनी होगी। अधिक जानकारी के लिए कार्यालय में या दूरभाष नम्बर 94180-07460 पर भी सम्पर्क कर सकते हैं।

6- सिरमौर में कल 42 स्थानों पर लगेगा कोरोना टीका - डॉ सहगल

जिला सिरमौर में 21 अक्तूबर को 42 स्थानों पर लगाई जाएगी लोगों को कोरोना वैक्सीन यह जानकारी देते हुए मुख्य चिकित्सा अधिकारी सिरमौर डॉ संजीव सहगल ने बताया कि धगेड़ा स्वास्थ्य खण्ड के तहत जिला आयुर्वेदिक अस्पताल, सिविल अस्पताल ददाहू, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र शंभुवाला, काला अम्ब बैरियर टीम, मोबाइल टीम नाहन चौगान, त्रिलोकपुर मन्दिर परिसर व स्वास्थ्य उप केन्द्र मोगीनंद में टीकाकरण किया जाएगा। उन्होंने बताया कि पच्छाद स्वास्थ्य खण्ड के तहत सिविल अस्पताल सरांहा, प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र चिलोग, प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र बागथन, हेल्थ एडं वेलनेस सेन्टर बसांहा, हेल्थ एडं वेलनेस सेन्टर सिरमौरी मन्दिर, हेल्थ एडं वेलनेस सेन्टर मढीघाट, हेल्थ एडं वेलनेस सेन्टर जयहर, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नारग, हेल्थ एडं वेलनेस सेन्टर कोटला पंजोला, हेल्थ एडं वेलनेस सेन्टर डिलमन, सिविल अस्पताल राजगढ़, हेल्थ एडं वेलनेस सेन्टर पाबीयान, प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र धामला, हेल्थ एडं वेलनेस सेन्टर टपरोली, आंगनबाडी केन्द्र कोटला बांगी, हेल्थ एडं वेलनेस सेन्टर भुईरा, हेल्थ एडं वेलनेस सेन्टर छोगटाली, हेल्थ एडं वेलनेस सेन्टर बियानाघाट में टीकाकरण किया जाएगा। उन्होंने बताया कि राजपुर स्वास्थ्य खण्ड के तहत सिविल अस्पताल पांवटा साहिब, ज्ञान चंद धर्मशाला, इएसआई गोंदपुर, इएसआई मालवा कॉटन, अम्बेदकर भवन पांवटा साहिब व मोबाईल टीम पंावटा साहिब द्वारा लोगों को कोरोना टिका लगाया जायेगा। इसी प्रकार, संगड़ाह स्वास्थ्य खण्ड के तहत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र संगड़ाह, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हरिपुरधार, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नोहराधार, स्वास्थ्य उप केन्द्र घाटों, स्वास्थ्य उप केन्द्र पिपलीघाट, प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र चाड़ना व प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र कुफरभवाई में टीकाकरण किया जाएगा। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि शिलाई स्वास्थ्य खण्ड के तहत सिविल अस्पताल शिलाई, प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र टिम्बी, स्वास्थ्य उप केन्द्र झकाण्डों, स्वास्थ्य उप केन्द्र धारकोटी में कोरोना टिका लगाया जाएगा। 

(हिमाचल)

1- कांग्रेस के टाइम था प्याज 130 और गैस सिलेंडर 1200 रूपये तक: जयराम

हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने मंहगाई के मुद्दे पर कांग्रेस पर पलटवार करते हुए कहा कि कांग्रेस कार्यकाल में प्याज के दाम 130 रुपये से अधिक थे और रसोई गैस सिलिंडर के दाम भी 1200 के पार पहुंच गए थे। तब कांग्रेस ने महंगाई को दूर करने के लिए क्या किया था? वह सराज विधानसभा क्षेत्र के बालीचौकी में जनसभा के दौरान संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने महंगाई को रोकने के लिए हरसंभव कोशिश

की। हिमाचल में भी जब सरसों के तेल की कीमत बढ़ी तो सरकार ने लोगों को राहत देने के लिए तेल पर सब्सिडी दी। सराज विधानसभा क्षेत्र में सड़कों को लेकर मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि जब तक मैं आपकी पीठ से सारा बोझ नहीं उतार दूंगा, तब तक रुकूंगा नहीं। विधानसभा क्षेत्र की सभी पंचायतों में सड़क पहुंचा दी गई है। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस आज एक परिवार तक सिमट कर रह गई है। कांग्रेसी कहते हैं कि सारा विकास सराज में हो रहा है। सराज विधानसभा का विधायक होने के नाते मेरा भी फर्ज है कि यहां भी विकास कार्य करवाए जाएं। लेकिन कोई आज पक्षपात या भेदभाव का आरोप नहीं लगा सकता। आज हिमाचल के सभी विधानसभा क्षेत्रों में 200-300 करोड़ के विकास कार्य हो रहे हैं और कहीं पर तो इससे भी ज्यादा विकास कार्यों पर खर्च हो रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा, जिस कारगिल युद्ध में 527 जवान शहीद हुए, कांग्रेस के लोग कहते हैं कि वह तो युद्ध था ही नहीं, मामूली घुसपैठ थी। कांग्रेस कहती है कि सैनिक को राजनीति में नहीं आना चाहिए। आज राजनीति में सच्चे, ईमानदार और निष्ठावान लोगों की जरूरत है और एक फौजी से सच्चा और ईमानदार कोई नहीं हो सकता।

2- सामान्य वर्ग संयुक्त मंच लोकसभा व विधानसभा के उपचुनावों के बहिष्कार स्वरूप नोटा का करेगा प्रयोग।

सामान्य वर्ग संयुक्त मंच हिमाचल प्रदेश में होने वाले लोकसभा व विधानसभा के उपचुनावों के बहिष्कार स्वरूप नोटा का प्रयोग करने का आह्वान किया। हिमाचल सरकार व केंद्र सरकार द्वारा सामान्य वर्ग के हितों की अनदेखी करने तथा वर्ग विशेष की तुष्टीकरण की आड़ में सामान्य वर्ग के लोगों विशेषकर युवा वर्ग को प्रताड़ित करने के विरोध में नोटा का प्रयोग करने का निर्णय लिया। यही नहीं हिमाचल की प्रमुख राजनीतिक पार्टी भाजपा व कांग्रेस दोनों ने सामान्य वर्ग के लोगों में विशेषकर युवाओं में व्यापक आक्रोश

को गंभीरता से नहीं लिया है। केवल विक्रमादित्य सिंह विधायक ने विधानसभा में व्यक्तिगत रूप से हमारे सवर्ण आयोग के गठन को लेकर प्रस्ताव रखा, लेकिन बाकी किसी ने भी इस ओर ध्यान नहीं दिया। इन पार्टियों के चुने हुए प्रतिनिधियों ने सामान्य वर्ग के न्याय व अन्य मौलिक अधिकारों पर हो रहे कुठाराघात को लेकर चुप्पी साधने पर संयुक्त मंच के संगठनों ने उन्हें इन उपचुनाव में सबक सिखाने का मन बना लिया है। संयुक्त मंच के प्रदेश अध्यक्ष के एस जम्वाल तथा वरिष्ठ उपाध्यक्ष अमर सिंह गुलेरिया ने संयुक्त वक्तव्य में अपने सामान्य वर्ग के लोगों विशेषकर युवाओं व महिला वर्ग का आह्वान किया कि वे इस चुनाव के समय में जो भी राजनीतिक पार्टियों के लोग या स्वयं प्रत्याशी उनके क्षेत्र में वोट मांगने आते हैं तो उन्हें सामान्य वर्ग के लिए सवर्ण आयोग के गठन पर टाल मटोल तथा अन्य चिरलंबित समस्याओं की पूर्ण रूप से अनदेखी करने पर सवाल पूछें। अपनी एकजुटता दिखाकर विरोध स्वरूप दबाव बनाने के लिए इन चुनावों का बहिष्कार करने के लिए नोटा का बटन दबाएं। ताकि आने वाले समय में हम अपने सामान्य वर्ग के मौलिक अधिकारों तथा युवा पीढ़ी के भविष्य के साथ हो रहे इस प्रकार के  खिलवाड़ होने से बच सकें।

3- सुक्खू भरेंगे मंडी-अर्की-जुब्बल कोटखाई के कार्यकर्ताओं मे जोश।

प्रदेश के लोकसभा और विधानसभा उपचुनाव में जीत के लिए कांग्रेस ने पूरी ताकत झोंक दी है। विधायक व पूर्व प्रदेशाध्यक्ष ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू मंडी लोकसभा, जुब्बल कोटखाई व अर्की विधानसभा सीट पर सियासी बिसात बिछाने में लगे हैं। वह चुनाव प्रचार के लिए बुधवार से छह दिवसीय दौरे पर रहेंगे। 20 अक्तूबर को सुक्खू जुब्बल कोटखाई विधानसभा में कांग्रेस प्रत्याशी रोहित ठाकुर के पक्ष में चुनाव प्रचार करेंगे। उनका अनेक नुक्कड़ सभाओं को संबोधित करने का कार्यक्रम तय है। 21 अक्तूबर को वह सरकाघाट, 22 को नाचन, 23 को बल्ह व 24 को सुंदरनगर में कांग्रेस प्रत्याशी प्रतिभा सिंह के लिए वोट मांगेंगे। 25 अक्तूबर को वह अर्की में कांग्रेस प्रत्याशी संजय अवस्थी के समर्थन में जनसभाएं करेंगे। 

4- सेना ने भारी बर्फबारी और बारिश के कारण फंसे 205 लोगों को अपने कैंप में किया रेस्क्यू।

हिमाचल मे अचानक मौसम खराब होने के कारण उपरी इलाकों मे हुई बर्फबारी के कारण सैंकड़ों पर्यटक फंस गये हैं। चीन से सटे समदो में तैनात भारतीय सेना ने भारी बर्फबारी और बारिश के कारण फंसे 205 लोगों को अपने कैंप में रेस्क्यू किया। यह सभी लोग पूह से काजा मार्ग पर सोमवार शाम को फंसे हुए थे। सेना ने लोगों को खाने और मेडिकल कैंप की सुविधा दी। कर्नल नितिन मित्तल डोगरा स्काउट ने बताया कि हमारे पास कुल 205

लोग थे जिन्हें रात भर ठहराया गया था। मार्ग खराब होने के चलते इन्हें आगे जाने से मना किया था। कई लोगों की अपने-अपने परिजनों से वायरलेस से बातचीत भी करवाई। उधर, हामटा ट्रैक रूट में फंसे ट्रैकरों को भी सुरक्षित निकाल लिया है। लाहौल में बिजली आपूर्ति को 21 घंटे बाद बहाल कर दिया है। मनाली-लेह मार्ग और ग्रांफू-काजा सड़क अभी बंद हैं। दोनों हाईवे को खोलने का काम बीआरओ ने शुरू कर दिया है। एसडीएम काजा महेंद्र प्रताप सिंह ने मंगलवार को समदो-काजा मार्ग का निरीक्षण किया। मार्ग कई जगह देर रात से बंद है। समदो में फंसे यात्रियों को रिकांगपिओ से भेजा है। ताबो स्थित होम स्टे के संचालकों को पर्यटकों की सुविधा के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान डीएसपी रोहित मृग पुरी और नायब तहसीलदार विद्या सिंह नेगी भी मौजूद रहे। उधर, स्पीति व मनाली के ट्रैक रूट पर फंसे सभी ट्रैकरों को भी सुरक्षित रवाना कर दिया है। लाहौल के घेपन पीक की ट्रैकिंग पर गए गाजियाबाद निवासी सलील को रेस्क्यू कर लिया है। उपायुक्त लाहौल-स्पीति नीरज कुमार ने कहा कि मौसम खुल गया है। मनाली-लेह मार्ग व ग्रांफू-काजा मार्ग से बर्फ हटाने का काम शुरू कर दिया है। बिजली बहाली के साथ लाहौल के अंदरूनी हिस्सों में बस सेवा शुरू हो गई है। 

5- कुल्लू दशहरा मे निकली भगवान नरसिंह की चौथी जलेब।

अंतरराष्ट्रीय कुल्लू दशहरा उत्सव के पांचवें दिन मंगलवार को भगवान नरसिंह की चौथी जलेब निकली। ढोल-नगाड़े व वाद्ययंत्रों सहित निकली जलेब में सैकड़ों लोगों ने भाग लिया। एक किलोमीटर की परिधि तक निकलने वाली जलेब का शुभारंभ ढालपुर स्थित राजा की चानणी से हुआ। भव्य जलेब यात्रा उपायुक्त कार्यालय, जिला अस्पताल तथा कलाकेंद्र होकर शाही अंदाज में निकली। अलौकिक और आकर्षक जलेब में जिला कुल्लू के बाह्य सराज आनी के पांच देवताओं ने शोभा बढ़ाई। इस दौरान देवताओं के देवलुओं के साथ महिलाओं ने भी बड़ी संख्या में भाग लिया। ढोल-नगाड़ों, करनाल, नरसिंगों व शहनाई की स्वरलहरियों के बीच देवरथों के साथ देवता के सैकड़ों

कारकून, हारियानों व देवलू पहाड़ी गीतों पर जमकर नाचे। जलेब यात्रा में सबसे आगे भगवान नरसिंह की घोड़ी तथा पीछे देवताओं के रथ, भगवान रघुनाथ के छड़ीबरदार महेश्वर सिंह पालकी में सवार थे। शाही जलेब यात्रा में देवता खुडीजल, ब्यास ऋषि, कोट पझारी, टकरासी नाग तथा चोतरू नाग के साथ उनके सैकड़ों देवलुओं ने भाग लिया। दशहरा उत्सव की अंतिम जलेब दशहरा उत्सव के छठे दिन मोहल्ला के बाद निकलेगी। देवता खुडीजल के कारदार शेर सिंह ठाकुर, कारदार भागे राम राणा, कारदार इंद्र सिंह तथा पुजारी रूप लाल शर्मा ने कहा कि बाह्य सराज के देवता हर साल दशहरा की जलेब में भाग लेते हैं। सदियों पुरानी चल रही परंपरा का निर्वहन किया जाता है। जलेब के माध्यम से ढालपुर में रक्षासूत्र बांधा जाता है। वहीं, ढालपुर में देवी-देवताओं का महाकुंभ अब समाप्ति की ओर है। दशहरा के मौके पर छठे दिन बुधवार को मौहल्ला उत्सव होगा। मौहल्ला में भगवान रघुनाथ के अस्थायी शिविर में देवता हाजिरी भरेंगे। इसके बाद राजा की चानणी के पास भी जाएंगे।

6- न्यायाधीश मोहम्मद रफीक ने हिमाचल प्रदेश उच्च न्यायालय के न्यायाधीश के रूप में ली शपथ।

हिमाचल प्रदेश उच्च न्यायालय के न्यायाधीश के रूप में शपथ लेने के बाद आज न्यायाधीश मोहम्मद रफीक ने हिमाचल हाइकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश का कार्यभार संभाल लिया है। बीते गुरूवार को राज्यपाल विश्वनाथ आर्लेकर ने न्यायाधीश मोहम्मद रफीक को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई थी। आज हाई कोर्ट फूल कोर्ट एड्रेस देकर उनका स्वागत किया गया। हिमाचल

प्रदेश उच्च न्यायालय के न्यायाधीश का पदभार ग्रहण करने के बाद उन्होंने अपने संबोधन में हाइकोर्ट के ऐतिहासिक महत्व पर प्रकाश डाला और कहा कि लोकतंत्र के तीन स्तम्भों में न्यायपालिका की अहम भूमिका है। हर व्यक्ति को न्याय मिले इसके लिए न्याय व्यवस्था को काम करना चाहिए। गरीब व जरूरतमंद को सस्ता व शीघ्र न्याय मिलना चाहिए। न्याय के लिए निर्भीकता व पारदर्शिता के काम करने की जरूरत है। न्यायाधीश मोहम्मद रफीक का जन्म 25 मई, 1960 राजस्थान में हुआ। दो मर्तबा रफीक राजस्थान हाईकोर्ट के कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश भी रहे। अब उनका तबादला हिमाचल हाइकोर्ट में मुख्य न्यायाधीश के रूप में किया गया है।

7- पवन मिश्रा को मिला राष्ट्रीय सचिव का पदभार।

हिमाचल प्रदेश शिक्षक महासंघ के प्रान्त संगठन मन्त्री और अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ के सयुक्त सचिव पवन मिश्रा को अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ के राष्ट्रीय सचिव बनने पर हिमाचल प्रदेश शिक्षक महासंघ ने बधाई दी है। हिमाचल प्रदेश शिक्षक महासंघ के प्रांत उपाध्यक्ष डॉ मामराज पुंडीर ने कहा कि पवन मिश्रा अपनी कर्मठता ओर संगठन के प्रति लगन से काम करते हुए आज राष्ट्रीय सचिव बने है। हिमाचल प्रदेश में शिक्षक

महासंघ को शिक्षको का सबसे बड़ा संगठन खड़ा करने में पवन जी का बहुत बड़ा योगदान रहा है। आज हिमाचल प्रदेश शिक्षक महासंघ का हिमाचल में प्राइमरी से विश्वविद्यालय तक अपना संगठन है जिसके प्रदेश में सबसे ज्यादा सदस्य है। डॉ मामराज पुंडीर ने कहा कि पवन मिश्रा इससे पहले हिमाचल प्रदेश शिक्षक महासंघ के कई पदों पर रहे हैं। उन्होंने शिक्षक महासंघ में महामंत्री, 6 वर्ष तक अध्यक्ष और वर्तमान में प्रान्त संगठन मंत्री के दायित्व पर काम किया है और संगठन को मजबूत किया है। हिमाचल प्रदेश शिक्षक महासंघ राष्ट्रीय कार्यकारिणी का खास तौर से अखिल भारतीय राष्ट्रीय संगठन मंत्री महेंद्र कपूर का राष्ट्रीय कार्यकारिणी में प्रदेश को नेतृत्व देने के लिए हिमाचल प्रदेश शिक्षक महासंघ आभार व्यक्त करता है। प्रदेश के प्रांत अध्यक्ष पवन कुमार, प्रान्त महामंत्री विनोद सूद, प्रान्त वरिष्ठ उपाध्यक्ष जय शंकर, भीष्म, मीडिया प्रभारी दर्शन लाल सहित प्रदेश कार्यकारिणी, जिला कार्यकारिणी ने बधाई दी है। उन्होंने कहा कि पवन मिश्रा एक सच्चे संगठन के कार्यकर्ता के साथ साथ अच्छे लेखक व वक्ता भी है उन्होंने कई किताबें भी लिखी है। पिछले 20 वर्षों से संगठन की सेवा कर रहे हैं। 


शाम सात बजे तक का कोविड मीडिया बुलेटिन-

सूचना एवं जन संपर्क विभाग हिमाचल प्रदेश बुलेटिन-