हिमाचल जीतने को रणनीति....... 25 जुलाई 2022- पाँवटा साहिब से आज का खबरनामा ddnewsportal.com

हिमाचल जीतने को रणनीति.......  25 जुलाई 2022- पाँवटा साहिब से आज का खबरनामा  ddnewsportal.com

हिमाचल जीतने को रणनीति.......

25 जुलाई 2022- पाँवटा साहिब से आज का खबरनामा 

पीएम के समक्ष रिपोर्ट कार्ड 
हिमाचल आएंगे 4 केंद्रीय मंत्री: सीएम 
3600 करोड़ से विद्युत सुदृढिकरण: सुखराम 
अंग्रेजों वाली भाजपा सरकार: केजरीवाल 
पाँवटा: एडवोकेट्स बैठेंगे हड़ताल पर 
सिंगर विक्की चौहान घायल
बिजली कट महोत्सव मनाओ: चौहान
मौसम 5 दिन तक रहें सतर्क 
इन 12 स्थानों पर लगेगी बूस्टर डोज
ट्रक ने रौंदी कईं गाडिय़ां, 8 घायल

सिरमौर जिला में आज 38 मामले और कोविड/सूचना एवं जनसंपर्क विभाग बुलेटिन।


(आज की तस्वीर) राष्ट्रपति के शपथ ग्रहण समारोह में दिल्ली मे हिमाचल के राज्यपाल और मुख्यमंत्री।

स्थानीय (सिरमौर)

1- केन्द्र सरकार से प्राप्त 3600 करोड़ की राशि से होगा प्रदेश में विद्युत सुदृढिकरण: सुखराम 

हिमाचल प्रदेश के बहुउद्देशीय परियोजनाएं एवं ऊर्जा मंत्री, हिमाचल प्रदेश सुख राम चौधरी ने बताया कि केंद्र सरकार से 3600 करोड़ की राशि स्वीकृत हुई है जिससे प्रदेश में विद्युत क्षेत्र का सुदृढिकरण किया जाएगा। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि 2025 तक हिमाचल प्रदेश देश के पहले हरित ऊर्जा राज्य के रूप में विकसित होगा। ऊर्जा मंत्री आज गोयल धर्मशाला पांवटा साहिब में आजादी का अमृत महोत्सव के अंतर्गत आयोजित ‘‘उज्जवल भारत, उज्जवल भविष्य, पावर/2047‘‘ के जिला स्तरीय बिजली महोत्सव समारोह की अध्यक्षता करते हुए उपस्थित जन समूह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने बताया कि बिजली महोत्सव का मुख्य उद्देश्य केंद्र तथा प्रदेश सरकार की

ऊर्जा के क्षेत्र में विभिन्न योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाना है ताकि अंतिम छोर तक पात्र लोग इसका लाभ उठा सकें। उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार द्वारा बिजली उपभोक्ताओं को राहत प्रदान करते हुए 125 युनिट तक खपत करने पर जीरो बिल जारी किया जाएगा जिससे प्रदेश के लगभग 14 लाख उपभोक्ताओं को लाभ होगा। उन्होंने बताया कि प्रदेश में 70,000 लकड़ी के पोल थे जिनमें से 60 हजार बदल दिए गए हैं और शेष 10,000 पोल को मार्च 2023 तक बदल दिया जाएगा। ऊर्जा मंत्री ने कहा कि हिमाचल प्रदेश की जल विद्युत उत्पादन क्षमता 25 हजार मेगावाट है, जो देश की कुल जल बिजली क्षमता का लगभग 17 प्रतिशत है, जिसमें से लगभग 11 हजार मेगावाट का दोहन किया गया है जो देश की अब तक की कुल जल विद्युत का 23.24 प्रतिशत है। हिमाचल प्रदेश 100 प्रतिशत विद्युतीकृत है और राज्य ने 20 जनवरी 2022 को अपनी स्वर्ण जयंती ऊर्जा नीति-2021 भी अधिसूचित की है। इसके अतिरिक्त उन्होंने कहा कि प्रदेश के स्मार्ट सिटी शिमला तथा धर्मशाला में विद्युत सुदृढिकरण के दृष्टिगत 1,50,000 स्मार्ट मिटर लगा दिए गए हैं।

2- पाँवटा साहिब में स्थापित किये 152 ट्रांसफॉर्मर, तीन नये सब स्टेशन: ऊर्जा मंत्री 

पांवटा साहिब में आजादी का अमृत महोत्सव के अंतर्गत आयोजित ‘‘उज्जवल भारत, उज्जवल भविष्य, पावर/2047‘‘ के जिला स्तरीय बिजली महोत्सव समारोह की अध्यक्षता करते हुए ऊर्जा मंत्री सुखराम चौधरी ने बताया कि पांवटा विद्युत मण्डल में विद्युत सुदृढ़ीकरण एवं लो वोल्टेज की समस्या के निराकरण हेतु 152 ट्रांसफॉर्मर स्थापित किए गए हैं। इसके अतिरिक्त 100 ट्रांसफॉर्मर की स्वीकृति प्राप्त हो गई है। ऊर्जा मंत्री ने बताया कि जिला सिरमौर में विद्युत विभाग द्वारा पांवटा साहिब में 8 करोड़ 64 लाख की राशी से सब-डिवीजन, लगभग 9 करोड़ से जगतपुर जोहड़ो में सब स्टेशन स्थापित करने के अतिरिक्त, लगभग 10 करोड़ की लागत से नघेता में सब स्टेशन तथा लगभग 125 करोड़ रुपए की लागत से 220/132 केवी सब स्टेशन काला अम्ब का कार्य प्रगति पर है। इसके अतिरिक्त गोंदपुर में लगभग 102 करोड़

रुपए की लागत से स्थापित होने वाले 220/132 केवी सब स्टेशन तथा चाड़ना में लगभग 67 करोड़ की लागत से स्थापित होने वाले 132/33 केवी सब स्टेशन के लिए वित्तीय स्वीकृति प्राप्त हो गई है, तथा सभी औपचारिकताएँ पूर्ण करने के उपरांत इनका निर्माण कार्य जल्द आरम्भ किया जाएगा। उन्होंने विद्युत विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सराहना करते हुए कहा कि विषम परिस्थितियों में भी यह कर्मचारी अपनी जान को जोखिम में डालकर लोगों को निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करते हैं जिसके लिए वह बधाई के पात्र हैं। कार्यक्रम में विद्युत क्षेत्र में उपलब्ध्यिों को दर्शाति 07 लघु फिल्में दिखाई गई। इसके अतिरिक्त, नुक्कड नाटकों के माध्यम से लोगों को उपभोक्ता अधिकारों के प्रति जागरूक किया गया और प्रदेश सरकार द्वारा 125 युनिट तक दी जा रही मुफत बिजली सुविधा के बारे में बताया गया। इस अवसर पर उपायुक्त सिरमौर राम कुमार गौतम ने कहा कि ऊर्जा के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण भी आवश्यक है। उन्होंने बताया कि आजादी का अमृत महोत्सव के तहत जिला में पानी से संरक्षण हेतू 75 अमृत सरोवर विभिन्न स्थानों पर बनाए जा रहे हैं ताकि जरूरत पडने पर उसका इसतेमाल विभिन्न कार्यों के लिए किया जा सके। अधीक्षण अभियंता एवं नोडल अधिकारी दर्शन सिंह ठाकुुर ने कार्यक्रम में मुख्य अतिथि तथा गणमान्य व्यक्तियों का स्वागत किया और बिजली बोर्ड की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी।
इस अवसर पर पुलिस अधिक्षक ओमापति जमवाल, उप मंडल दण्डाधिकारी विवेक महाजन, डी.एस.पी. वीर बहादुर, तहसीलदार वेद प्रकाश अग्निहोत्री, अधिशाषी अभियंता विधुत बोर्ड अजय चौधरी, अधिशाषी अभियंता लोक निर्माण विभाग के.एल. चौधरी, उपाध्यक्ष जिला परिषद अंजना शर्मा, जिला परिषद सदस्य मामराज शर्मा मामू, पंचायत समिति अध्यक्ष हितेंद्र कुमार, भाजपा मंडल अध्यक्ष अरविंद गुप्ता, ए.पी.एम.सी. अध्यक्ष रामेश्वर शर्मा, अध्यक्ष भारतीय जनता युवा मोर्चा पाँवटा साहिब चरणजीत चौधरी, सदस्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड राहुल चौधरी, सचिव ओबीसी मोर्चा हिमाचल प्रदेश सुभाष चौधरी, महामंत्री पांवटा भाजपा मंडल देवराज चौहान, जिला युवा मोर्चा अध्यक्ष पवन चौधरी, ओएसडी शेखरानंद उप्रेती, जिला महिला मोर्चा अध्यक्ष शिवानी वर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं स्थानीय गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।

3- बार एसोसिएशन पाँवटा के सदस्य कल करेंगे एक दिन की सांकेतिक हड़ताल: शर्मा

बार एसोसिएशन पांवटा साहिब की एक आपातकालीन बैठक एसोसिएशन के अध्यक्ष राजेंद्र शर्मा की अध्यक्षता में हुई, जिसमें पांवटा साहिब में अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायालय की स्थाई अदालत खोलने की मांग हेतु पांवटा साहिब न्यायालय के सभी अधिवक्ता मंगलवार 26 जुलाई 2022 को न्यायालय परिसर में अपने ऑफिस भी बंद रखेंगे और न्यायालय में पेश नहीं होंगे।

सदस्‍य एक दिन की सांकेतिक हड़ताल पर जाएंगे। राजेन्द्र शर्मा ने बताया कि पांवटा साहिब के अधिवक्ता गण एवं यहां की जनता पिछले काफी समय से पोंटा साहिब में एडीजे कोर्ट को परमानेंट करने हेतु काफी समय से मांग कर रहे है। एसोसिएशन इस बाबत मुख्यमंत्री से भी मिली और हाई कोर्ट में अपना पक्ष रखा लेकिन अभी तक उस पर कोई कार्यवाही नहीं हुई। इसलिए कल पोंटा साहिब एवं शिलाई में न्यायालय में अधिवक्ता गण पेश नहीं होंगे व एक दिन की सांकेतिक हड़ताल पर न्यायालय परिसर के सामने बैठेंगे। 

4- गोरखुवाला पंचायत में 8 परिवार भाजपा छोड़कर कांग्रेस में शामिल।

ब्लॉक कांग्रेस कमेटी पांवटा साहिब ने जनसंपर्क अभियान गोरखुवाला पंचायत में मंडल अध्यक्ष अश्वनी शर्मा की अध्यक्षता में चलाया। इस मौके विशेष तौर पर पूर्व विधायक एवं हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी उपाध्यक्ष चौधरी किरनेश जंग उपस्थित रहे। मंडल प्रधान ने जानकारी देते हुए बताया कि पंचायत में पहुंचने पर स्थानीय लोगों के द्वारा पूर्व विधायक का जोरदार स्वागत किया गया और स्थानीय लोगों ने पूर्व विधायक को अपनी समस्याओं से अवगत करवाया। लोगों ने यह भी कहा कि हम बीजेपी पार्टी और ऊर्जा मंत्री सुखराम चौधरी की नीतियों से परेशान होकर आज कांग्रेस पार्टी को ज्वाइन कर रहे हैं। बीजेपी पार्टी में गरीब आम कार्यकर्ता की कोई पूछ नही है। यह चंद लोगों की पार्टी है। इस दौरान 8 परिवारों ने बीजेपी छोड़ कांग्रेस पार्टी ज्वाइन की। जिनमे कुलदीप, वीर सिंह, वीरेंद्र सिंह, प्रवीण कुमार, धर्म सिंह, नानक चंद, हेमराज, ओम प्रकाश, काकू राम, फकीर चंद, राममूर्ति कांग्रेस पार्टी में शामिल हुए। पूर्व विधायक ने पार्टी में आने के लिए नए सदस्यों को  माला पहनाकर स्वागत किया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि कांग्रेस पार्टी में आपको पूरा मान और सम्मान दिया जाएगा। कांग्रेस पार्टी एक ऐसी पार्टी है जो सभी धर्मो जातियों गरीबों और दलितों मजदूरों को साथ लेकर चलती है। वहीं उन्होंने ऊर्जा मंत्री पर तंज कसते हुए कहा कि मंत्री ऊर्जा कट मंत्री और हैंडपंप मंत्री बन कर रह गए हैं। उन्होंने सिर्फ अपने चहेतों के यहां हैंड पंप लगाने का कार्य किया है। जिन लोगों को आवश्यकता थी

उनको इस सुविधा से दूर रखा गया है। उन्होंने यह भी कहा कि मंत्री जी अपनी वीआईपी गाड़ी में सत्ता का आनंद ले रहे हैं और गरीब आदमी महंगाई और बेरोजगारी से परेशान है। लेकिन मंत्री को उसका कोई फर्क नहीं पड़ रहा है। आने वाली सरकार कांग्रेस पार्टी की सरकार है क्योंकि बीजेपी पार्टी ने बेरोजगारी और महंगाई के इलावा कुछ नहीं दिया है। आज का युवा पढ़ा लिखा है युवा बीजेपी पार्टी से आने वाले चुनाव में बदला जरूर लेगा। इस मौके उनके साथ भगानी जोन कांग्रेस अध्यक्ष प्रदीप चौहान, युवा कांग्रेस अध्यक्ष मोहब्बत अली, भांटावाली पंचायत प्रधान राकेश चौधरी, जिला महासचिव किशन ठाकुर, अश्विन, प्रदीप, राकेश, सुनीता, निर्मला, राजकुमारी, कमला, महिंद्रो, बिमला देवी आदि लोग भी मौजूद रहे।

5- बिजली महोत्सव नही बिजली कट महोत्सव मनाना चाहिए: चौहान

जिला सिरमौर के मजदूर नेता और भंगानी जॉन अध्यक्ष कांग्रेस प्रदीप चौहान ने बिजली महोत्सव को लेकर सरकार पर तंज कसा है।  पांवटा साहिब में जारी प्रेस बयान में प्रदीप चौहान ने कहा कि पांवटा विधानसभा क्षेत्र में प्रदेश के ऊर्जा मंत्री सुखराम चौधरी जिला स्तरीय बिजली महोत्सव समारोह मनाया गया। जबकि सभी को मालूम है कि पांवटा साहिब में बिजली के बहुत बुरे हाल हैं। भाजपा सरकार को बिजली महोत्सव की जगह बिजली कट महोत्सव मनाना चाहिए था। क्योंकि यहां पर बिजली बहुत ज्यादा जाती है और कट भी काफी लगते हैं। थोड़ी बारिश आ गई, हवा चल जाए फिर भी कट लग जाते हैं  पांवटा विधानसभा क्षेत्र में अब भी कई गांव ऐसे हैं जहां पर पोल बदलने की जरूरत है और बिजली की व्यवस्था सही ढंग से करने की जरूरत है। ऊर्जा मंत्री को जिस प्रकार अपनी विधानसभा को बिजली देनी चाहिए थी और यहां पर अच्छा कार्य करना चाहिए था, वह नहीं कर सके। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि इस बिजली महोत्सव का नाम बदलकर बिजली कट महोत्सव करें, यही ठीक रहेगा। क्योंकि जैसा हो रहा है वही करना चाहिए और इसमें कोई गलत बात भी नहीं है। सभी को मालूम है कि पांवटा साहिब में सबसे अधिक कट लग रहे हैं।

6- कल इन 18 स्थानों पर लगाया जाएगा बूस्टर डोज।

खण्ड चिकित्सा अधिकारी राजपुरा स्वास्थ्य खण्ड ड़ॉ. अजय देओल ने जानकारी देते हुए बताया कि राजपुरा स्वास्थ्य खण्ड में 18 से अधिक आयु वर्ग को 26 जुलाई 2022 को 18 स्थानों पर इस महामारी से बचाव हेतु बूस्टर डोज लगाई जाएगी। उन्होंने बताया कि 25 जुलाई 2022 को राजपुरा स्वास्थ्य खण्ड में सिविल अस्पताल पांवटा साहिब, मोबाइल टीम पांवटा साहिब, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भरोग बनेड़ी, उप स्वास्थ्य केंद्र अजोली एम डब्ल्यू, उप स्वास्थ्य केंद्र तारूवाला, उप स्वास्थ्य केंद्र बहराल, उप स्वास्थ्य केंद्र धौलाकुआं, उप स्वास्थ्य केंद्र मिस्सरवाला, उप

स्वास्थ्य केंद्र चौकी मृगवाल, उप स्वास्थ्य केंद्र जामना, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कुंडियों, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र गोरखुवाला, मंत्रालियों पंचायत, उप स्वास्थ्य केंद्र कोटरी ब्यास, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सतोन, उप स्वास्थ्य केंद्र किल्लोड, उप स्वास्थ्य केंद्र शिवा बनोर, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र माजरा इन सभी केन्द्रों में कॉविड -19 से बचाव हेतु बूस्टर डोज लगाई जाएगी। उन्होंने कहा कि बूस्टर डोज लगवाने के लिए लाभार्थियों को कॉविड -19 टीकाकरण की दूसरी डोज के समय उपयोग किए गए मोबाइल नंबर व फोटो युक्त पहचान पत्र  टीकाकरण  स्थल पर लाना अनिवार्य होगा।

(हिमाचल)

1- सीएम जयराम ने पीएम मोदी के समक्ष पेश किया प्रदेश का रिपोर्ट कार्ड।

भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों की मुुख्यमंत्री काऊंसिल की बैठक में केंद्र व राज्यों के फ्लैगशिप कार्यक्रमों की समीक्षा की गई, साथ ही केंद्रीय योजनाओं के लाभार्थियों की सूची पर भी मंथन किया गया। इसके साथ ही बैठक में संगठन व सरकार को लेकर भी चर्चा की गई। दिल्ली में भाजपा शासित मुख्यमंत्रियों की बैठक हुई, जिसमें मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर तथा उनके राजनीतिक सलाहकार त्रिलोक जम्वाल ने भाग लिया। बैठक की अध्यक्षता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने की। 2024 के लोकसभा चुनाव तथा गुजरात और हिमाचल के विधानसभा चुनावों के मद्देनजर इस बैठक को अहम माना जा रहा है। बैठक में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने प्रदेश सरकार का रिपोर्ट कार्ड प्रस्तुत किया। बैठक में केंद्र सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं की समीक्षा की गई तथा उसको लेकर फीडबैक लिया गया, साथ ही सभी मुख्यमंत्रियों को केंद्रीय योजनाओं के कार्यों में तेजी लाने के आदेश दिए गए। इसके अलावा बैठक में केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं के लाभार्थियों के बारे में भी चर्चा की गई तथा निर्णय लिया गया कि चुनावों से पहले सभी लाभार्थियों से संपर्क साधा जाएगा। बैठक के लिए विशेष तौर से सभी राज्यों से केंद्रीय योजनाओं के लाभार्थियों की सूची को मंगवाया गया था। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार बैठक में संगठन व आगामी चुनाव को लेकर भी मंथन किया गया। जानकारी के मुताबिक मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने फ्लैगशिप कार्यक्रमों के साथ-साथ प्रदेश सरकार द्वारा जनकल्याण के मकसद से चलाई जा रही अन्य योजनाओं को लेकर भी रिपोर्ट बैठक में प्रस्तुत की। वहीं उन्होंने विधानसभा चुनाव की तैयारियों के मद्देनजर संगठन व सरकार द्वारा अब तक प्रदेश में किए कार्यक्रमों को लेकर भी बैठक में जानकारी दी।
हिमाचल प्रदेश ने फ्लैगशिप कार्यक्रमों में अहम उपलब्धियां हासिल की हैं। इसके तहत प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत राज्य में 1.38 लाख परिवार लाभान्वित हुए हैं। इस योजना पर राज्य में 28.15 करोड़ रुपए खर्च हुए हैं। आयुष्मान भारत योजना के तहत प्रदेश में अब तक 1.49 लाख रोगियों को 187.53 करोड़ रुपए की सहायता प्रदान की जा चुकी है। प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना में 7622 किसानों को शामिल किया गया है। इस पर 41.71 करोड़ रुपए खर्च हुए हैं। प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास योजना के तहत राज्य में 54.28 करोड़ रुपए खर्च कर 7725 आवास बनाए गए हैं। इसके अलावा प्रधानमंत्री शहरी आवास योजना के तहत राज्य में 133 करोड़ रुपए खर्च कर 8456 आवास निर्मित किए गए हैं। प्रधानमंत्री जन-धन योजना के राज्य में 17.36 लाख लाभार्थी हैं।

2- हिमाचल पंहुचेंगे चार केंद्रीय मंत्री, जानिए क्यों...?

हिमाचल प्रदेश के गठन के 75 वर्ष पूरे होने पर चार केंद्रीय मंत्री प्रदेश में आएंगे। विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल करने के लिए चार मंत्रियों को सरकार की ओर से आमंत्रित करने के लिए सूची बनाने का काम शुरू हो गया है। एक से 15 अगस्त तक प्रदेश के सभी विधानसभा क्षेत्रों में प्रदर्शनियां लगाई जाएंगी। कार्यक्रम के सफल आयोजन के उद्योग विभाग को नोडल विभाग बनाया गया है। प्रदेश के सभी मंत्री, विधायक और निगम-बोर्डों के अध्यक्ष कार्यक्रम की तैयारियों के लिए फील्ड में जुट गए हैं। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर इन दिनों नई दिल्ली के दौरे पर हैं। भाजपा के केंद्रीय नेताओं के साथ चर्चा कर मुख्यमंत्री चार मंत्रियों के नाम फाइनल कर रहे हैं। जल्द केंद्रीय मंत्रियों के नाम और उनके हिमाचल आने के शेड्यूल को जारी किया जाएगा। कार्यक्रमों की मानीटरिंग के लिए मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की अध्यक्षता में दो कमेटियां भी गठित कर ली गई हैं। एक कमेटी में नेताओं और

दूसरी में अधिकारियों को शामिल किया गया है। प्रदेश के हर विधानसभा क्षेत्र में कहां-कहां प्रदर्शनियां लगाई जाएंगी। क्या-क्या कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसकी रूपरेखा यह कमेटियां बनाएंगी। अभी तक की तैयारियों के अनुसार विभिन्न विभाग अपनी विकासात्मक यात्रा को प्रदर्शित करती प्रचार सामग्री, पुस्तिकाएं तैयार करेंगे। स्थानीय और राष्ट्र स्तरीय कलाकारों और सांस्कृतिक दलों को इसमें शामिल किया जाएगा। राज्य स्तर पर प्रदेश की उपलब्धियों को प्रदर्शित करती हुई एक बुकलेट भी तैयार की जाएगी। दूसरी बुकलेट में जिला स्तर के आंकड़ों को प्रदर्शित किया जाएगा। सभी आयोजन स्थलों पर स्वास्थ्य, बागवानी, कृषि, ऊर्जा, शिक्षा, पर्यटन, जल शक्ति, लोक निर्माण, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता तथा उद्योग विभाग की ओर से गत 75 वर्षों की उपलब्धियों को प्रदर्शित करने वाली प्रदर्शनियों का आयोजन किया जाएगा।

3- अंग्रेजों की तरह टेक्स पर टेक्स लगाने वाली भाजपा सरकार: केजरीवाल 

दिल्ली के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कहा कि केंद्र सरकार दिल्ली की तरह भ्रष्टाचार और फिजूलखर्ची बंद करे। इससे जीएसटी बढ़ाना नहीं, कम करना पड़ेगा। केंद्र ने दही, लस्सी और गेहूं समेत कई खाने की चीजों पर जीएसटी लगा दिया है। ऐसे तो अंग्रेज करते थे। टैक्स पर टैक्स लगाते जा रहे हैं। महंगाई हर जगह है, मगर दिल्ली में लोगों को राहत है। अगर दिल्ली की तरह महंगाई से राहत चाहिए तो हिमाचल में भी आम आदमी पार्टी की सरकार बनाओ। केजरीवाल सोलन के ठोडो मैदान में संगठन प्रमुखों, उप प्रमुखों और सचिवों के शपथ ग्रहण समारोह में वर्चुअल माध्यम से जुड़े। मौसम खराब होने से वह सोलन नहीं पहुंच पाए। इसके लिए लोगों से माफी मांगी और जल्द दोबारा आने का वादा किया। केजरीवाल ने कार्यकर्ताओं को तीन मूल मंत्र दिए। उन्होंने कहा कि कट्टर

ईमानदारी, कट्टर देशभक्ति और इंसानियत ही पार्टी के तीन मंत्र हैं। लोगों के बीच जाओ और कहो कि यदि दंगे और भ्रष्टाचार वाली सरकार चाहिए तो भाजपा और कांग्रेस को वोट दो। अच्छे स्कूल, अच्छे स्वास्थ्य और महंगाई कम करने वाली सरकार चाहिए तो आम आदमी पार्टी को चुनो। लोगों से कहो कि आपके बच्चों को रोजगार देने का फार्मूला केवल आम आदमी पार्टी को आता है। 
हिमाचल के सह प्रभारी संदीप पाठक ने कहा कि 15 दिन में प्रदेश में एक लाख से ज्यादा लोगों को पार्टी से जोड़ा जाएगा। इसके लिए संगठन प्रमुखों, उपप्रमुखों और सचिवों को हर पंचायत में जाना होगा। इसे लेकर उन्होंने शपथ दिलाई गई है। कहा कि सभी प्रमुखों को एक बैग दिया जाएगा। वह बैग नहीं, जादू की पोटली है। इसमें कार्यकर्ताओं के लिए पार्टी प्रचार के लिए सामान है। इसे अपना हथियार बनाएं और घर-घर जाकर केजरीवाल की नीतियों को पहुंचाएं।

4- मौसम अपडेट- पांच दिनों तक भारी बारिश का येलो-ऑरेंज अलर्ट जारी

हिमाचल प्रदेश में लगातार पांच दिनों तक भारी बारिश का येलो-ऑरेंज अलर्ट जारी हुआ है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के मुताबिक प्रदेश के मैदानी, मध्य व उच्च पर्वतीय कई भागों में 25 से 29 जुलाई तक भारी बारिश की संभावना है। 28 व 29 जुलाई के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी हुआ है। वहीं, अलर्ट के बीच राजधानी शिमला व आसपास भागों में झमाझम बारिश जारी है। शिमला के शिलारू में 46.0, नारकंडा 35.5, सुंदरनगर (मंडी) में 33.7

मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार भारी बारिश की स्थिति में पानी, बिजली व संचार जैसी आवश्यक सेवाएं बाधित हो सकती हैं। पहाड़ी क्षेत्रों में भारी बारिश के कारण भूस्खलन की भी संभावना है। स्थानीय लोगों व पर्यटकों को संबंधित विभागों की ओर से जारी एडवाइजरी और दिशा-निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई। सुरक्षा के पर्याप्त उपाय करने को भी कहा गया है। 30 व 31 जुलाई को भी बारिश जारी रहने की संभावना है। 

5- बड़ा हादसा- बेकाबू ट्रक ने रौंदी कईं गाड़ियां, सिंगर सहित 8 घायल।

हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला के भट्टाकुफर में एक बड़ा सड़क हादसा हुआ है। सोमवार को एक बेकाबू ट्रक ने एक के बाद दो दर्जन गाड़ियों को टक्कर मार दी। इस हादसे में प्रदेश के प्रसिद्ध लोक गायक विक्की चौहान समेत आठ लोग घायल हुए

हैं। एक घायल की हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसे की सूचना मिलते ही थाना ढली से पुलिस मौके के लिए रवाना हुई। मिली जानकारी के मुताबिक ब्रेक फेल होने के बाद सेब से लदा ट्रक अनियंत्रित होकर चलती व सड़क किनारे खड़ी गाड़ियों से टकरा गया। हादसे में लोक गायक विक्की चौहान और उनके परिवार को भी चोटें आई हैं। सभी आठ घायलों को आईजीएमसी शिमला में प्राथमिक उपचार दिया गया। 

शाम पांच बजे तक का कोविड मिडिया बुलेटिन-

सूचना एवं जनसंपर्क विभाग हिमाचल प्रदेश बुलेटिन-