पर्यटक स्थलों पर निगाहें....... 28 अप्रैल 2022- पांवटा साहिब से आज का खबरनामा ddnewsportal.com

पर्यटक स्थलों पर निगाहें.......  28 अप्रैल 2022- पांवटा साहिब से आज का खबरनामा ddnewsportal.com
फाइल फोटो: द रिज शिमला, हिमाचल प्रदेश।

पर्यटक स्थलों पर निगाहें.......

28 अप्रैल 2022- पांवटा साहिब से आज का खबरनामा

यहां होगी रैंडम सैंपलिंग 
घबरा गई कांग्रेस: खन्ना 
भाजपा का मिशन होगा डिलीट: अग्निहोत्री 
जयराम को कहा मसीहा
हर्षवर्धन का सरकार पर हमला जारी
इन कामगारों को दिहाड़ी नहीं 
बेहाल HRTC की फिर फजीहत
हाटी प्रतिनिधियों का भव्य स्वागत 
सिरमौर- महिला कबड्डी टीम को ट्रायल 
बढ़ती कीमतों पर ये गठबंधन नाराज
दो सगे भाईयों का कत्ल
हादसा- छात्र की मौत, नौ घायल  

सिरमौर में आज भी 00 मामले और....... कोविड/सूचना एवं जन संपर्क विभाग बुलेटिन।


(आज की तस्वीर)

स्थानीय (सिरमौर)

1- नाहन शहर के सभी तालाबों व बावड़ियों की होगी सफाई: उपायुक्त

उपायुक्त जिला सिरमौर राम कुमार गौतम ने कहा कि जिला स्तरीय रेड क्रॉस मेले के आयोजन से पहले नाहन शहर के सभी तालाबों व बावडियों को साफ किया जाएगा जिनमें पक्का टैंक, रानीताल, काली स्थान तालाब व राम कुंडी टैंक शामिल होगें। यह जानकारी उन्होंने आज यहां बचत भवन में 8 से 10 मई 2022 तक आयोजित होने वाले तीन दिवसीय जिला स्तरीय रेडक्रॉस मेले के आयोजन को लेकर समीक्षा बैठक के दौरान दी। उन्होंने बताया कि तालाबों व बावडियों के सफाई कार्य के लिए परियोजना अधिकारी जिला ग्रामीण विकास अभीकरण कल्याणी गुप्ता को कमेटी का अध्यक्ष व कार्यकारी अधिकारी नगर पालिका परिषद संजय तोमर को सदस्य सचिव बनाया गया है। इसके अतिरिक्त नाहन शहर के दर्जनों गैर सरकारी संस्थानों को इस कार्य के लिए जोड़ा गया है। उपायुक्त ने बताया कि मेले में 50 से अधिक स्टॉल स्थापित किए जाएंगे जिसमें सरकारी विभागों, गैर सरकारी संस्थाओं व औद्योगिक क्षेत्रों से जुड़े लोगों द्वारा विभिन्न विकासात्मक योजनाओं की प्रदर्शनी लगाई जाएगी। स्वास्थ्य विभाग व आयुष विभाग द्वारा निशुल्क मल्टी स्पेशलिस्ट कैंप लगाए जाएंगे और मेले के दौरान सुबह योगा कैंप का आयोजन किया जाएगा। इसके अतिरिक्त, मेले के दौरान सुबह 10 बजे से शाम को 4 बजे तक रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा।

उन्होंने जिलावासियों से मेले के दौरान रक्तदान अवश्य करने की अपील की। उन्होंने बताया कि इस मेले के दौरान हिमाचल के अतिरिक्त अन्य प्रदेशों की संस्कृति का प्रदर्शन सांस्कृतिक संध्याओं में किया जाएगा जिसमें विभिन्न कलाकारों सहित जिला के विभिन्न स्कूल, कॉलेज व शिक्षण संस्थानों के छात्र-छात्राएं सांस्कृतिक संध्या में अपनी प्रस्तुती देंगे। इसके अतिरिक्त मेले के दौरान विभिन्न प्रकार की खेलकूद प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा जिसमें पुरुष व महिला वर्ग में कबड्डी व बैडमिंटन खेलों का आयोजन किया जाएगा। इसी प्रकार रस्सा खींच, म्यूजिकल चेयर व टेबल टेनिस प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया जाएगा, जिसके लिए पुलिस अधीक्षक सिरमौर ओमापति जमवाल को कमेटी का अध्यक्ष बनाया गया है। उपायुक्त ने बताया कि मेले के दौरान कपड़े, पुस्तक व खिलोनों को दान करने के लिए भी स्टॉल स्थापित किया जाएगा जहां कोई भी व्यक्ति अपनी इच्छा से पुस्तक, कपड़े व खिलौने इत्यादि दान दे सकेंगे तथा गरीब व असहाय व्यक्ति व बच्चे उन चीजों को प्राप्त कर सकेंगे। मेंले में पेंटिंग कंपटीशन, पैरा स्पोर्ट्स व वरिष्ठ नागरिकों के लिए मनोरंजन कार्यक्रम सहित टैलेंट हंट कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इसके अतिरिक्त, मेले के दौरान मेहंदी प्रतियोगिता, डॉग शो, बेबी शो, रंगोली प्रतियोगिता व फैशन शो का आयोजन भी किया जाएगा। बैठक में पुलिस अधिक्षक ओमापति जमवाल, अतिरिक्त उपायुक्त मनेश कुमार व विभिन्न विभागों के अधिकारी तथा विभिन्न संस्थाओं के सदस्य उपस्थित रहे।

2- चंडीगढ़ हाटी इकाई ने मुख्यमंत्री को कहा थैंक्स।

चंडीगढ़ हाटी इकाई की हिमाचल भवन मे एक अहम बैठक आयोजित हुई। बैठक इकाई के अध्यक्ष महेंद्र चौहान की अध्यक्षता में हुई। केंद्रीय हाटी समिति के उपाध्यक्ष फ़क़ीर चंद चौहान विशेष अथिति के रूप मे उपस्थित रहे। बैठक मे सर्व समिति से आभार प्रस्ताव पास किया, जिसमे हिमाचल के मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर, अध्यक्ष एवं सांसद सुरेश कश्यप, मंत्री  सुख राम चौधरी, विधायिका रीना कश्यप और पूर्व मे शिलाई से विधायक और वर्तमान मे खाद्य आपूर्ति निगम के उपाध्यक्ष बलदेव तोमर का धन्यवाद किया गया। साथ ही हाटी समिति से जुड़े सभी कार्यकर्ता,  पदाधिकारी और ग्राम वासियों

का भी आभार व्यक्त किया गय। चंडीगढ ईकाई के अध्यक्ष महेंद्र चौहान ने  सभी उपस्थित सदस्यों और पत्रकार बंधुओ का स्वागत किया और मिठाई बाँट कर हाटियों की सफलता की खुशी जाहिर की। अपने सम्बोधन मे केंद्रीय हाटी समिति के उपाध्यक्ष फ़क़ीर चंद चौहान ने  हाटी मुहीम के बारे मे विस्तार मे बताया। समिति के केंद्रीय कार्यकारणी के सदस्य रमेश देसाइक ने समय समय पर हर इकाई के योगदान का व्याख्यान किया। उपस्थित अन्य सदस्यों ने भी विचार व्यक्त किए। बैठक बहुत ही सोहार्दपूर्ण और खुशी के माहौल मे सम्पन्न हुई। 

3- सुईनल बिशु मेले पर हाटी प्रतिनिधिमंडल का भव्य स्वागत।

नई दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मिलकर वापिस लौटे हाटी प्रतिनिधिमंडल का गिरिपार क्षेत्र में जगह जगह भव्य स्वागत हुआ। सतौन से लेकर हरिपुरधार तक लोगों ने प्रतिनिधियों का फूल मालाओं के साथ जोरदार स्वागत किया। इसी कड़ी मे शिलाई मे सुईनल बिशु मेले पर भी हाटी पदाधिकारियों का स्वागत हुआ। पदाधिकारियों ने यहां पर विस्तारपूर्वक लोगों के समक्ष जनजातीय से सम्बन्धित बात रखी। उन्होंंने सभी लोगो के सार्थक प्रयास के लिए आभार जताया। केंद्रीय हाटी समिति के अध्यक्ष डॉक्टर अमीचंद कमल, महासचिव कुन्दन सिंह शास्त्री, सिरमौर हाटी विकास मंच के अध्यक्ष प्रदीप सिंह सिंगटा व महासचिव अत्तर सिंह तोमर आदि ने विस्तारपूर्वक लोग के समक्ष अब तक कि जनजातीय मुद्दे से सम्बन्धित बातों को रखा और कहा कि अब मुख्य बाधा पार हो गई है और सफलता चंद

कदम दूर है। हाटी समीति की केंद्रीय कार्यकारिणी के अध्यक्ष डॉ अमीचंद कमल ने समस्त गिरिपार क्षेत्र के सभी हाटियों को इस मांग के पूरा होने की ओर बढ़ते कदम के लिए हार्दिक शुभकामनाएं और बधाई दी। साथ ही भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर, सांसद शिमला लोकसभा क्षेत्र सुरेश कश्यप, पूर्व सांसद वीरेंद्र कश्यप व बलदेव तोमर का इस पुनीत कार्य को करने के लिए धन्यवाद किया। अपना सहयोग देने वाले सभी प्रतिनिधि, केंद्रीय हाटी समिति के सभी पूर्व एवं वर्तमान पदाधिकारी और क्षेत्र के संघर्ष के लिए आभार जताया। अपना तन मन धन अर्पित करने वाले सभी महानुभावों, मातृ शक्ति, युवा शक्ति और समाज, शासन एवं प्रशासन के समक्ष प्रमुखता से इस विषय को रखने के हार्दिक साधुवाद जताया गया। उन्होंने बताया कि इस प्रक्रिया में आगे और तेजी आए इसके लिए सबको और अधिक प्रयास करना पड़ेगा।

4- पांवटा साहिब बस स्टैंड के पास से लापता हुआ ये युवक।

पांवटा साहिब के बस स्टैंड के पास से बीते 26 अप्रैल को रितेश चौहान (रिशु) अचानक लापता हो गया है। रितेश मूल रूप से पच्छाद विधानभा क्षेत्र की राजगढ़ तहसील के अंतर्गत कोटला मांगण पंचायत के मांगण गाँव के रहने वाले अमर सिंह चौहान के पुत्र है। वह जनवरी 2022 से पांवटा साहिब के एचडीएफसी बैंक में कार्य कर रहे थे। अमर सिंह चौहान ने जानकारी देते

हुए बताया की उनका बेटा रितेश चौहान जिसकी उम्र 30 वर्ष है वो 26 अप्रैल से लापता है। पांवटा बस स्टेण्ड के नजदीक ही किराये के कमरे में रह रहा था। जब रितेश चौहान से संपर्क नहीं हो पाया तो उनके परिजनों ने उसको ढूंढना शुरू किया। रितेश अंत में बस स्टेण्ड के समीप हिताची एटीएम के बाहर सीसीटीवी कैमरे में नज़र आया है जहाँ जिसके बाद परिजनों को उसका पता नहीं लग पाया है। बताया जा रहा है रितेश की गाडी और मोबाइल घर पर ही है। हालाँकि परिजनों ने इसकी सूचना पुलिस को दे दी है। लेकिन यदि आप पास भी रितेश से सम्बंधित कोई जानकारी है तो कृपया इस नंबर पर सांझा करे ताकि रितेश तक पहुंचा जा सके। मोबाइल नंबर- 9816854999

5- जिला महिला कबड्डी टीम में होना है सिलेक्ट तो पंहुचे यहां।

आने वाले दिनों में होने वाली राज्य स्तरीय सीनियर स्टेट महिला कबड्डी प्रतियोगिता के लिए जिला सिरमौर की सीनियर महिला कबड्डी टीम का चयन होना है। जिसके लिए ट्रायल पहली मई को सुबह 9:00 बजे राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय शिलाई के ग्राउंड मैं रखे गए हैं। कबड्डी की सभी महिला खिलाड़ी इस ट्रायल के लिए आमंत्रित है। इसमे अधिकतम वजन 75 किलोग्राम तक ही लिया जाएगा। सिरमौर कबड्डी एसोसिएशन के अध्यक्ष कुलदीप राणा व जिला मीडिया इंचार्ज सतीश कपूर ने बताया कि राज्य स्तरीय प्रतियोगिता 7 और 8 मई 2022 को मंडी में होगी, जिसके लिए

सिरमौर जिला की महिला टीम का भी चयन होना है। इस ट्रायल में जिन महिला खिलाड़ियों का चयन होगा उनका कोचिंग कैम्प भी 01 मई 2022 से 6 मई 2022 तक सिरमौर कबड्डी अकैडमी पांवटा साहिब में लगाया जाएगा। इसलिए सभी प्रतिभागी अपना आवश्यक सामान साथ लेकर आएं।

6- बढ़ती कीमतों पर हिमाचल क्षेत्रिय गठबंधन ने जताया ऐतराज।

हिमाचल क्षेत्रिय गठबंधन ने देश में बढ़ रही बढ़ती कीमतों पर कड़ा एतराज किया। गठबंधन के प्रदेश मीडिया प्रभारी परमानंद शर्मा ने एक प्रेस बयान जारी करके कहा कि देश में बढ़ती महंगाई और बेरोजगारी चिंता का सबब है लेकिन केंद्र सरकार इस पर पूरा ध्यान नहीं दे रही है। पेट्रोल डीजल 100 से ऊपर यानी सौ रूपये प्रति लीटर से ऊपर के रेट पर बिक रहा है। रसोई गैस का सिलेंडर 1050 रुपएमें भरा जा रहा है लेकिन सरकार इस पर कुछ भी बोलने को तैयार नहीं है। परमानंद शर्मा ने कहा के भाजपा की सरकार के नेता कहते हैं कि राज्यों को पेट्रोल डीजल पर वैट कम करना चाहिए जबकि गठबंधन यह मांग कर रहा है कि पेट्रोल-डीजल पर केंद्र सरकार को एक्साइज

ड्यूटी कम करनी चाहिए। डीजल की कीमतों के बढ़ने से सबसे अधिक नुकसान किसानों को हो रहा है। उनको फसल इकट्ठे करने के लिए अधिक पैसे का भुगतान करना पड़ रहा है क्योंकि जिस थ्रेशर से गेहूं निकाली जाती है उसमें डीजल  का प्रयोग होता है। इसी प्रकार डीजल के कारण बसों का किराया सामान ढोने वाली गाड़ियों का किराया भी बढ़ जाएगा। जिससे हर चीज के दाम बढ़ेंगे और इसकी मार आम जनता पर पड़ेगी दाल सब्जी हर चीज  महंगी हो जाएगी लेकिन सरकार इस बारे में कुछ भी सोच नहीं रही है। गठबंधन की मांग है कि केंद्र सरकार महंगाई को काबू करने के लिए शीघ्र से शीघ्र कदम उठाएं नहीं तो जनता की परेशानी बढ़ती जाएगी।    हिमाचल सरकार को भी पेट्रोल डीजल पर वैट कम करना चाहिए। मीडिया प्रभारी ने कहा कि हिमाचल क्षेत्रीय गठबंधन इसी वर्ष सितंबर अक्टूबर में होने वाले विधानसभा चुनाव में सभी 68 सीटों पर चुनाव लड़ेगा और योग्य और अति ईमानदार प्रत्याशियों को चुनाव मैदान में उतारा जाएगा।

7- हाटी समीति के सचिव के गांव में पदाधिकारियों का जोरदार स्वागत।

हाटी मुद्दे पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से हरी झंडी मिलने के बाद दिल्ली से लोटे केंद्रीय हाटी समिति के पदाधिकारी व इस मुद्दे में अहम भूमिका निभाने वाले कुंदन सिंह शास्त्री और अन्य पदाधिकारियों का शास्त्री जी के पैतृक गांव शरली में जोरदार स्वागत किया है। आरजीआई से अनुमति मिलने के बाद पूरे गिरिपार क्षेत्र में खुशी का माहौल है। पांच दशक बाद गृह मंत्री अमित शाह व आरजीआई से हाटी मुद्दे पर हरी झंडी मिलने के बाद मिलने के बाद दिल्ली से वापिस लोटे केंद्रीय हाटी समिति के पदाधिकारियों का गिरिपार क्षेत्र में जगह जगह जोरदार स्वागत किया जा रहा है। गुरूवार को केंद्रीय हाटी समिति के अध्यक्ष डॉ अमिचंद कमल, महासचिव कुन्दन सिंह शास्त्री, कोषाध्यक्ष अतर सिंह, रणसिंह चौहान, सुजान सिंह कपूर, आत्मा राम शर्मा, भाव सिंह कपूर आदि का सबसे पहले मस्त भोज के जाखना में जोरदार स्वागत किया। इसके बाद गुद्दा मानपुर पंचायत तथा शरली पंचायत में ग्रामीण ने हाटी प्रतिनिधिमंडल का ढ़ोल नगाड़ों से जोरदार स्वागत किया है। ग्रामीणों ने पहाड़ी नाटी डालकर जश्न मनाया। ग्रामीणों द्वारा आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय हाटी समिति के अध्यक्ष डाॅ  अमीचंद कमल ने अपने संबोधन में कहा कि पांच दशक बाद गिरिपार क्षेत्र के जनजातीय मुद्दे को केंद्र सरकार से हरी झंडी मिलने के बाद पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर है तथा इसे एक त्यौहार की तरह मनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि हाटी मुद्दे के मामले में हाटी समुदाय के लोगों ने लम्बा संघर्ष किया है जिसके बाद हम इस मुकाम पर पहुंचे हैं। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने हरी झंडी दिखा दी है तथा आरजीआई से भी अनुमति मिल गई है। जिसके लिए समस्त हाटी समुदाय की तरफ से केंद्र सरकार और प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर का आभार प्रकट करते हैं। केंद्रीय हाटी समिति के महासचिव कुन्दन सिंह शास्त्री ने कहा

कि गिरिपार क्षेत्र के साथ लगते क्षेत्र उत्तराखंड के जोनसार बाबर का क्षेत्र 1967 में जनजातीय क्षेत्र घोषित हो गया था लेकिन हमारा हाटी समुदाय नहीं हुआ था जिस कारण 50 सालों से हम अन्य झेल रहे थे। हाटी समुदाय ने अपने हक के लिए 50 संघर्ष किया। गृहमंत्री अमित शाह से हाटी मुद्दे पर हरी झंडी दिखा दी है। जिसके बाद पूरे हाटी समुदाय में जश्न का माहौल है। उन्होंने कहा की भाटी मुद्दा जनजातीय घोषित होने से हमारे युवाओं को बहुत लाभ मिलेगा तथा विकास के मामले में भी तेज रफ्तार पकड़ेगी। उन्होंने कहा की इस मामले में प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर और सांसद सुरेश कश्यप व शिलाई के पूर्व विधायक एवं खाद्य आपूर्ति निगम के उपाध्यक्ष बलदेव तोमर बहुत बड़ा योगदान है। जिसके लिए समस्त हाटी समुदाय के लोग हमेशा आभारी रहेंगे। इस मौके पर शरली पंचायत प्रधान विनीता चौहान, उपप्रधान दलीप सिंह, ग्यारू राम, ओमप्रकाश, रामभज, सतपाल सिंह, मानसिंह, सोहन सिंह, सुंदर सिंह, टीका राम शर्मा आदि मौजूद रहे।

8- 12 से 14 आयु वर्ग के लिए इन 02 स्थानों पर कॉविड -19  टीकाकरण, बूस्टर डोज यहां...

खण्ड चिकित्सा अधिकारी राजपुरा स्वास्थ्य खण्ड ड़ॉ. अजय देओल ने जानकारी देते हुए बताया कि राजपुरा स्वास्थ्य खण्ड में 12 से 14 आयु वर्ग के लिए भी 29 अप्रैल 2022 को 02 स्थानों पर कॉविड -19  टीकाकरण आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि 29 अप्रैल 2022 को  राजपुरा स्वास्थ्य खण्ड के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कमरऊ, आर बी एस के टीम पांवटा साहिब द्वारा कॉविड -19 से बचाव हेतु वैक्सीन लगाई जाएगी। उन्होंने बताया कि 12 से 14 वर्ष की आयु के सभी क्षेत्रवासी तथा बाहर से आए प्रवासी यहाँ टीका लगवा सकते हैं। ड़ॉ. अजय देओल ने कहा कि टीका लगवाने के लिए आधार कार्ड या अन्य कोई भी फोटोयुक्त पहचान पत्र जिसमें आयु दर्शाई गई हो अपने साथ ज़रुर लाएं। इसके साथ ही खण्ड चिकित्सा अधिकारी राजपुरा स्वास्थ्य खण्ड ड़ॉ. अजय देओल ने बताया कि

राजपुरा स्वास्थ्य खण्ड में फ्रंटलाइन कार्यकर्ताओं, वरिष्ठ नागरिकों व गंभीर बीमारी ग्रस्त व्यक्तियों के लिए 29 अप्रैल 2022 को 05 स्थानों पर इस महामारी से बचाव हेतु बूस्टर डोज लगाई जाएगी। उन्होंने बताया कि फ्रंटलाइन कार्यकर्ताओं, वरिष्ठ नागरिकों व गंभीर बीमारी ग्रस्त व्यक्तियों जिनकी दूसरी डोज को नौ माह हो चुके हो, वह व्यक्ति बूस्टर डोज लगवाने के पात्र होंगे। उन्होंने बताया कि 29 अप्रैल 2022 को  राजपुरा स्वास्थ्य खण्ड में सिविल अस्पताल पांवटा साहिब, उप स्वास्थ्य केंद्र नवादा, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कोलर, उप स्वास्थ्य केंद्र बहराल, मोबाइल टीम पांवटा साहिब में कॉविड -19 से बचाव हेतु बूस्टर डोज लगाई जाएगी। उन्होंने कहा कि बूस्टर डोज लगवाने के लिए लाभार्थियों को कॉविड -19 टीकाकरण की दूसरी डोज के समय उपयोग किए गए मोबाइल नंबर व फोटो युक्त पहचान पत्र  टीकाकरण स्थल पर लाना अनिवार्य होगा।

(हिमाचल)

1- पर्यटन स्थलों पर होगी रैंडम सैंपलिंग, कोरोना के नये वेरिएंट से बचने को सरकार का बड़ा कदम।

हिमाचल प्रदेश के टूरिस्ट डेस्टिनेशन पर पर्यटकों सहित स्थानीय लोगों की सैंपलिंग पर सरकार जोर देगी। यह कदम कोरोना के नये वेरिएंट को प्रदेश में फैलने से रोकने के लिए सरकार द्वारा उठाया जा रहा है। सूचना है कि इस बाबत संबंधित जिला के जिलाधीशों को आदेश जारी कर दिये गये है। जानकारी के मुताबिक एक गत दिवस प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सभी राज्यों के मुख्यमंत्रियों से वर्चुअल बैठक की। इस बैठक में कोविड की चौथी लहर को रोकने के लिए पहले से ही कारगर उपाय किये जाने पर चर्चा हुई। पीएम

ने भी विशेष तौर पर कहा कि जिस राज्य में टुरिस्ट अधिक आते हैं वहां पर सैंपलिंग को बढाया जाना चाहिए। केवल पर्यटकों की ही नही बल्कि वहां के स्थानीय लोगों की भी सैंपलिंग पर जोर दिया जाना चाहिए। जिसके बाद हिमाचल प्रदेश में भी शिमला, कांगड़ा, कुल्लू आदि जिलों के उपायुक्तों को इस बाबत आदेश जारी किये जा रहे हैं। इसमे जिस स्थान पर अधिक पर्यटक बाहरी राज्य से पंहुच रहे हैं प्रथम चरण में वह इलाका टारगेट किया जाएगा। इसमे टूरिस्ट सहित स्थानीय दुकानदारों और होटल व्यवसायियों की भी रैंडम सैंपलिंग की जाएगी। ताकि नये वेरिएंट को प्रदेश में फैलने से रोका जा सके। इसके साथ ही आने वाले दिनों मे सरकार बंदिशों को और कड़ा कर सकती है। 

2- कांग्रेस को नही संगठन की अहमियत का पता: खन्ना 

हिमाचल प्रदेश भाजपा प्रभारी अविनाश राय खन्ना ने कहा है कि कांग्रेस को संगठन की अहमियत का पता नहीं है, इसलिए उसे 1 अध्यक्ष और 4 कार्यकारी अध्यक्ष बनाने पड़े हैं। उन्होंने कहा कि लगता है कि कांग्रेस को अपने ही अध्यक्ष पर संशय है, ऐसे में पार्टी जनता के बीच जाने का अवसर खो चुकी है। अविनाश राय खन्ना ने यहां जारी बयान में कहा कि आदर्श संगठन में एक ही अध्यक्ष शोभनीय होता है। इस बार कांग्रेस की सारी

कार्यकारिणी दिल्ली से ही घोषित हुई है। इससे लगता है कि एक राजनीतिक दल के अध्यक्ष को उसके पदाधिकारियों को चुनने का अवसर भी प्राप्त नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि इससे स्पष्ट है कि हिमाचल कांग्रेस कठपुतली की तरह काम करने वाला संगठन बनकर रह जाएगा। कांग्रेस की कार्यकारिणी में परिवारवाद हावी है और पूर्व मुख्यमंत्री की पत्नी को प्रदेश अध्यक्ष बनाया जाना इसका प्रमाण है। इससे यह भी स्पष्ट हो गया है कि कांग्रेस कार्यकर्ता कभी बड़े ओहदे तक नहीं पहुंच सकता। उन्होंने कहा कि आनन-फानन में बनाई गई कांग्रेस कार्यकारिणी से लगता है कि उसे अपने दिग्गज नेताओं का भाजपा में जाने का डर सता रहा है। लेकिन भाजपा फिर से रिपीट होगी, ये तय है। 

3- मिशन डिलीट में बदल जाएगा भाजपा का मिशन रिपीट: अग्निहोत्री 

हिमाचल प्रदेश के नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनावों में कांग्रेस को सफलता मिलेगी तथा भाजपा सरकार का मिशन रिपीट डिलीट में बदल जाएगा। उन्होंने कहा कि हिमाचल के विकास और निर्माण के लिए जहां सबसे पहले मुख्यमंत्री डॉ. वाईएस परमार को

जाना जाता है, वहीं वीरभद्र सिंह ने भी इस पहाड़ी राज्य के विकास में सबसे बड़ी भूमिका अदा की है। वीरभद्र सिंह ने वर्षों तक हिमाचल के चप्पे-चप्पे तक अपनी पहुंच बनाई और प्रत्येक क्षेत्र तक विकास की लौ पहुंचाई। उन्हीं के नक्शे कदम पर चलते हुए कांग्रेस प्रदेश के विकास को आगे बढ़ाएगी। प्रतिभा सिंह के अध्यक्ष बनने से पार्टी और मजबूत होगी। वीरभद्र सिंह की नीतियों और कार्यक्रमों को आगे बढ़ाया जाएगा।

4- धौलाकुआं गेहूं ख़रीद केंद्र में सुचारु रूप से हो रही है गेहूं की खरीद: विवेक

जिला सिरमौर के धोलाकुंआ में गेहूं ख़रीद केंद्र में किसानों से गेहूं ख़रीद सुचारु रूप से की जा रही है। यह बात उपमंडल दंड़ाधिकारी पांवटा साहिब विवेक महाजन ने कही। उन्होंने बताया कि धौलाकुआं गेहूं ख़रीद केंद्र में मिल मालिकों तथा ट्रक यूनियन के बीच किराये की विसंगतियों को लेकर मामला उठाया गया था, जिस कारण ख़रीदी गई गेहूं को आगे मिल मालिकों तक पहुँचाने में असुविधा का सामना करना पड़ रहा था। इन विसंगतियों के सम्बन्ध में गुरुवार को उपमंडल दंड़ाधिकारी पांवटा साहिब की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई जिसमें ट्रक यूनियन तथा मिल मालिकों व संबंधित विभागों के अधिकारियों से सभी विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई। उपमंडल दंड़ाधिकारी ने बताया कि बैठक के दौरान मिल मालिकों तथा ट्रक यूनियन के बीच समन्वय स्थापित होने के उपरांत निर्णय लिया गया कि सरकार द्वारा निर्धारित दरों पर ही ट्रांसपोर्टेशन की जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा किसानों की सुविधा के लिए जिला सिरमौर में गत वर्ष तीन नए गेहूं व धान ख़रीद केन्द्र स्थापित किए गए हैं। इसके अतिरिक्त, धौलाकुआं में एक और नए गेहूं व धान ख़रीद केन्द्र के लिए 100 बीघा ज़मीन का चयन नेशनल हाईवे के समीप किया गया है, जिसमें गेहूं की ख़रीद का कार्य सुचारु रूप से किया जा रहा है तथा भविष्य में यहाँ धान की ख़रीद भी की जाएगी ताकि किसानों को घर-द्वार पर सुविधा मुहैया कराई जा सके।

5- उपनेता प्रतिपक्ष हर्षवर्धन चौहान ने घेरी भाजपा सरकार।

हिमाचल कांग्रेस के वरिष्ठ नेता व शिलाई विधायक ठाकुर हर्षवर्धन चौहान को उपनेता प्रतिपक्ष व कांग्रेस संचालन कमेटी का सदस्य बनाने के बाद पहली बार अपने क्षेत्र में पंहुचने पर भव्य स्वागत हुआ। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सबसे पहले सतौन और उसके बाद कफोटा पहुंचने पर जोरदार स्वागत किया। उसके बाद कफोटा में एक जनसभा को सम्बोधित करते हुए बीजेपी पर जमकर निशाना साधते हुए हर्ष वर्धन चौहान ने कहा कि बीजेपी सरकार भ्र्ष्टाचार में भी पूरी तरह डूब चुकी है। महंगाई चरम पर है, अवैध खनन नशा तस्कर बढ़ रहा है। कानून व्यवस्था न के बराबर है। अभी कुछ दिन पहले मुख्यमंत्री कफोटा आए थे जहां से उन्होंने झूठी घोषणा क़ी झड़ी लगाई और केबिनेट बैठक में एक भी घोषणा पर मोहर नही लगाई। इससे ये साबित होता है है कि 4 साल कुछ नही किया और चुनाव नजदीक आते ही लोगो को लोक लुभावने वादे कर रहे है जो पूरे नही होंगे जनता को ठगने का काम करने कर रहे है। प्रदेश के लोग अब भाजपा की नीति और नियत को समझ गये हैं।

प्रदेश में होने वाले चुनाव में भाजपा को मुंह की खानी पड़ेगी। भाजपा अब प्रदेश के लोगों को अधिक समय तक ग़ुमराह नहीं कर सकती। इनकी विदाई तय है। इस मौके पर पर उनके साथ शिलाई ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सीता राम शर्मा, जिला उपाध्यक्ष अमर कपूर, जिला महासचिव रघुबीर कपूर, जिला सचिव महेश कहोली, पूर्व कफोटा ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष मामराज ठाकुर, शिलाई ब्लॉक कांग्रेस महासचिव प्रवेश चौहान, गुरुदत्त चौहान, अत्तर राणा, सचिव सुमेर ठाकुर, महिला कांग्रेस अध्यक्ष श्याम कला, पूर्व युवा कांग्रेस अध्यक्ष कंवर ठाकुर, जिला NSUI अध्यक्ष विपुल शर्मा, पूर्व जिला परिषद सदस्य जगत पुंडीर, रति राम पूर्व प्रधान बोकला, ओबीसी अध्यक्ष रमेश शर्मा, सेवादल अध्यक्ष जितेंद्र राणा, जगत सिंह प्रधान नैनिधार, तपेन्द्र चौहान, गुलाब भंडारी, रामलाल चौहान, गुमान चौहान, मोहन चौहान, बीर सिंह  चौहान, गीता राम भंडारी, स्वरूप राणा, बाबूराम चौहान सहित सेकड़ो लोग मौजूद रहे। 

6- हिमाचल- हजारों मनरेगा कामगारों की दिहाड़ी का भुगतान अटका।

हिमाचल प्रदेश में मनरेगा के हजारों कामगारों की दिहाड़ी महिनों से अटकी पड़ी है। यही नहीं, बजट के अभाव में पंचायत के कार्य भी प्रभावित हो रहे हैं। इसके अलावा करोड़ों रुपये के विकास कार्य भी ठप हो गए हैं। बेशक प्रदेश में एक अप्रैल से नौ रुपये मनरेगा दिहाड़ी बढ़ा दी हो, लेकिन अभी तक कई पंचायतों में मार्च के लेबर कंपोनेंट का भुगतान ही नहीं हो पाया है। बजट के अभाव में सीमेंट और अन्य सामग्री की दिसंबर 2021 से कई पंचायतों में खरीद ही नहीं हो पाई और न इस अवधि की सामग्री का भुगतान हो पाया। इससे विकास कार्य ठप हो गए हैं। ग्रामीण विकास विभाग पर करीब 10 करोड़ रुपये की देनदारियां हो गई हैं। प्रदेश में मनरेगा की दिहाड़ी को 203 से बढ़ाकर 212 रुपये किया गया है, लेकिन कई पंचायतों में मार्च की भी दिहाड़ी नहीं मिल पाई है। मनरेगा योजना के लिए यह बजट केंद्र सरकार से ही देरी से आ रहा है। इससे काम करने के बावजूद बेरोजगार लोग पैसों के

लिए तरस गए हैं। विभाग की मानें तो निर्धारित से ज्यादा मानव दिवस बढ़ने से यह समस्या पैदा हुई है। पिछले वित्तीय वर्ष में जहां 343 लाख मानव दिवस का काम प्रस्तावित था, वहीं अब यह लक्ष्य बढ़कर 370 लाख मानव दिवस हो गया है। उधर, इस बारे प्रदेश ग्रामीण विकास विभाग के निदेशक रुग्वेद मिलिंद ठाकुर ने कहा कि दिहाड़ी की देनदारियां देने के लिए बजट आ गया है। बीच-बीच में बजट आता रहता है, तो उसी हिसाब से भुगतान किया जाता है। इस वित्तीय वर्ष की पहली तिमाही के लिए 130 करोड़ रुपये के बजट की मंजूरी आ गई है, जबकि देनदारियां करीब 10 करोड़ रुपये की हैं। जल्द भुगतान कर दिया जाएगा।

7- दिल्ली से गिरिपार के लिए बड़ी सौगात लेकर आए सीएम: डाॅ पुंडीर

सिरमौर कल्याण समिति शिमला के अध्यक्ष डॉ मामराज पुंडीर ने कहा है कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने इस बार दिल्ली के प्रवास में केन्द्र सरकार से तीन महत्वपूर्ण योजनाओं को स्वीकृति प्राप्त की है। इसके लिए उन्होंने उन्हें बहुत बहुत बधाई दी है। उन्होंने कहा है कि सिरमौर जिला के हाटी समुदाय के लोगों को जनजाति का दर्जा दिलवाने का काम कई वर्षो से लटका हुआ था। इस सम्बंध में कई बार कोशिश की परन्तु सफलता नही मिली। पूर्व में मुख्यमंत्री प्रोफेसर प्रेम कुमार धूमल ने लोकसभा में यह विषय कई बार उठाया। पिछले 50 वर्षों से कांग्रेस के लोग हाटियों को बेवकूफ बनाते रहे। उनकी मंशा ही नही थी करवाने की। 50 वर्षों से प्रदेश में कांग्रेस ने राज किया। अगर सच में करवाना चाहते तो डोडरा क्वार, रामपुर बुशहर का 15/20 करवाते। परन्तु सिर्फ वोट बैंक की तरह उपयोग करते रहे। हमेशा आरजीआई का रोना रोते रहे। परन्तु हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने गृह मंत्री अमित शाह से मिल कर वर्षो से रूके हुए उस काम को करवाने का रास्ता निकलवा लिया। उन्होंने हाटी समुदाय के लोगों को भी बहुत बहुत बधाई दी है। डॉ मामराज पुंडीर ने कहा कि मण्डी जिला के लिए अन्तर्राष्ट्रीय स्तर का हवाई अडडा हिमाचल प्रदेश को भारत के पर्यटन मानचित्र पर ले आयेगा।  इस सम्बंध में समझौता करवाने के लिए जयराम ठाकुर बधाई के पात्र है। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश को 6 रोप वे की स्वीकृत और उसके लिए केन्द्र से धन की व्यवस्था भी अत्यन्त महत्वपूर्ण है।

हिमाचल प्रदेश के पर्यटन की दृष्टि से यह रोप वे अत्यन्त महत्वपूर्ण सिद्ध होगें। सिरमौर कल्याण समिति के अध्यक्ष डॉ पुंडीर ने कहा कि जय राम ठाकुर सिरमौर ओर खास तौर से हाटियों के मसीहा बन कर आये थे। जिस प्रकार किन्नौर की लड़ाई टीएस नेगी जी ने, गद्दियों की लड़ाई शांता कुमार ने लड़ी। वहीं, लड़ाई जय राम ठाकुर ने सिरमौर के लिये लड़ी। जिस जिले का ख्याल परमार जी, वीरभद्र सिंह नही रख पाए उसी जिले का विकास राम बन कर ओर मसीहा बन कर जय राम कर गए। हाटियों का हक दिलाने वाले ओर इनकी आवाज का हिस्सा बन कर देश की सबसे बड़ी पंचायत में वीरेन्द्र कश्यप, स्वर्गीय जगत सिंह नेगी, वर्तमान सांसद सुरेश कश्यप, नाहन के चौगान से डॉ राजीव बिंदल ने राजनाथ सिंह से ओर बाद में अमित शाह से घोषणा करवाई थी, उसके बाद पूर्व मुख्यमंत्री शांता कुमार, पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल, अनुराग ठाकुर के साथ राज्यसभा सांसद इंदु गोस्वामी का सभी सिरमौर वासियों की तरफ से आभार व्यक्त करते है। 

8- अब HRTC बस का हुआ प्रेशर लीक, 45 सवारियां परेशान।

हिमाचल प्रदेश में परिवहन निगम की बसों की खस्ताहाली के मामले आए दिन सामने आ रहे हैं। अब जोगिंदरनगर बस डिपो के तहत लडभड़ोल सीमा पर द्रमन लिंक के समीप एचआरटीसी बस का प्रेशर लीक होने के कारण बस खराब हो गयी। इस बस में 40 से 45 सवारियां थी ड्राइवर ने अपनी सोच समझ से सफर तय कर रही सवारियों को बस से बाहर निकाला। गोलवां रोड

पर ड्राइविंग करना किसी खतरे से कम नहीं है, सवारियों के साथ कुछ भी हादसा हो सकता है। जिला परिषद सदस्य व माकपा नेता कुशाल भारद्वाज ने भी सरकार से मांग उठाई है कि जोगिंदरनगर बस डिपो में नई बसें भेजी जाएं तथा एचआरटीसी की स्थाई वर्कशॉप का निर्माण भी किया जाए। सवारियां बिना किसी डर से इन बसों से सफर कर पाएं। वहीं, आरएम कुलदीप राठौर ने बताया कि बस का प्रैशर लीक हो गया था जब उनको इस बारे में जानकारी मिली तो उन्होंने जल्द ही अपनी टीम को भेजा और बस रिपेयर करवाई।  

9- हिमाचल में दो सगे भाईयों का कत्ल, इलाके में सनसनी।

हिमाचल प्रदेश में डबल मर्डर की घटना से सनसनी फैल गई है। मामला कांगड़ा जिले के थाना इंदौरा के अंतर्गत गांव डाहकूलाड़ा का है, जहां दो सगे भाइयों का बेरहमी से कत्ल कर दिया गया। घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। मिली जानकारी के मुताबिक सुबह तड़के डाहकूलाड़ा की प्रधान के बेटे निर्मल प्रसाद ने थाना इंदौरा को सूचित किया कि उनके पड़ोस में रहने वाले दो प्रवासीयों का कत्ल हो गया है। डीएसपी नूरपुर सुरिंद्र शर्मा टीम सहित

मोके पर पहुंचे व शवों को कब्जे में लेकर जांच में जुट गए। मौके पर डॉ. विजय की अगुवाई में फोरेंसिक जांच टीम घटनास्थल पर पहुंची व साक्ष्य जुटाए। डीएसपी सुरिंद्र शर्मा ने बताया कि मृतक मूल रूप से गांव सांगरा जिला पन्ना मध्यप्रदेश के रहने वाले है। यहां मजदूरी का काम करते थे। बीती रात सोते समय किसी तेजधार हथियार से दोनों का कत्ल कर दिया गया। मृतकों की पहचान अनिल कुमार (18) विनोद कुमार (21) पुत्र धनी राम, मध्यप्रदेश के रूप में हुई है। संदेह के आधार पर घनश्याम जोकि उनके साथ ही रहता है को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

10- सड़क हादसे मे स्कूली छात्र की मौत, 9 हुए घायल।

हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में सड़क हादसे में एक स्कूली छात्र की मौत हो गई, जबकि नौ घायल हो गए हैं। गुरूवार को चंबा-सराहन मार्ग पर बोलेरो गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में गाड़ी का चालक भी घायल बताया जा रहा है। मिली जानकारी के मुताबिक रोजमर्रा की तरह स्कूल से छुट्टी के बाद बच्चे बोलेरो गाड़ी से घर लौट रहे थे, इसी दौरान यह हादसा हो गया। हादसे के बाद निजी गाड़ियों व एंबुलेंस से घायलों को मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया। वहीं प्राथमिक उपचार के बाद दो बच्चों को टांडा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। सूचना मिलते ही पायुक्त, उपमंडल अधिकारी, नायब तहसीलदार मेडिकल कॉलेज चंबा पहुंचे और राहत कार्यों का जायजा लिया। हादसे को लेकर जिलाधीश चंबा डीसी राणा ने मजिस्ट्रेट जांच के आदेश दिए हैं।

शाम पांच बजे तक का कोविड मीडिया बुलेटिन-

सूचना एवं जन संपर्क विभाग हिमाचल प्रदेश बुलेटिन-