हिमाचल- 150 आशियानें राख....... 31 मार्च 2022- पांवटा साहिब से आज का खबरनामा ddnewsportal.com

हिमाचल- 150 आशियानें राख.......  31 मार्च 2022- पांवटा साहिब से आज का खबरनामा ddnewsportal.com

हिमाचल- 150 आशियानें राख.......

31 मार्च 2022- पांवटा साहिब से आज का खबरनामा 

नदी आर के भाई का भी है हक: जयराम
कांग्रेस के पास बताने को कुछ नहीं 
कफोटा को बीएमओ-कमरऊ को CHC
सतौन को काॅलेज-उपतहसील की सौगात 
AAP आई है पर्यटक की तरह: कांग्रेस 
कांग्रेस है शून्य, भाजपा से टक्कर: AAP
कल से स्कूलों में चार दिन की छुट्टी 
गर्मी: 15 दिन पहले सेब की फ्लावरिंग 
CM है शिलाई के विधायक भी: बलदेव
पांवटा साहिब में कांग्रेस का प्रदर्शन 

सिरमौर में आज 00 मामले और कोविड/सूचना एवं जन संपर्क विभाग बुलेटिन।


(आज की तस्वीर)

स्थानीय (सिरमौर)

1- सिरमौर: सतौन में डिग्री कॉलेज/उप तहसील और कफोटा में चिकित्सा खण्ड की घोषणा।

हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने आज सिरमौर जिले के शिलाई विधानसभा क्षेत्र के एक दिवसीय दौरे के दौरान लगभग 20 करोड़ रुपये लागत की विभिन्न विकासात्मक परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास किए, जिसमें 11.61 करोड़ रुपये के तीन लोकार्पण और 8.14 करोड़ रुपये के 11 शिलान्यास शामिल हैं। उन्होंने कफोटा में उप-मण्डलाधिकारी

(नागरिक) कार्यालय, 11.15 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित राजकीय महाविद्यालय कफोटा के भवन और ग्राम पंचायत कोटा पाब में कियाना बस्ती के लिए 46 लाख रुपये की लागत से निर्मित उठाऊ जलापूर्ति योजना का लोकार्पण किया। उन्होंने राजकीय डिग्री कॉलेज कफोटा के परिसर में पौधरोपण किया और उप-मण्डलाधिकारी (नागरिक) के नवनिर्मित कार्यालय परिसर में अर्जुन का पौधा रोपा। मुख्यमंत्री ने जल जीवन मिशन के अन्तर्गत तहसील शिलाई में खुन बाग और धोची व्यास बिजुई के लिए सोलर आधारित 1.01 करोड़ रुपये लागत से निर्मित होने वाली जलापूर्ति योजना, नाबार्ड के

अन्तर्गत तहसील पांवटा साहिब में 1.60 करोड़ रुपये लागत से निर्मित होने वाली उठाऊ जलापूर्ति योजना कांडो-चियोग-थाना, नाबार्ड के अन्तर्गत ग्राम पंचायत कांडो चियोग में 60 लाख रुपये लागत से निर्मित होने वाली बहाव सिंचाई योजना सैंगा, जल जीवन मिशन के अन्तर्गत तहसील कमरऊ की ग्राम पंचायत चांदनी के लिए 1.03 करोड़ रुपये लागत से निर्मित होने वाली भू-जल जलापूर्ति योजना, 1.38 करोड़ रुपये लागत से निर्मित होने वाले प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र टिम्बी और कामरू में 2.53 करोड़ रुपये लागत से निर्मित होने वाले राजकीय प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र भवन का शिलान्यास किया।
मुख्यमंत्री ने सतौन में डिग्री कॉलेज खोलने, कफोटा में चिकित्सा खंड, बालीकोटी और हलाहं में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र खोलने, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कमरऊ को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में स्तरोन्नत करने, काहरका और शिल्ली अधोग में स्वास्थ्य उप केंद्र खोलने, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र जाखना में 10 बिस्तर उपलब्ध करवाने की घोषणा की। उन्होंने इस अवसर पर क्षेत्र के कुछ स्कूलों के स्तरोन्नयन की भी घोषणा की। उन्होंने क्षेत्र की सम्पर्क सड़कों के लिए पर्याप्त धन राशि की व्यवस्था करने, सतौन में उप-तहसील खोलने तथा कफोटा में मुद्रिका बस चलाने की भी घोषणा की। उन्होंने कफोटा डिग्री कॉलेज का नाम स्वामी विवेकानंद तथा डिग्री कॉलेज शिलाई को वीर सावरकर के नाम पर नामित करने की भी घोषणा की। उन्होंने इस अवसर पर जाखना में स्पोर्ट्स हॉस्टल आरम्भ करने तथा आयोजन स्थल पाब मैदान के

लिए 10 लाख रुपये देने की भी घोषणा की। इस अवसर पर विभिन्न सामाजिक, राजनीतिक संगठनों, हाटी समिति कफोटा तथा अन्य संगठनों ने भी मुख्यमंत्री को सम्मानित किया। सांसद एवं प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सुरेश कश्यप ने वित्तीय वर्ष 2022-23 के लिए प्रस्तुत बजट में विभिन्न कल्याणकारी योजनाएं आरम्भ करने के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पिछले चार वर्षों के दौरान सिरमौर जिले में अभूतपूर्व विकास हुआ है। इस मौके पर ऊर्जा मंत्री सुखराम चौधरी, नाहन के विधायक एवं पूर्व विधानसभा अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल, पच्छाद की विधायक रीना कश्यप, राज्य कृषि विपणन बोर्ड के अध्यक्ष बलदेव भंडारी, सिरमौर जिला भाजपा अध्यक्ष विनय गुप्ता, शिलाई भाजपा मंडल के अध्यक्ष सूरत सिंह चौहान, सिरमौर जिला परिषद की अध्यक्ष सीमा कन्याल, उपायुक्त सिरमौर आर.के. गौतम, पुलिस अधीक्षक ओमापति जम्वाल सहित अन्य गणमान्य भी इस अवसर पर मौजूद रहे।

2- मुख्यमंत्री के साथ-साथ है शिलाई के विधायक भी: बलदेव

शिलाई क्षेत्र के कफोटा के पाब मैदान में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की जनसभा के दौरान खाद्य एवं आपूर्ति निगम के उपाध्यक्ष बलदेव तोमर ने कहा कि जयराम ठाकुर मुख्यमंत्री ही नही बल्कि शिलाई के विधायक भी है। वह शिलाई को अपना दूसरा घर मानते हैं, यही कारण है कि उन्होंने शिलाई की जनता को दिल खोलकर सौगातें दी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने कफोटा काॅलेज खोला जरूर लेकिन बजट मात्र 8 लाख रूपये दिये। भाजपा सरकार ने 11 करोड़ रूपये से अधिक राशि देकर भवन का काम पूरा करवाया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री हाटी मुद्दे को केंद्र सरकार के समक्ष उठा रहे हैं और इसको पूरा करवायेंगे। मुख्यमंत्री ही अवतार के रूप में हाटी क्षेत्र का उद्धार कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में भाजपा फिर से रिपीट हो रही है।

जयराम ठाकुर फिर मुख्यमंत्री बनेंगे। इसलिए हमे प्रण लेना पड़ेगा कि शिलाई की सीट भाजपा को जीताकर दें। बलदेव तोमर ने मुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए शिलाई क्षेत्र के लिए करोड़ों रुपये की विकासात्मक परियोजनाएं समर्पित करने के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि लगभग पचास वर्षों तक इस क्षेत्र का प्रतिनिधित्व कांग्रेस करती रही, फिर भी यह क्षेत्र विकास से वंचित रहा और वर्तमान राज्य सरकार ने इस क्षेत्र का चहुंमुखी विकास सुनिश्चित किया है। उन्होंने इस अवसर पर मुख्यमंत्री द्वारा स्वीकृत विभिन्न विकासात्मक परियोजनाओं के संबंध में भी जानकारी साझा की। उन्होंने कहा कि आज मुख्यमंत्री द्वारा समर्पित डिग्री कॉलेज विद्यार्थियों, विशेषकर क्षेत्र की लड़कियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने में मील पत्थर साबित होगा। उन्होंने केंद्रीय नेतृत्व के समक्ष ट्रांस गिरी क्षेत्र को जनजातीय क्षेत्र का दर्जा देने का मामला उठाने के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। उन्होंने क्षेत्र की विभिन्न विकासात्मक मांगों को भी विस्तृत रूप से मुख्यमंत्री के समक्ष रखा।

3- पांवटा कांग्रेस ने मंहगाई के खिलाफ निकाली रोश रैली। 

ब्लॉक कांग्रेस कमेटी पांवटा साहिब की एक बैठक पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस पांवटा साहिब में ब्लॉक प्रेसिडेंट अश्विनी शर्मा की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में सभी कांग्रेस वर्कर ने एकजुट होकर कांग्रेस कैंडिडेट की जीत सुनिश्चित करने की बात कही तथा यह भी कहा गया कि सुखराम चौधरी ने ऐसा कोई काम नहीं किया जिसके नाम पर वह वोट मांग सके। कांग्रेस सरकार के समय किए गए कार्यों का भी वह उद्घाटन नहीं करवा पाए। इसके बाद कांग्रेस ने महंगाई बढ़ती हुई डीजल व पेट्रोल, घरेलू गैस सिलेंडर के कीमत के विरोध में रेस्ट हाउस से गीता भवन, मेन बाजार, हॉस्पिटल के सामने से होते हुए तहसील पांवटा साहिब तक रैली निकाली। उसके बाद

तहसीलदार के माध्यम से राज्यपाल को ज्ञापन भेजा गया। इस अवसर पर अश्विनी शर्मा, किरणेश जंग, हरप्रीत सिंह, ओंकार सिंह, अनिन्द्र सिंह नॉटी, अवनीत सिंह लांबा, सुरजीत सिंह, नजाकत अली हाशमी, हिरदाराम चौहान, प्रदीप चौहान, इकबाल सिंह, सुभाष शर्मा, सलीम हाजी, संतराम चौहान, जग्गी लाला, प्रधान सुनीता शर्मा, वसीम मलिक, राकेश चौधरी, दिलबाग सिंह, संदीप कुमार, अब्दुल सत्तार, किशन ठाकुर, किशोरी लाल, बूटा सिंह, जावेद अशरफ, जावेद इमरान, इरशाद, राजेश राणा, दिनेश नेगी, दिनेश शर्मा, नितिन शर्मा, तारीफ, सुमेर चंद, धनवीर, जगदीश चंद्र, ममता चौहान, सुजाता शर्मा, नैना देवी, महेश कोहली, रविंद्र सिंह खुराना, राजेंद्र सैनी, किशन लाल, लकी, तनुज, परमिंदर सिंह बिट्टू, बहादुर सिंह, जवाहर सिंह, तोहिद, प्रदीप बाम प्रधान, दिलीप सिंह, मानसिंह आदि कांग्रेस वर्कर शामिल हुए।

4- सतौन ने सौगातें मिलने पर मनाया जश्न, बलदेव तोमर का जताया आभार।

शिलाई विधानसभा क्षेत्र के सतौन में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने डिग्री कॉलेज व उप तहसील खोलने की घोषणा करने के बाद सतौन में 10 पंचायतों के लोगों ने जश्न मनाया। लोग सैंकड़ों की संख्या में सतौन बस स्टैंड पर एकत्रित हुए और खाद्य आपूर्ति निगम के उपाध्यक्ष बलदेव तोमर का जोरदार स्वागत किया। ग्रामीण ने खुशी जाहिर करते हुए मिठाईयां भी बांटी।
सतौन में डिग्री कॉलेज व उप तहसील खोलने की घोषणा पर सतौन पंचायत की प्रधान ममता देवी, पूर्व प्रधान रजनीश चौहान, बीडीसी उपाध्यक्ष सुनील

ठाकुर,बीडीसी सदस्य सुमित्रा चौहान, पोका पंचायत के प्रधान सतीश चौहान, कठवार पंचायत के प्रधान महेंद्र ठाकुर, रेणु नेगी, महिला मंडल प्रधान सुनीता चौहान, इंद्रा कंवर, संतोष, सुनीता ठाकुर, विमला कालिया, संतोष आदि ने सतौन में डिग्री कॉलेज व उप तहसील के घोषणा पर मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर व खाद्य आपूर्ति निगम के उपाध्यक्ष बलदेव तोमर का आभार प्रकट किया है। उन्होंने कहा कि इन सौगातों से क्षेत्र की 10 पंचायतों की जनता को लाभ मिलेगा। गरीबों के बच्चे भी घर-द्वार कम खर्चे पर उच्च शिक्षा ले सकेंगे। वहीं राजस्व के कामों के लिए भी दूर नही जाना पड़ेगा। 

5- कोटी-धीमान पंचायत के प्रधान-उपप्रधान पर निलंबन की गाज।

जिला सिरमौर के विकास खंड संगड़ाह के अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत कोटी-धीमान की महिला प्रधान, उपप्रधान तथा वार्ड सदस्य को जिला पंचायत अधिकारी अंचित डोगरा द्वारा तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है। मिली जानकारी के मुताबिक विजिलेंस कमेटी के अध्यक्ष दलीप आजाद, 4 वार्ड सदस्यों व कांग्रेस मंडल महासचिव सहित तीन पूर्व पंचायत प्रधानों को लगाकर कुल 42 लोगों द्वारा प्रधान के खिलाफ सरकारी सीमेंट के करीब 797 बैग बेचे जाने, पति द्वारा पंचायत के काम में हस्तक्षेप व सरकारी धन के दुरुपयोग जैसे आरोप लगाते हुए इसकी शिकायतें संबंधित अधिकारियों से की गई थी। पंचायत के विभिन्न कामों के लिए जारी हुए करीब 1 लाख 90 हजार रूपए के सरकारी सीमेंट के 600 बैग को बेचने अथवा इसके दुरुपयोग की पहली शिकायत के बाद दूसरी शिकायत 197 बैग कोटी-धीमान से करीब 20 किलोमीटर खाला-क्यार मे स्टोर करने की हुई। गत माह जांच करने पंहुचे

बीडीओ संगड़ाह की मौजूदगी मे एक ढारे नुमा दुकान मे 197 बैग मिलने का मुद्दा मीडिया द्वारा उठाए जाने के बाद विभाग की जांच मे तेजी आई। जानकारी के मुताबिक सैंकड़ों सिमेंट के सैंकड़ों बैग सचिव की वजाय उपप्रधान व वार्ड सदस्य ने रिसीव किए, जिसके चलते बुधवार को जारी आदेशानुसार उन पर भी गाज गिरी। सीमेंट व सरकारी धन के दुरूपयोग के अलावा जिला पंचायत अधिकारी सिरमौर द्वारा महिला प्रधान के पति के सरकारी काम में हस्तक्षेप के आरोप भी सही पाए गए, जिसके बाद पंचायती राज अधिनियम की धारा 145 व संबधित नियमानुसार उक्त कार्यवाही हुई। 
खंड विकास अधिकारी संगड़ाह विनित कुमार ने कहा कि जिला पंचायत अधिकारी द्वारा जारी आदेशों की प्रति आगामी कार्यवाही के लिए कोटी-धीमान पंचायत को भेजी जा चुकी है। पंचायत सचिव सुनील कुमार ने बताया कि गुरुवार को मिले उक्त आदेश उपप्रधान व वार्ड मेंबर से रिसीव करवाए जा चुके हैं।


(हिमाचल)

1- दूसरे भाई गिरिपार को भी मिलना चाहिए हाटी जनजातीय दर्जा, करेंगे प्रयास: मुख्यमंत्री 

हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने शिलाई विधानसभा क्षेत्र के कफोटा में जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि जब नदी पार के एक भाई जोंसार बाबर को जनजातीय दर्जा मिल सकता है तो नदी आर के दूसरे भाई गिरिपार को भी हाटी जनजातीय दर्जा मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि क्योंकि दोनो क्षेत्र में अनैको समानताएं ऐसी है जो जनजातीय दर्जा के लिए चाहिए। इसलिए उन्होंने हिमाचल से हाटी के तीन लाख लोगों की मांग को केंद्र सरकार को भेजा और अब सांसद सुरेश कश्यप सहित वह स्वयं भी केंद्र से इस मांग को पूरा करवाने के प्रयास में हैं। बीते दिनों वह दिल्ली गये थे। उस

समय भी सिरमौर जिले के ट्रांसगिरि क्षेत्र को जनजातीय क्षेत्र घोषित करने का मामला राज्य सरकार ने प्रभावी ढंग से केंद्रीय गृह मंत्री के समक्ष व्यक्तिगत रूप से उठाया है। उन्होंने कहा कि वह हाटी समुदाय के प्रतिनिधिमंडल के साथ पुनः केंद्रीय गृह मंत्री से मिलेंगे, ताकि क्षेत्र को जनजातीय क्षेत्र का दर्जा मिल सके।
इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने कहा कि शिलाई और सराज क्षेत्र में न केवल भौगोलिक रूप से समानता है, बल्कि यह क्षेत्र समान परम्परा, संस्कृति और विकास सम्बन्धी आवश्यकताओं को भी साझा करते हैं। उन्होंने कहा कि इस कार्यकाल के दौरान प्रदेश सरकार ने क्षेत्र की सभी विकासात्मक आवश्यकताओं की पूर्ति सुनिश्चित की है। उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी

के कारण वर्तमान सरकार के दो वर्ष प्रभावित हुए हैं, इसके बावजूद राज्य का निर्बाध विकास सुनिश्चित किया है। जय राम ठाकुर ने कहा कि देश को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रूप में मजबूत नेतृत्व प्राप्त हुआ है और अब देश एक वैश्विक शक्ति के रूप में उभरा है तथा दुनिया भारत की ताकत से अवगत हुई है। उन्होंने राज्य के लोगों से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का सहयोग करने का आग्रह किया ताकि भारत आगामी वर्षों में विश्व गुरु के रूप में उभर सके। 

2- जन कल्याण की एक योजना नहीं बता पाई कांग्रेस: जयराम 

जय राम ठाकुर ने कहा कि देश के चार राज्यों में हाल ही में हुए चुनावों के बाद प्रदेश में कांग्रेस नेतृत्व की स्थिति दयनीय है। भाजपा ने इन सभी राज्यों में भारी जनादेश से जीत हासिल की है और प्रदेश के लोगों ने हिमाचल में भी भाजपा सरकार को पुनः सत्ता में लाने का मन बना लिया है। शिलाई विधानसभा क्षेत्र के कफोटा में जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेताओं के पास राज्य सरकार के विरूद्ध कोई मुद्दा नहीं है और वे आपस में लड़ने और पार्टी में ही अपना वर्चस्व साबित करने में व्यस्त हैं। 
मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने अपने पिछले कार्यकाल के दौरान

प्रदेश के विकास और लोगों के कल्याण के लिए कुछ नहीं किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार ने जनकल्याण के लिए एक भी योजना आरम्भ नहीं की, जबकि वर्तमान राज्य सरकार ने गरीबों और पिछड़े वर्गों के कल्याण के लिए कई योजनाएं शुरू की हैं। उन्होंने कहा कि इस वर्ष जरूरतमंद लोगों के लिए सामाजिक सुरक्षा पेंशन पर 1300 करोड़ रुपये व्यय किए गए, जबकि कांग्रेस कार्यकाल के दौरान केवल 400 करोड़ रुपये व्यय किए गए थे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री गृहिणी सुविधा योजना, मुख्यमंत्री हिमकेयर, मुख्यमंत्री सहारा योजना, मुख्यमंत्री स्वावलम्बन योजना और मुख्यमंत्री शगुन योजना जैसी अनेक योजनाएं प्रदेश के लोगों के लिए वरदान साबित हो रही हैं।

3- AAP पर्यटक की तरह, भाजपा से है कांग्रेस का मुकाबला: शुक्ला

अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव एवं प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी राजीव शुक्ला ने कहा है कि हिमाचल प्रदेश में आम आदमी पार्टी का कोई जनाधार नहीं है। वह केवल एक पर्यटक की तरह यहां आई है। विधानसभा चुनाव में केवल कांग्रेस और भाजपा के बीच मुकाबला होगा। गुरूवार को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन शिमला में मीडिया से बातचीत करते

हुए शुक्ला ने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस से मुख्यमंत्री का चेहरा और संगठन की सरदारी हाईकमान तय करेगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश की सत्ता में आते ही कांग्रेस कर्मचारियों की पुरानी पेंशन को बहाल करेगी। आउटसोर्स कर्मियों को नियमित किया जाएगा। सरकारी विभागों, बोर्डों और निगमों में आउटसोर्स आधार पर भर्तियों की प्रथा को समाप्त किया जाएगा। जितने भी कर्मचारी आउटसोर्स आधार पर लगे हैं, उन्हें नियमित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री दिवंगत वीरभद्र सिंह का निजी आवास हॉलीलॉज कांग्रेस का प्रदेश में ऐसेट है। 

4- कांग्रेस जीरो, भाजपा को हराने का मंत्र है पता: AAP

आम आदमी पार्टी (आप) के नेता एवं दिल्ली सरकार के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ने कहा है कि हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस पूरी तरह से जीरो हो चुकी है जबकि भाजपा को हराने का मंत्र हम जानते हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश की सभी 68 विधानसभा सीटों पर आप चुनाव लड़ेगी और जीत हासिल करेगी। गुरुवार को धर्मशाला में मीडिया से बातचीत करते हुए जैन ने कहा कि हिमाचल में दो ही पार्टियां राज करती रही हैं। यहां के लोग किसी भी पार्टी को

जीताते नहीं हैं बल्कि एक से दुखी होकर दूसरी पार्टी को वोट देते हैं। अब प्रदेश में जनता के पास आप के रूप में तीसरा विकल्प होगा। उन्होंने कहा कि हाल ही में जब वह हिमाचल आए तो लगा था कि आप पांच से सात सीटें ही जीतेगी। लेकिन जैसे-जैसे लोग जुड़ रहे हैं, उससे लगता है कि आप सभी सीटों पर जीत हासिल करेगी। उन्होंने कहा कि समय आने पर हिमाचल में मुख्यमंत्री का चेहरा घोषित कर दिया जाएगा। इस अवसर पर कई लोगों ने आप का दामन भी थामा।

5- ग्रीष्मकालीन स्कूलों में शुक्रवार से चार दिन की छुट्टियां।

हिमाचल प्रदेश के ग्रीष्मकालीन स्कूलों में शुक्रवार से चार दिन की छुट्टियां रहेंगी। उच्च शिक्षा निदेशालय ने नया शैक्षणिक सत्र शुरू होने से पहले स्कूलों में एक से चार अप्रैल तक छुट्टियां घोषित की हैं। शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नई दिल्ली के तालकटोरा स्टेडियम में परीक्षा पर चर्चा कार्यक्रम से विद्यार्थियों को परीक्षाओं के दौरान तनाव से दूर रहने के टिप्स देंगे। ऐसे में उच्च शिक्षा निदेशालय ने ग्रीष्मकालीन स्कूलों में छुट्टियां घोषित करने के बावजूद छठी से बारहवीं कक्षा तक के विद्यार्थियों और शिक्षकों को इस कार्यक्रम का सीधा प्रसारण स्कूलों में देखने के लिए आना अनिवार्य किया है। कार्यक्रम देखने के बाद इन स्कूलों में विद्यार्थियों को छुट्टी दे दी जाएगी। कुल्लू और लाहौल-स्पीति जिला को छोड़कर प्रदेश के शेष ग्रीष्मकालीन स्कूलों में चार दिन की छुट्टियां घोषित की गई हैं। इसके अलावा शीतकालीन स्कूलों में भी कार्यक्रम का सीधा प्रसारण किया जाएगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ परीक्षा पर चर्चा कार्यक्रम दिखाने के लिए प्रोजेक्टर, टीवी, रेडियो सेट, इंटरनेट और अन्य उपकरण स्कूल प्रिंसिपलों को किराये पर लेने के लिए कहा गया है। उच्च शिक्षा निदेशक डॉ. अमरजीत कुमार शर्मा की ओर से सभी जिला उपनिदेशकों को इस बाबत पत्र जारी हुआ है।

6- मुख्यमंत्री ने नारी तू नारायणी कार्यक्रम में प्रतिभाशाली महिलाओं को किया सम्मानित।

प्रदेश के एक हिन्दी दैनिक समाचार पत्र द्वारा आज शिमला में आयोजित ‘नारी तू नारायणी’ कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने कहा कि समाज के समग्र विकास के लिए महिलाओं का सशक्तिकरण बहुत महत्वपूर्ण है, क्योंकि महिलाओं की सक्रिय भागीदारी के बिना सशक्त समाज की कल्पना नहीं की जा सकती। मुख्यमंत्री ने समाचार पत्र के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि प्रतिभाशाली महिलाओं को सम्मानित करना वास्तव में एक सराहनीय कार्य है और इससे प्रदेश की अन्य महिलाओं को भी प्रेरणा मिलेगी। उन्होंने कहा कि समाचार पत्र ने पत्रकारिता क्षेत्र के उच्च मानकों और नैतिकता को कायम रखने के साथ-साथ उन लोगों को भी प्रोत्साहित किया है, जो सामान्य कार्यों को असाधारण तरीके से करते हुए समाज को राह दिखा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार की सहारा योजना गम्भीर रूप से बीमार मरीजों के परिवारों के लिए वरदान साबित हुई है। उन्होंने कहा कि इस योजना को आरम्भ करने का मुख्य उद्देश्य ऐसे मरीजों व उनके परिवारों को आर्थिक सहायता प्रदान करना है। प्रदेश सरकार महिला सशक्तिकरण के लिए सदैव प्रतिबद्ध रही है। उन्होंने कहा कि महिलाओं के सशक्तिकरण और सामाजिक-आर्थिक गतिविधियों में उनकी सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए प्रदेश में कई योजनाएं शुरू की गई हैं। उन्होंने कहा कि महिला स्वयं सहायता समूह महिलाओं की आर्थिकी सुदृढ़ करने में सराहनीय कार्य कर रहे हैं। जय राम ठाकुर ने कहा कि मुख्यमंत्री स्वावलम्बन योजना के अन्तर्गत महिला उद्यमियों को उद्यम स्थापित कर स्वरोजगार की दिशा में आगे बढ़ने के लिए 35 प्रतिशत उपदान प्रदान किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि शगुन योजना के अन्तर्गत बीपीएल परिवारों की बेटियों को उनकी शादी के समय 31 हजार रुपये प्रदान किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि महिलाएं आज हर क्षेत्र में अपनी उपस्थिति दर्ज करवा रही है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि यह सभी प्रतिभाशाली महिलाएं अन्य महिलाओं को भी जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेंगी।
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर मीडिया समूह द्वारा प्रकाशित कॉफी टेबल बुक हिमाचल-द पावर हाउस का भी विमोचन किया। जय राम ठाकुर ने इस अवसर पर कांगड़ा की पवना देवी, शिमला की मेजर प्रिया झिंगन, मण्डी के सिराज की कीर्ति, हमीरपुर की निशा देवी, बिलासपुर की मुस्कान, धर्मशाला की सरोज, शिमला के सुन्नी की सुनीता शर्मा, भारतीय पुलिस सेवा की अंजुम आरा, कांगड़ा के फतेहपुर की रंजना देवी, शिमला के कोटखाई की निशा शर्मा, शिमला की बिमला, चम्बा केे भंजराडू की कृष्णा महाजन, मण्डी की सोमा पखरैल, हिमाचल प्रशासनिक सेवा की नीरज चांदला, शिमला के रौणी की शीला शर्मा, हमीरपुर की निधि डोगरा, कश्मीर की डॉ. शैली फोतेदार, सोलन के अर्की की रमा शर्मा, शिमला की सुविधा, किन्नौर की मीनाक्षी नेगी, मण्डी की निर्मला देवी, सिरमौर की रूपेंद्र कौर, नाहन की ज़ीनत खान, शिमला की राजवन्त कौर, शिमला के रोहडू की दिपाला चौहान, किन्नौर के डबलिंग की रीनू नेगी, कांगड़ा के देहरा की सन्तोष कुमारी, ऊना के हरोली की सविता रानी, कांगड़ा के जयसिंहपुर की नेहा वर्मा, हमीरपुर के दडूही की ऊषा, सुजानपुर की निशा कुमारी तथा सोलन की दिल कुमारी थापा को नारी तू नारायणी अवार्ड से सम्मानित किया। समाचार पत्र के मुख्य सम्पादक हेमन्त कुमार ने मुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए बताया कि दैनिक समाचार पत्र ने अपने प्रकाशन के शानदार 10 वर्ष पूर्ण कर लिए हैं। उन्होंने कहा कि समाचार पत्र ने निर्भिकता और निष्पक्षता से अपना कार्य करते हुए सामाजिक दायित्वों का भी निर्वहन किया है। उन्होंने कहा कि आज का कार्यक्रम महिला सशक्तिकरण में अग्रणी भूमिका निभा रही महिलाओं को समर्पित है।

7- तपने लगे पहाड़, 15 दिन पहले सेब की फ्लावरिंग।

हिमाचल प्रदेश के जनजातीय जिले किन्नौर में कुछ दिनों से गर्मी का प्रकोप जारी है। इससे तापमान में भी भारी बढ़ोतरी दर्ज हुई है। एक माह से बारिश नहीं होने से बागवानों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इससे पहाड़ भी तपने लगे हैं। बर्फ और ग्लेशियर भी तेजी से पिघलने लगे हैं। अचानक मौसम में बदलाव और तापमान में बढ़ोतरी होने से इस वर्ष मार्च के अंत में सेब की फ्लावरिंग हो चुकी है। यह फ्लावरिंग अप्रैल में होती थी। जिले के बागवानों का कहना है कि इस वर्ष अचानक तापमान बढ़ने से सेब की फ्लावरिंग 12 से 15 दिन पहले ही हो गई है। हालांकि, किन्नौर के प्रगतिशील बागवान गेवा शंकर नेगी ने इस वर्ष सेब की अच्छी फसल होने की उम्मीद जताई है। उन्होंने कहा कि किन्नौर में सेब की फ्लावरिंग काफी अच्छी चल रही है। मौसम भी सेब सेटिंग के अनुकूल है। उन्होंने कहा कि सेब सेटिंग में

बोरॉन दवाई का छिड़काव काफी अहम भूमिका निभाता है। बागवान चाहें तो बोरॉन की एक स्प्रे 20 प्रतिशत फ्लावरिंग में कर सकते हैं, जिससे सेब की सेटिंग और भी अच्छी हो सकती है। मौसम विज्ञान केंद्र की मानें तो अगले 1 हफ्ते तक मौसम साफ रहने की संभावना है। कृषि विज्ञान केंद्र किन्नौर और खाद्य विज्ञान प्रौद्योगिकी विभाग डॉ. यशवंत सिंह परमार उद्यानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय नौणी के वैज्ञानिक डॉ. अर्जुन नेगी के कहा कि इस वर्ष मौसम जल्दी खुलने से गर्मी जल्दी आ गई है। इस कारण सेब में जल्दी फ्लावरिंग हो गई है। ऐसे में सेब की मार्केटिंग भी जल्दी हो जाएगी। जिले के बागवानों को पहले से ही सेब की मार्केटिंग के लिए तैयार रहना होगा।

8- हिमाचल में आग की भेंट चढ़ी 150 झुग्गियां।

हिमाचल प्रदेश मे आगजनी का बड़ा मामला सामने आया है। हालांकि जानी नुकसान नहीं हुआ है लेकिन सैंकड़ों झुग्गियां राख हो गई है। जानकारी के मुताबिक राज्य के ऊना जिले के बाथू में प्रवासी मजदूरों की झुग्गियों में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और कई झुग्गियां आग की चपेट में आ गईं। मिली जानकारी के मुताबिक 150 से अधिक झुग्गियां जलकर राख हो गई हैं। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। आग पर काबू पा लिया गया। प्रशासन की ओर से आग से हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है। लोगों ने अपने स्तर पर पानी डालकर आग पर काबू पाने का प्रयास किया। एसडीएम हरोली विकास शर्मा ने आग लगने की पुष्टि की है। एसडीएम खुद भी मौके पर पहुंचे। फिलहाल किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। प्रभावितों की प्रशासन की ओर से हर संभव मदद की जाएगी। 

शाम पांच बजे तक का कोविड मीडिया बुलेटिन-

सूचना एवं जन संपर्क विभाग हिमाचल प्रदेश बुलेटिन-