Paonta Sahib: बैग-फ्री डे पर हिल व्यू पब्लिक स्कूल में दिखी रचनात्मकता और उत्साह की झलक ddnewsportal.com
Paonta Sahib: बैग-फ्री डे पर हिल व्यू पब्लिक स्कूल में दिखी रचनात्मकता और उत्साह की झलक
हिल व्यू पब्लिक स्कूल में “बैग-फ्री डे” का उत्साहपूर्ण आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों के लिए विभिन्न रचनात्मक एवं ज्ञानवर्धक गतिविधियों का आयोजन किया गया, जिनमें पोस्टर मेकिंग, स्लोगन राइटिंग, नृत्य, संगीत, सोलो डांस और सोलो संगीत प्रमुख रहे।

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण क्विज प्रतियोगिता रही, जिसमें जूनियर और सीनियर स्तर पर कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिली। जूनियर वर्ग में छह टीमों के बीच हुए मुकाबले में टीम ‘बी’ विजेता रही, जिसके प्रतिभागी सना और असद थे। वहीं सीनियर वर्ग में जिया और हिमानी ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए बाजी अपने नाम की। प्रतियोगिता बेहद रोमांचक और कांटे की रही।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों के अंतर्गत कक्षा दसवीं की छात्रा जिया ने भगवान कृष्ण का मधुर भजन तथा नृत्य प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। कक्षा आठवीं की छात्राओं अवनी द्वारा हिमाचली नाटी और प्रियांजल द्वारा आकर्षक नृत्य प्रस्तुत किया, जबकि दसवीं की छात्रा श्रेया ने जोशीला भंगड़ा पेश कर वातावरण को उत्साह से भर दिया। वहीं भव्या ने अपने मनमोहक नृत्य से दर्शकों का दिल जीत लिया।
इस सफल आयोजन का श्रेय विद्यालय की निदेशिका पूनम गोयल एवं शैक्षणिक निदेशक अजय शर्मा जी को जाता है, जिन्होंने इस कार्यक्रम को सफलतापूर्वक आयोजित करवाया तथा प्रत्येक माह के अंतिम शनिवार को “बैग-फ्री डे” आयोजित करने की अनुमति प्रदान की।

विद्यालय की प्रधानाचार्या आशू शर्मा ने इस अवसर पर निदेशिका एवं शैक्षणिक निदेशक का आभार व्यक्त किया। साथ ही उन्होंने सभी अध्यापिकाओं के सहयोग के लिए धन्यवाद दिया और विद्यार्थियों को अनुशासन बनाए रखने हेतु बधाई दी। पूरे विद्यालय परिवार की ओर से इस आयोजन को सफल बनाने के लिए सभी का आभार व्यक्त किया गया।
समग्र रूप से यह “बैग-फ्री डे” विद्यार्थियों के लिए एक यादगार और प्रेरणादायक अनुभव रहा, जिसने उनकी प्रतिभाओं को निखारने और आत्मविश्वास को बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।