CM Sukhu News: भाजपा ने दिया है 14 दिन का वनवास, उसके बाद अयोध्या जाकर करेंगे श्रीराम मंदिर के दर्शन ddnewsportal.com

CM Sukhu News: भाजपा ने दिया है 14 दिन का वनवास, उसके बाद अयोध्या जाकर करेंगे श्रीराम मंदिर के दर्शन ddnewsportal.com

CM Sukhu News: भाजपा ने दिया है 14 दिन का वनवास, उसके बाद अयोध्या जाकर करेंगे श्रीराम मंदिर के दर्शन

हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने अयोध्या श्रीराम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा को लेकर बयान दिया है। सीएम सुक्खू ने कहा कि भाजपा ने अभी हमें 14 दिन का वनवास दिया है, उसके बाद समय मिलने पर अयोध्या में भगवान श्रीराम मंदिर के दर्शनों के लिए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने यह बात राहुल गांधी की न्याय यात्रा में भाग लेने के लिए मणिपुर रवाना होने से पहले नई दिल्ली में पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत में कही। उन्होंने कहा कि हम भाजपा के बैनर तले वहां नहीं जाएंगे और चुनाव के समय ऐसी राजनीति करना ठीक नहीं है। इसके अलावा श्रीराम मंदिर जाने के लिए किसी निमंत्रण की जरूरत नहीं है। खुद उनके दिन की शुरूआत सुबह मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम की पूजा से होती है और शाम को भी धूप जलाते हैं। उनके घर में भी भगवान श्रीराम की मूर्ति है और उनके दिखाए आदर्शों पर चलना हम सबका दायित्व है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने सत्ता में रहते हुए टीवी पर सबसे पहले रामायण का प्रसारण करवाने की व्यवस्था की थी। यह ऐसा समय था, जब गांव में एक या 2 लोगों के घर में टीवी होता था। पूरे गांव के लोग उस समय एक साथ बैठकर इसका प्रसारण देखते थे।


सुक्खू ने साथ ही आरोप लगाया कि भाजपा प्राण प्रतिष्ठा समारोह को लेकर कांग्रेस नेताओं की तरफ से दिए जा रहे बयानों को तोड़-मरोड़ कर पेश कर रही है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार को आम आदमी के हितों की तरफ ध्यान देना चाहिए और इसकी तरफ ध्यान दिलाने के लिए राहुल गांधी भारत जोड़ो यात्रा के बाद भारत जोड़ो न्याय यात्रा निकाल रहे हैं। मणिपुर से शुरू होने वाली यह न्याय यात्रा करीब 3 हजार किलोमीटर तक चलेगी, जिसमें वह शामिल होने जा रहे हैं। इस यात्रा का उद्देश्य समाज के वंचित वर्ग को न्याय दिलाना है। कांग्रेस इसी तरह उन बेरोजगारों को भी न्याय दिलाना चाहती है जो रोजगार देना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि देश की जनता इस समय महंगाई का दंश झेल रही है, जिससे निजात दिलाने की आवश्यकता है।