HP Employees News: हिमाचल दिवस पर भी डीए व पे एरियर की घोषणा न होने पर कर्मचारी महासंघ में रोष, कोर्ट जाने का निर्णय ddnewsportal.com
HP Employees News: हिमाचल दिवस पर भी डीए व पे एरियर की घोषणा न होने पर कर्मचारी महासंघ में रोष, कोर्ट जाने का निर्णय
हिमाचल प्रदेश राज्य कर्मचारी महासंघ ने 15 अप्रैल हिमाचल दिवस पर सरकार द्वारा महंगाई भत्ता (DA) तथा लंबित पे एरियर की घोषणा न होने पर गहरा रोष व्यक्त किया है। महासंघ के प्रदेशाध्यक्ष नरेश ठाकुर ने कहा कि सरकार द्वारा बार-बार आश्वासन दिए जाने के बावजूद आज तक कर्मचारियों को उनका वैध हक नहीं मिला है, जिससे कर्मचारियों में भारी असंतोष व्याप्त है।

उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा डीए में बढ़ोतरी के बाद भी प्रदेश के कर्मचारियों को इसका लाभ समय पर नहीं दिया जा रहा है, जो कि कर्मचारियों के साथ अन्याय है। इसके अतिरिक्त, लंबित पे एरियर का भुगतान भी अब तक नहीं किया गया है, जिससे कर्मचारियों को आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
महासंघ ने स्पष्ट किया है कि यदि सरकार शीघ्र ही डीए और पे एरियर की घोषणा नहीं करती है, तो महासंघ मजबूर होकर न्यायालय का दरवाजा खटखटाएगा। इस संबंध में विधिक सलाह ली जा रही है और शीघ्र ही कोर्ट में याचिका दायर की जाएगी।

प्रदेशाध्यक्ष नरेश ठाकुर ने सरकार से अपील की है कि कर्मचारियों की भावनाओं का सम्मान करते हुए तुरंत डीए व पे एरियर जारी किया जाए, अन्यथा महासंघ व्यापक आंदोलन शुरू करने के लिए बाध्य होगा, जिसकी पूर्ण जिम्मेदारी सरकार की होगी।