Paonta Sahib: जिलाधीश भेजें मेले, पर्व और धार्मिक यात्राओं का कैलेंडर ताकि दें सकें अतिरिक्त बस सेवा: डाॅ जिंदल ddnewsportal.com
Paonta Sahib: जिलाधीश भेजें मेले, पर्व और धार्मिक यात्राओं का कैलेंडर ताकि दें सकें अतिरिक्त बस सेवा: डाॅ जिंदल
किसी भी जिले में धार्मिक यात्रा, मेले या पर्व के दौरान यात्रियों की आवाजाही बढ़ने की सूचना संबधित जिलाधीश, हिमाचल पथ परिवहन निगम को दें ताकि इस दौरान अतिरिक्त बस सेवा प्रदान की जा सकें। यह बात निगम के प्रबंध निदेशक डाॅ निपुण जिंदल ने पाँवटा साहिब बस अड्डे के निरीक्षण के दौरान मीडिया के पूछे गए सवाल के जवाब में कही।

डाॅ जिंदल ने यह पूछे जाने पर कि चूड़धार के लिए दो महीने के लिए विशेष बसें चलाई जा सकती है, इस पर उन्होंने कहा कि जिलाधीश यदि उन्हें इस संबंध में प्रस्ताव भेजते हैं तो विशेष मौके पर विशेष बसें चलाई जा सकती है। इसकी सूचना समय पर निगम को भेजी जाएं।
बता दें कि चूड़धार धार्मिक यात्रा हो या गिरिपार क्षेत्र का प्रसिद्ध पारंपरिक माघी पर्व, इस समय क्षेत्र में लोगों की आवा-जाही अत्यधिक बढ़ जाती है। निजी बसों में छत पर भी सवारियाँ बैठती है। ऐसे में यदि हादसा हो जाए तो भारी जान-माल के नुकसान की संभावना बन जाती है। गत वर्ष माघी पर्व के दौरान हरिपुरधार क्षेत्र में ऐसा एक हादसा हो चुका है जिसमें कईं जानें गई। लेकिन आज तक न तो चूड़धार यात्रा के लिए और न ही माघी पर्व के लिए निगम की अतिरिक्त बस सेवा नहीं लग पाई। अब तो क्षेत्र के लोग पूछने लगे हैं कि क्या जिले से इस तरह का कोई प्रस्ताव प्रशासन की तरफ से नहीं जाता?

प्रबंध निदेशक डॉक्टर निपुण जिंदल ने पांवटा साहिब बस अड्डे का निरीक्षण किया। वह बस अड्डे पर पहुंचे और बस अड्डे परिसर सहित पुराने भवन और अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान डॉक्टर जिंदल ने कर्मचारियों की समस्याओं को भी सुना और उन्हें दूर करने का आश्वासन दिया। इसके साथ ही कर्मचारियों ने उन्हें पाँवटा साहिब में डिजिटल बुकिंग सहित अतिरिक्त बसें और वर्कशॉप शुरू करने का की भी मांग की। इस मौके पर डॉक्टर जिंदल ने कहा कि जल्द ही जिला सिरमौर सहित पाँवटा साहिब को इलेक्ट्रिक बसें मुहैया करवाई जाएगी जो नाहन से पांवटा साहिब और कालाअंब के लिए चलेगी। इसके साथ ही स्टाफ की कमी और सफाई व्यवस्था भी दुरुस्त करने का डॉक्टर जिंदल ने आश्वासन दिया। इस दौरान अड्डा प्रभारी सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।