हिमाचल: यहाँ काट डाले अढ़ाई लाख रूपए के देवदार ddnewsportal.com

हिमाचल: यहाँ काट डाले अढ़ाई लाख रूपए के देवदार ddnewsportal.com

हिमाचल: यहाँ काट डाले अढ़ाई लाख रूपए के देवदार

सिरमौर के साथ सटे इस इलाके में वनकाटुओं ने दिया अवैध कटान को अंजाम... 

हिमाचल प्रदेश में देवदार के हरे पेड़ों पर वनकाटुओं की आरी चली है। मामला राजधानी शिमला जिले का है। पुलिस थाना जुब्बल के अंतर्गत सनाभा के जंगल में वन विभाग व पुलिस की संयुक्त टीम ने अवैध रूप से देवदार के पेड़ कटाते हुए 3 लोगाें को पकड़ा है। काटी गई लकड़ी की कीमत 2,41,346 रुपए बताई गई है। पुलिस के मुताबिक वनरक्षक दिग्विजय सिंह जब फोरैस्ट चैक पोस्ट सनाभा में मौजूद थे तो रात्रि करीब 12.30 बजे उन्हें साथ लगते जंगल में कुछ शोर सुनाई दिया। वनरक्षक दिग्विजय सिंह को शक हुआ कि कोई व्यक्ति जंगल में अवैध तौर से पेड़ काट रहा है। उसने इसकी सूचना वन विभाग के बीओ छोटू लाल तथा पुलिस को दी।

इसके पश्चात वन विभाग व पुलिस की टीम मौके पर पहुंची, जहां देवदार के पेड़ों के 12 लट्ठों (गेलियां) के साथ एक जेसीबी मशीन तथा एक टिप्पर के साथ आरोपी ओम प्रकाश (24) पुत्र काशीराम, कृष्ण (26) पुत्र शेटू राम तथा खगेंद्र (25) पुत्र नर बहादुर मौके पर मौजूद थे। पुलिस के अनुसार ये लोग रोहड़ू निवासी अनिल चौहान के पास काम करते हैं। डीएसपी रोहड़ू चमन लाल ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आईपीसी की धारा 379 और 32, 33, 41, 42 फोरैस्ट एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।