दिल्ली: गड़करी से सीएम सुक्खू की मुलाकात....... ddnewsportal.com

दिल्ली: गड़करी से सीएम सुक्खू की मुलाकात.......  ddnewsportal.com

दिल्ली: गड़करी से सीएम सुक्खू की मुलाकात.......

हिमाचलियों के लिए तीसरा विकल्प

सूचना एवं जनसंपर्क विभाग हिमाचल प्रदेश बुलेटिन 08 फरवरी 2023

1- मुख्यमंत्री ने केन्द्रीय मंत्री नितिन गडकरी से की भेंट।

हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने आज नई दिल्ली में केन्द्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से भेंट की और प्रदेश से संबंधित विभिन्न मामलों विशेषकर भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण द्वारा कार्यान्वित की जा रही फोरलेन परियोजनाओं और अन्य राष्ट्रीय राजमार्गों के बारे में विस्तार से चर्चा की गई।

 मुख्यमंत्री ने केन्द्रीय मंत्री से आग्रह किया कि प्रदेश की फोरलेन परियोजनाओं विशेषकर कीरतपुर-मनाली, परवाणू-शिमला, चक्की-मटौर-शिमला, मण्डी-पठानकोट, नालागढ़-स्वारघाट, मुबारकपुर-अम्ब-नादौन और पावंटा साहिब-कालाअम्ब राजमार्ग के निर्माण कार्यों को गति प्रदान की जाए ताकि इनका कार्य समयबद्ध पूर्ण हो सके। उन्होंने टू-लेन हाईवे को फोरलेन में स्तरोन्नत करने और राष्ट्रीय राजमार्गों में टनल निर्मित करने के संबंध में भी चर्चा की। मुख्यमंत्री ने प्रदेश में सुचारू यातायात तथा यात्रियों की सुविधा के लिए फ्लाईओवर निर्माण तथा पर्वतमाला परियोजना के अन्तर्गत प्रदेश में प्रस्तावित रोपवे के निर्माण का भी आग्रह किया। 
मुख्यमंत्री ने राज्य में आगामी पर्यटन सीजन के दृष्टिगत राष्ट्रीय राजमार्गों के मुरम्मत कार्य के लिए धनराशि जारी करने का भी आग्रह किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में अधिकतर पर्यटक सड़क मार्गों से आते हैं और इसे ध्यान में रखते हुए सड़क मार्गों को और सुदृढ़ करने की आवश्यकता है। इसके अतिरिक्त प्रदेश में कार्यान्वित की जा रहीं केंद्र की ओर से वित्तपोषित परियोजनाओं के संबंध में भी विस्तार से चर्चा की गई। उन्होंने अन्तरराज्यीय संपर्क सुविधा के उन्नयन पर भी बल दिया और केन्द्रीय मंत्री ने इस पर अपनी सैद्धान्तिक सहमति प्रदान की। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के संबंध में उठाए गए विभिन्न मामलों पर केंद्रीय मंत्री द्वारा हरसंभव सहायता और सहयोग के लिए आश्वासन प्रदान किया गया है। मुख्यमंत्री ने केंद्रीय मंत्री से पहाड़ी राज्य के प्रति उदारतापूर्ण रवैये के लिए आभार व्यक्त किया और उन्हें हिमाचल आने के लिए आमंत्रित किया। इस मौके पर लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह, मुख्य संसदीय सचिव सुंदर सिंह ठाकुर, संजय अवस्थी, प्रदेश पर्यटन विकास बोर्ड के उपाध्यक्ष आरएस बाली तथा विधायक केवल सिंह पठानिया भी मुख्यमंत्री के साथ मौजूद रहे। 

2- मुख्यमंत्री ने दिल्ली में हिमाचल निकेतन का किया शिलान्यास। 

हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने आज दिल्ली के द्वारिका क्षेत्र में 57.72 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित होने वाले पांच मंजिला हिमाचल निकेतन का शिलान्यास किया। इस भवन के निर्माण से दिल्ली जाने वाले हिमाचल के विद्यार्थियों और अन्य लोगों को ठहरने की सुविधाएं उपलब्ध होगी। इस भवन में दो वीआईपी कमरे, विद्यार्थियों के लिए सभी सुविधाओं से सुसज्जित 36 तथा 40 सामान्य कमरों की सुविधा होगी। इसके अतिरिक्त स्टॉफ के लिए तीन कमरों की सराय (डोरमैट्रिज) की सुविधा होगी। इस भवन के बेसमेंट में 53 वाहनों और 87 दोपहिया वाहनों के लिए पार्किंग की सुविधा भी होगी। इस भवन में कुल 81 कमरे होंगे। इस अवसर पर हिमाचल वासियों को सम्बोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि हिमाचल भवन और हिमाचल सदन के अतिरिक्त अब इस भवन के निर्माण से दिल्ली में आयोजित होने वाली प्रतियोगी परीक्षाओं में भाग लेने वाले हिमाचली विद्यार्थियों को ठहरने की सुविधा प्राप्त होगी। हिमाचल निकेतन विद्यार्थियों को पढ़ने तथा रहने की आरामदायक सुविधा प्रदान करेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान में एम्स में चिकित्सा सुविधा के साथ विभिन्न उद्देश्यों के लिए नई दिल्ली जाने वाले प्रदेशवासियों को हिमाचल भवन तथा हिमाचल सदन में रहने की सुविधा उपलब्ध होती है। हिमाचल निकेतन से अब राष्ट्रीय राजधानी में हिमाचलियों को रहने का तीसरा विकल्प उपलब्ध होगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हिमाचलवासी प्रतिवर्ष विशेष तौर से सर्दियों में पर्यटन की दृष्टि से देश के अन्य राज्यों की ओर रुख करते हैं। नई दिल्ली में ठहराव के दौरान उनको भी हिमाचल निकेतन में रहने का एक अन्य विकल्प उपलब्ध होगा। उन्होंने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को गुणवत्तापूर्ण निर्माण कार्य सुनिश्चित करने के साथ वर्ष 2025 तक इस परियोजना को पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नियमित अंतराल में लोक निर्माण विभाग के मंत्री निर्माणाधीन भवन की समीक्षा भी करेंगे ताकि भवन का समयबद्ध निर्माण सुनिश्चित किया जा सके। इससे पहले, लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने मुख्यमंत्री का स्वागत कर सम्मानित किया और परियोजना का विवरण देते हुए भवन का समयबद्ध निर्माण सुनिश्चित करने के लिए आश्वस्त किया। इस अवसर पर नई दिल्ली में रह रहे हिमाचलियों के विभिन्न संघों ने मुख्यमंत्री को सम्मानित भी किया। इनमें हिमाचल सोशल बॉडी फेडरेशन, केजीबीसी संस्थान, अखिल भारतीय हिमाचल संयुक्त मोर्चा और शौर्य हिमाचल शामिल थे।
हिमाचल प्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष, आर.एस. बाली, मुख्य संसदीय सचिव संजय अवस्थी व सुंदर सिंह ठाकुर, मुख्यमंत्री के प्रधान सलाहकार (मीडिया) नरेश चौहान, विधायक केवल सिंह पठानिया, मुख्यमंत्री के ओएसडी कुलदीप सिंह बांशटू, महाधिवक्ता अनूप रतन, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव भरत खेड़ा तथा आवासीय आयुक्त मीरा मोहंती भी इस अवसर पर उपस्थित रही। 

सूचना एवं जनसंपर्क विभाग हिमाचल प्रदेश बुलेटिन (हिमाचल समाचार)