Paonta Sahib: हीलिंग पृथ्वी ने मनाया पहला स्थापना दिवस ddnewsportal.com
Paonta Sahib: हीलिंग पृथ्वी ने मनाया पहला स्थापना दिवस, बाल पार्क को पर्यावरण संरक्षण एवं सामुदायिक सहभागिता के लिए अपनाया
पर्यावरण संरक्षण के लिए कार्य कर रही हीलिंग पृथ्वी संस्था ने अपना प्रथम स्थापना दिवस मनाया। इस मौके पर संस्था ने पांवटा साहिब स्थित बाल पार्क को पर्यावरण संरक्षण, जैव-विविधता संवर्धन एवं सामुदायिक सहभागिता के उद्देश्य से अपनाने की पहल की। यह पहल नगर परिषद, पांवटा साहिब के सहयोग से प्रारंभ की गई है।

इस पहल का उद्देश्य बाल पार्क को आने वाले समय में केवल बच्चों के खेलने के स्थान तक सीमित न रखते हुए एक ऐसे स्वच्छ, हरित, जैव-विविध एवं पर्यावरणीय सीख के स्थान के रूप में विकसित करना है, जहाँ बच्चे और समुदाय प्रकृति से जुड़ सकें, उसे समझ सकें और उसके संरक्षण में अपनी भूमिका निभा सकें।
Healing Prithvi की सचिव स्मृति वर्मा ने बताया कि संस्था द्वारा पार्क में चरणबद्ध रूप से पौधों एवं वृक्षों की देखभाल, Pollinator Garden, जल एवं जलीय जैव-विविधता संवर्धन, अपशिष्ट से संसाधन की अवधारणा, पर्यावरणीय IEC गतिविधियों तथा सामुदायिक जागरूकता कार्यक्रमों को बढ़ावा देने की योजना है। भविष्य में पार्क को पर्यावरणीय शिक्षा, प्रकृति-आधारित गतिविधियों, नुक्कड़ नाटकों एवं सामुदायिक कार्यक्रमों के लिए भी उपयोगी स्थान के रूप में विकसित करने की संभावनाएं तलाश की जाएंगी।

इस पहल का मूल विचार है कि सार्वजनिक स्थान केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समुदाय की भी साझा जिम्मेदारी हैं। Healing Prithvi इस पहल को कम लागत, सामुदायिक सहभागिता, स्थानीय एवं पुनर्चक्रित संसाधनों और सतत पर्यावरणीय दृष्टिकोण के साथ आगे बढ़ाएगी।
इस अवसर पर Healing Prithvi ने सभी नागरिकों, बच्चों, युवाओं एवं स्थानीय समुदाय से बाल पार्क को अपना समझने और इसकी स्वच्छता, हरियाली एवं प्राकृतिक जीवन की रक्षा में सहभागी बनने का आह्वान किया।