Paonta Sahib: हिल व्यू पब्लिक स्कूल में टीवी मुक्त भारत एवं एंटी टोबैको डे पर रचनात्मक आयोजन ddnewsportal.com
Paonta Sahib: हिल व्यू पब्लिक स्कूल में टीवी मुक्त भारत एवं एंटी टोबैको डे पर रचनात्मक आयोजन
बैग फ्री डे पर विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा, बच्चों में उत्साह का रहा माहौल

हिल व्यू पब्लिक स्कूल माजरा में उत्साह और उमंग के साथ “बैग फ्री डे” मनाया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों के लिए विभिन्न रचनात्मक एवं ज्ञानवर्धक गतिविधियों का आयोजन किया गया। विद्यालय प्रशासन का मानना है कि शिक्षा केवल पुस्तकों और परीक्षाओं तक सीमित नहीं होती, बल्कि वास्तविक सीख रचनात्मकता, टीमवर्क, संवाद, खेलकूद, कला, संगीत तथा विभिन्न सहभागितापूर्ण गतिविधियों के माध्यम से प्राप्त होती है। खेलकूद में चैस, कैरम,लूडो, रस्सी कूदना जैसे पारंपरिक खेल छात्रों के मनोरंजन का मुख्य केंद्र बने।
बैग फ्री डे विद्यार्थियों को मानसिक ताजगी प्रदान करने, उनकी छिपी प्रतिभाओं को पहचानने तथा आनंद के साथ सीखने का अवसर देता है। आज आयोजित गतिविधियों का उद्देश्य विद्यार्थियों के सीखने की प्रक्रिया को अधिक रोचक, सहभागितापूर्ण और तनावमुक्त बनाना था।

इसी क्रम में विद्यालय में “टीवी मुक्त भारत” एवं “एंटी टोबैको डे” के तहत पोस्टर मेकिंग, निबंध लेखन तथा क्विज़ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। जूनियर वर्ग की क्विज़ प्रतियोगिता में टीम जीके हर्षित धीमान कक्षा पांचवीं एवं अरहम अली कक्षा चौथी के छात्र ने प्रथम स्थान , टीम ए की अलीना कक्षा पांचवी की छात्रा तथा अनुषा कक्षा तीसरी की छात्रा ने द्वितीय स्थान और टीम के विराज कक्षा पांचवी के छात्र श्रुति कक्षा तीसरी की छात्रा ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। प्रतियोगिता बेहद रोमांचक रही और विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह के साथ भाग लेकर खूब आनंद उठाया।
वहीं सीनियर वर्ग में टीम डी के कक्षा छठी के छात्र रस तथा सातवीं की छात्रा प्रियांशी ने प्रथम स्थान, टीम ए के मयंक कक्षा आठवीं के छात्र तथा वैदिक कक्षा छठी के छात्र ने द्वितीय स्थान हासिल किया, जबकि टीम जी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया, जिसमें अवनी कक्षा आठवीं एवं दिव्यांशी कश्यप कक्षा छठी की प्रतिभागी रहे।
इसके अतिरिक्त कक्षा तीसरी, चौथी तथा पाँचवीं की छात्राओं द्वारा भारत के विभिन्न राज्यों की संस्कृति को दर्शाते हुए आकर्षक एकल एवं ग्रुप प्रस्तुतियाँ दी गईं। रंग-बिरंगी वेशभूषा में हिंदी, पंजाबी, हरियाणवी तथा राजस्थानी गीतों पर मनमोहक नृत्य प्रस्तुतियों ने सबका मन मोह लिया। विद्यार्थियों की शानदार प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में सांस्कृतिक विविधता की सुंदर झलक प्रस्तुत की।

विद्यालय की निदेशक पूनम गोयल तथा शैक्षणिक निदेशक अजय शर्मा ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए विद्यार्थियों को भविष्य में भी इसी प्रकार बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया। विद्यालय के प्रधानाचार्या आशू शर्मा ने भी विद्यार्थियों एवं अध्यापिकाओं को सफल आयोजन के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं तथा भविष्य में भी विद्यालय में ऐसे रचनात्मक आयोजनों को निरंतर आयोजित किया जाता रहेगा।