Himachal Monsoon News: यहाँ माता के दर्शन को गये सैंकडों पर्यटक फंसे- ddnewsportal.com

Himachal Monsoon News: यहाँ माता के दर्शन को गये सैंकडों पर्यटक फंसे- ddnewsportal.com

Himachal Monsoon News: यहाँ माता के दर्शन को गये सैंकडों पर्यटक फंसे

ठंड से बेहाल टूरिस्ट्स की स्थानीय लोगों ने इस तरह से की मदद...

हिमाचल प्रदेश में प्री-माॅनसून की बारिश ने संकेत दे दिये है कि बरसात का मौसम प्रदेश पर भारी पड़ने वाला है। शुरूआती दौर में ही भारी तबाही और पर्यटकों के जहां तहां फंसने से बने आलम ने सरकार की व्यवस्था की पोल खोल दी है। 
बीते रविवार को भारी बारिश के चलते चैलचौक शिकारी देवी वाया देवीदहड़ सड़क बंद हो गई। इसके चलते माता शिकारी देवी के दर्शनों के लिए गए करीब दो सौ लोग शनिवार रात से सड़क पर फंसे रहे। पर्यटकों के फंसने की सूचना मिलते ही जहल और देवीदहड़ के लोगों ने कड़ी मशक्कत से पर्यटकों को रविवार सुबह 5 बजे से 11 बजे तक रेस्क्यू किया। लोगों ने ठंड से जूझ रहे पर्यटकों को अलाव जलाकर राहत दी। स्थानीय लोगों ने विधायक विनोद कुमार से भी मदद मांगी।


उन्होंने लोक निर्माण विभाग गोहर के अधिशासी अभियंता चमन ठाकुर को शीघ्र सड़क मार्ग बहाल करने के आदेश दिए। विभाग ने सड़क बहाली के लिए जेसीबी भेजी। इसके बाद रविवार दोपहर करीब 12 बजे यातायात बहाल हुआ। इसके बाद पर्यटकों और श्रद्धालुओं के वाहनों को निकाला गया। स्थानीय निवासियों ने बताया कि पीडब्ल्यूडी के सहयोग से फंसे लोगों को सुरक्षित निकाला गया। अधिशासी अभियंता चमन ठाकुर ने बताया कि देवीदहड़ शिकारी देवी मार्ग को बहाल कर दिया है। उपायुक्त अरिंदम चौधरी ने बाहर से आने वाले और पर्यटकों से फिर आगाह किया है कि प्रशासन के सूचना बोर्ड को देखकर ही कोई कदम उठाएं। तहसीलदार और कार्यकारी एसडीएम गोहर मित्र देव ने कहा कि पर्यटकों को शिकारी देवी और कमरुनाग न जाने की हिदायत दी है। वहीं, एसएचओ लाल सिंह ने बताया कि पुलिस कमरुनाग शिकारी देवी आवागमन करने वालों पर निगाह रख रही है।