HP Cloudburst News: हिमाचल में फिर बादल फटने से तबाही, इस बार मंडी में हालात खराब ddnewsportal.com

HP Cloudburst News: हिमाचल में फिर बादल फटने से तबाही, इस बार मंडी में हालात खराब
हिमाचल प्रदेश में फिर से बादल फटने की घटना सामने आई है। बीते दिनों कुल्लू जिला में बाढ़ से भारी तबाही के बाद अब मंडी जिले में हालात खराब हुए है। जिले में सोमवार देर रात कुदरत का ऐसा कहर बरपा कि कई जिंदगियां इसकी चपेट में आ गईं। जिले के 3 अलग-अलग इलाकों में बादल फटने से भारी बारिश और भूस्खलन हुआ, जिससे जानमाल का भारी नुक्सान हुआ है। मंडी जिला के जिन इलाकाें में बादल फटने की घटनाएं पेश आई हैं, उनमें करसाेग, गाेहर और धर्मपुर शामिल हैं। जिला प्रशासन द्वारा मिली जानकारी के मुताबिक अब तक 4 लोगों की मौत हो गई। इनमें करसोग में 1, गोहर में 2 और जाेगिंद्रनगर के नेरी काेटला में 1 व्यक्ति की माैत पुष्टि हुई है, जबकि जिले के अलग-अलग इलाकाें से 16 से लोग लापता बताए जा रहे हैं।
उधर, चंडीगढ़-मनाली फोरलेन पर कुल्लू और मंडी के बीच दवाड़ा में लैंडस्लाइड हो गया। रात से यहां ट्रैफिक बंद है। हाईवे खुलने के इंतजार में लोगों ने टनल में ही सोकर रात गुजारी। मंडी जिला के उपमंडल में भी मूसलाधार बारिश के चलते काफी ज्यादा नुक्सान हुआ है।
धर्मपुर उपमंडल का स्याठी गांव इस त्रासदी का सबसे बड़ा शिकार बना है। बादल फटने से यहां पूरा का पूरा पहाड़ ही इस गांव पर आ गिरा। स्याठी गांव मलबे में पूरी तरह से दब गया है, जिससे कई घर और गऊशालाएं जमींदोज हो गए। बचाव दल मौके पर पहुंचने की कोशिश कर रहा है, लेकिन मलबे का विशाल ढेर राहत और बचाव कार्यों में बड़ी चुनौती पेश कर रहा है। आशंका है कि मलबे में कई लोग दबे हो सकते हैं। वहीं धर्मपुर कांडा पत्तन पुल भी बाढ़ की चपेट में आकर बह गया है।
वहीं, गोहर क्षेत्र में भी स्थिति भयावह है। यहां देर रात बादल फटने के बाद अचानक आई बाढ़ ने दो घरों को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे वे पानी में बह गए। इन घरों में रहने वाले 9 लोग लापता बताए जा रहे हैं। स्थानीय प्रशासन और बचाव दल लापता लोगों की तलाश में जुटे हुए हैं। सिराज विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत बाड़ा में भारी बारिश ने कहर बरपाया है, यहां एक मकान ढहने से 6 लोग दब गए हैं। इनमें से 4 लोगों को सुरक्षित निकाल लिया गया है। मलवे में दबे अन्य एक बुजुर्ग महिला और एक लड़के का रैस्क्यू जारी है।
कुट्टी बाईपास और थुनाग में भी भारी नुक्सान
मंडी के कुट्टी बाईपास, पुराना बस अड्डा और थुनाग में भारी बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। कई जगहों पर भूस्खलन के कारण सड़कें अवरुद्ध हो गई हैं, जिससे यातायात बाधित हुआ है। इन क्षेत्रों में भी कुछ घरों के क्षतिग्रस्त होने और मलबे में दबने की सूचना है।