हिमाचल प्रदेश में इस तारीख के बाद होगा मंत्रिमंडल विस्तार ddnewsportal.com

हिमाचल प्रदेश में इस तारीख के बाद होगा मंत्रिमंडल विस्तार  ddnewsportal.com

हिमाचल प्रदेश में होगा मंत्रिमंडल विस्तार 

निगम-बोर्डों में अध्यक्ष-उपाध्यक्ष नियुक्त करने का भी होगा फैसला, जानिए कब...

हिमाचल प्रदेश में लंबे समय से कैबिनेट विस्तार की उम्मीद में बैठे विधायकों के लिए अच्छी खबर आ रही है। सरकार ने मंत्रिमंडल के तीन पद सहित बोर्ड और निगम के पदों पर भी नियुक्तियां करनी है। हालांकि ऐसा माना जा रहा था कि सरकार आर्थिक हालत ठीक न होने के चलते इस पर अभी जल्द निर्णय नही लेगी। लेकिन हिमाचल प्रदेश प्रभारी राजीव शुक्ला के शिमला पंहुचते ही चर्चा का बाजार गर्म हो गया तो शुक्ला को भी इस मामले में बयान देना पड़ा। 
मंत्रिमंडल विस्तार और निगम-बोर्डों में अध्यक्ष-उपाध्यक्ष नियुक्त करने का फैसला 25 फरवरी के बाद होगा। प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन शिमला पहुंचे हिमाचल के प्रभारी राजीव शुक्ला ने कहा कि रायपुर के कांग्रेस महाधिवेशन के बाद इन मामलों को लेकर चर्चा की जाएगी। इस दौरान शुक्ला ने शिमला नगर निगम और लोकसभा चुनाव के लिए सरकार और संगठन को बेहतर तालमेल बनाने के निर्देश दिए। कांग्रेस की चुनावी गारंटियों को लेकर मुख्यमंत्री सुक्खू से अपडेट लेते हुए चरणबद्ध तरीके से इन्हें लागू करने को कहा। प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन पहुंचकर राजीव शुक्ला ने कहा कि कांग्रेस के लिए संगठन सर्वोपरि है।

संगठन और सरकार बेहतर तालमेल के साथ चले। इसके लिए समीक्षा बैठक रखी गई। राज्य का विकास दोनों साथ मिलकर कैसे कर सकते हैं, इस पर विस्तार से चर्चा की गई है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस देश को बेहतर दिशा में ले जाने के लिए लगातार संघर्ष कर रही है। उन्होंने कहा कि मैं हिमाचल में प्रदेश की जनता का धन्यवाद करने आया हूं । जिन्होंने कांग्रेसी सरकार को चुना है कांग्रेस की सरकार लगातार काम कर रही है और बेहतर काम कर रही है। उधर, बैठक के दौरान मुख्यमंत्री सुक्खू ने कहा कि सरकार ने पहली ही कैबिनेट बैठक में पुरानी पेंशन को बहाल कर दिया है। महिलाओं को प्रतिमाह 1500 रूपये देने के लिए बनाई कमेटी ने अपनी रिपोर्ट दे दी है। जल्द ही महिलाओं को सम्मान राशि मिलना शुरू होगी। रोजगार के अवसर तलाशने के लिए कैबिनेट सब कमेटी मंथन कर रही है। जल्द ही इस पर भी फैसला हो जाएगा। उन्होंने कहा कि शेष गारंटियों को लेकर भी विभागीय स्तर पर काम किया जा रहा है। चरणबद्ध तरीके से कांग्रेस सरकार अपनी हर गारंटी को पूरा करेगी। मुख्यमंत्री ने सुख-आश्रय योजना से भी राजीव शुक्ला को अवगत कराया। बैठक में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह, उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री, सह प्रभारी तेजेंद्र पाल सिंह बिट्टू सहित सभी मंत्री और कई विधायक मौजूद रहे।