हिमाचल देश में अव्वल... ddnewsportal.com

हिमाचल देश में अव्वल...  ddnewsportal.com
फाइल फोटो: सुखविंदर सिंह सुक्खू, मुख्यमंत्री हिमाचल प्रदेश।

हिमाचल देश में अव्वल...

गवर्नर को राजभवन से विदाई
CM के नेतृत्व में बड़ी उपलब्धि
सुख-आश्रय कोष को 5 लाख रुपए 

1- राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर को दी विदाई।

हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू, उप-मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री और प्रदेश मंत्रिमंडल के सदस्यों, नेता प्रतिपक्ष जय राम ठाकुर, विधायकगण, मुख्य सचिव प्रबोध सक्सेना, पुलिस महानिदेशक संजय कुंडू, जीओसी-इन-सी आरट्रेक लेफ्टिनेंट जनरल एस.एस. महल, कुलपतियों, राज्य

सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों और अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने आज यहां राजभवन में राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर को विदाई दी। इससे पहले, केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण, युवा कार्य और खेल मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर और विभिन्न गणमान्य लोगों ने राज्यपाल से भेंट की और उन्हें शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर मीडिया से बातचीत करते हुए राज्यपाल ने कहा कि वह हिमाचल प्रदेश से लोगों का स्नेह साथ ले जा रहे हैं। राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर ने कहा कि उन्हें पूर्ण सहयोग और सम्मान मिला, जिसके लिए वह हमेशा हिमाचल की जनता के ऋणी रहेंगे।

2- हिमाचल को देश का सर्वश्रेष्ठ राज्य पुरस्कार तथा जीएसपी गोल्ड पार्टनर अवार्ड। 

विज्ञान एवं पर्यावरण केंद्र, नई दिल्ली द्वारा हिमाचल प्रदेश को ग्रीन स्कूल प्रोग्राम (जीएसपी) के अंतर्गत देश के सर्वश्रेष्ठ राज्य पुरस्कार तथा जीएसपी गोल्ड पार्टनर अवार्ड के लिए चुना गया है। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के गतिशील नेतृत्व में प्रदेश ने यह उपलब्धि हासिल की है। कार्यक्रम प्रभारी एवं सदस्य सचिव, हिमकोस्टे, ललित जैन, 21 फरवरी, 2023 को इंडिया हैबिटेट सेंटर, नई दिल्ली में राज्य से उच्चतम जीएसपी लेखा परीक्षण प्रस्तुतीकरण के लिए यह प्रतिष्ठित सर्वश्रेष्ठ राज्य पुरस्कार और जीएसपी गोल्ड पार्टनर अवार्ड प्राप्त करेंगे। प्रदेश के सोलन जिला को बेस्ट जिला का पुरस्कार तथा चंबा की राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला हिमगिरी को लैंड सैक्शन अवार्ड के लिए चुना गया है। प्रदेश के दो शिक्षकों को जीएसपी एंबेसडर पुरस्कार के लिए भी चुना गया है। 


मुख्य सचिव प्रबोध सक्सेना ने यह जानकारी देते हुए आज यहां बताया कि प्रदेश में पर्यावरण संरक्षण के प्रति छात्रों को शिक्षित करने के लिए विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। इसके लिए हिमाचल प्रदेश विज्ञान, प्रौद्योगिकी एवं पर्यावरण परिषद् (हिमकोस्टे) को नोडल एजेंसी बनाया गया है। परिषद् द्वारा नेशनल ग्रीन कॉर्पस (एनजीसी) कार्यक्रम के तहत प्रदेश के 3000 विद्यालयों तथा 100 महाविद्यालयों में इको-क्लब स्थापित किए गए हैं। इको-क्लब कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में पर्यावरण संरक्षण के प्रति चेतना जागृत करना है। वृहद शैक्षणिक दृष्टिकोण एवं अनुभवों के माध्यम से विद्यार्थियों में विषय की गहन समझ विकसित की जा रही है। परिषद् द्वारा राज्य में पर्यावरणीय गतिविधियों को मज़बूत करने के लिए इन इको-क्लब को अभिनव पर्यावरणीय परियोजनाएं भी प्रदान की जा रही हैं। विद्यालयों में इको-क्लब द्वारा वर्षा जल संचयन (छत के ऊपर/पक्के क्षेत्र), विद्यालय परिसर में जड़ी-बूड़ी आधारित उद्यानों का विकास, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन (कचरे से धन की अवधारणा), स्कूल परिसर के सौंदर्यीकरण तथा विज्ञान एवं पर्यावरण आदर्श प्रदर्शन प्रयोगशालाओं की स्थापना जैसी विभिन्न गतिविधियां करवाई जा रही हैं। हिमाचल प्रदेश विज्ञान, प्रौद्योगिकी और पर्यावरण परिषद द्वारा प्रदेश के 100 इको क्लब विद्यालयों में प्लास्टिक अपशिष्ट क्रय योजना भी लागू की गई है।
परिषद राज्य के इको-क्लब विद्यालयों के माध्यम से ‘ग्रीन हिमाचल स्वच्छ हिमाचल’ की अवधारणा के साथ ‘एक पेड़ मेरे स्कूल के नाम’ विषय पर प्रति वर्ष वृक्षारोपण अभियान भी चला रहा है। इस अभियान के माध्यम से वृहद स्तर पर पौधरोपण किया जाएगा और वर्तमान वित्त वर्ष में विभिन्न प्रजातियों के 26,106 पौधे रोपित करने का लक्ष्य रखा गया है। इनमें औषधीय पौधे, पुष्प, ईंधन और पशुचारे से संबंधित पौधे रोपित किए गए हैं। इसके अलावा परिषद् द्वारा राज्य के इको-क्लब विद्यालयों में रूफ टॉप सौर ऊर्जा संयंत्र की स्थापना के माध्यम से ऊर्जा संरक्षण की अवधारणा का भी प्रचार किया जा रहा है। रूफ टॉप सौर ऊर्जा पावर प्लांट स्थापित करने के लिए 20 स्कूलों की पहचान की गई है।

3- CM-Deputy CM ने ए.एस. चौहान के निधन पर किया शोक व्यक्त।

हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू और उप-मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष महेश्वर चौहान के पिता अमर सिंह चौहान के निधन पर शोक व्यक्त किया है। अमर सिंह चौहान ने आज आईजीएमसी

शिमला में अंतिम सांस ली। मुख्यमंत्री और उप-मुख्यमंत्री कनलोग स्थित मोक्ष धाम में अमर सिंह चौहान के अंतिम संस्कार में शामिल हुए और उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री ने परमपिता परमात्मा से दिवंगत आत्मा की शांति और शोक संतप्त परिजनों के प्रति सांत्वना व्यक्त करते हुए उन्हें इस अपूर्णीय क्षति को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।

4- मुख्यमंत्री सुख-आश्रय सहायता कोष को पांच लाख रुपए।

हिमाचल प्रदेश के कुल्लू क्रशर्ज वेलफेयर एसोसिएशन द्वारा मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू को मुख्यमंत्री राहत कोष

के लिए पांच लाख रुपये का अंशदान प्रदान किया गया। मुख्यमंत्री ने मानव सेवा के लिए एसोसिएशन का आभार प्रकट किया। 

सूचना एवं जनसंपर्क विभाग हिमाचल प्रदेश बुलेटिन (हिमाचल समाचार)