HP Depot News: हिमाचल के डिपुओं में अब हेयर आयल और नहाने का साबुन भी... ddnewsportal.com
                                HP Depot News: हिमाचल के डिपुओं में अब हेयर आयल और नहाने का साबुन भी, अन्य उत्पाद भी फरवरी से....
हिमाचल प्रदेश के लगभग 17 लाख राशनकार्ड धारकों को उचित मूल्य पर खाद्य पदार्थ मुहैया करवाने वाले सरकारी डिपो में सरकार अब कुछ नये उत्पाद जोड़ने जा रही है। राज्य की उचित मूल्य की दुकानों पर फरवरी से हेयर आयल और नहाने वाला साबुन सस्ती दरों पर मिलना शुरू हो जाएगा। हिमाचल प्रदेश सिविल सप्लाई काॅर्पोरेशन लिमिटेड ने पहली बार इस तरह के उत्पादों के लिए दो बड़ी कंपनियों के साथ अनुबंध किया था।

प्रदेश के सिविल सप्लाई के सभी 120 गोदामों में मांग के मुताबिक डिपुओं में तेल और साबुन की सप्लाई करना शुरू कर दी गई है। उपभोक्ताओं को बाजारों से सस्ती दरों पर तेल और साबुन मिलने से घर में हर महीने होने वाला कुछ खर्च कम होगा। अनुबंध के मुताबिक गोदरेज कंपनी के पांच साबुन उत्पाद और बालों को डाई करने वाली मेहंदी भी इसमें शामिल की गई है।
साथ ही घरों में मच्छरों को भगाने वाले क्वाइल भी अनुबंध में शामिल हैं। बजाज कंपनी के सात उत्पाद डिपुओं में भेजे जा रहे हैं। इनमें बादाम, एलोवेरा, ब्राह्मी, नारियल, सरसों और आंवला हेयर आयल शामिल हैं। हिमाचल प्रदेश सिविल सप्लाई काॅर्पोरेशन लिमिटेड के महाप्रबंधक अरविंद कुमार ने बताया कि प्रदेश के डिपुओं में दो अनुबंधित कंपनियों के तेल, साबुन और कुछ अन्य उत्पाद फरवरी महीने से डिपुओं में पहुंचना शुरू हो जाएंगे।