HP Horticulture News: बर्फबारी न होने से सेब की फसल पर पड़ेगा क्या प्रभाव, पढ़ें क्या मानते है विशेषज्ञ... ddnewsportal.com

HP Horticulture News: बर्फबारी न होने से सेब की फसल पर पड़ेगा क्या प्रभाव, पढ़ें क्या मानते है विशेषज्ञ... ddnewsportal.com

HP Horticulture News: बर्फबारी न होने से सेब की फसल पर पड़ेगा क्या प्रभाव, पढ़ें क्या मानते है विशेषज्ञ...

क्या इस बार बर्फबारी न होने से सेब की फसल प्रभावित होगी, क्या सेब के पौधों को बिना बर्फ के ही पूरे चिलिंग ऑवर मिल जाएंगे। ऐसे कई तरह के सवाल प्रदेश के बागवानों के जेहन में चल रहे हैं। इस बार प्रदेश में सर्दियों के मौसम में न तो बर्फबारी हुई है और न ही बारिश, हालाँकि तापमान में गिरावट जरूर आई है। बावजूद इसके बर्फबारी न होने से चिंतित बागवानों के लिए राहत भरी खबर है। बर्फ न गिरने के बावजूद सेब की अच्छी फसल के लिए जरूरी चिलिंग ऑवर पूरे हो रहे हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि 7 डिग्री से कम तापमान और ठंडी हवाएं भी जरूरी चिलिंग ऑवर के लिए पर्याप्त हैं। हालांकि, गेहूं की फसल, सब्जियों, खेतों में नमी, पेयजल योजनाओं और सिंचाई के लिए बारिश और बर्फबारी की बहुत जरूरत है। सूबे के प्रगतिशील बागवानों की ओर से बगीचों में लगाए गए वेदर स्टेशन के आंकड़े भी चिलिंग ऑवर पूरे होने की पुष्टि कर रहे हैं। अच्छी फसल के लिए वैरायटी के मुताबिक पौधे की प्रसुप्त अवस्था में 700 से 1400 घंटे 7 डिग्री से कम तापमान रहना जरूरी है। बर्फ गिरने पर पौधों की यह जरूरत कम समय में पूरी हो जाती है, लेकिन बिना बर्फ गिरे भी तापमान 7 डिग्री से कम चल रहा हो तो भी चिलिंग ऑवर पूरे हो जाते हैं।


प्रोग्रेसिव ग्रोवर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष लोकेंद्र सिंह विष्ट का बगीचा रोहड़ू के अनुवासा में 5100 फीट की ऊंचाई पर है। विष्ट का कहना है कि बगीचे में लगे वेदर स्टेशन के मुताबिक 70 फीसदी चिलिंग ऑवर पूरे हो चुके हैं। फ्लावरिंग के समय मौसम अनुकूल रहा तो उनका दावा है कि बेहतरीन फसल लगेगी। ठियोग के बनाहर निवासी युवा बागवान विशाल वेक्टा का कहना है कि वेदर स्टेशन के अनुसार उनके बागीचे में 810 चिलिंग ऑवर पूरे हो चुके हैं। गाला किस्म के लिए 700 घंटे की ही जरूरत होती है। अन्य किस्मों के लिए भी बिना बर्फ के भी 1200 घंटे चिलिंग ऑवर पूरे होने की उम्मीद है। मड़ावग तकलेच के प्रगतिशील बागवान कुलदीप बरागटा का कहना है कि फरवरी-मार्च में भी अगर बर्फ गिरती तो भी पर्याप्त है। इन दिनों रात का तापमान चिलिंग ऑवर के मुताबिक ही चल रहा है। हालांकि जमीन में नमी बनी रहे इसके लिए बारिश और बर्फबारी की जरूरत है। साथ ही थोड़े निचले इलाकों सिरमौर आदि में समय रहता ये चिलिंग ऑवर पूरे हो पायेंगे या नही इस पर फिलहाल संशय बना हुआ है। 

बिना बर्फ भी पूरे हो रहे चिलिंग ऑवर: विजय ठाकुर 

बागवानी विश्वविद्यालय के पूर्व वीसी डाॅ. विजय सिंह ठाकुर बताते हैं कि बर्फ न गिरने पर भी हिमालयन रेंज के सामने ठंडी हवाएं सेब की अच्छी पैदावार के लिए काफी हैं। बर्फ गिरने से दिन और रात का तापमान समान रहने पर चिलिंग ऑवर जल्दी पूरे हो जाते हैं। आने वाले दिनों में अगर बर्फ पड़ती है या अच्छी बारिश भी हो जाती है, वह भी चिलिंग और नमी के लिए पर्याप्त है।