साजिश कर बैंक की नौकरी से हटाया ddnewsportal.com

साजिश कर बैंक की नौकरी से हटाया ddnewsportal.com

साजिश कर बैंक की नौकरी से हटाया

बैंक के एक क्लर्क पर लगाए एकल महिला कर्मी ने षड्यंत्र के आरोप, लगाई न्याय की गुहार

गिरिपार क्षेत्र के कफोटा स्थित स्टेट बैंक ऑफ इंडिया मे 16 वर्ष से आउटसोर्स के तहत कार्यरत एक एकल महिला कर्मचारी ने उसे साजिश करके नौकरी से निकलने का आरोप लगाया है। महिला कर्मचारी का कहना है कि उसे ऐसे समय में नौकरी से निकाल दिया गया जब वह पीजीआई चंडीगढ़ में अपने बेटे का इलाज करवा रही थी। महिला ने बैंक के एक कर्मचारी पर बैंक मैनेजर की मेल से हायर ऑफिस को शिकायत भेजने और उसे नौकरी से निकालने की साजिश रचने के गंभीर आरोप लगाए हैं।
पांवटा साहिब में आयोजित पत्रकार वार्ता में महिला सुनीता देवी ने बैंक और

बैंक कर्मचारियों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। सुनीता देवी ने बताया कि स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की कफोटा शाखा में एक क्लर्क ने साजिश करके उसे नौकरी से निकलवा दिया। सुनीता ने बताया कि उक्त कर्मचारी बैंक में लोगों के साथ दुर्व्यवहार करता था और वह उस कर्मचारी को लोगों के साथ दुर्व्यवहार करने से रोकती थी। जिसकी वजह से बैंक का क्लर्क उससे खुन्नस रखने लगा। इसी बीच उक्त कर्मचारी ने बैंक मैनेजर की ऑफिशियल मेल से बैंक के उच्चाधिकारियों को मेल भेजकर उसकी शिकायत कर दी। शिकायत में सुनीता के केसीसी लोन अकाउंट का हवाला दिया गया है और शिकायत में कहा गया है कि सुनीता के केसीसी लोन अकाउंट में आय से अधिक ट्रांजैक्शन हुए हैं। सुनीता ने बताया कि बैंक मैनेजर की आईडी से भेजी गई शिकायत पर बैंक के उच्चाधिकारियों ने एकतरफा कार्रवाई की और उसे नौकरी से हटा दिया गया। सुनीता ने बताया कि उसके खिलाफ शिकायत, कार्यवाही और नौकरी से हटाने की बात उसे तब पता चली जब वह पीजीआई चंडीगढ़ से वापस अपने घर लौटी। सुनीता ने बताया कि जिन दिनों

उसके साथ यह सारी साजिश रची गई उन दिनों वह अपने बेटे के इलाज के लिए पीजीआई चंडीगढ़ में थी।
सुनीता देवी ने बैंक प्रशासन और स्थानीय प्रशासन से गुहार लगाई है कि उसके साथ हुए अन्याय की जांच की जानी चाहिए। सुनीता देवी का कहना कि वह निर्दोष है। उस पर लगाए सारे आरोप निराधार है। लिहाजा उसके मामले की उच्च स्तरीय जांच करवा कर उसके खिलाफ साजिश का पता लगाया जाना चाहिए और उसे नौकरी पर वापस रखा जाना चाहिए। उसकी बेवजह बदनामी की गई है जिस पर साजिश करने वालों पर कार्रवाई होनी चाहिए।
  पत्रकार वार्ता में एंटी क्रप्शन एंड क्राइम कंट्रोल फोर्स के प्रदेश अध्यक्ष नाथूराम चौहान ने भी कहा कि यदि पीड़िता को न्याय नहीं मिला तो एसीसीएस इस अन्याय के खिलाफ लंबी लड़ाई लड़ाई और साजिश करने वालों को बेनकाब करेगा। वहीं इस बारे मे बैंक प्रबंधन से बात नही हो पाई। उनका कोई पक्ष आता है तो उसे भी प्रकाशित किया जाएगा।