Paonta Sahib: उद्योग मंत्री ने किया गोविंद घाट के निर्माण एवं सौंदर्यीकरण कार्यों का निरीक्षण तो सुखराम चौधरी बोले कुछ ऐसा... ddnewsportal.com
Paonta Sahib: उद्योग मंत्री ने किया गोविंद घाट के निर्माण एवं सौंदर्यीकरण कार्यों का निरीक्षण तो सुखराम चौधरी बोले कुछ ऐसा...
हिमाचल प्रदेश के उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने आज पांवटा साहिब में यमुना नदी तट पर स्थित गोविंद घाट के निर्माण एवं सौंदर्यीकरण कार्यों का निरीक्षण किया। इस अवसर पर उन्होंने बताया कि यह परियोजना नमामि गंगे योजना के अंतर्गत क्रियान्वित की जा रही है, जिसकी अनुमानित लागत लगभग 29 करोड़ रुपये है। मंत्री ने कहा कि गोविंद घाट का विकास पांवटा साहिब आने वाले सभी धर्मों के श्रद्धालुओं की सुविधाओं, सुरक्षा एवं समग्र विकास की दृष्टि से अत्यंत आवश्यक है। इस परियोजना से न केवल धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि यमुना नदी के संरक्षण एवं स्वच्छता को भी सुदृढ़ किया जाएगा।

निरीक्षण के दौरान उनके साथ स्थानीय प्रशासन के अधिकारी एवं WAPCOS के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे, जिन्होंने परियोजना की प्रगति एवं तकनीकी पहलुओं की जानकारी दी। मंत्री ने आश्वस्त किया कि राज्य सरकार इस महत्वपूर्ण परियोजना पर लगातार निगरानी रखे हुए है तथा इसके शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण पूर्णता हेतु आवश्यक सभी प्रकार की सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने संबंधित एजेंसियों को निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश भी दिए।
उधर, इस बारे में पाँवटा साहिब के विधायक सुखराम चौधरी का भी बयान आया है। उन्होंने कहा कि मार्च 2025 में सदन के दौरान मेरे द्वारा नमामि गंगे योजना के अंतर्गत यमुना घाट के सौंदर्यीकरण कार्य में आ रही बाधाओं को लेकर प्रश्न उठाया गया था। उस समय यह विषय दुर्भाग्यवश प्रदेश सरकार के संज्ञान में नहीं था, जिसके कारण कार्य अपेक्षित गति से आगे नहीं बढ़ पा रहा था। उस दौरान उपमुख्यमंत्री ने अपनी बात स्पष्ट रखते हुए कहा था कि यह कार्य हमारे निरंतर प्रयासों के कारण ही संभव हो पाया है। आज जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल, दूरदर्शी और मजबूत नेतृत्व में केंद्र सरकार द्वारा स्वीकृत नमामि गंगे मिशन के अंतर्गत यमुना घाट के सौंदर्यीकरण का कार्य धरातल पर शुरू होकर तेजी से प्रगति पर है, तो यह भाजपा की कथनी और करनी की स्पष्ट मिसाल है।

दुर्भाग्यवश, कार्य प्रारंभ होते ही कांग्रेस पार्टी के कुछ प्रतिनिधि श्रेय लेने की होड़ में लग गए हैं। मैं उनसे स्पष्ट कहना चाहता हूँ कि हमारा उद्देश्य श्रेय लेना नहीं, बल्कि क्षेत्र का विकास कराना है। श्रेय की राजनीति में आप लगे रहें, हमें कोई आपत्ति नहीं—हम तो जनहित और विकास कार्यों को आगे बढ़ाने में निरंतर लगे रहेंगे। भारतीय जनता पार्टी केवल भाषणों की नहीं, बल्कि धरातल पर परिणाम देने वाली पार्टी है, और नमामि गंगे जैसी योजनाएँ इस बात का सशक्त प्रमाण हैं कि जब नेतृत्व मजबूत हो और नीयत साफ हो, तब विकास अवश्य होता है।
