Sirmaur: मॉडल सेंट्रल जेल नाहन में हैप्पीनेस वर्कशॉप, डाॅ. हरलीन कौर-डाॅ. हरसिमरन सिंह चौधरी ने बंदियों को दी महत्वपूर्ण जानकारी ddnewsportal.com

Sirmaur: मॉडल सेंट्रल जेल नाहन में हैप्पीनेस वर्कशॉप, डाॅ. हरलीन कौर-डाॅ. हरसिमरन सिंह चौधरी ने बंदियों को दी महत्वपूर्ण जानकारी ddnewsportal.com

Sirmaur: मॉडल सेंट्रल जेल नाहन में हैप्पीनेस वर्कशॉप, डाॅ. हरलीन कौर-डाॅ. हरसिमरन सिंह चौधरी ने बंदियों को दी महत्वपूर्ण जानकारी

रोटरी क्लब नाहन सिरमौर हिल्स के सहयोग से लगभग 100 बंदियों ने लिया मानसिक स्वास्थ्य एवं आत्म-विकास का प्रशिक्षण

रोटरी फेलोशिप ऑफ हिप्नोसिस एंड हीलिंग की पहल पर रोटरी क्लब नाहन सिरमौर हिल्स के सहयोग से मॉडल सेंट्रल जेल, नाहन में लगभग 100 बंदियों के लिए एक विशेष ‘हैप्पीनेस वर्कशॉप’ का सफल आयोजन किया गया। कार्यशाला का उद्देश्य बंदियों के मानसिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाना, आंतरिक शांति का अनुभव कराना तथा सकारात्मक सोच एवं आत्मविश्वास को बढ़ावा देना था।
इस कार्यक्रम का आयोजन जेल अधीक्षक श्री भानु प्रकाश शर्मा के सहयोग एवं मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। उनके सकारात्मक सहयोग से बंदियों को मानसिक स्वास्थ्य एवं व्यक्तित्व विकास से जुड़ा एक प्रेरणादायक अनुभव प्राप्त हुआ।

कार्यक्रम का शुभारंभ रोटरी डिस्ट्रिक्ट 3080 की डिस्ट्रिक्ट गवर्नर डॉ. रीता कालरा की गरिमामयी उपस्थिति में हुआ। उनके साथ उनके पति डॉ. संजय कालरा भी उपस्थित रहे। इस अवसर पर वरिष्ठ रोटेरियन डॉ. सुरेश कुमार सबलोक भी विशेष रूप से मौजूद रहे।


कार्यक्रम के प्रथम सत्र का संचालन पास्ट प्रेसिडेंट डॉ. हरलीन कौर, डिस्ट्रिक्ट चेयर – मेंटल हेल्थ, रोटरी डिस्ट्रिक्ट 3080 एवं प्रेसिडेंट, रोटरी फेलोशिप ऑफ हिप्नोसिस एंड हीलिंग ने किया। उन्होंने ध्यान (Meditation) के माध्यम से बंदियों को मानसिक शांति, तनाव प्रबंधन एवं आत्म-जागरूकता का अभ्यास कराया। उनके सहज एवं प्रभावशाली मार्गदर्शन ने उपस्थित सभी प्रतिभागियों को गहराई से प्रभावित किया।

द्वितीय सत्र में रोटेरियन डॉ. हरसिमरन सिंह चौधरी, संस्थापक कार्यकारी सचिव (Founder Executive Secretary), रोटरी फेलोशिप ऑफ हिप्नोसिस एंड हीलिंग ने सरल एवं व्यावहारिक अभ्यासों के माध्यम से यह प्रदर्शित किया कि प्रत्येक व्यक्ति के भीतर उसका अवचेतन मन (Subconscious Mind) असीम शक्ति का स्रोत है। उन्होंने बताया कि सकारात्मक सोच, आत्मविश्वास एवं सही मानसिक प्रशिक्षण के माध्यम से व्यक्ति अपने जीवन में सार्थक परिवर्तन ला सकता है।
दोनों सत्रों को बंदियों ने अत्यंत उत्साह के साथ अपनाया। कार्यशाला के अंत में प्रतिभागियों के चेहरों पर आत्मविश्वास, प्रसन्नता एवं नई आशा की मुस्कान स्पष्ट दिखाई दे रही थी। उपस्थित बंदियों ने पूरे मनोयोग से सहभागिता की तथा कार्यक्रम को अत्यंत उपयोगी एवं प्रेरणादायक बताया।

कार्यक्रम में रोटरी क्लब नाहन सिरमौर हिल्स की अध्यक्ष रोटेरियन प्रगति सबलोक, सचिव रोटेरियन विकास रतन, असिस्टेंट गवर्नर रोटेरियन भविश्य गौतम, डिस्ट्रिक्ट सेक्रेटरी रोटेरियन मनीष जैन तथा ज़ोनल लर्निंग फैसिलिटेटर (ZLF) रोटेरियन राकेश थापा सहित अनेक रोटेरियन्स उपस्थित रहे।
रोटरी क्लब नाहन सिरमौर हिल्स के सदस्यों के अतिरिक्त आसपास के विभिन्न रोटरी क्लबों से भी अनेक रोटेरियन्स ने इस कार्यशाला में भाग लिया। कार्यक्रम में जेल प्रशासन के अधिकारियों एवं जेल पुलिस कर्मियों की भी उल्लेखनीय उपस्थिति रही, जिन्होंने पूरे आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान किया।

इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि मानसिक स्वास्थ्य केवल समाज के सामान्य वर्ग के लिए ही नहीं, बल्कि सुधार गृहों एवं कारागारों में रह रहे व्यक्तियों के पुनर्वास का भी एक महत्वपूर्ण आधार है। ऐसे कार्यक्रम बंदियों में सकारात्मक सोच, आत्मविश्वास, भावनात्मक संतुलन तथा जीवन के प्रति नई आशा का संचार करते हैं। समाज में मानसिक स्वास्थ्य को लेकर जागरूकता बढ़ाना तथा लोगों को तनाव, नशे एवं नकारात्मक सोच से बाहर निकालने के लिए प्रेरित करना आज समय की महत्वपूर्ण आवश्यकता है।

इस अवसर पर रोटरी फेलोशिप ऑफ हिप्नोसिस एंड हीलिंग ने अपने आगामी सेवा प्रकल्पों की भी घोषणा की। फेलोशिप ने निर्णय लिया है कि भविष्य में क्षेत्र के विभिन्न नशा मुक्ति केंद्रों (De-addiction Centres) में नियमित रूप से ‘डी-एडिक्शन एवं वेलनेस वर्कशॉप’ आयोजित की जाएंगी। इन कार्यशालाओं का उद्देश्य नशे की लत से जूझ रहे लोगों को मानसिक रूप से सशक्त बनाना, उनके आत्मविश्वास को बढ़ाना तथा अवचेतन मन की शक्ति, ध्यान एवं सकारात्मक जीवनशैली के माध्यम से उन्हें पुनर्वास की दिशा में प्रेरित करना होगा।

कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित जनों ने इस पहल की भूरि-भूरि सराहना करते हुए इसे मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता एवं नशा मुक्ति की दिशा में एक सराहनीय एवं अनुकरणीय प्रयास बताया। रोटरी फेलोशिप ऑफ हिप्नोसिस एंड हीलिंग तथा रोटरी क्लब नाहन सिरमौर हिल्स ने भविष्य में भी समाज के विभिन्न वर्गों, विशेषकर युवाओं एवं नशा मुक्ति केंद्रों में रह रहे लोगों के लिए ऐसे जनकल्याणकारी एवं मानसिक स्वास्थ्य संवर्धन से जुड़े सेवा कार्यक्रम निरंतर आयोजित करने का संकल्प व्यक्त किया।