Paonta Sahib: आंज-भोज के राजपुर में तिरंगा शौर्य सम्मान यात्रा का हुआ आयोजन ddnewsportal.com

Paonta Sahib: आंज-भोज के राजपुर में तिरंगा शौर्य सम्मान यात्रा का हुआ आयोजन
पांवटा साहिब के गिरिपार भाजपा मंडल द्वारा गिरिपार क्षेत्र के राजपुर में भव्य तिरंगा शौर्य सम्मान यात्रा का आयोजन किया गया। इस देशभक्ति से ओतप्रोत कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं और आम जनमानस ने भाग लिया। यात्रा का उद्देश्य भारतीय सैनिकों के साहस, बलिदान और पराक्रम को सम्मान देना था। इस अवसर पर पांवटा साहिब के विधायक सुखराम चौधरी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा मंडल अध्यक्ष रमेश तोमर ने की। यात्रा के दौरान राजपुर की सड़कों पर देशभक्ति के नारों की गूंज रही और लोगों में देश के प्रति गर्व की भावना देखने को मिली।
इस मौके पर विधायक सुखराम चौधरी ने अपने संबोधन में कहा कि हमारे देश के सैनिकों ने एक बार फिर यह साबित कर दिया है कि भारत की रक्षा करने वाले जवान किसी भी चुनौती से पीछे हटने वाले नहीं हैं।
मंडल अध्यक्ष रमेश तोमर ने भी अपने वक्तव्य में कहा कि देशभक्ति का यह ज्वार हर कोने में फैलना चाहिए। हम सभी को अपने वीर सैनिकों पर गर्व है और ऐसे कार्यक्रमों के माध्यम से हम नई पीढ़ी को यह संदेश देना चाहते हैं कि देश सबसे ऊपर है।"
यात्रा के दौरान देशभक्ति गीतों, झंडा रैली और सैनिकों के बलिदान की गाथाओं के माध्यम से लोगों को प्रेरित किया गया। बच्चों और युवाओं में भी इस यात्रा को लेकर खासा उत्साह देखा गया। यह आयोजन न केवल एक सम्मान यात्रा था, बल्कि यह देश के लिए एकजुटता और संकल्प का प्रतीक भी बना। लोगों ने यह संकल्प लिया कि वे सदैव देश के जवानों और उनके परिवारों के साथ खड़े रहेंगे।