रामपुर: समेज में दूसरों की जान बचाते-बचाते खुद लापता हो गया दुगाना का युवा अजय पुंडीर ddnewsportal.com

रामपुर: समेज में दूसरों की जान बचाते-बचाते खुद लापता हो गया दुगाना का युवा अजय पुंडीर ddnewsportal.com

रामपुर: दूसरों की जान बचाते-बचाते खुद लापता हो गया दुगाना का युवा अजय पुंडीर, समेज में बादल फटने के बाद आई बाढ़ की चपेट में...परिजनों के हाल बेहाल

बीते दिन शिमला जिले के समेज में बादल फटने के बाद आई भयंकर बाढ़ की चपेट में लापता हुए लगभग 38 लोगों में सिरमौर जिले के शिलाई विधानसभा क्षेत्र के दुगाना गांव का एक युवक भी शामिल है। युवक अजय पुंडीर उर्फ गुड्डू समेज में एक पावर प्रोजेक्ट में कार्य करता था जो बाढ़ में लापता बताया जा रहा है। 
जानकारी के मुताबिक उक्त युवक और बनौर गांव के कुछ युवा प्रोजेक्ट में कार्य करते है। कयामत की उस रात को जैसे ही बादल फटने के बाद नदी का जलस्तर बढ़ा तो उनकी नींद खुल गई। बनौर के युवक अजय को भी कहने लगे कि जल्दी से अपनी जान बचाकर यहां से भागना चाहिए। बताया जा रहा है कि अजय पुंडीर जागने के बाद आस-पास के लोगों और मकान मालिक को जगाने निकल गया ताकि उनकी भी जान बचाई जा सके। उसके कारण चार-पांच लोगों की जान तो बच गई लेकिन वह खुद बाढ़ की चपेट में आकर लापता हो गया। 


अजय बचपन से ही मेहनती और मिलनसार होने के साथ साथ दूसरों की मदद करने के लिए हमेशा आगे रहता था। उसकी इसी भली आदत के कारण आज वह लापता है। यदि वह दूसरों की जान की परवाह न करता तो वह भी सही सलामत मलबे से जलजले से बच सकता था। अजय के घर पर जब से यह सूचना पंहुची है तभी से परिजनों का हाल बेहाल है। परिजन और ग्रामीण युवक की सलामती के लिए प्रार्थना कर रहे हैं। 
उधर, समेज से प्रशासन ने लापता हुए लोगों की जो सूची जारी की है उसमे अजय का नाम भी शामिल है। एसडीएम रामपुर निशांत तोमर ने बताया कि लापता लोगों को ढूंढने का  कार्य युद्धस्तर पर जारी है।