आउटसोर्स का क्या होगा कल....... 05 जून 2022- पांवटा साहिब से आज का खबरनामा ddnewsportal.com

आउटसोर्स का क्या होगा कल.......  05 जून 2022- पांवटा साहिब से आज का खबरनामा ddnewsportal.com
फाईल फोटो।

आउटसोर्स का क्या होगा कल.......

05 जून 2022- पांवटा साहिब से आज का खबरनामा 

कल की कैबिनेट होगी अहम
सीएम दिल्ली के कार्यक्रम में 
हिमाचल में पेड़ वाले बाबा
जनजातीय मंत्री से मिले सीएम 
सिरमौर में 120 पदों को इंटरव्यू 
छात्रा का पीछा पड़ा भारी
नाबालिग को चरस की लत
रेव पार्टी में पुलिस की रेड
बार्डर पर खाकी अलर्ट क्यों

सिरमौर में आज 01 मामला और....... कोविड/सूचना एवं जन संपर्क विभाग बुलेटिन।

(आज की तस्वीर) धरती को बचाओ।

स्थानीय (सिरमौर)

1- चारधाम यात्रा को लेकर पांवटा साहिब मे खाकी अलर्ट, बार्डर पर चोकसी।

आजकल धार्मिक यात्रा का दौर चरम पर है। चारधाम यात्रा और हेमकुण्ड साहिब की यात्रा के लिए उत्तर भारत के चंडीगढ़, हरियाणा और जम्मू-कश्मीर राज्यों के यात्री सीमांत नगर पांवटा साहिब से होकर निकलते हैं। ऐसे में यात्रा के बीच कोई शरारती तत्व यात्रा का सहारा लेकर अवैध काम को अंजाम न दें इसलिए पांवटा साहिब में पुलिस ने चौकसी बढ़ा ली है। अन्य राज्यों से सीमांत नगर होने के कारण किसी भी प्रकार के शरारती तत्वों से निपटने के लिये पांवटा पुलिस ने अपनी सक्रियता बढ़ा दी है। शहर की अन्य प्रदेशों से लगती सीमाएं सील कर दी गई है ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना से बचा जा सके। एसपी सिरमौर के निर्देशों के बाद से डीएसपी ने थाना प्रभारी पांवटा, माजरा और पुरुवाला समैत चोकी प्रभारियों व कर्मियों को आदेश जारी किये है कि विशेषकर सीमा पर चैकसी बढ़ा दी जाए। प्राप्त जानकारी के मुताबिक जिला सिरमौर मे अन्य राज्यों से प्रवेश करने के करीब 8 रास्तें है जिसमे से अकैले 7 रास्ते पांवटा पुलिस उपमण्डल मे पड़ते है। ऐसे मे पांवटा उपमण्डल की पुलिस की सक्रियता सुरक्षात्मक दृष्टि से बेहद जरुरी है। सभी थानाध्यक्षों को आदेश है कि बेरियरों पर चौकसी कड़ी कर दी जायें और किसी भी संदिग्ध वाहन व व्यक्ति को बिना जांच के शहर मे प्रवेश न करने दें। विदित रहें कि पुलिस उपमण्डल पांवटा साहिब अन्य राज्यों उत्तराखण्ड, उत्तर प्रदेश व हरियाणा की सीमा को छूंता हुआ है। यहां पर प्रवेश करने के

आधिकारिक करीब आधा दर्जन रास्ते है जिसमे यमुना बेरियर, बहराल बेरियर, हरिपुरखोल बेरियर, किलौड़, खोदरी माजरी, ज्योंग व मीनस बेरियर शामिल है। इसके अतिरिक्त भी अवैद्य कार्य करने वालों के लिये अन्य चोर रास्ते भी शामिल है जो ज्यादातर यमुना से होकर गुजरते है। अभी यमुना मे पानी का बहाव भी कम है। इसलिये पुलिस को उक्त बैरियरों के अलावा नदी के रास्तों पर भी चौकसी बरतनी पड़ रही है। यमुना, बहराल व खोदरी बेरियर्स पर तो पुलिस की गश्त रहती ही है परन्तु अन्य कुछ बेरियरों पर उतना ज्यादा ध्यान नही होता जिसमे ज्योंग, हरिपुरखोल व मीनस आदि शामिल है। उधर, डीएसपी पांवटा साहिब बीर बहादुर ने कहा कि पुलिस हर तरह से चोकस है। बैरियर पर संदिग्ध वाहनों की चैकिंग की जा रही है।

2- टीम यमुना ने नदी किनारे लगाया लेमन ग्रास, मुहिम में जुड़े स्कूली बच्चे और समाजसेवी भी।

टीम हरि यमुना, पॉवटा साहिब द्वारा विश्व पर्यावरण दिवस को मनाते हुये यमुना किनारे लेमन ग्रास का पौधरोपण किया गया। जिसमे फारेस्ट विभाग से डिविजनल फॉरेस्ट ऑफिसर कुणाल अंगरिश अपनी टीम के साथ, हिमाचल प्रदेश राज्य प्रदूषण विभाग से रिजनल अफसर पवन शर्मा, जेई जितेंद्र, जेई नवीन, ममता, प्रकाश, विनोद,  सरकारी गर्ल्स स्कूल से  अध्यापिका प्रतिभा पांडे अपनी स्कूल की छात्राओं, द स्कॉलर्स होम स्कूल से अध्यापक रोहित शर्मा, ज्ञान तोमर, सोनिया वालिया अपने छात्रों के साथ व गुरु गोविंद सिंह डिग्री कॉलेज से प्रोफेसर जाहिद अली अपने छात्रों व छत्राओं के साथ पौधरोपण में शामिल हुए। हरि यमुना सहयोग समिति की तरफ से पूनम रॉय, प्रमोद गुप्ता, परवीन गुप्ता, दीपक गुप्ता, अरविंद बंसल, मदन शर्मा, पोंटिका गुप्ता निखिल अतुल व  अन्य गणमान्य ने हिस्सा लिया। समिति के कोषाध्यक्ष विकास वालिया ने बताया कि हरि यमुना सहयोग समिति ने 4 से 5 जून

2022 को पर्यावरण दिवस का कार्यक्रम किया। जिसमें समिति के अध्यक्ष पूर्व चीफ जस्टिस प्रमोद कोहली, उपाध्यक्ष महिंदर शर्मा व सेक्रेट्री दिग्विजय, रिमपेश शर्मा, पुनम राय, दीपक, नीरज उदवानी व कुरुक्षेत्र से गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानन्द जी महाराज, इसकोन मन्दिर वृंदावन से स्वामी अनन्त वीर्य दास, रामायण टीवी सीरियल के निर्माता शिव सागर, लक्ष्मण का किरदार निभाने वाले सुनील लहरी मुम्बई से, चंडीगढ़ से डॉक्टर यशपाल, डॉक्टर संदीप धवन, मशहूर जादूगर राजकुमार दिल्ली से चैम्बर के अध्यक्ष सतीश गोयल, अरुण गोयल, अरुण बंसल, गुरुद्वारा प्रबंधक समिति के प्रधान सरदार हरभजन सिंह व तपिन्दर सिंह व जगरनाथ यात्रा समिति के अध्यक्ष बलविन्द्र कुमार, तारुवाला शिव मंदिर समिति के व ब्राह्मण समाज के सदस्यों ने व नगर के बहुत सारे गणमान्य लोगो ने हिस्सा लिया।

3- पांवटा साहिब में स्थापित किया जाए साइलेज प्लांट: संघ

दुगध उत्पादक संघ पांवटा साहिब की मासिक बैठक संघ के अध्यक्ष अमरजीत सिंह बिट्टा की अध्यक्षता मे आयोजित की गई। बैठक में दूध उत्पादकों को पेश आ रही दिक़्क़तों पर विस्तार से चर्चा की गई व कई समस्याओं का निदान बैठक में किया गया। जो समस्यायें प्रशासन के स्तर पर हल करवाने के लिये हैं, उनके लिए संघ का प्रतिनिधिमंडल पशु पालन विभाग, एस डी एम, पुलिस विभाग व फ़ूड इंस्पेक्टर आदि से मिलकर उनके समक्ष माँगे रखेंगे। बैठक में हिमाचल सरकार से पांवटा साहिब में साइलेज

प्लांट स्थापित करने की मांग की गई ताकि पशु पालकों को चारे की दिक्कतें न आएं। साथ ही भूसा स्टोर की व्यवस्था कर राशनिग करके साल भर उपलब्ध करवाने व अतिरिक्त दूध को स्टोर करने हेतु Bulk Milk cooler ( BMC) की व्यवस्था सरकारी स्तर पर करने की भी मांग उठाई गई। बैठक में चौधरी शिव कुमार उप प्रधान बद्रीपुर पंचायत को उनके संघ को दिए जा रहे सहयोग के लिये विशेष रूप से सम्मानित किया। बैठक में रणजीत कौर, सलोचना देवी, सुमन अग्रवाल, जयदीप शर्मा सचिव, अलिजान उपाध्यक्ष किसान सभा, गुरविंद्र सिंह महासचिव हिमाचल किसान सभा व मनोज शर्मा सहित सैंकडों पशुपालकों व पालिकाओं ने भाग लिया।

4- स्कूलों की हालत जर्जर, सरकार के दावे हवा: मोहब्बत 

युवा कांग्रेस पांवटा साहिब के अध्यक्ष मोहब्बत अली ने कहा है कि क्षेत्र में स्कूलों के जर्जर भवन सरकार के द्वारा किए जा रहे बड़े-बड़े विकास के दावो की पोल खोलती है। जारी बयान में उन्होंने कहा कि श्री गुरु गोबिंद सिंह जी सीनियर सेकेंडरी स्कूल भगानी साहिब की बिल्डिंग जर्जर हालत में है। फोटो भी शैयर करते हुए उन्होंने कहा कि बिल्डिंग को खुद भी नहीं पता होगा कि यह किस तरह खड़ी है। भगानी स्कूल में बड़ा अच्छा खेल का मैदान है। स्कूल से बड़े बड़े अच्छे ऑफिसर भी निकले हैं और नेशनल लेवल के प्लेयर भी

निकले हैं। स्कूल में अच्छे खासे स्टूडेंट हैं। स्कूल की हालत देखकर बड़ा आश्चर्य भी हो रहा है। स्कूल की हालत बड़ी दयनीय स्थिति में है और सरकार विकास के बड़े-बड़े दावे ठोक रही हैं। युवा कांग्रेस पांवटा साहिब अध्यक्ष मोहब्बत अली ने कहा कि वह भी इसी स्कूल के स्टूडेंट रहे हैं। स्कूल की बिल्डिंग की यह दयनीय हालत देखकर बड़ा अफसोस हो रहा है। सरकार जल्द से जल्द स्कूल बिल्डिंग के बारे में सोचे। क्षेत्र के बच्चों की इतनी बुरी किस्मत तो नहीं है कि भगानी साहिब को एक अच्छा कॉलेज या आईटीआई या इंजीनियरिंग कॉलेज मिलना चाहिए था। लेकिन कॉलेज देना तो दूर स्कूल की हालत की ओर भी कोई ध्यान नहीं दे रहा है।

5- सराहां में 9 जून को कैम्पस इंटरव्यू, 120 अभ्यर्थियों की है आवश्यकता।

जिला सिरमौर के उप रोजगार कार्यालय सराहां में आगामी 9 जून को प्रातः 10 बजे कैम्पस इंटरव्यू का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें वर्धमान टेक्सटाईल को लगभग 120  ट्रेनी व हेल्पर की आवश्यकता है। यह जानकारी जिला रोजगार अधिकारी अक्षय शर्मा ने दी। उन्होंने बताया कि मैसर्ज वर्धमान टैक्सटाईल लिमिटेड में ट्रेनी अप्रेंटिस व हेल्पर के लिए 8वीं से 12वीं तक की शैक्षणिक योग्यता के युवाओं की आवश्यकता है, कम्पनी में

न्यूनतम वेतन 14000 और अधिकतम वेतन अनुभव के आधार पर दिया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अभ्यर्थी की आयु 20 से 35 वर्ष होनी चाहिए तथा कैम्पस इंटरव्यू के लिए वह अपने साथ दो (2) पासपोर्ट साइज फोटो व मूल प्रमाण पत्र एवं अपना बायोडाटा की कॉपी तथा अनुभव प्रमाण पत्र साथ ले कर आएं।

(हिमाचल)

1- कल की कैबिनेट में निर्धारित हो सकती है आउटसोर्स की नीति।

कल हिमाचल प्रदेश कैबिनेट की बैठक है। इस बैठक में आउटसोर्स कर्मचारियों के लिए बड़ा निर्णय हो सकता है। जिस पर सभी की निगाहें टिकी हुई है। दरअसल, चुनावी वर्ष में सरकार हर वर्ग को खुश करने का प्रयास कर रही है। चाहे सरकारी कर्मचारी हों या फिर किसान, मजदूर सबको राहत प्रदान की जा रही है। संभावना है कि सोमवार को सुबह साढ़े दस बजे शुरू होने वाली प्रदेश मंत्रिमंडल की बैठक में आउटसोर्स पर सेवारत तीस हजार कर्मियों के लिए नीति निर्धारण हो सकता है। करीब तीन दशकों से अधिकांश सरकारी विभागों में आउटसोर्स कर्मचारी सेवाएं दे रहे हैं। इनके लिए आज तक सरकार ने कोई नीति का प्रावधान नहीं किया है। पूरी तरह से ठेकेदार के पास करने वाले आउटसोर्स कर्मियों को सात-आठ हजार मासिक मानदेय प्राप्त होता है। जबकि ठेकेदार को सरकार से प्रत्येक कर्मी के लिए दस हजार से अधिक धनराशि जारी होती है। पद अनुसार सेवाएं देने वाले आउटसोर्स कर्मियों का शोषण हो रहा है। जिसे देखते हुए सरकार ने कैबिनेट मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर की अध्यक्षता में मंत्रिमंडलीय उप-समिति का गठन किया है। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की अध्यक्षता में आयोजित होने वाली मंत्रिमंडलीय बैठक में दो साल से लटकी एनटीटी भर्ती पर भी चर्चा होने की संभावना है। प्री प्राइमरी सरकारी स्कूलों में 4500 पदों की भर्ती होनी है। इसके लिए भर्ती एवं पदोन्नति नियमों को अंतिम रूप नहीं दिया जा रहा है। शिक्षा विभाग की ओर से सरकारी स्कूलों में एनटीटी शिक्षकों की भर्ती का रास्ता साफ करने के लिए प्रस्ताव मंत्रिमंडल की बैठक में लाया जाने की उम्मीद है। सचिवालय प्रशासन से प्राप्त जानकारी के मुताबिक अभी तक 18 एजेंडा आइटम प्राप्त हुई हैं। प्रदेश मंत्रिमंडल की बैठक सुबह साढ़े दस बजे शुरू होगी। इस बैठक में सरकार के सभी मंत्री पहुंचेंगे। दोपहर बाद मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर और सभी मंत्री हमीरपुर में आयोजित हो रही भाजपा कार्य समिति की बैठक में शामिल होने के लिए रवाना होंगे।

2- मुख्यमंत्री ने दिल्ली में कॉन्शियस प्लैनेट-द वे फॉरवर्ड कार्यक्रम में लिया भाग।

हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर आज नई दिल्ली के विज्ञान भवन में ईशा फाउंडेशन द्वारा आयोजित कॉन्शियस प्लैनेट- द वे फॉरवर्ड कार्यक्रम में भाग लिया। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने लोगों को संबोधित किया। योगी,

आध्यात्मिक गुरु और फाउंडेशन के संस्थापक सद्गुरु ने अपने आंदोलन सेव सॉयल के बारे में विस्तार से बताया। इस गहन चिन्तन सत्र को आयोजित करने का उद्देश्य आने वाली पीढ़ियों के लिए एक जागरूक विश्व तैयार करने पर विचार-विमर्श करना है। इस सत्र में केंद्रीय मंत्रियों, विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्रियों, विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े हुए लोगों और स्वयंसेवकों ने भाग लिया।

3- महंत रूपेश्वर गिरि की पेड़ वाले बाबा के रूप में होने लगी पहचान, तैयार किये 6 हजार पेड़।

हिमाचल प्रदेश के जिला बिलासपुर के बरठीं से पांच किलोमीटर दूर माता खबड़ी देवी मंदिर बल्हसीणा के महंत रूपेश्वर गिरि की पहचान अब पेड़ वाले बाबा के रूप में होने लगी है। बिना किसी अनुदान या सरकारी मदद लिए उन्होंने अब तक 6,000 से ज्यादा औषधीय और अन्य प्रजातियों के पौधे मंदिर परिसर में लगाए हैं। मंदिर की 15 बीघा भूमि में एक वाटिका तैयार की है। इनमें सागवान, खैर, आम, अमरूद, हरड़, बहेड़ा, आंवला, रुद्राक्ष, बांस, चंदन, बट, पीपल, अर्जुन और कटहल सहित विभिन्न प्रजातियों के पौधे शामिल हैं। महंत रूपेश्वर गिरि ने बताया कि वह 17 साल से पर्यावरण

संरक्षण में लगे हैं। पर्यावरण संरक्षण के लिए 10 लाख रुपये खर्च कर चुके हैं। पौधों की खरीद के साथ उनके रखरखाव और बाड़बंदी के लिए भी काम कर रहे हैं। मंदिर परिसर में लगभग 40 लाख रुपये से गुंबद के निर्माण के अलावा अन्य मंदिरों के विकास के लिए भी पैसा दे चुके हैं।
महंत रूपेश्वर गिरि ने बताया कि कई बार बताने के बावजूद सरकार और वन विभाग के अधिकारी उनके बगीचे को देखने नहीं आए। वह वर्ष 2005 से लगातार पौधे रोपते आ रहे हैं। दियोटसिद्ध मंदिर की तरह इस स्थल को भी पर्यटकों के लिए विकसित किया जा सकता है। विकास खंड झंडूता के अंतर्गत आने वाले इस मंदिर में हजारों लोगों की आस्था का केंद्र कुलदेवी (कुलजा) है। 

4- मुख्यमंत्री ने केंद्रीय जनजातीय कार्य मंत्री अर्जुन मुंडा से की भेंट।

हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने केंद्रीय जनजातीय कार्य मंत्री अर्जुन मुंडा से गत देर सायं नई दिल्ली में भेंट की। मुख्यमंत्री ने केंद्रीय मंत्री से

जनजातीय कल्याण से जुड़े विभिन्न मामलों पर चर्चा की और मंत्रालय के पास लंबित मामलों को शीघ्र स्वीकृति प्रदान करने का आग्रह किया। केंद्रीय मंत्री ने हर संभव मदद का आश्वासन दिया। मुख्यमंत्री के साथ प्रधान आवासीय आयुक्त एस.के. सिंगला भी मौजूद रहे।

5- हिमाचल प्रदेश शिक्षक महासंघ ने जिला रामपुर के कार्यकर्ताओं का अभ्यास वर्ग।

राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला रामपुर बुशहर में आज अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ हिमाचल इकाई हिमाचल प्रदेश शिक्षक महासंघ ने जिला रामपुर के कार्यकर्ता अभ्यास वर्ग का एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। जिसमें प्रांत कार्यकारिणी से प्रांत महामंत्री डॉ मामराज पुंडीर, प्रांत संगठन मंत्री विनोद सूद, शिमला विभाग के सह प्रमुख बलबीर नेगी विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम चार सत्रों में आयोजित किया गया। इसमें मुख्य रूप से अतिथियों का सम्मान करने के पश्चात पत्र प्रथम सत्र में अभ्यास वर्ग के साक्षरता विषय पर विनोद सूद ने वक्तव्य दिया। दूसरे सत्र में सदस्यता विषय पर बलवीर नेगी ने अपने विचार रखें और सदस्यता को बढ़ाने पर बल देते हुए धैर्य एवं सयम से कार्य करने की प्रेरणा दी। तृतीय सत्र में डॉ मामराज पुंडीर ने कार्यकर्ता तथा प्रवास एवं संगठन परिचय पर

अध्यापकों को संगठन का वाक्य राष्ट्र हित, छात्र हित , समाज हित और शिक्षक हित के लिए जनता से कार्य करने की प्रेरणा दी। स्वतंत्रता का अमृत महोत्सव विषय पर विचार प्रकट करते हुए विनोद सूद ने कहा कि हमारा दायित्व है कि स्वतंत्रता के महत्व को जाने वह कुछ विस्मृत नायकों को भी याद करें। समापन सत्र में जसवीर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ उत्तर क्षेत्र प्रमुख ने वर्तमान में शिक्षक की भूमिका और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की यात्रा पर अध्यापकों राष्ट्र निर्माण के लिय कार्य करने का आग्रह किया। अंत में जिला रामपुर के अध्यक्ष प्रवीण गुप्ता ने सभी का धन्यवाद किया और प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। डॉक्टर प्रेम सिंह संगठन मंत्री ने कार्यकर्ता अभ्यास वर्ग में आए सभी बंधुओं का आभार प्रकट किया। इस कार्यक्रम का समापन के साथ अभ्यास वर्ग सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में जिला रामपुर के 42 सदस्यों ने भाग लिया। संगठन विस्तार हेतु जिला रामपुर के कुछ दायित्व देने की भी घोषणा की।

6- छात्रा का बाईक पर पीछा और छेड़छाड़ पर अदालत ने दी सजा।

कांगड़ा जिला के जवाली उपमंडल में काॅलेज से घर लौट रही छात्रा का बाइक पर पीछा करने व उसे तंग करने का दोष सिद्ध होने पर अदालत ने 2 दोषियों को 6-6 महीने कैद व 1500-1500 रुपए जुर्माने की सजा सुनाई है। जुर्माना अदा न करने पर उन्हें 3 महीने की अतिरिक्त कैद भुगतनी पड़ेगी। शिकायतकर्ता सहित 5 अन्य गवाहों व अभियोजन तथा बचाव पक्ष की दलीलें सुनने के बाद न्यायिक दंडाधिकारी ज्वाली विवेक कायस्थ की अदालत ने शनिवार को यह फैसला सुनाया। सहायक जिला न्यायवादी रवि कुमार ने बताया कि 12 अप्रैल, 2013 को ज्वाली उपमंडल की छात्रा देहरी काॅलेज से पैदल घर लौट रही थी तो आरोपी केवल कुमार व प्रदीप कुमार ने बाइक पर सवार होकर उसके आगे-पीछे चक्कर काटने शुरू कर दिए तथा एक सुनसान जगह पर बाइक रोककर उसे तंग करने लगे। छात्रा ने इसका विरोध किया तथा फतेहपुर पुलिस थाना में उनके खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 354डी के तहत मामला दर्ज किया था। अदालत में चली सुनवाई में दोनों आरोपियों के खिलाफ जुर्म साबित होने पर उक्त सजा सुनाई गई।

7- यहाँ जंगल में चल रही थी रेव पार्टी, पुलिस पंहुची तो हुआ ये...

हिमाचल प्रदेश के जिला कुल्लू के मणिकर्ण की पार्वती वैली के पुलगा जंगल में शनिवार देर रात को पुलिस ने दबिश देकर रेव पार्टी को बंद करवाया। पुलिस को देखकर रेव पार्टी में शामिल सैलानी और स्थानीय लोग जंगल की ओर भाग गए। पुलिस ने आयोजक समेत तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। मौके से नशीले पदार्थ भी बरामद किए गए हैं। जंगल में चल रही रेव पार्टी में 75 से 80 सैलानी और स्थानीय लोग डीजे की धुनों पर नाच रहे थे। बताया जा रहा है कि सभी नशे में धुत थे। शनिवार देर रात को उप पुलिस अधीक्षक कुल्लू मोहन रावत की अगुवाई में प्रभारी थाना कुल्लू कुलवंत सिंह और अन्य जवानों की टीम ने पुलगा के जंगल में दबिश दी।

जंगल के बीचों-बीच रेव पार्टी चल रही थी। पुलिस को पार्टी में शामिल देखकर सैलानियों और लोगों में हड़कंप मच गया। पुलिस ने पार्टी में बज रहे छह बड़े स्पीकर, एक लैपटॉप, एक कंट्रोलर, तीन एंप्लीफायर, एक जेनरेटर और एक हेड फोन को कब्जे में लिया है। रेव पार्टी से भाग रहे लोगों से पुलिस ने नशीले पदार्थ भी बरामद किए गए हैं। इनमें पारनेम सर्व निवासी पिनांचिंग जिला चांडिल, मणिपुर के कब्जे से 4.58 ग्राम चरस और रघुवीर से 0.47 ग्राम नशीला पदार्थ (एमडीएमए), 1.94 ग्राम कोकीन व 6.48 ग्राम गांजा बरामद किया। गोर हो कि पार्वती घाटी के छलाल में एक सप्ताह पहले भी पुलिस ने रेव पार्टी में दबिश देकर उसे बंद करवाया था। पुलिस ने नशीले पदार्थ बरामद कर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। उधर, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गुरदेव शर्मा ने बताया कि रेव पार्टी में आयोजक समेत तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। उन्होंने कहा इस साल पुलिस ने पांच डीजे पार्टियों से साउंड सिस्टम को सीज किया है।

शाम पांच बजे तक का कोविड मीडिया बुलेटिन-

सूचना एवं जन संपर्क विभाग हिमाचल प्रदेश बुलेटिन-