तिनके की तरह बहे आशियानें....... 12 जुलाई 2021- पांवटा साहिब से आज का खबर नामा- ddnewsportal.com

तिनके की तरह बहे आशियानें.......  12 जुलाई 2021- पांवटा साहिब से आज का खबर नामा- ddnewsportal.com

तिनके की तरह बहे आशियानें.......

12 जुलाई 2021- पांवटा साहिब से आज का खबर नामा

तबाही की बारिश, खड्ड बने जानलेवा, सेंटर से नजर, मुख्यमंत्री ने दिए निर्देश, युकां की हेल्पलाइन, दो दिन संभल के, राज्यपाल को विदाई, राजेन्द्र विश्वनाथ आर्लेकर का स्वागत, गुड़िया बोर्ड की बैठक, अस्थि विसर्जन 17 को, मंत्री के भाई के घर चोरी और ....... कोविड/सूचना एवं जनसंपर्क विभाग बुलेटिन।


(हिमाचल)

1- हिमाचल- तिनकों की तरह बह गये आशियाने, 12 लापता, एक की मौत।

हिमाचल प्रदेश मे सोमवार तड़के हुई मूसलाधार बारिश ने तबाही मचाई है। विशेषकर कांगड़ा जिले मे भारी क्षति की सूचना है। यहां बादल फटने जैसे हालात पैदा हुए हैं। कई घर तिनकों की तरह बह गये हैं जबकि एक दर्जन के करीब लोग लापता है। एक महिला की मौत की सूचना है। खड्ड के उफान ने गाडियाँ तक बहा दी। जानकारी के मुताबिक हिमाचल प्रदेश के कई इलाकों

में सोमवार को हुई भारी बारिश ने तबाही मचाई है। कांगड़ा जिले के विधानसभा क्षेत्र शाहपुर की वोह घाटी में बारिश से आई बाढ़ के कारण लगभग छह घर पानी में बह गए हैं। अभी तक 12 लोग लापता बताए जाए जा रहे हैं। एक महिला का शव बरामद किया गया है। कुछ लोगों को घर से सुरक्षित निकाल लिया गया है। उधर, वोह घाटी में जिन लोगों के घर दरिया किनारे हैं, उनको खाली करवा दिया गया है। भारी बारिश के कारण कुछ गौशालाएं भी ढह गई हैं। वहीं पानी के तेज बहाव में नगरोटा बगवां में 10 साल की लड़की बह गई। उसकी तलाश जारी है। सोमवार सुबह मांझी खड्ड के तेज बहाव में धर्मशाला के पास पासू में खड्ड किनारे बसे प्रवासी मजदूरों की झोंपड़ियां भी पानी के तेज बहाव में बह गईं। तेज बहाव में कई क्षेत्रों में लोगों की जमीनें तक बह गईं। विधानसभा क्षेत्र शाहपुर की बोह घाटी में बाढ़ आने की वजह से पहाड़ी से मलबा गिर गया। इस मलबे में छह घर दब गए। घरों में रहने वाली एक महिला की मौत हो गई। इस महिला का शव बरामद

कर लिया गया है। हादसे में करीब 12 लोग लापता बताए जा रहे हैं। कुछ लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। बोह घाटी में एक पशु चिकित्सालय भी मलबे में दब गया। पर्यटन स्थल धर्मशाला के पास भागसूनाग में एक नाला बंद होने की वजह से पानी सड़क पर आ गया। पानी के तेज बहाव में एक पार्किंग और सड़क पर खड़ी दर्जन भर कारें नाले के पानी में बह गईं। करीब 11 बाइकें भी पानी के तेज बहाव में बह गईं। इसके अलावा उपमंडल धर्मशाला के तहत चैतडू में दो दुकानों और चार मकान मांझी खड्ड के तेज बहाव में बह गए। मनेढ़ और चैतडू में खड्ड किनारे प्रवासी मजदूरों की झोंपड़ियां भी पानी के तेज बहाव में बह गईं। कई प्रवासी मजदूर बेघर हुए हैं। मनेढ़ में ही दो कारें और शीला गांव में मांझी खड्ड के तेज बहाव में दो बाइकें भी पानी में बह गईं। उपायुक्त कांगड़ा निपुण जिंदल के आदेश के बाद एनडीआरएफ की टीम को भी मौके पर बुलाया गया है।

2- खड्ड, नदियाँ उफान पर, पालमपुर मे सर्वाधिक बारिश।

हिमाचल प्रदेश में सोमवार को ऑरेंज अलर्ट के बीच मूसलाधार बारिश ने हाहाकार मचा दिया। राजधानी शिमला सहित प्रदेश के कई क्षेत्रों में रविवार रात से भारी बारिश का दौर जारी है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला से मिली जानकारी के मुताबिक सुबह नौ बजे तक पालमपुर में 160 मिमी और धर्मशाला में 130 मिमी बारिश हुई। मनाली 55 मिमी, कांगड़ा 65 मिमी,

भुंतर 51 मिमी, डलहौजी 48 मिमी और कुफरी में 38 मिमी बारिश हुई। मैकलोडगंज के भागसूनाग में सड़क पर खड़ी कई गाड़ियां नाले में उफान आने पर बह गईं। कई गाड़ियां क्षतिग्रस्त हो गईं। डीसी कांगड़ा निपुण जिंदल से प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि बारिश से हुए नुकसान का आकलन करें और प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता प्रदान की जाए। प्रदेश के नदी और नाले उफान पर हैं। सैकड़ों सड़कें बंद हो गई हैं। नेशनल हाईवे 707 कफोटा के पास भूस्खलन से बंद हो गया जिसमे सैकड़ों वाहन फंस गए। कुछ घंटो बाद यातायात बहाल हो गया था। इस बारिश से सबसे ज्यादा नुकसान कांगड़ा जिले मे होना बताया जा रहा है।

3- केंद्र स्थिति पर रख रहा पूरी नजर- प्रधानमंत्री

हिमाचल मे बारिश के कारण हुई भारी क्षति पर केंद्र सरकार नजर बनाए हुए हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि हिमाचल में भारी बारिश के कारण पैदा हुई स्थिति पर नजर रखी जा रही है। हर संभव सहायता प्रदान की जा रही है।

वह बारिश से प्रभावित क्षेत्रों में रहने वाले लोगों की सुरक्षा के लिए प्रार्थना करते हैं। उधर, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने ट्वीट कर जानकारी देते हुए बताया है कि हिमाचल प्रदेश में तेज बारिश से आई प्राकृतिक आपदा के संबंध में उन्होंने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर से बात की है। राहत कार्यों के लिए एनडीआरएफ की टीमें शीघ्र वहां पहुंच रही हैं। गृह मंत्रालय स्थिति को निरंतर मॉनिटर कर रहा है। केंद्र की ओर से हिमाचल को हर संभव मदद दी जाएगी।

4- मुख्यमंत्री ने दिए राहत व बचाव कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश।

मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने सोमवार को प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में भारी वर्षा और बादल फटने की संभावित घटनाओं से हुए नुकसान पर चिन्ता व्यक्त की

है। मुख्यमंत्री ने प्रदेश के सभी जिला प्रशासन को प्रभावित क्षेत्रों में अविलंब राहत और बचाव कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्थानीय लोगों और पर्यटकों से नदी-नालों के किनारे नहीं जाने का आग्रह किया है ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना की संभावना से बचा जा सके।

5- अगले दो दिन नदी नालों से रहें दूर।

मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने अगले दो दिनों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। विभाग ने 12 और 13 जुलाई को भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। जबकि 14 से 16 जुलाई तक येलो अलर्ट जारी

हुआ है। प्रदेश में 18 जुलाई तक मौसम खराब रहने की संभावना हैं। विभाग ने एडवाइजरी जारी की है कि भारी बारिश से भूस्खलन, पेड़ गिरने और नदी-नालों का जल स्तर बढ़ने का खतरा है। पर्यटकों, स्थानीय लोगों को नदी-नालों के पास न जाने  की सलाह दी गई है। ऐसे मे एहतियात बरतें। 

6- धर्मशाला मे युवा कांग्रेस की हेल्पलाइन, सरकार से बचाव दल तैनात करने की मांग।

हिमाचल प्रदेश युवा कांग्रेस अध्यक्ष नेगी निगम भंडारी ने कहा कि धर्मशाला में बादल फटने से जो नुकसान हुआ है, उसमे युवा कांग्रेस हर संभव लोगों की मदद करेगी। नेगी निगम भंडारी ने कांगडा के जिला प्रभारी व जिला अध्यक्ष

को निर्देश दिये है कि वे तुरन्त मौके पर जाकर प्रभावित परिवारों से मिलकर नुकसान का जायजा लें और प्रदेश युवा कांग्रेस मुख्यालय में अवगत करवाएं। उन्होंने कहा कि युवा कांग्रेस ने हेल्पलाइन न0 जारी किए है। जिनको मदद चाहिए वे इन नंबरों पर सम्पर्क कर सकते हैं। इसमे सुरजीत सिंह भरमौरी मोबाइल न0 94189-95555, रवि ठाकुर-98169-69180, सुकरान्त भाटिया-98057-12600, गोल्डी चौधरी- 98052-85518, जितेंद्र धीमान जीतू- 98054-84845,पंकज कुमार-94599-00143 और अश्वनी राणा-78072-64999 शामिल है। साद ही भंडारी ने प्रदेश सरकार से मांग की है कि इस बरसात के मौसम मे ऐसी आपदा को देखते हुए प्रशासन को अर्लट किया जाए और प्रदेश में किसी भी स्थिति से निपटने के लिए बचाव दल तैनात किये जाए।

7- राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर का शिमला पहुंचने पर अभिंनदन।

हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल (नामित) राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर का सोमवार शाम शिमला पहुंचने पर स्वागत किया गया। मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर, शहरी

विकास मंत्री सुरेश भारद्वाज, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री सरवीन चैधरी, मुख्य सचिव अनिल खाची, डीजीपी संजय कुंडू, कुलपतियों और राज्य सरकार के अन्य वरिष्ठ अधिकारियों तथा गणमान्य व्यक्तियों ने राजभवन पंहुचने पर उनका स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने उन्हें हिमाचली टोपी और शाॅल भेंटकर सम्मानित किया। राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर 13 जुलाई, 2021 को सुबह 10 बजे हिमाचल प्रदेश के 28वें राज्यपाल के रूप में शपथ लेंगे।

8- राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय को दी गई भावनात्मक विदाई।

मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने अपने मंत्रिमंडल के सदस्यों जल शक्ति मंत्री महेन्द्र सिंह ठाकुर, शहरी विकास मंत्री सुरेश भारद्वाज, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री सरवीन चैधरी एवं शिक्षा मंत्री गोविन्द सिंह ठाकुर, जनप्रतिनिधियों, मुख्य सचिव अनिल खाची, पुलिस महानिदेशक संजय कुंडू, कुलपतियों, प्रदेश सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों और विभिन्न क्षेत्रों के विशिष्ट

लोगों ने सोमवार को राजभवन में राज्यपाल को भावनात्मक विदाई दी।
इससे पूर्व, राजभवन के कर्मचारियों ने आज राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय के लिए राज भवन में विदाई समारोह आयोजित किया। इस अवसर पर राज्यपाल श्री दत्तात्रेय ने कहा कि उन्होंने पिछले दो वर्षों के दौरान प्रदेश के लोगों से बहुत स्नेह, आदर एवं सम्मान प्राप्त किया है, जो उन्हें हमेशा याद रहेगा। उन्होंने कहा कि अपने लगभग दो वर्ष के इस कार्यकाल के दौरान उन्होंने राजभवन की गरिमा को बनाए रखने तथा प्रदेश की उन्नति और विभिन्न कल्याणकारी गतिविधियों में भाग लिया। इस अवसर पर राज्यपाल के पूर्व सचिव राकेश कंवर ने विभिन्न क्षेत्रों में राज्यपाल द्वारा किए गए कार्यों पर प्रकाश डालते करवाते हुए कहा कि उनके कार्यों ने हिमाचल प्रदेश को एक नई दिशा प्रदान की और इन्हें हमेशा याद रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि राज्यपाल द्वारा प्रदेश में किए गए कार्यों को सभी स्तर पर सहयोग और प्रशंसा मिली। इस अवसर पर राज्यपाल के नए सचिव प्रियतु मंडल भी उपस्थित थे, जिन्होंने आज अपना कार्यभार संभाला।

9- मुख्यमंत्री ने बालिकाओं को उनके अधिकारों को लेकर जागरुक बनाने पर दिया ज़ोर।

मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने आज यहां सक्षम गुड़िया बोर्ड की बैठक की अध्यक्षता करते हुए बालिकाओं को अपने अधिकारों के बारे में जागरूक बनने तथा उनके सामाजिक-आर्थिक सशक्तिकरण पर बल दिया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षित वातावरण

प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने छात्राओं के साथ दुव्र्यवहार में शामिल शिक्षकों के विरूद्ध सख़्त कार्रवाई करने के भी निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि सक्षम गुड़िया बोर्ड का गठन वर्ष 2018 में महिलाओं और बालिकाओं के सशक्तिकरण के लिए सुरक्षा से सम्बन्धित अधिनियमों, नियमों, पुलिस और कार्यक्रमों की सिफारिशों को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से किया गया था। बोर्ड का उद्देश्य प्रदेश में लड़कियों के उत्थान और सशक्तिकरण के लिए विभिन्न विभागों द्वारा चलाए जा रहे विभिन्न कार्यक्रमों की समीक्षा करना भी है। बोर्ड लड़कियों के स्वास्थ्य और पोषण संबंधी पहलुओं में गुणात्मक सुधार के लिए सिफारिशें करने की भी परिकल्पना करता है। जय राम ठाकुर ने कहा कि राज्य सरकार ने महिलाओं और बालिकाओं का सशक्तिकरण सुनिश्चित करने के लिए कई योजनाएं शुरू की हैं। शगुन योजना के अंतर्गत बीपीएल परिवारों की लड़कियों को विवाह के समय 31 हजार रुपये अनुदान के रूप में प्रदान किए जा रहे हैं। सरकार ने 65-69 आयु वर्ग की पात्र महिलाओं को सामाजिक सुरक्षा प्रदान करने के लिए स्वर्ण जयंती नारी संबल योजना भी शुरू की है। इस आयु वर्ग की 60 हजार से अधिक महिलाओं को प्रतिमाह एक हजार रुपये प्रदान किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि सत्ता संभालने के बाद वर्तमान प्रदेश सरकार ने गुड़िया हेल्पलाइन की शुरूआत की ताकि संकट के समय लड़कियों को तत्काल सहायता प्रदान की जा सके। इस हेल्पलाइन पर लगभग 6400 शिकायतें प्राप्त हुई हैं। राज्य सरकार का मुख्य उद्देश्य बालिकाओं को सुरक्षित और बेहतर वातावरण प्रदान करना है ताकि वे अपनी इच्छानुसार किसी भी क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकें। उन्होंने कहा कि बोर्ड को महिलाओं और लड़कियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए उठाए जाने वाले कदमों के संबंध में अपने सुझाव देने के लिए आगे आना चाहिए। जय राम ठाकुर ने कहा कि प्रदेश सरकार बोर्ड को सुदृढ़ करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि महिलाओं और लड़कियों के उत्थान के लिए शुरू की गई योजनाओं की निगरानी के लिए बोर्ड को नियमित बैठकें आयोजित करवानी चाहिए। उन्होंने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए विशेष जागरूकता अभियान चलाए जाने चाहिए। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री सरवीन चैधरी ने कहा कि बोर्ड का मुख्य उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि राज्य के विभिन्न हिस्सों से यौन उत्पीड़न संबंधी कई मामले सामने आ रहे हैं। उन्होंने इस अवसर पर विभाग द्वारा महिलाओं और बालिकाओं के सशक्तिकरण के लिए शुरू की गई विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के बारे में विस्तृत जानकारी दी। सक्षम गुड़िया बोर्ड की उपाध्यक्ष रूपा शर्मा ने धन्यवाद प्रस्ताव प्रस्तुत किया।

10- सभी विधानसभा की नदियों मे किया जाएगा स्वर्गीय वीरभद्र सिंह की अस्थियों का विसर्जन।

हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय वीरभद्र सिंह की अस्थियों का प्रदेश की सभी विधानसभा में बहने वाली नदियों मे विसर्जन किया जाएगा। उनकी अस्थियों के 72 कलश बनाए गए हैं। हरिद्वार में गंगा के अलावा प्रदेश के 68 विधानसभा क्षेत्रों में बहने वाली प्रमुख नदियों में अस्थि विसर्जन किया जाएगा। हरिद्वार जाकर गंगा में पूर्व मुख्यमंत्री स्व. वीरभद्र सिंह की अस्थियों का विसर्जन विक्रमादित्य सिंह के चचेरे भाई रिपू धवन कंवर करेंगे। सोमवार

को राजसी परंपरा के अनुसार पूर्व मुख्यमंत्री स्व. वीरभद्र सिंह के पुत्र विक्रमादित्य सिंह ने रामपुर में जोबनी बाग से अस्तु एकत्रित किए। शिंगला से आए कुल पुरोहित और खखरोला से आए ठाकुर परिवार के सदस्यों ने अंतिम विधी विधान की रस्में पूरी कीं। सोमवार सुबह नौ बजे विक्रमादित्य सिंह पद्म पैलेस से जोबनी बाग गए। करीब 9:45 बजे कलश स्थापना सहित पूजा-पाठ और विधियां संपन्न हुईं। पंडित सुदर्शन और आचार्य योगराज ने अस्तु एकत्र करने का विधि को पूरा किया। राजपरिवार के रिश्तेदार माने जाने वाले खखरोला गांव के ठाकुर भी मौजूद रहे। मां भीमाकाली मंदिर और हॉलीलॉज में भी अस्तु रखे जाएंगे। मां भीमाकाली मंदिर, हॉलीलॉज शिमला और पद्म पैलेस रामपुर में अस्थि कलश रखे गए हैं। 16 जुलाई को रिपू धवन कंवर हरिद्वार जाएंगे और 17 जुलाई को अस्थियां गंगा में प्रवाहित करेंगे। प्रदेश के विभिन्न विस क्षेत्रों की नदियों में अस्थियों के विसर्जन के लिए प्रदेश कांग्रेस ने ब्लॉक स्तर पर कार्यकर्ता तैनात किए हैं। ये नियमानुसार अस्थियों का विसर्जन करेंगे। 18 जुलाई को राज दरबार परिसर रामपुर में शुद्धि करवाई जाएगी। क्षेत्र के हजारों लोगों के लिए भोज की व्यवस्था की जाएगी।

11- रिज पर पूर्व सीएम दिवंगत वीरभद्र सिंह की प्रतिमा स्थापित करने की मांगी अनुमति। 

हिमाचल प्रदेश कांग्रेस ने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर से शिमला के ऐतिहासिक रिज मैदान पर पूर्व मुख्यमंत्री दिवंगत वीरभद्र सिंह की प्रतिमा स्थापित करने की अनुमति मांगी है। वर्तमान में रिज मैदान में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी, पूर्व प्रधानमंत्री स्व. इंदिरा गांधी, स्व. अटल बिहारी वाजपेयी और प्रदेश के पहले

मुख्यमंत्री स्वर्गीय यशवंत सिंह परमार गांधी की प्रतिभा है। कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष कुलदीप राठौर ने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर को पत्र लिखा है कि प्रदेश के नव निर्माण में वीरभद्र सिंह को भी कभी भुलाया नहीं जा सकेगा। पहाड़ी राज्यों के विकास में हिमाचल विशेष स्थान रखता है। इसका पूरा श्रेय वीरभद्र सिंह को जाता है। शिमला के ऐतिहासिक रिज मैदान में उनकी स्मृति में कोई स्मारक बने। प्रदेश कांग्रेस उनकी प्रतिमा रिज मैदान में लगाना चाहती है। मुख्यमंत्री से आग्रह किया है कि सरकार किसी बड़े सरकारी संस्थान का नाम वीरभद्र सिंह के नाम पर रखे। यही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। राठौर ने कहा कि वीरभद्र सिंह लोकप्रिय और जन मानस के नेता थे।

12- भाजपा महिला मोर्चा की दो पदाधिकारी निलंबित।

हिमाचल प्रदेश भाजपा महिला मोर्चा की दो पदाधिकारियों को बयानबाज़ी करना महंगा पड़ गगय। अनुशासनहीनता के कारण पार्टी की तरफ से इन्हे निलंबित कर दिया गया है। इन दोनो पदाधिकारियों के बीच बयानबाजी की ऑडियो वायरल हो रही है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप ने महिला मोर्चा की महामंत्री शीतल व्यास और मोर्चा की आईटी प्रभारी डॉ. अर्चना की पार्टी की प्राथमिक सदस्यता निलंबित कर दी है। दोनों को मोर्चा के दायित्वों से भी हटा दिया है। कहा कि किसी भी सूरत में अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। गोर हो कि महिला मोर्चा के पदाधिकारियों के बीच घमासान और वायरल हुए ऑडियो के मामले में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप ने महिला मोर्चा अध्यक्ष से रिपोर्ट तलब की थी। दरअसल, वायरल ऑडियो में दोनों पदाधिकारी एक-दूसरे को लेकर तीखी बातें बोलती सुनाई दे रही थीं। इसी दौरान पद हासिल करने के लिए चार लाख रुपये देने की भी बात कही गई थी। पार्टी में पद के लिए पैसे देने का वायरल ऑडियो सामने आने पर भाजपा की बदनामी शुरू हो गई थी। यही कारण है कि पार्टी ने आनन-फानन में जांच कर कार्रवाई कर दी है।

13- मुख्यमंत्री को आॅक्सीजन कन्सन्ट्रेटरज किए भेंट।

प्रोक्टर और गैम्बल, बद्दी के वरिष्ठ प्रबन्धक जेपी भदोला ने कंपनी की ओर से आज यहां मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर को 25 आॅक्सीजन कन्सन्ट्रेटरज, 21500 फेस मास्क और हैंड सेनिटाईजर की 204 बोतलें भेंट कीं। कैडबरी

माॅन्डेज इंडिया, बद्दी के प्लांट हैड अतुल कुलकर्णी और मानव संसाधन प्रमुख मधुर राठौर ने कंपनी की ओर से मुख्यमंत्री को 90 आॅक्सीजन कन्सन्ट्रेटरज भेंट किए। मुख्यमंत्री ने इस परोपकारी कार्य के लिए उनका आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के योगदान जरूरतमंद लोगों की सहायता करने तथा अन्य संस्थाओं को भी उदारतापूर्वक दान करने के लिए प्रेरित करने में सहायक सिद्ध होेंगे।


स्थानीय (सिरमौर)

1- उपायुक्त ने दिये मलबा रोकने के पुख्ता इंतजाम के आदेश।

बीते दिन बारिश के कारण एनएच निर्माण कार्य कर रही कंपनियों द्वारा डंप किया मलबा गांवों की और निकल गया। इससे लोगों को फसल और जलस्रोतों को नुकसान हुआ। आज शिलाई से उपायुक्त सिरमौर राम कुमार गौतम के पांवटा साहिब आते हुए हेवणा के लोगों ने उन्हें रोककर अपनी समस्याएं बताई। जिस पर उपायुक्त ने एसडीएम को त्वरित निर्देश दिये कि कंपनियों को मलबा रोकने के पुख्ता इंतजाम करने को कहा जाए। साथ ही लोगों के नुकसान को देखते हुए उचित कदम उठायें जाएं। उसके बाद जिलाधीश ने आज पांवटा साहिब मे पत्रकारों से बातचीत मे कहा कि क्षेत्र में

बरसात से होने वाले नुकसान के लिए प्रशासन हरसंभव लोगों की सहायता कर रही है। उन्होंने कहा कि पांवटा साहिब-शिलाई-गुम्मा नेशनल हाईवे पर विभाग व संबंधित कंपनियों को निर्देश दिए गये है। सड़क बंद होने पर तुरंत मशीनें लगाकर सड़क को खोला जाये। साथ ही डंपिंग साईट पर सुरक्षा दीवारों को लगाने के निर्देश दिये गये है ताकी लोगों को नुकसान न हो। उपायुक्त ने कहा कि जिला सिरमौर में कोविड की तीसरी लहर से निपटने के लिए प्रशासन ने पूरी तरह से सतर्क है। उन्होंने कहा कि जिला सिरमौर में सभी सिविल अस्पतालों में ऑक्सीजन प्लांट लगाये जा रहे है। डीसी ने कहा कि पांवटा साहिब सिविल अस्पताल में जिला का सबसे बड़ा ऑक्सीजन प्लांट लगाया जा रहा है। इसका कार्य 31 जुलाई तक पूरा हो जायेगा। पांवटा साहिब सिविल अस्पताल में 30 ऑक्सीजन बैड जर्नल और 20 ऑक्सीजन बैड बच्चों के लिए तैयार किये जा रहे है। उन्होंने कहा कि पांवटा साहिब शहर में ड्रैनेज के लिए प्लान तैयार किया जा रहा है ताकि जलभराव की समस्या से छूटकारा मिल सके। साथ ही कहा की चांदनी पंचायत के अम्बोन गांव में भूस्खलन से हुए नुकसान के लिए प्रशासन लोगों को सहायता कर रहे है। इस मौके पर पांवटा साहिब के एसडीएम विवेक महाजन भी मौजूद रहे।

2- सिरमौर के इन स्टेशन मे उचित मूल्य की दुकान के लिए करें आवेदन।

जिला सिरमौर की  ग्राम पंचायत कोटा पाब के ग्राम काण्डी, ग्राम  पंचायत  पोका, ग्राम पंचायत टिक्करी डसाकना के ग्राम खुईशरा व ग्राम पंचायत रणफुआ जबडोग में उचित मूल्य की दुकान खोली जानी है जिसके लिए इच्छुक उम्मीदवार 2 अगस्त, 2021 तक आवेदन कर सकते है। यह जानकारी जिला नियन्त्रक, खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले पवित्रा ने देते हुए बताया कि इच्छुक प्रार्थियों ग्राम पंचायत, स्वंय सहायता समूह, सहकारी समितियॉ, महिलाओं का समूह, एकल नारी, विधवा जो अपने बच्चों का स्वयं पालन पोषण कर रहीं हों, शारीरिक रूप से अपंग व्यक्ति जोकि उचित मूल्य की दुकान का कार्य ठीक प्रकार से करने में सक्षम हो, भूतपूर्व सैनिक, शिक्षित बेरोजगार व्यक्ति जिसके परिवार से कोई भी सदस्य नियमित रोजगार में न हो, अपना आवेदन सादे कागज पर 2 अगस्त, 2021 तक जिला नियंत्रक, खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले नाहन के कार्यालय में आवेदन कर सकते है। आवेदन करने के लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता दसवीं पास व आयु सीमा 18 से 45 वर्ष होनी चाहिए। आवेदक अपने आवेदन पत्र के साथ मैट्रिक का प्रमाण पत्र, आवेदक शिक्षित बेरोजगार होने की स्थिति में स्वंय तथा परिवार के किसी भी सदस्य के नियमित रोजगार में न होने सम्बन्धी प्रमाण पत्र की सत्यापित प्रतियां संलग्न की जानी अनिवार्य है, जिनके बिना आवेदन अस्वीकृत व रद्द कर दिया जाएगा। इसके अतिरिक्त उच्च शैक्षणिक योग्यता प्रमाण पत्र यदि आवेदक बी0पी०एल0, एस०सी0, ओ०बी0सी0, एस०टी० परिवार से सम्बन्ध रखता व रखती है, तो इस संदर्भ में प्रमाण पत्र भूतपूर्व सैनिक प्रमाण पत्र, अपंगता प्रमाण पत्र, यदि आवेदक उसी वार्ड का है जिसमें उचित मूल्य की दुकान खोली जानी प्रस्तावित है तो इस सम्बन्ध में ग्राम पंचायत द्वारा जारी प्रमाण पत्र, विधवा एकल नारी से सम्बन्धित दस्तावेज जो भी उपलब्ध हों, स्वंय सत्यापित छायाप्रतियां भी आवेदन पत्र के साथ संलग्न करना सुनिश्चित करें ताकि वरीयता तय की जा सके तथा अधिक जानकारी के लिए दूरभाष नम्बरः-01702-222558 पर भी संपर्क कर सकते है।

3- राजा वीरभद्र सिंह की मौत से भी शिक्षा लें राजनेता- शास्त्री

पक्ष विपक्ष द्वारा समान रूप से राजा वीरभद्र सिंह की मृत्यु पर श्रद्धा और सम्मान के साथ अंतिम विदाई देना दर्शाता है कि राजनीति में जन नायक बनने के लिए जीवन भर समझदारी, ईमानदारी, जिम्मेदारी और बहादुरी की भट्टी में तपना पड़ता है। अपने और पराए में भी अच्छे लोगों की पहचान, विपरीत परिस्थितियों में धैर्य, तीव्र स्मरण शक्ति और निर्णय लेने की क्षमता जैसे अद्भुत गुणों के मालिक थे पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह। यह कहना है शिलाई क्षेत्र के समाजसेवी कुंदन सिंह शास्त्री का। शास्त्री ने कहा कि राजा

वीरभद्र सिंह ने हिमाचल प्रदेश का सही दिशा में विकास करने के साथ-साथ वे जिनको बनाना चाहते थे उन्हें बना कर दिखाया और जिन्होंने दुर्भावना से बाधाएं और षड्यंत्र खड़े कि उन्हें ठिकाने भी लगाया। इसीलिए राजनेताओं और उच्च अधिकारियों में उनके प्रति सम्मान भी था और भय भी। ऐसा आज की भ्रष्ट एवं षड्यंत्रकारी राजनीति में होना भी चाहिए अन्यथा बेईमानी करने वाले अपने साथ औरौं को भी डुबोने में देर नहीं करते। कांग्रेस पार्टी के शीर्ष नेतृत्व को भी जरूर एहसास हो रहा होगा कि वीरभद्र सिंह अपने आप में ही पूर्ण संगठन थे और जननायक थे। मुख्यमंत्री के रूप में इनका अंतिम कार्यकाल वृद्धावस्था के कारण जरूर कुछ आलोचना का विषय रहा था लेकिन जैसे बड़े वृक्ष के नीचे छोटे वृक्ष पनप नहीं पाते वही स्थिति इनके रहते हिमाचल में कांग्रेस पार्टी की रही है। वीरभद्र सिंह अपने व्यक्तित्व और कार्यशैली से राजनीति में इतनी बड़ी लकीर खींच कर गए हैं कि उनका विकल्प किसी को बनना या बनाना कतई भी आसान नहीं है। डॉक्टर परमार ने हिमाचल को बनाने में और राजा वीरभद्र सिंह ने हिमाचल को सजाने में बहुत बड़ी और निर्णायक भूमिका निभाई है, इसमें कोई दो राय नहीं है। 4-5 बार उनसे क्षेत्रीय मुद्दे को लेकर हमें भी मिलने का अवसर मिला तो लगता था कि हम किसी महान नेता से मिल रहे हैं। उनके प्रति श्रद्धा और सम्मान के साथ भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनकी आत्मा को शत-शत नमन करते हैं।

4- जान पर खेलकर किया है आशा वर्कर्स ने कार्य- सुभाष शर्मा

हिमाचल प्रदेश आशा वर्कर यूनियन पांवटा साहिब ब्लॉक की एक बैठक राजबाला की अध्यक्षता में हुई। इस बैठक में सबसे पहले पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के निधन पर 2 मिनट का मौन रखा गया और उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई। उसके उपरांत सभी आशा वर्कर्स ने अपनी अपनी समस्याएं रखी। इस मौके पर इंटक जिला अध्यक्ष सुभाष शर्मा व जिला आशा वर्कर्स

यूनियन की प्रधान रक्षा ठाकुर भी मौजूद रहे। इस बैठक में आशा वर्कर्स की विभिन्न मांगों पर चर्चा की गई जिसमें मुख्य तौर पर जनवरी 2021 से जून 2021 तक कोविड-19 का इंसेंटिव दिए जाने की मांग की गई। डिलीवरी व जांच का इंसेंटिव अप्रैल 2000 से मार्च 2021 तक नहीं मिला है, उसे भी जारी करने की मांग की गई। सभी आशा वर्कर्स के लिए ठोस नीति बनाने की मांग की गई। सभी आशा वर्कर्स का इंसेंटिव हर महीने की 1 तारीख को दिया जाना चाहिए। जनवरी 2021 को सरकार द्वारा मार्च तक ₹1000 अप्रैल-मई का 1500 रुपए और बजट कैबिनेट में तीन बार 750 रुपए की घोषणा की गई है जो अभी तक नहीं दी गई है। निजी संस्थान में प्रस्ताव की प्रोत्साहन राशि को भी बहाल किया जाए। करोना वैक्सीनेशन की भी हर दिन के हिसाब से प्रोत्साहन राशि दी जाए। प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के पहले प्रति महिला 150 रुपए दिया जाता था जो अब घटाकर सिर्फ 100 रूपये कर दिया गया है। आशा वर्कर्स की मांग है कि तीन चेकअप के लिए हर महीने 300 रूपये प्रदान किया जाए। इस मौके पर इंटक जिलाध्यक्ष सुभाष शर्मा ने कहा कि जल्द ही एक प्रतिनिधिमंडल सीएमओ सिरमौर से मिलेगा तथा उनके समक्ष आशा वर्कर्स की मांगों को रखा जाएगा। जिलाध्यक्ष ने कहा कि कोविड-19 की दूसरी लहर में सभी आशा वर्कर्स ने अपनी जान की परवाह न करते हुए अपनी ड्यूटी निभाई है। सिरमौर इंटक इनके द्वारा किए गए काम के लिए बधाई देता है और यदि तीसरी लहर आती है तो सभी आशा वर्कर्स को जान की सुरक्षा के लिए सरकार सभी प्रकार की सुविधाएं प्रदान करें। इस मौके पर कमलजीत, अनीता, बबली, आशा, पूनम, सत्या, रेनू, प्रेमलता, मीरा, सरोज, दया, सीमा, रक्षा, सुनीला, नीलम, अंजना, शबाना, कमलेश, रजनी, बीना और नीलम आदि आशा वर्कर्स मौजूद रही।

5- डिफेंस काॅलोनी मे बनेगा शिरगुल महाराज का भव्य मंदिर।

पांवटा साहिब की अमरकोट पंचायत के बेहड़ेवाला स्थित डिफेंस काॅलोनी मे शिरगुल महाराज का भव्य मंदिर निर्माण होगा। प्रदेश सरकार के ऊर्जा मंत्री सुखराम चौधरी ने मंदिर का शिलान्यास किया। सोसायटी के पदाधिकारी बलदेव सिंह राणा ने जानकारी देते हुए बताया कि रविवार देर सांय ऊर्जा मंत्री

डिफेंस कॉलोनी पंहुचे, जहां पर सोसायटी ने उनका भव्य स्वागत किया। ऊर्जा मंत्री ने शिरगुल महाराज मंदिर का शिलान्यास भी किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि इस कॉलोनी के लोगों की समस्याएं जल्द दूर की जाएगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के कार्यकाल में विकास ठप पड़ा है। विकास के काम बीजेपी की सरकार में होते है। इस मौके पर विकास कार्य गिनाए। इससे पूर्व सोसाईटी ने ऊर्जा मंत्री के समक्ष कुछ मांगे रखी जिसमे सड़क निर्माण, पानी की टंकी, स्ट्रीट लाइट आदि शामिल रही।

6- भाजपा ग्राम केंद्र पर बनाएगी पंच परमेश्वर- फाल्टा 

कार्तिक तोमर-शिलाई/ जिला सिरमौर के शिलाई विधानसभा क्षेत्र में भारतीय जनता पार्टी शिलाई मण्डल की बैठक सम्पन्न हुई।बैठक में भाजपा प्रदेश प्रवक्ता व जिला सिरमौर प्रभारी अरुण फाल्टा विशेष रूप से उपस्थित रहे। बैठक की अध्यक्षता मण्डल अध्यक्ष सूरत चौहान ने की। बैठक का शुभारंभ दीप प्रज्वलित कर वन्देमातरम से हुआ बैठक में  प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री स्व राजा वीरभद्र सिंह, पूर्व मंत्री स्व नरेंद्र बरागटा के निधन पर व टिम्बी के बसोग

में सड़क दुर्घटना में मृतक युवकों की आत्मा की शांति के लिए 2 मिंनट का मौन रखा। बैठक की शुरुवात मण्डल अध्यक्ष सूरत चौहान के सम्बोधन से हुई उन्होंने बैठक में आए अभी प्रदेश, जिला व मण्डल के पदाधिकारियों व सदस्यों का स्वागत किया। मण्डल अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी हैं  यह पर एक आम कार्यकर्ता मुख्यमंत्री, प्रधानमंत्री व अध्यक्ष बन सकता हैं। भाजपा के लिए कार्यकर्ता ही सर्वोपरि हैं कार्यकर्ता संगठन की रीढ़ की हड्डी होती हैं। इस अवसर पर प्रभारी जिला सिरमौर अरुण फलटा ने कहा कि संगठन को जमीनी स्तर तक मजबूत करने के लिए पन्ना प्रमुख के सहयोग के लिए दो और सहयोगी लगाए जाएंगे। और बूथ स्थर पर  पदाधिकारियो के प्रवास होंगे। उन्होंने कहा कि ग्राम केन्द्र के प्रशिक्षण वर्ग होंगे व पंच परमेश्वर बनाए जाएंगे व उनके सम्मेलन किए जाएंगे। बैठक में जिला परिषद सदस्य मामराज शर्मा ने पंचायती राज संस्थाओं के बारे में विस्तार डाला, जिला उपाध्यक्ष कुलदीप राणा ने संगठन को मजबूत करने व संगठित होकर 2022 में शिलाई से भाजपा विधायक बना कर भेजना हैं। शिलाई के पूर्व विधायक एव भाजपा प्रदेश प्रवक्ता बलदेव तोमर ने कहा कि आज प्रदेश सरकार के नेतृत्व में शिलाई विधानसभा क्षेत्र विकास में आगे बढ़ रहा हैं। पिछले तीन साल में प्रदेश सरकार ने हर बूथ में कार्य किया है जिसका लाभ लोगो को मिल रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओ ने निवेदन किया है कि जो कार्य पिछले तीन साल में प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर से करवाए हैं आप उन कामो को बूथों पर लोगो बताए ताकि उनको इसका लाभ मिल सके। उन्होंने कहा कि कोरोना काल होने के बाद भी शिलाई विधानसभा क्षेत्र के लिए जितना बजट जयराम ठाकुर ने दिया है उतना बजट 70 साल में भी नही मिला है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री के आशिर्वाद से इस विधानसभा क्षेत्र में एक ओर खण्ड विकास कार्यालय खोला जाएगा। 

7- लव जिहाद एवं धर्मांतरण की घटनाएं रोकने पर विशेष योजना।

विश्व हिन्दू परिषद् जिला सिरमौर की एक विशेष बैठक पांवटा साहिब प्रखण्ड के अजोली में हुई। बैठक तीन सत्रों में चली। सर्वप्रथम हिमाचल प्रदेश के 6 बार मुख्यमंत्री रहे एवं अपने संपूर्ण जीवन में हिंदुत्व एवं देव संस्कृति, गौवंश रक्षा सुरक्षा, के लिए सदैव समर्पित रहे राजा वीरभद्र सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। जिला बैठक में विश्व हिन्दू परिषद् विभाग सोलन की तीन दिवसीय वर्चुअल बैठक में जिला सिरमौर के जिन पदाधिकारियों के दायित्व

परिवर्तन किए गए जिसमें जिला मंत्री सिरमौर का दायित्व विभोर कुमार, जिला सह मंत्री का दायित्व सुनील चौधरी, जिला उपाध्यक्ष का दायित्व कुलदीप गतवाल को हिमाचल प्रदेश के प्रान्त अध्यक्ष लेखराज राणा जी द्वारा विभाग की वर्चुअल बैठक में दिया गया। इसी के निमित्त जिला बैठक सिरमौर में विभाग मंत्री सोलन दीपक भण्डारी एवं विहिप, बजरंग दल, दुर्गा वाहिनी, जिला सिरमौर के दायित्ववान कार्यकर्ताओं ने शॉल, टोपी, भगवा पटका, पुष्पमाला एवं भगवत गीता भेंट कर तीनों नवनियुक्त जिला पदाधिकारियों को सम्मानित किय। बैठक में प्रखण्ड, नगर, के विश्व हिन्दू परिषद् , बजरंग दल, सत्संग विभाग, के नवीन दायित्व मिले कार्यकर्ताओं को भी को भी विहिप जिला टोली द्वारा भगवा पटका एवं सोल भेंट कर सम्मानित किया गया। बैठक में उपस्थित विश्व हिन्दू परिषद् के आयामों के दायित्ववान कार्यकर्ताओं को विभाग एवं जिला के पदाधिकारियों द्वारा संबोधन करते हुए क्षेत्र में बढ़ रही लव जिहाद एवं धर्मांतरण की घटनाओं पर विशेष योजना बनाते हुए समस्त शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों के हिन्दू समाज से यह भी आह्वान किया कि वर्तमान में कुछ पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी जो स्थानीय तौर पर राजनीति संरक्षण के कारण हिमाचल प्रदेश सरकार द्वारा द्वारा बनाए गए धर्मांतरण कानून की अवहेलना करते हुए धर्मांतरण के आए हुए केस की प्राथमिकी दर्ज नहीं कर रहे हैं जिसके लिए विश्व हिन्दू परिषद् एवं बजरंग दल ऐसे पुलिस अधिकारियों कर्मचारियों के विरुद्ध एक विशेष मुहिम चलाते हुए इनका विरोध स्थानीय एवं प्रान्त स्तर तक करेगा। कार्यकर्ताओं ने इस बात पर भी आपत्ति उठाई है अधिकतर धर्मांतरण एवं लव जिहाद के केसों को स्थानीय पुलिस अधिकारी कर्मचारियों द्वारा आपस में बातचीत कर निपटाने की पुरजोर कोशिशें की जा रही है। यह ऐसा कार्य किस दबाव या व्यक्तिगत लाभ के लिए जो अधिकारी इस प्रकार के षड्यंत्र योजना में शामिल है उनका अतिशीघ्र पर्दाफाश सामाजिक बहिष्कार करते हुए ऐसे अधिकारियों पर कठोर दंडात्मक कार्यवाही करवाने हेतु प्रदेश सरकार एवं उच्चअधिकारियों को लिखित में शिकायत पत्र, ज्ञापन देने हेतु भी पूर्ण योजना बनाई गई। इस बैठक में विश्व हिन्दू परिषद एवं बजरंग दल हिमाचल प्रान्त से आई आगामी कार्यक्रमों की भी जानकारी दी गई।


क्राइम/एक्सीडेंट

1- ऊर्जा मंत्री के भाई के घर से गहने-कैश सहित संदूक ले उड़े बदमाश।

पांवटा साहिब उपमंडल में ऊर्जा मंत्री सुखराम चौधरी के बड़े भाई के घर में बदमाशों ने चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। बदमाश नगदी और लाखों रूपये के गहनों का संदूक उठाकर ले गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक बीती रात अज्ञात बदमाश/बदमाशों ने यहां पुरुवाला पंचायत में चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। बहादुर सिंह(67) पुत्र स्व तुलसी राम निवासी गांव अमरगढ़ डाकघर पुरुवाला पांवटा साहिब, जिला सिरमौर ने पुलिस थाना में शिकायत दर्ज करवाई है। शिकायत कर्ता ने बताया कि 11 जुलाई को वे सभी घर पर थे।

इसकी बहन प्रितो देवी भी कल इनके घर आई थी। रात को यह सब खाना खाने के उपरांत सो गए। सोने से पहले 12:30 व 1:00 बजे के बीच यह सभी बहन प्रितो के साथ बरामदा में बैठकर बातचीत करते रहे। यह बरामदे में लगी चारपाई पर सो गया। इस दौरान उनका पालतू कुत्ता भी वहीं पर था। इसकी पत्नी व बहन बरामदा के साथ ही कमरा में सो गये तथा तीनो बेटे अपने अपने कमरे में अपने बच्चों सहित सो गये। सुबह 6:00 को इसकी पत्नी उठी तो देखा कि कमरा में पेटी के उपर एक छोटा संदूक मौजूद नही था जिसमें ताला लगा हुआ था व उसकी चाबी इसके पास थी। कोई अज्ञात व्यक्ति उस ट्रंक को ही उठाकर ले गया। जिसमें करीब 95,000/- रुपये नकदी, एक चैन सोना 3 तोला, 2 जोड़ी बालीयाँ सोना, 2 अगुँठिया सोना, 4 जोड़ी पैरो की पाजैब चाँदी, 2 तबितियां सोना रखी हुई थी। शिकायत कर्ता ने संदेह जताया कि किसी ऐसे व्यक्ति ने वारदात को अंजाम दिया है जिसे सामान के ट्रंक में रखने बारे किसी व्यक्ति को पूरी जानकारी थी। इस वारदात को रात्री 1:00 से 4:00 बजे के बीच अंजाम दिया गया। हालांकि उन्होंने किसी पर शक नही जताया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी डॉ केसी शर्मा, डीएसपी बीर बहादुर सहित पुलिस दल मौके पर पहुंच कर जांच में जुट गया है। डीएसपी पांवटा साहिब बीर बहादुर बताया की पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

2- सूरजपूर मे स्मैक के साथ दबोचा युवक।

पुलिस थाना पांवटा साहिब की पुलिस टीम गश्त के दौरान बातापुल मौजुद थी तो विश्वसनीय सूत्रों से सूचना प्राप्त हुई कि नवीन कुमार निवासी गांव सुरजपुर डाकघर पुरुवाला, तहसील पांवटा साहिब, जिला सिरमौर अपने रिहाईशी मकान के सोने के कमरा मे स्मैक/हिरोइन बेचने का धन्धा करता है। जिस सूचना पर पुलिस टीम ने नवीन कुमार के मकान पर दबिश दी और मकान की तलाशी के दौरान उसके कमरे के अन्दर से 4.98 ग्राम स्मैक बरामद करने में सफलता प्राप्त की। जिस पर नवीन उपरोक्त के विरूद्ध पुलिस थाना पांवटा साहिब में ND&PS अधिनियम के अन्तर्गत मामला दर्ज कर के उसे गिरफ्तार किया गया है और मामले में आगामी अन्वेषण किया जा रहा है। 

3- पैसों के साथ दबोचे जुआरी।

पुलिस थाना पच्छाद की पुलिस टीम काला घाट मौजूद थी तो विश्वसनीय सूत्रों से सूचना मिली कि दौलांजी में बलबीर की दुकान के सामने सड़क के नीचे कुछ लोग पैसो पर दांव लगाकर ताश खेल रहे है। जिस सूचना पर पुलिस टीम ने तुरन्त मौका पर दबिश दी और सात व्यक्तियों को पैसो पर दांव लगाकर ताश खेलते हुए पकड़ा। जिन्होने पूछताछ पर अपने नाम 1) रिंकु निवासी गांव चाकला, 2) संदीप कुमार निवासी गांव दौलांजी, 3) राजू निवासी गांव दलौजी, 4) सुलेन्द्र निवासी गांव दौलांजी, 5) विनोद निवासी गांव कोटला 6) गौतम निवासी चाकला,  7) अनिल निवासी गांव काला घाट बतलाए। जिनके कब्जा से 52 पत्ते ताश और 7510/- रूपऐ बरामद हुए। जिस पर उपरोक्त सभी के विरूद्ध पुलिस थाना पच्छाद में सार्वजनिक जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम के अन्तर्गत मामला दर्ज कर के आगामी अन्वेषण किया जा रहा है। 

4- दड़ा सट्टा लगाते हुए दबोचा एक।

पुलिस थाना पांवटा साहिब की पुलिस टीम गश्त के दौरान तारूवाला चौक में मौजूद थी तो विश्वसनीय सूत्रों से सूचना मिली कि कन्हैया गुप्ता पुत्र सीता राम निवासी आदर्श कॉलोनी बद्रीपुर मशरूम फैक्ट्री रोड़, तहसील पांवटा साहिब, जिला सिरमौर अपनी दुकान में लोगों को आवाजें लगा कर सट्टा लगाने के लिये उकसा रहा है। जिस सूचना पर पुलिस टीम ने मौका पर जाकर उक्त व्यक्ति को काबू किया और उसके कब्जा  दड्डा-सट्टा की पर्चियां और 720/- रूपऐ वरामद हुए। जिस पर उक्त व्यक्ति के विरूद्ध पुलिस थाना पांवटा साहिब में सार्वजनिक जुआ अधिनियम के अन्तर्गत मामला दर्ज कर के आगामी कार्यवाही की जा रही हैं। एसपी सिरमौर खुशहाल शर्मा ने उक्त सभी मामलों की पुष्टि की है। 


शाम सात बजे तक का कोविड मीडिया बुलेटिन- 

सूचना एवं जनसंपर्क विभाग हिमाचल प्रदेश बुलेटिन-