सड़क पर प्रसव....... 13 सितम्बर 2021- पांवटा साहिब से आज का खबर नामा ddnewsportal.com

सड़क पर प्रसव.......  13 सितम्बर 2021- पांवटा साहिब से आज का खबर नामा ddnewsportal.com

सड़क पर प्रसव.......

13 सितम्बर 2021- पांवटा साहिब से आज का खबर नामा

50 वर्ष में क्या किया, 74 लाख खुराकें, सेवाओं की सराहना, मंत्री सत्ता के नशे में, कुल्लू से चले कांग्रेसी तीर, खूब गरजे किसान, मणिमहेश मे शव, ऊर्जा मंत्री जनता के द्वार और....... कोविड/सूचना एवं जन संपर्क विभाग बुलेटिन।


(आज की तस्वीर) गुजरात के नये मुख्यमंत्री की शपथ।

स्थानीय (सिरमौर)

1- कल बहराल मे जनता के द्वार होगा प्रशासन, ऊर्जा मंत्री करेंगे अध्यक्षता।

पांवटा साहिब के बहराल मे कल प्रशासन जनता के द्वार पर होगा। ऊर्जा मंत्री सुख राम चौधरी मंगलवार को पांवटा विधानसभा क्षेत्र कि ग्राम पंचायत बहराल के शिव मंदिर में प्रातः 10 बजे आयोजित किए जा रहे प्रशासन

जनता के द्वार कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे। उपमण्डलाधिकारी पांवटा साहिब विवेक महाजन ने बताया कि जहां जनमंच का आयोजन नहीं हुआ है वहाँ प्रशासन जनता के द्वार कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इसी क्रम में प्रशासन के अधिकारियों के साथ मंगलवार को पांवटा विधानसभा क्षेत्र कि ग्राम पंचायत बहराल के शिव मंदिर में जाकर लोगों की समस्यों का मौक़े पर ही निपटारा किया जाएगा।

2- सत्ता के नशे में चूर कुर्सी के अहंकार में डूबे हैं मंत्री: हर्षवर्धन

हिमाचल प्रदेश कांग्रेस मीडिया विभाग के चेयरमैन हर्ष वर्धन चौहान ने कहा कि हिमाचल सरकार के मंत्री महेंद्र सिंह सत्ता के नशे में चूर कुर्सी के अहंकार में डूबे हैं। प्रदेश कांग्रेस ने सरकार के जनमंच कार्यक्रम में बागवानी मंत्री महेंद्र सिंह के एक नागरिक के साथ बदसलूकी करने की आलोचना करते हुए कहा है कि सार्वजनिक मंचों पर अधिकारियों, कर्मचारियों के साथ-साथ लोगों का

अपमान करना अब इनकी आदत बन गई है। विभाग के चेयरमैन ने कहा कि महेंद्र सिंह का रवैया न तो अधिकारियों के प्रति और न ही आम लोगों के प्रति सम्मानजनक है। पिछले दिनों कैबिनेट की बैठक में मुख्य सचिव के साथ उनकी बदसलूकी के बाद अधिकारी वर्ग भी आहत है। हर्षवर्धन ने कहा कि मंडी जिला के करसोग में जनमंच में एक नागरिक के साथ तू तड़ाक से बात करना और उसकी बात को न सुनना जनमंच के औचित्य पर ही सवाल खड़े करता है। मुख्यमंत्री जयराम ऐसे मामलों को नजरअंदाज करते जा रहे हैं। उन्होंने प्रदेश सरकार पर आरोप लगाया कि वह लोगों की समस्याओं को दूर करने में पूरी तरह विफल साबित हो रही है। लोग बढ़ती महंगाई और बेरोजगारी से परेशान है। सरकार जनमंच कार्यक्रम करवा कर सरकारी धन का दुरुपयोग कर रही है।

3- पांवटा साहिब खण्ड में कल इन 10 स्थानों पर होगा कॉविड -19 टीकाकरण 
  
पांवटा साहिब खण्ड चिकित्सा अधिकारी ड़ॉ. अजय देओल ने यह जानकारी देते हुए बताया कि उपमंडल पांवटा साहिब में 18 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के लोगों के लिए 14 सितंबर को 10 स्थानों पर कॉविड -19  टीकाकरण किया जाएगा। उन्होंने बताया कि 14 सितंबर को राजपुरा स्वास्थ्य खण्ड के सिविल अस्पताल पांवटा साहिब, ज्ञान चंद धर्मशाला, मोबाइल टीम पांवटा साहिब, राधा स्वामी सत्संग भवन सूरजपुर, इ.एस.आइ. मालवा कोटन, उप स्वास्थ्य

केंद्र  शिवपुर, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कफोटा, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भरोग बनेडी, उप स्वास्थ्य केंद्र मिस्रवाला, उप स्वास्थ्य केंद्र चांदनी, इन सभी स्थानों पर कॉविड -19 से बचाव के लिए वैक्सीन लगाई जाएगी। उन्होंने बताया कि 18 वर्ष से अधिक आयु के सभी क्षेत्रवासी तथा बाहर से आए प्रवासी एवं  जिन्होंने अभी  तक वैक्सीन नहीं लगवाई है वह इन केन्द्रों पर जाकर टीका लगवा सकते हैं।  ड़ॉ. अजय देओल ने बताया कि टीका लगवाने के लिए आधार कार्ड या अन्य कोई भी फोटोयुक्त पहचान पत्र अपने साथ ज़रुर लाएं। उन्होंने क्षेत्रवासियों तथा प्रवासी लोगों से टीकाकरण का लाभ उठाने की अपील की।

4- स्कूटी चालक ने गलत दिशा मे आकर मोटरसाइकिल को मारी टक्कर।

जिला मुख्यालय नाहन के कालाअंब मे एक स्कूटी सवार ने गलत दिशा मे आकर मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। जिससे स्कूटी और बाईक सवार दोनों को चोटें आई हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी कारवाई शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक़ विनित कुमार निवासी गांव काला आम्ब, तहसील

नाहन, जिला सिरमौर ने पुलिस थाना काला आम्ब में शिकायत दर्ज करवाई कि वह नाहन से अपने मोटर साईकिल न0 HP18C-3055 पर अपने घर कालाआम्ब जा रहा था और समय करीब 10:45 बजे रात जब यह पीडिलाईट कम्पनी, मोगीनन्द के पास पंहुचा तो उसी समय एक स्कूटी (HP18A-9253 ) काला आम्ब की ओर से तेज रफ्तारी में आई और उक्त स्कूटी के चालक ने नाहन से काला आम्ब की ओर जा रहे एक मोटर साईकिल (HP18B-8951) को गलत दिशा में आकर टक्कर मार दी। उक्त हादसा में उक्त मोटर साईकिल एवं स्कूटी चालक को चोटें लगी। जिस पर पुलिस थाना काला आम्ब में वाहन दुर्घटना का मामला दर्ज कर के आगामी कार्रवाई की जा रही है।

5- शिलाई मे बोलेरो दुर्घटना मे तीन घायल।

शिलाई क्षेत्र के लाधी मे एक बोलेरो के दुर्घटना ग्रस्त होने से उसमे सवार तीन लोग घायल हो गये हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक बलदेव सिंह निवासी गांव कैलवी, डाकघर जरवा, तहसील शिलाई ने पुलिस थाना शिलाई में शिकायत दर्ज करवाई कि बीते कल यह व लाल सिंह महासु मन्दिर डाहर माथा टेकने जा रहे थे। जब यह बलवीर सिंह की दुकान के पास पंहुचे तो इन्हे

गाडी के गिरने की आवाज सुनाई दी। जिस पर यह दोनों मौके पर गए तो देखा कि BOLERO गाड़ी (HP16-6028) सड़क से करीब 150 मीटर नीचे खेत में गिरी हुई थी। उक्त वाहन दुर्घटना में चालक सहित तीन व्यक्तियों को चोटें आई है। दुर्घटना के समय सन्तराम निवासी कैलवी उक्त वाहन को चला रहा था। जिस पर पुलिस थाना शिलाई में वाहन दुर्घटना का मामला दर्ज कर आगामी कारवाई शुरू कर दी है। डीएसपी पांवटा साहिब बीर बहादुर ने मामले की पुष्टि की है। 


(हिमाचल)

1- छह घंटे मे सड़क तक पंहुचाई महिला ने बीच रास्ते दिया बच्चे को जन्म।

हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले मे आज जो घटना हुई उसने हमे ये सोंचने पर बिवश जरूर कर दिया होगा कि जिस आजादी और विकास का हम ढिंडोरा पीटते रहते हैं वो असल मे है कहाँ? सुनने मे सरकार को भी जरूर बुरा लगेगा लेकिन इस हकीकत से मुंह नही फेरा जा सकता कि जो राज्य अपने गठन की 50वीं सालगिरह मना रहा है वहां एक महिला का प्रसव सुविधाओं के अभाव के चलते बीच सड़क पर हो जाए। यह घटना राज्य के कुल्लू जिले मे घटी है।

जिले की सैंज घाटी के ग्रामीणों को अभी तक मूलभूत सुविधाएं नसीब नहीं हुई हैं। घाटी की ग्राम पंचायत गाड़ापारली का एक भी गांव अभी तक सड़क से नहीं जुड़ पाया है। सोमवार को पंचायत के मेल गांव की गर्भवती महिला मथुरा देवी को प्रसव पीड़ा के बीच डंडों पर कुर्सी बांधकर पैदल चलकर आठ किलोमीटर दूर निहारनी सड़क तक पहुंचाना पड़ा। बरसात में संकरे रास्ते में महिला को ले जाने में छह घंटे लग गए। प्रसव पीड़ा अधिक होने के चलते प्रसव सड़क पर ही करवाना पड़ा। प्रसव के बाद जच्चा-बच्चा को उप स्वास्थ्य केंद्र सैंज ले जाया गया, जहां दोनों का स्वास्थ्य ठीक है। ग्राम पंचायत प्रधान यमुना देवी ने कहा कि सोमवार को मथुरा देवी को प्रसव पीड़ा होने पर डंडों पर उठाकर उपचार के लिए ले जाना पड़ा है। प्रशासन और सरकार से सड़क के निर्माण की मांग की जाती रही है लेकिन स्थिति जस की तस है। उन्होंने कहा कि पिछले ढाई हफ्तों में तीन महिलाओं को उपचार के लिए उठाकर ले जाना पड़ा है। सड़क सुविधा न होने की वजह से ग्राम पंचायत गाड़ापारली की जनता की परेशानियां बढ़ती ही जा रही हैं। ग्रामीणों को राशन से लेकर निर्माण संबंधी आवश्यक सामग्री पीठ पर उठाकर पैदल 8 से 15 किलोमीटर सफर करना पड़ता है। सबसे अधिक समस्या ग्रामीणों को किसी के बीमार होने पर आती है। ऊबड़-खाबड़ और फिसलन भरे रास्तों पर मरीज को सड़क तक पहुंचाना ग्रामीणों के लिए परेशानी बन जाता है। फिर भी हम सीना चोड़ा कर विकास विकास चिल्लाते रहते हैं। सवाल यह है कि क्या विकास यही है?

2- हिमाचल में कोरोना टीकाकरण की लगी 74 लाख से अधिक खुराकेंः मुख्यमंत्री

हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि प्रदेश ने 18 वर्ष से अधिक आयु वर्ग की पात्र आबादी का शत-प्रतिशत टीकाकरण सफलतापूर्वक पूर्ण कर देश में अग्रणी स्थान प्राप्त किया है। प्रदेश में अब तक पहली और दूसरी खुराक सहित 74 लाख से अधिक खुराकें लोगों को लगाई जा चुकी हैं। आज प्रदेश में केवल 1500 सक्रिय मामले हैं। राज्य सरकार कोरोना को नियन्त्रित करने के लिए निरंतर कार्य कर रही हैं। पहले जहां प्रदेश में 32 आइसीयू सुविधाओं के साथ 440 बिस्तरों वाले 11 समर्पित कोविड स्वास्थ्य केंद्र थे वहीं वर्तमान में प्रदेश में इस प्रकार के 80 केंद्र हैं जहां

880 आईसीयू बिस्तरों के साथ 8765 बिस्तर की सुविधा है, जिन्हें आवश्यकता पड़ने पर 11000 बिस्तरों तक बढ़ाया जा सकता है। मुख्यमंत्री नागरिक अस्पताल पालमपुर में आयोजित वीडियों काॅन्फ्रेंस को संबोधित कर रहे थे। इससे पूर्व उन्होंने पीएम केयर्स के अन्तर्गत नागरिक अस्पताल पालमपुर में नए स्थापित किए गए पीएसए आॅक्सीजन संयंत्र जनता को समर्पित किया। यह संयंत्र 100 बिस्तरों को आॅक्सीजन प्रदान करेगा। इस संयंत्र के निर्माण में दो करोड़ रुपये की लागत आई है। उन्होंने जोनल अस्पताल धर्मशाला में संवर्धित पीएसए आॅक्सीजन संयंत्र भी जनता को समर्पित किया। यह आॅक्सीजन संयंत्र जोनल अस्पताल  में इस वर्ष मार्च से ही क्रियाशील था और सीएसआर के अन्तर्गत हाल ही में इसकी क्षमता 300 एलपीएम से बढ़ाकर 800 एलपीएम की गई है। यह संयंत्र जोनल अस्पताल के 175 आॅक्सीजनयुक्त इन-डोर ब्लाॅक को सुविधा प्रदान करेगा। उन्होंने वीडियो काॅन्फ्रेंस के माध्यम से ऊना जिला के ऊना, डीसी एचसी, हरोली और पालकवा में नवनिर्मित पीएसए आॅक्सीजन संयंत्र जनता को समर्पित किए। केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर द्वारा प्रदत्त डीसीएचसी पालकवाह में स्थित यह पीएसए आॅक्सीजन संयंत्र 34 बिस्तरों को आॅक्सीजन की सुविधा प्रदान करेगा। डीसीएचसी हरोली में स्थित आॅक्सीजन संयंत्र मैसर्ज नैस्ले इंडिया प्राईवेट लिमिटेड द्वारा प्रदान किया गया है और यह 50 बिस्तरों को आॅक्सीजन की सुविधा प्रदान करेगा। इन दोनों प्लांट की क्षमता 500 एलपीएम प्रति प्लांट है और क्रमश इन्हें लगभग डेढ़ करोड़ रुपये की लागत से इन्हें स्थापित किया गया है। जोनल अस्पताल ऊना में पीएम केयर के अन्तर्गत लगभग दो करोड़ रुपये की लागत से 1000 एलपीएम क्षमता का पीएसए आॅक्सीजन संयंत्र स्थापित किया गया है जो 144 बिस्तरों को सुविधा प्रदान करेगा।

3- विपक्ष ने 50 वर्ष नही सुधारी स्वास्थ्य क्षेत्र की दयनीय हालत: जयराम

हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस केवल आलोचना में विश्वास रखते हैं क्योंकि 50 वर्षों से अधिक समय तक सत्ता में रहते वे हुए स्वास्थ्य क्षेत्र की दयनीय स्थिति को भूल चुके हैं। एक समय राज्य में केवल दो आॅक्सीजन संयंत्र आईजीएमसी शिमला और आरपीएमसी टांडा में थे, परन्तु वर्तमान में हिमाचल ने इस घातक संक्रमण के विरूद्ध अपनी स्वास्थ्य क्षमताओं को बढ़ाया है और राज्य में विभिन्न स्वास्थ्य संस्थानों में 2200 से अधिक आॅक्सीजन संयंत्र हैं। मुख्यमंत्री ने कोरोना के विरूद्ध लड़ाई में प्रदेश को हर संभव सहायता प्रदान करने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्र सरकार का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश की कठिन भौगोलिक परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए राज्य में शत-प्रतिशत टीकाकरण का कार्य आसान नहीं था। लाहौल-स्पीति शत-प्रतिशत टीकाकरण करने का लक्ष्य हासिल करने वाला

प्रदेश का पहला जिला है। इसके पश्चात जिला किन्नौर ने शत-प्रतिशत टीकाकरण का लक्ष्य प्राप्त किया। प्रदेश सरकार ने बड़ा भंगाल में हेलीकाॅप्टर के माध्यम से टीकाकरण की विशेष व्यवस्था की। मलाणा प्रदेश का दूसरा सबसे दुर्गम क्षेत्र है और यहां पर भी टीकाकरण के विशेष प्रबंध किए गए। उन्होंने संकट के इस कठिन समय में जन सेवाएं प्रदान करने के लिए कोरोना योद्धाओं का आभार व्यक्त किया। स्वास्थ्य मंत्री डाॅ. राजीव सैजल ने कहा कि जय राम ठाकुर के नेतृत्व में प्रदेश उन्नति की राह पर अग्रसर है। राज्य ने 18 वर्ष से अधिक आयु वर्ग में शत-प्रतिशत टीकाकरण हासिल किया है और वर्तमान में देश में अग्रणी है। उन्होंने राज्य को तीसरी संभावित कोरोना लहर से निपटने में सक्षम बनाने के लिए मुख्यमंत्री को बधाई दी। उन्होंने स्वास्थ्य एवं अन्य क्षेत्रों के लोगों को भी सम्मानित किया, जो जनता को घातक कोरोना वायरस से सुरक्षित रखने के लिए दिन-रात लड़ रहे हैं।

4- सराहनीय है विवेकानंद चिकित्सा अनुसंधान न्यास की सेवाएं- सीएम 

हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री एवं विवेकानंद चिकित्सा अनुसंधान न्यास (वीएमआरटी) के मुख्य संरक्षक जय राम ठाकुर ने विवेकानंद चिकित्सा अनुसंधान न्यास (वीएमआरटी) द्वारा जनता को प्रदान की जाने वाली सेवाओं पर खुशी व्यक्त करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री शांता कुमार और अन्य ट्रस्टियों के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि वर्तमान में न्यास द्वारा अपने परिसर में लोगों को दो प्रमुख सेवाएं प्रदान की जा रही हैं। शांता कुमार ने दशकों पहले क्षेत्र के लोगों की सेवा करने का सपना संजोया था और वर्तमान में ट्रस्ट

के माध्यम से उन्होंने यह साबित किया है कि यदि नेक और पवित्र हृदय से उद्देश्य तय किए जाएं, तो इस दुनिया में कुछ भी असंभव नहीं है। उन्होंने आज विवेकानंद चिकित्सा अनुसंधान न्यास, पालमपुर के परिसर में आयोजित बैठक में यह बात कही। वर्ष 2005 में कायाकल्प में एक कलस्टर उपचार प्रणाली के अन्तर्गत योग, नेचुरोपेथी, पंचकर्म और फिजियोथेरेपी सेवाएं आरम्भ की गई थीं। उन्होंने कहा कि विवेकानंद अस्पताल को स्थापना की प्रारम्भिक अवधि में बहुत सारी बाधाओं और कठिनाइयों का सामना करना पड़ा और वर्षों के अथक प्रयासों के परिणामस्वरूप वर्ष 2012 में इसे शुरू किया गया। उन्होंने कहा कि यह प्रसन्नता की बात है कि हिमाचल प्रदेश में कायाकल्प पहला आयुष अस्पताल है जिसे अस्पताल एवं स्वास्थ्य सेवा प्रदाता हेतू राष्ट्रीय प्रत्यायन बोर्ड (एनएबीएच) द्वारा अनुशंसा प्रदान की गई है। इस अस्पताल ने जीवनशैली से संबंधित रोगों के उपचार में देश-विदेश में अच्छा नाम कमाया है। क्षेत्र के लोगों को उनके घर-द्वार के निकट उन्नत स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान कर आपात स्थिति में बड़ी संख्या में बहुमूल्य मानव जीवन की सुरक्षा सुनिश्चित की गई है। उन्होंने कहा कि ट्रस्ट अपने लक्ष्यों को प्राप्त करने में सफल रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्हें शांता कुमार की नई परियोजना के संकल्प के बारे में जानकारी प्राप्त हुई है, जिसकी आधारशिला रखी जा चुकी है। इस परियोजना के अन्तर्गत विश्रांति नाम से वयोवृद्ध सेवा केंद्र शुरू किया जाएगा। उन्होंने विश्वास जताया कि यह केंद्र आपातकालीन चिकित्सा और वृद्धावस्था देखभाल प्रणाली में वृद्धजनों के लिए सहायक सिद्ध होगा। उन्होंने इस केंद्र के शीघ्र संचालन की कामना की। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार इस ट्रस्ट के सुचारू संचालन के लिए प्रतिबद्ध है। यहां एमआरआई की सुविधा के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जाएंगे और आवश्यकता के समय हर संभव सहायता प्रदान की जाएगी। जय राम ठाकुर ने आशा व्यक्त की कि वीएमआरटी द्वारा दो माह के भीतर कैथलैब स्थापित करने संबंधी रूप रेखा तैयार कर ली जाएगी। परिसर में शहीद सौरभ कालिया नर्सिंग काॅलेज और धर्मगुरू दलाईलामा की इच्छानुसार कैलाश ब्लाॅक के माध्यम से चिकित्सा और स्वास्थ्य गतिविधियों में नए चरण की शुरूआत होगी।
पूर्व मुख्यमंत्री और वीएमआरटी के अध्यक्ष शांता कुमार ने बैठक में उपस्थित जय राम ठाकुर और अन्य लोगों का स्वागत किया। उन्होंने विवेकानंद चिकित्सा अनुसंधान ट्रस्ट की स्थापना के इतिहास को स्मरण करते हुए वर्तमान में चल रही बैठक को ऐतिहासिक बताया। उन्होंने इस स्वास्थ्य संस्थान की स्थापना के दौरान आई कठिनाइयों के बारे में बताया। उन्होंने बताया कि विश्रांति, वयोवृद्ध सेवा सहयोग केंद्र में सभी बुनियादी, उन्नत और आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

5- कुल्लू से सरकार पर बरसे कांग्रेसी तीखे तीर।

आज कुल्लू के ढालपुर में कांग्रेस की जन आक्रोश रैली निकाली गई जिसमे काफी भीड़ उमड़ी। इसौके पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप राठौर ने कहा कि हिमाचल बेरोजगारी में तीसरे नंबर पर है। मोदी सरकार ने चुनावी वायदा पूरा नहीं किया है। महंगाई और बेरोजगारी बढ़ गई है। उन्होंने तंज कसा, मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने चार साल में क्या किया। वह कम से कम कोई चार काम बताएं। हिमाचल को कर्ज में डुबो दिया है। हालांकि, कांग्रेस ने भी कर्ज लिया, लेकिन वह विकास पर खर्च किया गया। जयराम सरकार अपने मंत्रियों और अधिकारियों के लिए गाड़ियां और हेलीकाप्टर खरीद रही है। नेता

प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि उन्होंने सोशल मीडिया में पढ़ा है कि पांच नहीं छह मुख्यमंत्री बदलने हैं। इसलिए जयराम ठाकुर अपनी कुर्सी बचा लो। उन्होंने कहा कि भाजपा के प्रति लोगों में भारी गुस्सा है। कृषि कानूनों को लेकर हरियाणा में जिस तरह भाजपा रैली नहीं कर सकती, उसी तरह बागवानों के खिलाफ मंत्री की ओर से दिए गए बयान के बाद भाजपा शिमला में भी रैली नहीं कर सकती है। वहीं विधायक विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर कांग्रेस के दूल्हे की चिंता न करें, यह कांग्रेस का शीर्ष नेतृत्व तय करेगा कि कांग्रेस का दूल्हा कौन होगा। मुख्यमंत्री अपनी चिंता करें। कहीं ऐसा न हो कि रातोंरात चेहरा बदल जाए। अभी तक भाजपा पांच मुख्यमंत्रियों को बदल चुकी है। विक्रमादित्य ने कांग्रेस नेताओं को भी नसीहत दी कि वे किसी की कमजोरी को अपनी ताकत न समझें। कांग्रेस को संगठन के साथ युवा, महिला और बूथ को सुदृढ़ करने की जरूरत है, तभी 2022 का चुनाव जीत पाएंगे। पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने प्रदेश में काम किया है, लेकिन वर्तमान सरकार लोगों को क्षेत्रवाद, देव समाज के नाम पर बांट रही है। उन्होंने कहा कि उन्हें भाजपा से उनके हिंदू होने और देवी-देवताओं का भक्त होने का सर्टिफिकेट नहीं चाहिए। कहा कि भाजपा वाले कहते हैं कि मुख्यमंत्री शरीफ हैं, लेकिन सरकार शराफत से नहीं चलती है। मुख्यमंत्री के मंत्री राइट साइड और मुख्य सचिव लेफ्ट साइड चल रहे हैं। 

6- हिमाचल प्रदेश संयुक्त किसान मंच के बैनर तले राज्य मे किसानों की गर्जन।

हिमाचल प्रदेश में सेब के दाम गिरने और मंडियों में तथाकथित लूट से नाराज बागवानों ने सोमवार को प्रदेश भर में प्रदर्शन किए। हिमाचल प्रदेश संयुक्त किसान मंच के बैनर तले शिमला, कुल्लू, किन्नौर, मंडी, सोलन, सिरमौर और अन्य जिलों में विभिन्न किसान संगठनों के साथ मिलकर तहसील, ब्लॉक और उपमंडल स्तर पर हल्ला बोला। इस दौरान प्रदेश सरकार को 13 सूत्रीय मांगपत्र भी भेजा गया। इसमें सेब को न्यूनतम समर्थन मूल्य देने की मांग प्रमुखता से उठाई गई है। प्रदर्शन में संयुक्त किसान मंच से जुड़े अन्य किसान

संगठनों ने भी भाग लिया। विभिन्न जिला परिषद, ब्लॉक समिति सदस्यों, प्रधानों और उप प्रधानों और पंचायत सदस्य भी प्रदर्शन में शामिल हुए। रोहड़ू के विधायक मोहनलाल ब्राक्टा और ठियोग कुमारसैन के विधायक राकेश सिंघा ने भी प्रदर्शन में भाग लिया। संयुक्त किसान मंच ने निर्णय लिया है कि सरकार ने बागवानों की मांगों पर निर्णय नहीं लिया तो 27 सितंबर को प्रदेशव्यापी आंदोलन किया जाएगा। संघर्ष तब तक जारी रहेगा, जब तक सरकार किसानों की मांगों को नहीं मान लेती। इस दौरान कहा गया कि सरकार अडानी, अन्य कंपनियों, आढ़तियों और खरीदारों के दबाव में कार्य कर रही है। जो किसान बागवानों को कतई मंजूर नहीं है। इस व्यवस्था को बदलना होगा वरना आंदोलन और तेज होगा। 

7- मणिमहेश मे मिले तीन शव, ऑक्सीजन की कमी से मौत की आशंका।

हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले के पवित्र धार्मिक स्थल मणिमहेश में महिला सहित तीन लोगों के मिले हैं। फिलहाल इनकी शिनाख्त नहीं हो पाई है। सूचना मिलते ही भरमौर से पुलिस की रेस्क्यू टीम मणिमहेश रवाना हो गई है। शवों को भरमौर लाने में 10 से 12 घंटे का समय लगेगा। उपमंडल अधिकारी मनीष कुमार सोनी ने बताया कि शवों को भरमौर लाया जा रहा है। वहीं, आंशका जताई जा रही है कि ऑक्सीजन की कमी से इनकी मौत हुई है। रविवार को भी पवित्र मणिमहेश के कमलकुंड से करीब दो किलोमीटर आगे कैलाश के समीप एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिला था। बताया जा रहा है कि डलहौजी के तीन युवक कैलाश की परिक्रमा करके मणिमहेश की तरफ आ रहे थे। इन युवकों ने शव को देखा। युवकों ने पुलिस को इसकी सूचना दी। सूचना के बाद पुलिस जवान और रेस्क्यू टीम घटनास्थल पर पहुंचे और शव को कब्जे में लिया। हालांकि प्रशासन ने कोरोना के चलते मणिमहेश यात्रा पर रोक लगाई है। फिर भी लोग चोरी छिपे यात्रा पर जा रहे हैं। 

8- मुख्यमंत्री ने भूपेन्द्र पटेल को गुजरात का मुख्यमंत्री बनने पर दी बधाई। 

मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने भूपेन्द्र पटेल को गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ग्रहण करने पर शुभकामनाएं दी। उन्होंने नव-नियुक्त मुख्यमंत्री को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में गुजरात प्रगति के पथ पर अग्रसर होगा।


शाम सात बजे तक का कोविड मीडिया बुलेटिन-

सूचना एवं जन संपर्क विभाग हिमाचल प्रदेश बुलेटिन-