हिमाचली बेटी ने भारत को बनाया एशिया चैंपियन ddnewsportal.com

हिमाचली बेटी ने भारत को बनाया एशिया चैंपियन  ddnewsportal.com

हिमाचली बेटी ने भारत को बनाया एशिया चैंपियन

रेणुका ठाकुर ने दमदार गेंदबाजी के दम पर एशिया कप-2022 में इंडिया को फाइनल में श्रीलंका पर दिलाई जीत।

हिमाचल प्रदेश की रेणुका सिंह ठाकुर ने अपने दमदार प्रदर्शन के दम पर महिला क्रिकेट एशिया कप-2022 में टीम इंडिया की जीत में अहम भूमिका निभाई। शनिवार को एशिया कप के फाइनल में रेणुका सिंह ने शानदार प्रदर्शन करते हुए श्रीलंका की बल्लेबाजी क्रम की कमर तोड़ दी और 3 ओवरों में मात्र 5 रन देकर 3 विकेट झटके। इसके अलावा रेणुका श्रीलंका की एक बैटर को रनआऊट भी किया। इस शानदार प्रदर्शन के चलते भारत ने श्रीलंका को 65 रनों पर ही समेट दिया और जवाब में भारत ने लक्ष्य आसानी से मात्र 8.3 ओवरों में हासिल कर लिया। इस फाइनल मुकाबले में हिमाचल की रेणुका को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

गोर हो कि रेणुका सिंह ठाकुर का शानदार प्रदर्शन लगातार जारी है। बीते जुलाई-अगस्त माह में हुए कॉमनवैल्थ गेम्स में भी रेणुका ने बेहतरीन प्रदर्शन किया था। इसके अलावा इंग्लैंड के खिलाफ खेली गई सीरीज में भी रेणुका का शानदार प्रदर्शन रहा। अब बंग्लादेश में हुए एशिया कप में भी रेणुका ने भारत की जीत में अहम भूमिका निभाई। क्रिकेटर रेणुका जिला शिमला के रोहड़ू क्षेत्र की रहने वाली हैं। जिला शिमला के रोहड़ू के पारसा गांव में जन्मीं रेणुका ने रोहड़ू में स्थानीय स्तर पर ही क्रिकेट खेलना शुरू किया था और बाद में वह एचपीसीए की धर्मशाला स्थित क्रिकेट अकादमी के लिए चुनी गईं। वर्ष 2019 में रेणुका ने बीसीसीआई महिला एकदिवसीय प्रतियोगिता में सबसे ज्यादा 23 विकेट हासिल किए थे और इसके बाद इसी वर्ष उनका चयन भारतीय महिला टीम-ए के लिए हो गया था। बीते वर्ष ऑस्ट्रेलिया में खेली गई सीरीज में रेणुका ने सीनियर महिला क्रिकेट टीम से अंतर्राष्ट्रीय करियर की शुरूआत की थी। इसके बाद रेणुका का चयन वर्ल्ड कप की टीम में हुआ था।