Himachal Disaster News: हिमाचल में तबाही की बारिश, दो जगह फटे बादल, कईं स्थानों पर गिरे हिमखंड और... ddnewsportal.com

Himachal Disaster News: हिमाचल में तबाही की बारिश, दो जगह फटे बादल, कईं स्थानों पर गिरे हिमखंड और...  ddnewsportal.com

Himachal Disaster News: हिमाचल में तबाही की बारिश, दो जगह फटे बादल, कईं स्थानों पर गिरे हिमखंड और...

हिमाचल में फरवरी के माह मेें जुलाई-अगस्त जैसे हालात बन गए। यहाँ कुछेक जिलों में तबाही की बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया। दो जगह बादल फटने, पांच स्थानों पर हिमखंड गिरने और भूस्खलन से भारी नुकसान की सूचना है। 
दरअसल, मौसम विभाग के ऑरेंज अलर्ट के बीच शुक्रवार को कुल्लू के पाहनाला और कांगड़ा के छोटा भंगाल के मुल्थान में बादल फटे। भारी बारिश-बर्फबारी के चलते पंजाब के पर्यटक की मौत हो गई है, जबकि दो लोग लापता और तीन घायल हैं। पिछले 48 घंटों से बारिश-बर्फबारी के कारण जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। भूस्खलन-बाढ़ से अलग-अलग जगह 22 वाहन क्षतिग्रस्त हो गए हैं। चंबा, लाहौल और किन्नौर में पांच जगह हिमखंड गिरे हैं। हिमखंड गिरने से लाहौल में चंद्रभागा नदी का बहाव रुक गया। पांच एनएच समेत हिमाचल में 583 सड़कें बंद हो गई हैं। एचआरटीसी के 450 रूट फेल हो गए, जबकि 2,263 बिजली ट्रांसफार्मर और 279 पेयजल योजनाएं ठप हैं।

कुल्लू के पाहनाला में बादल फटने से आई बाढ़-मलबे में आठ वाहन दब गए। कांगड़ा के मुल्थान में बादल फटने से नौ वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। कुल्लू, शिमला और कांगड़ा की सभी हवाई उड़ानें रद्द हो गईं हैं। मनाली में एक फीट बर्फबारी हुई है। शुक्रवार को लाहौल-स्पीति, कुल्लू, चंबा, किन्नौर, मंडी और सिरमौर के कई क्षेत्रों में बर्फबारी और राजधानी शिमला सहित प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में मूसलाधार बारिश का दौर जारी रहा। खराब मौसम के चलते कुल्लू, चंबा, लाहौल-स्पीति व करसोग में शुक्रवार को शिक्षण संस्थान बंद रहे।

शनिवार को भी कुल्लू, पांगी, लाहौल, किन्नौर समेत कुछ जिलों के शिक्षण संस्थानों में छुट्टी कर दी गई है। केंद्रीय विद्यालय जाखू शिमला और जतोग में शनिवार को प्राइमरी की परीक्षाएं स्थगित कर दी हैं। लाहौल-स्पीति में पीरपंजाल की चोटी से जोबरंग के समीप दारा फाल में हिमखंड आने से चंद्रभागा नदी का बहाव रुक गया। तांदी संगम के पास तुपचिलिंग नाले में भी हिमखंड गिरा है। बर्फबारी के बीच देर रात लाहौल के मूलिंग गांव के युवाओं ने हिमखंड गिरने से रास्ते में फंसे कालका व दिल्ली के दो पर्यटकों को रेस्क्यू किया है। लाहौल-स्पीति में सभी सड़कें बंद और बिजली गुल है।

हिमाचल में शनिवार को बारिश-बर्फबारी से राहत मिलने के आसार हैं। ऊंचाई वाले कुछ क्षेत्रों में मौसम खराब रहने का पूर्वानुमान है। दो मार्च को पूरे प्रदेश में धूप खिलने की संभावना है। तीन और चार मार्च को मौसम के फिर बिगड़ने के आसार हैं।